बढ़िया इलाज के साथ ईमानदारी की मिसाल बना वासुदेव हॉस्पिटल

जौनपुर। आज के दौर में जहां अस्पतालों से मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी होने की खबरें अक्सर सुनने को मिलती हैं, वहीं जौनपुर का वासुदेव हॉस्पिटल ईमानदारी, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की एक ऐसी मिसाल बनकर सामने आया है, जिसने यह साबित कर दिया कि मरीजों का इलाज केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि भरोसे और जिम्मेदारी से भी किया जाता है। जौनपुर शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एलआईसी कार्यालय के पास संचालित वासुदेव हॉस्पिटल, जहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं, वहीं अस्पताल का स्टाफ भी अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से लोगों का विश्वास जीत रहा है। दरअसल, अस्पताल में भर्ती मरीज चंद्रधर मिश्रा का हालचाल जानने के लिए कुछ लोग पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करते समय एक महिला का पर्स अनजाने में नीचे गिर गया। अस्पताल के एक कर्मचारी की नजर उस पर्स पर पड़ी तो उसने बिना देर किए उसे सुरक्षित रख लिया। स्टाफ को उम्मीद थी कि पर्स का मालिक जल्द ही उसे खोजते हुए आएगा, लेकिन एक दिन बीत गया कोई भी पर्स के बारे में पूछने नहीं पहुंचा। उधर, जिस महिला का पर्स गिरा था, उन्होंने यह मान लिया था कि शायद रास्ते में या किसी दुकान पर पर्स खो गया है। पर्स में नकदी, चांदी का ब्रेसलेट, घर की चाबियां समेत अन्य जरूरी सामान मौजूद था, लेकिन उसमें कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं था, जिससे मालिक का पता लगाया जा सके। ऐसे में पर्स वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। यहीं से शुरू हुई वासुदेव हॉस्पिटल की ईमानदारी और जिम्मेदारी की असली कहानी। जब दिन और रात बीत जाने के बाद भी कोई व्यक्ति पर्स लेने नहीं आया तो अस्पताल प्रबंधन ने खुद पहल की। सबसे पहले अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि पर्स किस गाड़ी से गिरा था। इसके बाद दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई, जिससे पता चला कि उस गाड़ी से आए लोग अस्पताल के प्राइवेट वार्ड नंबर-2 में भर्ती मरीज चंद्रधर मिश्रा से मिलने गए थे। इसके बाद अस्पताल के मैनेजर ने मरीज के तीमारदारों से संपर्क किया और उनका पर्स वापस सौंपा गया तो उसमें रखी नकदी, ब्रेसलेट, चाबियां और अन्य सभी सामान पूरी तरह सुरक्षित मिले। अपना खोया हुआ पर्स वापस पाकर महिला और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, स्टाफ और विशेष रूप से डॉ. विकास यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह घटना केवल एक पर्स लौटाने की नहीं, बल्कि उस विश्वास को लौटाने की है जो आज के समय में धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। वासुदेव हॉस्पिटल ने यह साबित कर दिया कि एक अच्छा अस्पताल केवल बेहतर इलाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने मानवीय व्यवहार, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए भी पहचाना जाता है। निस्संदेह, डॉ. विकास यादव और वासुदेव हॉस्पिटल की पूरी टीम का यह सराहनीय कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देता है कि ईमानदारी आज भी जिंदा है और इंसानियत से बढ़कर कोई सेवा नहीं।
श्री कृष्ण न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय के समारोह में शामिल हुए मंत्री गिरीश यादव
जौनपुर। जिले के नईगंज स्थित श्री कृष्ण न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय की आठवीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे। चिकित्सालय पहुंचने पर अस्पताल के प्रमुख डॉ. हरिनाथ यादव ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा चिकित्सालय के आठ सफल वर्षों के लिए डॉ. हरिनाथ यादव और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सदर क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता को भी चिकित्सालय की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।वर्षगांठ समारोह में जिले की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर चिकित्सालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की देखरेख डॉ. हरिनाथ यादव के बड़े भाई एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उमानाथ यादव ने की।अपने संबोधन में डॉ. हरिनाथ यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों के अटूट विश्वास, स्नेह और सहयोग के बल पर चिकित्सालय ने निस्वार्थ सेवा के आठ वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी विश्वास और समर्पण के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर सभी से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की, ताकि धरती को हरा-भरा और समृद्ध बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में चिकित्सालय की ओर से उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया।
जौनपुर : बच्ची से छेड़छाड़ में अधेड़ पर पास्को और एससीएसटी के तहत एफआईआर दर्ज
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पास्को समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, घटना 13 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई गई है। छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में लल्लू दुबे उर्फ विजय बेलवा निवासी ने उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इससे पहले भी आरोपी बच्ची के साथ कुत्सित प्रयास कर चुका था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में परिजनों ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार में भय का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जाैनपुर: बेकाबू स्कूल वैन खाई में पलटी, शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल
- स्कूल वैन चालक पर लापरवाही का आराेप, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जाैनपुर जिले सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में शिक्षिका समेत 12 से अधिक बच्चे घायल हाे गये। एक बच्चे की हालत गंभीर हाेने पर इलाज के लिए उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि स्कूल की वैन क्षेत्र के शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। बेलवार के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई। वाहन में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 8 से 10 बच्चों की है। इससे चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग के आरोप भी सामने आए हैं।

सूचना मिलते ही सुजानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय अभी यादव पुत्र कल्लू यादव को एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। वहीं, वैन में सवार शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दुर्घटना में घायल बच्चों में श्रेजा यादव, अक्षरा यादव, अनन्या यादव, सान्वी यादव, सुहानी, उन्नति यादव और आयुषी यादव, शिक्षिका सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि कई निजी विद्यालयों की गाड़ियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाली जाती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन की फिटनेस, क्षमता, परमिट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित चालक और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-
सिद्धिविनायक धाम में विधि-विधान से हुआ गुरु पूजन
जौनपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्धिविनायक धाम, नखतपुर (सराय दुर्गादास), जनपद जौनपुर में श्री रामदूतम चैरिटेबल ट्रस्ट अयोध्या के तत्वावधान में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, आरती एवं हवन-पूजन में भाग लेकर अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त op की।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री निर्मल शरण जी महाराज ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन पर आधारित प्रेरणादायक कथा सुनाई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।पूजन एवं कथा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर दूर-दराज से आए संत-महात्माओं, भक्तों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा गुरु के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री रामदूतम चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
राज्यपाल के हाथों डॉ. प्रशान्त सिंह को 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान'
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के  दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमुहाई जौनपुर  के समाजशास्त्र विभाग के डॉ. प्रशान्त  सिंह को राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय के हाथों 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान' प्रदान किया गया। समारोह विश्वविद्यालय परिसर में पूरी गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को उपाधियाँ एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान किए गए।डॉ. प्रशान्त  सिंह विगत 6  वर्षों से समाजशास्त्र के अध्यापन से जुड़े हैं। शिक्षण, शोध एवं प्रकाशन के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अपनी सरल शिक्षण-शैली तथा विद्यार्थियों के प्रति सहज उपलब्धता के लिए वे महाविद्यालय में विशेष रूप से जाने जाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. प्रशान्त  ने कहा -"यह क्षण मेरे लिए सौभाग्य का है। इसका श्रेय मेरे माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन, सहकर्मियों के सहयोग और विद्यार्थियों के स्नेह को जाता है। यह सम्मान मेरे दायित्व को और बढ़ाता है और आगे भी मैं इसी निष्ठा से कार्य करता रहूँगा। "महाविद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. प्रशान्त की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी। प्राचार्य प्रो. मिथिलेश पांडेय ने कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की समर्पित सेवा का प्रमाण है।इस अवसर पर समस्त शिक्षक साथियों, कर्मचारियों एवं  विद्यार्थियों ने   उन्हें  शुभकामनाएँ दीं।
गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत शासन को सौंपा गया ज्ञापन
जौनपुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जौनपुर में गोभक्तों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एवं हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा। अभियान के तहत गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने सहित 30 से अधिक मांगें उठाई गईं।अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले छह माह से देशभर में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन सौंपा गया था। मांगों पर निर्णय न होने के बाद द्वितीय चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र शासन को भेजा गया।जौनपुर में भी गोभक्तों ने लगभग पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रेषित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।प्रार्थना-यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम और गोमाता की झांकी भी शामिल रही। अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा सरकार से संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा की गई। कार्यक्रम में 1008 योगीराज पागल बाबा महंत संकट मोचन हनुमान मंदिर, पवन मिश्रा, डॉ. अमरनाथ पांडे, अजीत प्रताप प्रजापति, सुनील मौर्य, शैलेंद्र, विधु प्रकाश शुक्ला, राखी सिंह, किरण सिंह, खुशी सिंह, सरिता सिंह, बिट्टू किन्नर, अवधेश मौर्य, राज दुबे, राज तिवारी, राज यादव, अमन यादव, अमन श्रीवास्तव,आशीष मिश्र, सुनील शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, व्यापारी और बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
श्री बजरंग इंटर कॉलेज में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने उठाया लाभ
जौनपुर। श्री बजरंग इंटर कॉलेज, घनश्यामपुर में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव सिंह साहिल के नेतृत्व में किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज स्वास्थ्य जांच कराने के लिए पहुंचे, जहां विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया।शिविर में नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), गुर्दा एवं मूत्र रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग तथा सामान्य रोग से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों की आवश्यक जांच के बाद उन्हें रोग के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। इस अवसर पर डॉक्टर रोबिन सिंह, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. दिनेश, डॉ. राजेश, डॉ. कार्तिक, डॉ. जफर तथा डॉ. हर्ष विक्रम सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श मिलने पर आयोजन की सराहना की। आयोजक अभिनव सिंह साहिल ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अनुभवी चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक अनिल सिंह, प्रधानाचार्य शशि भूषण मिश्रा, प्रवक्ता मयाशंकर तिवारी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, संजय कुमार चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार सिंह, संजय कुमार तिवारी, अजीत प्रताप सिंह, राम सागर सिंह, शेर बहादुर मौर्या ,संतोष तिवारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारु रही और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कारगिल विजय दिवस पर जौनपुर में वीर सैनिकों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान
जौनपुर।  कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संगठन, जौनपुर द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परमानंद झा (एडीएम, जौनपुर) रहे। विशिष्ट अतिथियों में कर्नल आलोक कुमार सिंह, विंग कमांडर कुमार राजीव रंजन, डॉ. अरुण कुमार मिश्रा, डॉ. हरिनाथ यादव, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. मंजू यादव, बदलापुर के पूर्व लोकप्रिय विधायक बाबा दूबे, पूर्व विधायक परमेंद्र सिंह तथा मां दुर्गा स्कूल के प्रबंधक मुन्ना सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राम अभिलाष पाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तत्पश्चात कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन अनुष्का राज यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर द्वितीय विश्व युद्ध के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद की 8 वीर नारियों को 2,000 रुपए का चेक एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके अद्वितीय त्याग एवं बलिदान को नमन किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में नील दीप एकेडमी, जौनपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इस सफल आयोजन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संगठन, जौनपुर के संरक्षक कैप्टन अजीत पांडेय, अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार, संयोजक डी.के., कार्यवाहक अध्यक्ष के.के. सिंह, महासचिव बलराम सिंह, संयुक्त सचिव देवेंद्र सिंह, के.के. दुबे, पेटी ऑफिसर राम सूरत यादव (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), सचिव लाल चंद मौर्य, तेज कुमार सिंह, राकेश सिंह, बनारसी यादव, राज बहादुर पाल, बिंदु सिंह, सुनील, त्रिलोकी नाथ शुक्ला सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांख्यिकी के विद्वान और रीडर डॉ. बबऊ पांडे के निधन से शोक की लहर
जौनपुर। जनपद के चंदवक स्थित बंशीपुर भैंसा गांव के मूल निवासी तथा गोरखपुर विश्वविद्यालय से संलग्न लार स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बीएड विभाग में लंबे अरसे तक सांख्यिकी के प्रवक्ता रहे रीडर डॉ बबऊ पांडे का विगत दिनों निधन हो गया। अत्यंत विनम्र ,शालीन और धार्मिक प्रवृत्ति के डॉ पांडे चार भाइयों में तीसरे क्रमांक पर रहे। उनके बड़े भाई प्रवक्ता भैयालाल पांडे सेवानिवृत्ति के बाद गांव में ही रहते हैं। उनके तीनों बच्चे जय पांडे, विजय पांडे तथा श्वेता पांडे डॉक्टर हैं ,जबकि दामाद डॉक्टर मधुसूदन मिश्रा लखनऊ में ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं। उनके भतीजे पूर्व प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार पांडे ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि उनकी मृत्यु से जुड़े सभी कार्यक्रम बनारस स्थित उनके आवास पर किया जाएगा। परिवार के सदस्यों में संजय पांडे, नरेंद्र कुमार पांडे, कमलेश कुमार पांडे, पौत्र हर्ष पांडे, उत्कर्ष पांडे, राघवेंद्र पांडे ,चचेरे भाई महेंद्र पांडे ,वकील पांडे, पप्पू पांडे,चंदन पांडे, सूरज पांडे,पंकज पांडे, अभिषेक  पांडे के अलावा साथ में कार्यरत सभी मित्रगण डॉ अवधेश त्रिपाठी, डॉक्टर भैरव शंकर उपाध्याय ,डॉ श्रीमती इंदू सिंह, डॉ गणेश लाल मेहता, डॉ ओमप्रकाश दुबे,डॉ डीएन सिंह,डॉ बीबी सिंह, डॉ जे डी दीक्षित, डॉ वेद प्रकाश दुबे, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, समाजसेवी करिया सिंह समेत अनेक लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।