समरस फाउंडेशन ने किया वरिष्ठ समाजसेवी रामजी उपाध्याय का सम्मान
जौनपुर। मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा आज वरिष्ठ समाजसेवी रामजी उपाध्याय का महदा, बहरीपुर स्थित उनके आवास पर सम्मान किया गया। संस्था के महासचिव वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने शॉल और स्मृति चिन्ह से उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उनके बड़े बेटे तथा मुंबई के युवा व्यवसाई हरिवंश उपाध्याय उपस्थित रहे। रामजी उपाध्याय समाज सेवा के क्षेत्र में काफी सक्रिय व्यक्ति हैं। गरीबों की मदद से लेकर धार्मिक कार्यक्रमों में वह हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। श्री उपाध्याय समाजसेवी होने के साथ-साथ कवि और शायर भी हैं। उन्होंने अनेक सुंदर कविताएं और शेर लिखा है। उनके छोटे बेटे रघुवंश उपाध्याय जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट के संस्थापक तथा बहु श्रीमती ज्योतिका उपाध्याय इस ट्रस्ट की अध्यक्ष हैं। ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर  सामाजिक कल्याण के कार्य किए जाते हैं।
कमल अग्रवाल, उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ का अध्यक्ष निर्वाचित
जौनपुर। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में विश्वेश्वरैया हाल में उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ एवं उत्तर प्रदेश की मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ का दो दिवसीय सम्मेलन संपन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष पद पर कमल अग्रवाल को एवं अशोक कुमार सिंह को संघ का महामंत्री चुना गया।  उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 के प्रांतीय अध्यक्ष यशपाल सैनी को महासंघ के उपाध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेशिय प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 के प्रांतीय महामंत्री अनिल यादव  को महासंघ का प्रांतीय सचिव एवं प्रमोद कुमार यादव को महासंघ के वाराणसी मंडल का वरिष्ठ उपाध्यक्ष ,डॉ भानु प्रताप राव,मनोहर लाल को प्रांतीय कार्यसमिति का सदस्य चुना गया।चुने गए सभी पदाधिकारी का उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 की तरफ से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गई।
सिंगरामऊ में ‘साथी हाथ बढ़ाना’ क्रिएटर्स मीट का भव्य आयोजन
जौनपुर । सिंगरामऊ स्थित माटी महल फैमिली रेस्टोरेंट पर रविवार को “साथी हाथ बढ़ाना” नाम से एक विशेष क्रिएटर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जौनपुर एवं सुल्तानपुर के सोशल मीडिया क्रिएटर्स तथा जौनपुर के चर्चित पत्रकारों को एक मंच पर लाकर आपसी परिचय, संवाद, सहयोग और साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम के स्पॉन्सर माटी महल फैमिली रेस्टोरेंट, एनएच निकट सिंगरामऊ रहे, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी SiZViK | Digital Advertising Agency ने निभाई। आयोजन के दौरान सोशल मीडिया के क्षेत्र में कार्य कर रहे क्रिएटर्स एवं पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप पर विचार-विमर्श किया।
क्रिएटर्स मीट में शिवेंद्र प्रताप सिंह, मो. फरहान, नितेश यादव, आलोक विश्वकर्मा, नीलेश तिवारी, रजत राय,मांशी सिंह, वंशिका मिश्रा, प्रभात यादव, अभिषेक पांडे, अखिलेश, हर्षिता, भूमि, प्रियांशी तथा अमित पाण्डेय (संपादक) सहित बड़ी संख्या में क्रिएटर्स, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।आयोजकों ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले लोगों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग समय की जरूरत है। ऐसे आयोजनों से एक-दूसरे की प्रतिभा, अनुभव और कार्यशैली को समझने का अवसर मिलता है तथा स्थानीय स्तर पर सकारात्मक एवं प्रभावी कंटेंट को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने “साथी हाथ बढ़ाना” की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही। मिल-जुलकर आगे बढ़ने और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। अंत में सभी आए हुए साथियों का शिवेंद्र प्रताप सिंह ने धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
सास और बहू’ पेंटिंग में सेवा,संस्कार और स्नेह का संदेश, अशोक सरोज को मिला सम्मान
जौनपुर। परिवार केवल रक्त-संबंधों से नहीं, बल्कि सेवा, स्नेह, संस्कार और पारस्परिक उत्तरदायित्व से मजबूत होता है। इसी सकारात्मक सोच को कैनवास पर जीवंत रूप देने वाले चित्रकार अशोक सरोज की पेंटिंग “सास और बहू (पॉजिटिव थिंक)” इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस भावपूर्ण कृति को तैयार करने में अशोक सरोज ने काफी मेहनत और लगन दिखाई, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।2×2.5 फीट के कैनवास पर एक्रिलिक रंगों से तैयार इस चित्र में भारतीय पारिवारिक जीवन के बदलते स्वरूप और पीढ़ियों के बीच स्नेह की परंपरा को बेहद सहज ढंग से प्रस्तुत किया गया है। चित्र के एक हिस्से में सास आसन पर बैठी हैं और बहू उन्हें चाय अर्पित कर रही है, जबकि दूसरी ओर सास अपनी बहू को चाय पिलाती हुई नजर आती हैं। दोनों दृश्य मिलकर सेवा, सम्मान और आपसी अपनत्व का संदेश देते हैं।
चित्र का भाव यह है कि आज जो महिला सास की भूमिका में है, वह कभी स्वयं बहू बनकर इस परिवार में आई थी। उसने अपनी सास की सेवा की और उनसे स्नेह पाया। समय के साथ जब वही बहू सास बनी तो उसने भी अपनी बहू के प्रति प्रेम और सेवा का वही भाव अपनाया। इस प्रकार संस्कार और सकारात्मक सोच एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक आगे बढ़ती है।
अशोक सरोज ने इस पेंटिंग को तैयार करने में केवल रंगों और ब्रश का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि पारिवारिक जीवन की गहरी भावनाओं को समझकर उन्हें चित्रात्मक रूप देने का प्रयास किया। उनकी मेहनत, कल्पनाशीलता और संदेशपरक कला को लोगों ने सराहा और उन्हें सम्मान प्रदान किया। कैमरे से कैनवास तक का सफर
जौनपुर जनपद के ग्राम चारो के किसान परिवार में जन्मे अशोक सरोज बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं। वे बॉलीवुड में वरिष्ठ कैमरा मैन के रूप में कार्य करने के साथ ही गोल्ड मेडलिस्ट चित्रकार और लेखक भी हैं। चलचित्रों की दृश्य भाषा को करीब से समझने का अनुभव उनके चित्रों में भी दिखाई देता है।‘सास और बहू’ पेंटिंग के माध्यम से अशोक सरोज ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि परिवार में हम जैसा व्यवहार करते हैं, वही आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कार बनता है। अधिकार और शिकायत की जगह यदि कर्तव्य, सहानुभूति और प्रेम को प्राथमिकता दी जाए तो सास-बहू का रिश्ता विवाद का नहीं, बल्कि आत्मीयता और सहयोग का सेतु बन सकता है।यह कृति वास्तव में ‘जैसा बोओगे, वैसा ही संस्कार काटोगे’ की सकारात्मक जीवन-दृष्टि को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करती है। सेवा और सम्मान का संस्कार आज दिया जाएगा तो आने वाले समय में वही भाव प्रेम और आत्मीयता के रूप में परिवार को मजबूत करेगा।
संचार क्रांति के जनक राजीव गांधी अमर रहेंगे : इंद्रमणि दुबे
जौनपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर आज दौलतपुर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इन्द्रमणि दूबे ने कहा कि पूरी दुनिया में राजीव गांधी जी को संचार क्रांति के जनक के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने संविधान संशोधन के माध्यम से महिलाओं को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अधिकार देकर उन्हें आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया। साथ ही युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत किया। कांग्रेस जिला महासचिव विनोद तिवारी ने कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य ही देश को तरक्की के रास्ते पर ले जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य जया दूबे, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संतोष मिश्रा, संतोष तिवारी,पंकज शर्मा, दुर्गावती देवी, विनोद दूबे विनीत, सहित दर्जनों लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
ब्राह्मण चेतना समिति ने मनाई गोस्वामी तुलसीदास जयंती
जौनपुर। ब्राह्मण चेतना समिति के रासमण्डल स्थित मुख्यालय पर गोस्वामी तुलसी दास जी का जयन्ती समारोह मनाया गया। सर्वप्रथम गास्वामी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ आशीष पाठक अमृत के अमृतमय भजन से हुआ।सभाजीत द्विवेदी प्रखर' ने तुलसीदास के काव्य में श्रेय एवं प्रेय पर विस्तार से प्रकाश डाला। डा० क्षितिज शर्मा ने धार्मिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक  पक्षों पर प्रकाश डाला। पं. रामकृष्ण त्रिपाठी ने राम को शील, सौजन्य एवं मानवता की धरोहर बतलाया। लाल बिहारी त्रिपाठी एवं प. अरुण कुमार मिश्रा ने भी धर्म एवं त्याग का बृहद रूप में वर्णन किया। मानस द्वारा नैतिकता, मानवता इस कार्यक्रम में रामद‌याल द्विवेदी, पूर्व सेलटैक्स कमिश्नर बी. डी. उपाध्याय, राजेश पाण्डेय, अरूण त्रिपाठी, सुरेन्द्र प्रताप सिंह 'प्रमुख' , शरद सिंह, अजय सिंह (नन्हे सिंह), अजय निगम, अमर नाथ मोदनवाल , सुरेंद्र नाथ तिवारी, कौशल त्रिपाठी,शशांक त्रिपाठी, नवीन सिंह,देवांश त्रिपाठी आदि ने परमभक्त गोस्वामी तुलसीदास को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी ने किया।मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर वीएस उपाध्याय ने भूमिका निभाई।कार्यक्रम का कुशल संचालन पंडित लाल बिहारी त्रिपाठी ने किया।
विनोद तावडे के नेतृत्व में बिहार के बाद यूपी में होगी रिकॉर्ड विजय : कृपाशंकर सिंह
जौनपुर। यूपी चुनाव के ठीक पहले बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य विनोद तावडे को राज्य का प्रभारी नियुक्त किया है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने विनोद तावडे को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि श्री तावड़े एक कुशल संगठक के रूप में जाने जाते हैं। उनकी अगुवाई में एनडीए ने बिहार में 202 सीटों पर ऐतिहासिक विजय हासिल की। उन्होंने बिहार में तेजस्वी यादव की हवा निकाल दी और अब वह उत्तर प्रदेश में भी अखिलेश यादव की हवा निकाल कर ही दम लेंगे। मराठा (क्षत्रिय) समाज से आने वाले विनोद तावड़े महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। पिछले 6 महीने से वह लगातार उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने से अखिलेश यादव के पीडीए समीकरण को तोड़ने में एनडीए कामयाब रहेगी।
कलेक्ट्रेट में जमीन कब्जे को लेकर हंगामा, तीन लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास


*जौनपुर।* कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन कब्जे के विवाद को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर तीनों ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ स्थिति को संभाला और तीनों को तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जमीन संबंधी विवाद और परिवार की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रीराम कथा आयोजन को अंतिम रूप देने मे जुटे कार्यकर्त्ता
जौनपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मवीर ज्ञानप्रकाश सिंह के आवास गोधना स्थित कैलाशपति परिसर मे बीआरपी इंटर कॉलेज, जौनपुर के मैदान पर  आगामी 20 अक्टूबर 2026 से 29 अक्टूबर 2026 तक होने वाली नौदिवसीय श्री रामकथा के आयोजन हेतु विचार विमर्श किया गया। सेवाभारती के बैनर तले आयोजित होने वाली श्री रामकथा की शुरुआत 20 अक्टूबर 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारम्भ होगी इसके लिए जौनपुर के प्रत्येक क्षेत्र से कलश यात्रा मे शामिल होने के लिए मातृ शक्ति की उपस्थिति के लिए रूपरेखा तैयार की गयी
श्री रामकथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह नें कहा की श्री राम की कृपा और जनपदवासियों की इच्छा से एक बार पुनः श्रीराम कथा के श्रवण का अवसर हम सभी को मिलने वाला है।
सभी के समन्वित प्रयास से दिव्य और भव्य श्रीराम कथा का आयोजन करने के प्रति हम संकल्पित है।
श्रीराम कथा जनपदवासियों के लिए कल्याणकारी एवं ऊर्जा प्रदान करेगी।
उन्हें एक नये प्रकार की अनुभूति मिलेगी ऐसा मेरा प्रयास है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रान्त के प्रान्त कार्यवाह मुरली पाल एवं संचालन डॉ ब्रम्हेश शुक्ल नें किया। इस अवसर पर डॉ तेज सिंह (जौनपुर विभाग प्रमुख, सेवाभारती), श्री अनिल गुप्ता (जिलाध्यक्ष सेवाभरती, जौनपुर), डॉ उदयराज सिंह,  विमल सिंह,  नारायण चौरसिया, प्रदीप सिंह "रिंकू", विनोद जायसवाल, प्रकाश रघुवंशी, सूरज मौर्या, दिलीप जायसवाल, डॉ वंदना सरकार, विमला श्रीवास्तव, उर्वशी सिंह, प्रीति गुप्ता, बिट्टू किन्नर, राखी सिंह, अंजना श्रीवास्तव, डॉ अंजना सिंह,  अंजू पाठक, माधुरी गुप्ता, मिलन श्रीवास्तव, मीना यादव, सोनी जायसवाल, डॉ सरला त्रिपाठी, डॉ अनीता त्रिपाठी, सुधा सिंह, कामना सिंह, अर्चना सिंह, रजनी साहू, डॉली गुप्ता, अनुपमा राय, किरन सिंह, निधि सिंह, अभिलाषा सिंह सहित अन्य गणमान्य जन एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारतीय रेल वित्त निगम द्वारा 166 छात्राओं को खेल सामग्री एवं किट का वितरण
जौनपुर। बदलापुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय, बदलापुर खुर्द में भारतीय रेल वित्त निगम द्वारा अपनी CSR (कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व )एवं वीर इंद्रा सोसल ग्रुप एनजीओ और आईआरएफसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज कुमार दुबे की पहल के तहत 166 छात्राओं में स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फिट गर्ल्स -फिट इंडिया के अंतर्गत खेल सामग्री और ट्रैक सूट, आदि का वितरण किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेल भूमि विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक ओमप्रकाश यादव (IRAS)के द्वारा खेलकूद सामग्री किट, जूते -मोज़े आदि का वितरण किया गया।खेल सामग्री व किट पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि ओमप्रकाश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा की किसी भी राष्ट्र की उन्नति का आधार वहाँ के सुसंस्कृत और शिक्षित नागरिक होते हैं। शिक्षा से ही उन्नति सम्भव है क्योंकि शिक्षा प्रगति, उत्पादन, विकास और स्वास्थ्य मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा की आज का समय बेटिओं के लिए अवसरों से भरा हुआ है, जिनके उत्थान लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएँ संचालित की जा रही है। सरकार की मंशा है की ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियां किसी से पीछे न्यू रह जाय इस उद्देश्य से इस कार्यक्रम को शुरू किया गया। प्रदेशिय महामंत्री /जिलाध्यक्ष जौनपुर अनिल यादव ने कहा की लक्ष्य तय कर यदि लग्न से कार्य किया जाय तो सफलता निश्चित है। सत्यदेव सिंह, प्रदेशीय अध्यक्ष, पेंशनर एसोसिएशन ने कहा की छोटे बच्चों में विकास की असीमित सम्भावनाए होती है, इसीलिए शैक्षिक क्रम में बेसिक शिक्षा का  महत्वपूर्ण स्थान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित मौर्या, पूर्व प्रधानाध्यापक ने की। कार्यक्रम में जगदीश यादव, हरिनाथ, अनिल सिंह, उमेश मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ,मंत्री राय साहब, राधे श्याम चौरसिया, चन्द्र प्रकाश, लाल बहादुर, सुभाष,कमलेश यादव, मनोज, सूरज, व्यायाम शिक्षक अमर बहादुर, जय प्रकाश, प्रधान, अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष गौरव, आलोक यादव, मन्त्री (अटेवा ), लाल बहादुर यादव, मुकेशनिषाद एडवोकेट, बक्शा ब्लॉक अध्यक्ष डॉ विजय, वीरसेन यादव, वीरेंद्र यादव, राजेश सिंह, दिनेश सिंह, पूर्व प्रधान पप्पी सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाबा दीन निषाद ने किया। अन्त में आभार ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार गुप्ता ने किया।