कलेक्ट्रेट में जमीन कब्जे को लेकर हंगामा, तीन लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास


*जौनपुर।* कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन कब्जे के विवाद को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जमीन पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर तीनों ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ स्थिति को संभाला और तीनों को तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जमीन संबंधी विवाद और परिवार की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
श्रीराम कथा आयोजन को अंतिम रूप देने मे जुटे कार्यकर्त्ता
जौनपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मवीर ज्ञानप्रकाश सिंह के आवास गोधना स्थित कैलाशपति परिसर मे बीआरपी इंटर कॉलेज, जौनपुर के मैदान पर  आगामी 20 अक्टूबर 2026 से 29 अक्टूबर 2026 तक होने वाली नौदिवसीय श्री रामकथा के आयोजन हेतु विचार विमर्श किया गया। सेवाभारती के बैनर तले आयोजित होने वाली श्री रामकथा की शुरुआत 20 अक्टूबर 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारम्भ होगी इसके लिए जौनपुर के प्रत्येक क्षेत्र से कलश यात्रा मे शामिल होने के लिए मातृ शक्ति की उपस्थिति के लिए रूपरेखा तैयार की गयी
श्री रामकथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह नें कहा की श्री राम की कृपा और जनपदवासियों की इच्छा से एक बार पुनः श्रीराम कथा के श्रवण का अवसर हम सभी को मिलने वाला है।
सभी के समन्वित प्रयास से दिव्य और भव्य श्रीराम कथा का आयोजन करने के प्रति हम संकल्पित है।
श्रीराम कथा जनपदवासियों के लिए कल्याणकारी एवं ऊर्जा प्रदान करेगी।
उन्हें एक नये प्रकार की अनुभूति मिलेगी ऐसा मेरा प्रयास है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रान्त के प्रान्त कार्यवाह मुरली पाल एवं संचालन डॉ ब्रम्हेश शुक्ल नें किया। इस अवसर पर डॉ तेज सिंह (जौनपुर विभाग प्रमुख, सेवाभारती), श्री अनिल गुप्ता (जिलाध्यक्ष सेवाभरती, जौनपुर), डॉ उदयराज सिंह,  विमल सिंह,  नारायण चौरसिया, प्रदीप सिंह "रिंकू", विनोद जायसवाल, प्रकाश रघुवंशी, सूरज मौर्या, दिलीप जायसवाल, डॉ वंदना सरकार, विमला श्रीवास्तव, उर्वशी सिंह, प्रीति गुप्ता, बिट्टू किन्नर, राखी सिंह, अंजना श्रीवास्तव, डॉ अंजना सिंह,  अंजू पाठक, माधुरी गुप्ता, मिलन श्रीवास्तव, मीना यादव, सोनी जायसवाल, डॉ सरला त्रिपाठी, डॉ अनीता त्रिपाठी, सुधा सिंह, कामना सिंह, अर्चना सिंह, रजनी साहू, डॉली गुप्ता, अनुपमा राय, किरन सिंह, निधि सिंह, अभिलाषा सिंह सहित अन्य गणमान्य जन एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारतीय रेल वित्त निगम द्वारा 166 छात्राओं को खेल सामग्री एवं किट का वितरण
जौनपुर। बदलापुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय, बदलापुर खुर्द में भारतीय रेल वित्त निगम द्वारा अपनी CSR (कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व )एवं वीर इंद्रा सोसल ग्रुप एनजीओ और आईआरएफसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज कुमार दुबे की पहल के तहत 166 छात्राओं में स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फिट गर्ल्स -फिट इंडिया के अंतर्गत खेल सामग्री और ट्रैक सूट, आदि का वितरण किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेल भूमि विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक ओमप्रकाश यादव (IRAS)के द्वारा खेलकूद सामग्री किट, जूते -मोज़े आदि का वितरण किया गया।खेल सामग्री व किट पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि ओमप्रकाश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा की किसी भी राष्ट्र की उन्नति का आधार वहाँ के सुसंस्कृत और शिक्षित नागरिक होते हैं। शिक्षा से ही उन्नति सम्भव है क्योंकि शिक्षा प्रगति, उत्पादन, विकास और स्वास्थ्य मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा की आज का समय बेटिओं के लिए अवसरों से भरा हुआ है, जिनके उत्थान लिए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएँ संचालित की जा रही है। सरकार की मंशा है की ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियां किसी से पीछे न्यू रह जाय इस उद्देश्य से इस कार्यक्रम को शुरू किया गया। प्रदेशिय महामंत्री /जिलाध्यक्ष जौनपुर अनिल यादव ने कहा की लक्ष्य तय कर यदि लग्न से कार्य किया जाय तो सफलता निश्चित है। सत्यदेव सिंह, प्रदेशीय अध्यक्ष, पेंशनर एसोसिएशन ने कहा की छोटे बच्चों में विकास की असीमित सम्भावनाए होती है, इसीलिए शैक्षिक क्रम में बेसिक शिक्षा का  महत्वपूर्ण स्थान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित मौर्या, पूर्व प्रधानाध्यापक ने की। कार्यक्रम में जगदीश यादव, हरिनाथ, अनिल सिंह, उमेश मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ,मंत्री राय साहब, राधे श्याम चौरसिया, चन्द्र प्रकाश, लाल बहादुर, सुभाष,कमलेश यादव, मनोज, सूरज, व्यायाम शिक्षक अमर बहादुर, जय प्रकाश, प्रधान, अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष गौरव, आलोक यादव, मन्त्री (अटेवा ), लाल बहादुर यादव, मुकेशनिषाद एडवोकेट, बक्शा ब्लॉक अध्यक्ष डॉ विजय, वीरसेन यादव, वीरेंद्र यादव, राजेश सिंह, दिनेश सिंह, पूर्व प्रधान पप्पी सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाबा दीन निषाद ने किया। अन्त में आभार ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार गुप्ता ने किया।
बोलबम के जयकारे से गूंजा चौरेश्वर महादेव का मंदिर, शिव कांवड़ यात्रा में शामिल हुए कृपाशंकर

जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को दो दिवसीय भव्य शिव कांवड़ यात्रा का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ हुआ। यात्रा का नेतृत्व बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कांवड़ उठाकर शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की।
सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ चौरेश्वर महादेव धाम (छंगापुर) स्थित आदि गंगा गोमती के तट से हुआ। श्रद्धालुओं ने गोमती नदी में पवित्र स्नान कर जल भरा और भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पहले दिन कांवड़ यात्रा चौरेश्वर महादेव धाम से निकलकर गगना मोड़, छंगापुर नहर चौराहा, लेदुका, प्राणपति बाजार, भगतपुर, बीरमपुर, बदलापुर खुर्द, चकमोलनापुर, हिम्मतपुर, मिरसादपुर और कलिंजरा मोड़ समेत कुल 17 स्वागत स्थलों से होकर गुजरी। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत एवं सेवा-सत्कार किया। इस अवसर पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा आदि गंगा गोमती के पावन तट से निकाली जा रही है। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “सई उतरि गोमती नहाए, चौथे दिवस अवधपुर आये” का उल्लेख करते हुए कहा कि गोमती का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने इस यात्रा को रामपथ से जोड़ते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन बताया। पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी कांवड़ियों के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए सावन के इस महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके कांवड़ उठाकर श्रद्धालुओं के साथ चलने से यात्रा में शामिल भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग पर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवड़ियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा व्यवस्थाएं की गईं।
कार्यक्रम के दौरान श्याम राज सिंह, डॉ. राजेश सिंह, विकास यादव, विवेक यादव, सुशील मिश्रा, मधुकर तिवारी, सिद्धू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सावन के पावन महीने में आयोजित इस दो दिवसीय कांवड़ यात्रा ने बदलापुर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सहभागिता का माहौल बना दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की भागीदारी से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।
शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं श्री बजरंग पीजी कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस की धूम
जौनपुर। शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं श्री बजरंग पीजी कॉलेज, घनश्यामपुर, जौनपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण, कविता एवं विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बच्चों के उत्साह एवं शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। श्री बजरंग पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।समारोह की अध्यक्षता गौरव सिंह, डायरेक्टर/प्रबंधक, शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं श्री बजरंग पीजी कॉलेज, घनश्यामपुर, जौनपुर ने की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सी.पी. मित्तल, राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, कांग्रेस तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, जौनपुर रहे।
मुख्य अतिथि सी.पी. मित्तल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का जो प्रयास शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं श्री बजरंग पीजी कॉलेज द्वारा किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शिक्षा के माध्यम से एक नई ऊर्जा एवं नई सोच का संचार हो रहा है। उन्होंने संस्था के प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों के लिए आभार एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, जौनपुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यालय एवं महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं संस्कार विकसित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य श्रीमती आरती सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी तथा कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। अध्यक्षीय संबोधन में श्री गौरव सिंह ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय एवं महाविद्यालय को और अधिक विकसित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर एवं तकनीकी पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है और आने वाले समय में श्री बजरंग डिग्री कॉलेज को और विस्तार देने के साथ-साथ विभिन्न तकनीकी एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
समारोह में वीरेंद्र बहादुर सिंह,. वीरेंद्र कुमार तिवारी डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, सविता पांडे, श्रीमती रीमा यादव, श्रीमती कांति यादव, कुमारी रक्षा तिवारी, प्रदीप कुमार तिवारी, श्री दीपक अस्थान, श्रीराम जी, अमन तिवारी, पूर्व प्रधान भानु प्रताप यादव,  रमेश सिंह, वैष्णवी सिंह, प्रेमनाथ प्रजापति,अनंत सिंह, पूजा सोनी** पल्लवी प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रतिमा दुबे, वाइस प्रिंसिपल, शिल्वे कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल एवं डॉ. जैनेंद्र तिवारी, श्री बजरंग डिग्री कॉलेज ने किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए संकल्प लिया। राष्ट्रगान एवं देशभक्ति की भावना के साथ समारोह का समापन हुआ।
तिरंगा देश की आन बान और शान : विधायक रमेश सिंह
जौनपुर। राष्ट्रप्रेम और आजादी के गौरव का संदेश लेकर बुधवार को रुधौली बाजार से सुइथाकला ब्लॉक मुख्यालय तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शाहगंज विधायक रमेश सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।रुधौली बाजार से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सुइथाकला ब्लॉक मुख्यालय पहुंची। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं  में उत्साह नजर आया। हाथ में तिरंगा लेकर चल रहे राष्ट्र प्रेमियों से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। इस दौरान विधायक रमेश सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना बलिदान दिया। उनके त्याग और संघर्ष की वजह से आज हम आजाद वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों में देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।यात्रा में मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, हृदयेश शुक्ला, शशि तिवारी, प्रवीण सिंह, अनिल दुबे, राम सकल वर्मा, संजय सिंह, बेचन सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा, देश के प्रति प्रेम, एकता और सम्मान का प्रतीक: धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह
जौनपुर। तिरंगा यात्रा देश के प्रति प्रेम, एकता और सम्मान का प्रतीक है। यह यात्रा हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाती है और नागरिकों, खासकर युवा पीढ़ी में राष्ट्र भावना जागृत करती है। जफराबाद में हरगोविंद इंटर कॉलेज से शहीद स्मारक हौज तक आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल जौनपुर के प्रख्यात समाजसेवी और वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह ने तिरंगा यात्रा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय अखंडता का संदेश देती है और नागरिकों के मन में देश के प्रति सम्मान और प्रेम बढ़ाती है।  उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश के लिए जान कुर्बान करने वाले वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करना तथा जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर सबको एक सूत्र में पिरोना है। युवाओं को यह बताना कि आज़ादी कितनी मुश्किलों से मिली है और इसका मोल क्या है। धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में घर-घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में भाजपा नेता अरविंद सिंह, सुनील सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद बरनवाल, प्रधान चंदन सिंह, सुभाष शुक्ला, मंगला सिंह महामंत्री, मण्डल सिरकोनी आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा का सुंदर और प्रेरणादायक आयोजन सिरकोनी मंडल अध्यक्ष रजनीश चौबे द्वारा किया गया।
जौनपुर में फिर गूंजेगी पूज्य शांतनु महाराज की श्रीराम कथा, धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह ने दी जानकारी
जौनपुर। जमदग्नि ऋषि की पावन धरा एक बार फिर श्रीराम कथा की अमृतवाणी से गुंजायमान होने जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा व्यास पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज के मुखारविंद से आगामी 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक बीआरपी इंटर कॉलेज खेल मैदान, जौनपुर में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा से पूर्व विशाल कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। वर्ष 2023 में भी इसी मैदान पर सेवा भारती के नेतृत्व में वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मवीर ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज की कथा का भव्य आयोजन कराया गया था, जिसने अभूतपूर्व जनसमागम के साथ पूरे जनपद में विशेष पहचान बनाई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में श्री सिंह द्वारा इसी परिसर में अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास पूज्य प्रेमभूषण महाराज की विशाल श्रीराम कथा आयोजित कराई गई थी। अब फिर वही मैदान, वही आस्था और एक बार फिर पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज की अमृतमयी वाणी—इसे लेकर जनपद के श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का वातावरण है। इसी क्रम में आज निज निवास कैलाशपति, गोधना, जौनपुर पर पूज्य आचार्य शान्तनु जी महाराज के आगमन पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने सपरिवार उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन किया। महादेव के प्रिय श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के शुभ अवसर पर पूज्य महाराज जी द्वारा आगामी कलश यात्रा एवं श्रीराम कथा के सफल, मंगलमय एवं जनकल्याणकारी आयोजन के लिए संकल्प-पूजन कराया गया। ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा जनमानस को केवल भक्ति से नहीं जोड़ती, बल्कि संस्कार, मर्यादा, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि इस बार भी आयोजन को ऐसा भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास रहेगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर प्रान्त कार्यवाह, काशी प्रान्त मुरली पाल,  विभाग अध्यक्ष सेवा भारती जौनपुर डॉ. तेज सिंह  सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य चंद्रबली यादव का जौनपुर में जोरदार स्वागत
जौनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता चंद्रबली यादव को केंद्रीय संसदीय बोर्ड का सदस्य नियुक्त किए जाने के बाद जौनपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां गायत्री देवी के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मिर्ज़ा जावेद सुल्तान के आवास पर ‘एक पेड़ मां गायत्री देवी के नाम’ के तहत पौधारोपण से हुई। चंद्रबली यादव एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने पौधा रोपित कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। इसके बाद चंद्रबली यादव के जौनपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। उनके स्वागत को लेकर शहर में राष्ट्रीय लोकदल की ओर से बैनर एवं होर्डिंग लगाए गए थे। नई जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंद्रबली यादव लंबे समय से राष्ट्रीय लोकदल की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। केंद्रीय संसदीय बोर्ड में सदस्य के रूप में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना जौनपुर के लिए भी गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि चंद्रबली यादव के अनुभव, राजनीतिक समझ और संगठनात्मक क्षमता का लाभ अब पार्टी को केंद्रीय स्तर पर मिलेगा। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह और मनोबल बढ़ा है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनकी नई जिम्मेदारी से राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने संगठन को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सभी ने चंद्रबली यादव के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में मिर्जा जावेद सुल्तान, अशोक कुमार यादव, सत्य नारायण यादव, दया शंकर यादव, राम बदन सरोज, खिलाड़ी प्रसाद, हैदर मेंहदी सहित राष्ट्रीय लोकदल परिवार से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
संत रविदास जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा
जौनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को कोपा गांव के पास से शुरू हुई दो दिवसीय कलश यात्रा रविवार को अगले गंतव्य के लिए रवाना हुई। भाजपा मंडल अध्यक्ष अरसिया अवधेश दूबे के नेतृत्व में निकली यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यात्रा सुइथाकला से अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और संदेशों के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अलख जगाई। उनका अमर संदेश ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष भीम सिंह, भाजपा नेता बेचन सिंह, खुशीराम मिश्र समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।