मां गायत्री हार्ट केयर एवं क्रिटिकल केयर इंस्टीट्यूट का भव्य उद्घाटन
जौनपुर। नगर से सटे चांदपुर-मड़ियाहूं रोड पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मां गायत्री हार्ट केयर एवं क्रिटिकल केयर इंस्टीट्यूट का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। हृदय रोगियों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित इस संस्थान का शुभारंभ क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया गया। अस्पताल के संस्थापक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि संस्थान में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस डिजिटल कैथ लैब सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे हृदय रोगियों को उच्च स्तरीय उपचार एक ही स्थान पर मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय शंकर दुबे 'अज्जू भैया' रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख पति विनय सिंह सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक, चिकित्सक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया तथा संस्थान की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी डॉ. अजीत कुमार सिंह एवं डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने संभाली। पूरे आयोजन के दौरान अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के अंत में डॉ. अमित कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, शुभचिंतकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य जौनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी हृदय रोग उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। अस्पताल के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है तथा लोगों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
फूलों की बारिश के बीच ज्ञान प्रकाश सिंह ने किया कांवड़ यात्रा का शुभारंभ
जौनपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर हर हर महादेव काँवरिया संघ, जफराबाद द्वारा शनिवार को भव्य शोभायात्रा एवं काँवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में काँवरियों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं ने सहभागिता की। पूरे जफराबाद बाजार में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने विधि-विधान से काँवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान काँवरिया संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया तथा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। बाजार में जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और काँवरियों का उत्साह बढ़ाया।
काँवरियों ने गोमती नदी के नाव घाट से पवित्र जल भरकर जफराबाद बाजार में पदयात्रा की और बाबा काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया। यात्रा में रथ, डीजे एवं शिव तांडव की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि काँवड़ यात्रा केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली परंपरा है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से आपसी भाईचारा, सेवा भावना और क्षेत्र की एकजुटता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जफराबाद की जनता ने हमेशा प्रेम, सम्मान और अपनापन दिया है तथा क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए उनका सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान ने ज्ञान प्रकाश सिंह का स्वागत एवं सम्मान करते हुए कहा कि सरल स्वभाव, सहज उपलब्धता और बिना जाति-धर्म का भेद किए जरूरतमंदों की सहायता करने वाला व्यक्तित्व आज के समय में दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुःख में खड़े रहते हैं और यही कारण है कि क्षेत्र की जनता के बीच उनके प्रति विशेष विश्वास और सम्मान है।
ज्ञान प्रकाश सिंह ने इस भव्य आयोजन के लिए काँवरिया संघ के अध्यक्ष राकेश प्रजापति ‘छट्ठू’, उपाध्यक्ष अर्जुन अग्रहरी, कोषाध्यक्ष कमलेश प्रजापति, महामंत्री राहुल अग्रहरी, विशेष सलाहकार सुजीत मधुकर, मंत्री सूरज अग्रहरी सहित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी और काँवरियों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रूपेंद्र दुबे ‘पिंटू’ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान जफराबाद की जनता में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला आयोजन बताया।
कृपाशंकर सिंह के जन्मदिन पर विशाल स्वास्थ्य शिविर व वृक्षारोपण


जौनपुर। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह का 76वां जन्मदिन शनिवार को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के संगम के रूप में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मदिवस को "जनसेवा संकल्प समारोह" का स्वरूप देते हुए दिनभर स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक अनुष्ठान एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम सहोदरपुर-खमपुर स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी योगिता सिंह एवं सीएमओ गंगाराम गौतम किया। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने शिविर का लाभ उठाया। आयोजन समिति की ओर से लोगों को बरसात के मौसम को देखते हुए छातों का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों ने इस पहल की सराहना की।

स्वास्थ्य शिविर के उपरांत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।

इसके बाद प्राचीन महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का वैदिक विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया गया। विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, समृद्ध भविष्य तथा पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना की गई। धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।जन्मदिन समारोह के दौरान समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने केक काटकर कृपाशंकर सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि कृपाशंकर सिंह का सार्वजनिक जीवन सदैव जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा है तथा उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।

इस अवसर पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह सहित श्यामराज सिंह, सुनीता सिंह, सुषमा पटेल, डॉ. विकास सिंह, डॉ. आर. एन. त्रिपाठी, रत्नाकर सिंह, शशि, मुन्ना सिंह, डॉ. विनोद कन्नौजिया, डॉ रामयश यादव, सुधांशु सिंह, विवेक मौर्य, शशि प्रकाश सिंह, राममोहन सिंह,सतीश सिंह, विजय यादव, अमरीश सिंह,धीरू सिंह,राहुल मिश्रा,चंचल सिंह,आशु सिंह,डॉ श्रीनिवास, दिवाकर सिंह, विकास यादव,समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।पूरे आयोजन में जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक आस्था का सुंदर समन्वय देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हैं तथा नई पीढ़ी को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ने की इस पहल की लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
बढ़िया इलाज के साथ ईमानदारी की मिसाल बना वासुदेव हॉस्पिटल

जौनपुर। आज के दौर में जहां अस्पतालों से मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी होने की खबरें अक्सर सुनने को मिलती हैं, वहीं जौनपुर का वासुदेव हॉस्पिटल ईमानदारी, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की एक ऐसी मिसाल बनकर सामने आया है, जिसने यह साबित कर दिया कि मरीजों का इलाज केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि भरोसे और जिम्मेदारी से भी किया जाता है। जौनपुर शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एलआईसी कार्यालय के पास संचालित वासुदेव हॉस्पिटल, जहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं, वहीं अस्पताल का स्टाफ भी अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से लोगों का विश्वास जीत रहा है। दरअसल, अस्पताल में भर्ती मरीज चंद्रधर मिश्रा का हालचाल जानने के लिए कुछ लोग पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करते समय एक महिला का पर्स अनजाने में नीचे गिर गया। अस्पताल के एक कर्मचारी की नजर उस पर्स पर पड़ी तो उसने बिना देर किए उसे सुरक्षित रख लिया। स्टाफ को उम्मीद थी कि पर्स का मालिक जल्द ही उसे खोजते हुए आएगा, लेकिन एक दिन बीत गया कोई भी पर्स के बारे में पूछने नहीं पहुंचा। उधर, जिस महिला का पर्स गिरा था, उन्होंने यह मान लिया था कि शायद रास्ते में या किसी दुकान पर पर्स खो गया है। पर्स में नकदी, चांदी का ब्रेसलेट, घर की चाबियां समेत अन्य जरूरी सामान मौजूद था, लेकिन उसमें कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं था, जिससे मालिक का पता लगाया जा सके। ऐसे में पर्स वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। यहीं से शुरू हुई वासुदेव हॉस्पिटल की ईमानदारी और जिम्मेदारी की असली कहानी। जब दिन और रात बीत जाने के बाद भी कोई व्यक्ति पर्स लेने नहीं आया तो अस्पताल प्रबंधन ने खुद पहल की। सबसे पहले अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि पर्स किस गाड़ी से गिरा था। इसके बाद दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई, जिससे पता चला कि उस गाड़ी से आए लोग अस्पताल के प्राइवेट वार्ड नंबर-2 में भर्ती मरीज चंद्रधर मिश्रा से मिलने गए थे। इसके बाद अस्पताल के मैनेजर ने मरीज के तीमारदारों से संपर्क किया और उनका पर्स वापस सौंपा गया तो उसमें रखी नकदी, ब्रेसलेट, चाबियां और अन्य सभी सामान पूरी तरह सुरक्षित मिले। अपना खोया हुआ पर्स वापस पाकर महिला और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, स्टाफ और विशेष रूप से डॉ. विकास यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह घटना केवल एक पर्स लौटाने की नहीं, बल्कि उस विश्वास को लौटाने की है जो आज के समय में धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। वासुदेव हॉस्पिटल ने यह साबित कर दिया कि एक अच्छा अस्पताल केवल बेहतर इलाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने मानवीय व्यवहार, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए भी पहचाना जाता है। निस्संदेह, डॉ. विकास यादव और वासुदेव हॉस्पिटल की पूरी टीम का यह सराहनीय कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देता है कि ईमानदारी आज भी जिंदा है और इंसानियत से बढ़कर कोई सेवा नहीं।
श्री कृष्ण न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय के समारोह में शामिल हुए मंत्री गिरीश यादव
जौनपुर। जिले के नईगंज स्थित श्री कृष्ण न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय की आठवीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे। चिकित्सालय पहुंचने पर अस्पताल के प्रमुख डॉ. हरिनाथ यादव ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा चिकित्सालय के आठ सफल वर्षों के लिए डॉ. हरिनाथ यादव और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सदर क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता को भी चिकित्सालय की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।वर्षगांठ समारोह में जिले की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर चिकित्सालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की देखरेख डॉ. हरिनाथ यादव के बड़े भाई एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उमानाथ यादव ने की।अपने संबोधन में डॉ. हरिनाथ यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों के अटूट विश्वास, स्नेह और सहयोग के बल पर चिकित्सालय ने निस्वार्थ सेवा के आठ वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी विश्वास और समर्पण के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर सभी से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की, ताकि धरती को हरा-भरा और समृद्ध बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में चिकित्सालय की ओर से उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया।
जौनपुर : बच्ची से छेड़छाड़ में अधेड़ पर पास्को और एससीएसटी के तहत एफआईआर दर्ज
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पास्को समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, घटना 13 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई गई है। छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में लल्लू दुबे उर्फ विजय बेलवा निवासी ने उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इससे पहले भी आरोपी बच्ची के साथ कुत्सित प्रयास कर चुका था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में परिजनों ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार में भय का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जाैनपुर: बेकाबू स्कूल वैन खाई में पलटी, शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल
- स्कूल वैन चालक पर लापरवाही का आराेप, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जाैनपुर जिले सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल हाे गये। एक बच्चे की हालत गंभीर हाेने पर इलाज के लिए उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि स्कूल की वैन क्षेत्र के शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। बेलवार के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई। वाहन में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 8 से 10 बच्चों की है। इससे चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग के आरोप भी सामने आए हैं।

सूचना मिलते ही सुजानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय अभी यादव पुत्र कल्लू यादव को एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। वहीं, वैन में सवार शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दुर्घटना में घायल बच्चों में श्रेजा यादव, अक्षरा यादव, अनन्या यादव, सान्वी यादव, सुहानी, उन्नति यादव और आयुषी यादव, शिक्षिका सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि कई निजी विद्यालयों की गाड़ियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाली जाती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन की फिटनेस, क्षमता, परमिट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित चालक और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-
सिद्धिविनायक धाम में विधि-विधान से हुआ गुरु पूजन
जौनपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्धिविनायक धाम, नखतपुर (सराय दुर्गादास), जनपद जौनपुर में श्री रामदूतम चैरिटेबल ट्रस्ट अयोध्या के तत्वावधान में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, आरती एवं हवन-पूजन में भाग लेकर अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त op की।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री निर्मल शरण जी महाराज ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन पर आधारित प्रेरणादायक कथा सुनाई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।पूजन एवं कथा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर दूर-दराज से आए संत-महात्माओं, भक्तों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा गुरु के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री रामदूतम चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
राज्यपाल के हाथों डॉ. प्रशान्त सिंह को 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान'
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के  दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमुहाई जौनपुर  के समाजशास्त्र विभाग के डॉ. प्रशान्त  सिंह को राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय के हाथों 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान' प्रदान किया गया। समारोह विश्वविद्यालय परिसर में पूरी गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को उपाधियाँ एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान किए गए।डॉ. प्रशान्त  सिंह विगत 6  वर्षों से समाजशास्त्र के अध्यापन से जुड़े हैं। शिक्षण, शोध एवं प्रकाशन के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अपनी सरल शिक्षण-शैली तथा विद्यार्थियों के प्रति सहज उपलब्धता के लिए वे महाविद्यालय में विशेष रूप से जाने जाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. प्रशान्त  ने कहा -"यह क्षण मेरे लिए सौभाग्य का है। इसका श्रेय मेरे माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन, सहकर्मियों के सहयोग और विद्यार्थियों के स्नेह को जाता है। यह सम्मान मेरे दायित्व को और बढ़ाता है और आगे भी मैं इसी निष्ठा से कार्य करता रहूँगा। "महाविद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. प्रशान्त की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी। प्राचार्य प्रो. मिथिलेश पांडेय ने कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की समर्पित सेवा का प्रमाण है।इस अवसर पर समस्त शिक्षक साथियों, कर्मचारियों एवं  विद्यार्थियों ने   उन्हें  शुभकामनाएँ दीं।
गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत शासन को सौंपा गया ज्ञापन
जौनपुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जौनपुर में गोभक्तों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एवं हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा। अभियान के तहत गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने सहित 30 से अधिक मांगें उठाई गईं।अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले छह माह से देशभर में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन सौंपा गया था। मांगों पर निर्णय न होने के बाद द्वितीय चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र शासन को भेजा गया।जौनपुर में भी गोभक्तों ने लगभग पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रेषित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।प्रार्थना-यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम और गोमाता की झांकी भी शामिल रही। अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा सरकार से संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा की गई। कार्यक्रम में 1008 योगीराज पागल बाबा महंत संकट मोचन हनुमान मंदिर, पवन मिश्रा, डॉ. अमरनाथ पांडे, अजीत प्रताप प्रजापति, सुनील मौर्य, शैलेंद्र, विधु प्रकाश शुक्ला, राखी सिंह, किरण सिंह, खुशी सिंह, सरिता सिंह, बिट्टू किन्नर, अवधेश मौर्य, राज दुबे, राज तिवारी, राज यादव, अमन यादव, अमन श्रीवास्तव,आशीष मिश्र, सुनील शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, व्यापारी और बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।