नया जन सुविधा केंद्र जहाँ दूध की रखवाली करेगी बिल्लियां


जौनपुर। जौनपुर कलेक्ट्रेट में बुधवार को डीएम सैमुअल पॉल एन. और एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सुबह 8 से रात 10 बजे तक चलने वाले ‘जन सुविधा केन्द्र’ का ढोल पीटकर शुभारंभ कर दिया। दावा बड़ा है - शिकायत दर्ज होते ही व्हाट्सएप से लेखपाल-कानूनगो को अलर्ट, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई, रोस्टरवार कर्मचारी, पुलिस की डबल शिफ्ट। डीएम ने लापरवाह अफसरों का ‘काला चिट्ठा’ बनाने की धमकी भी दे डाली। पर सवाल खून जमा देने वाला है - क्या यह भी ‘ढाक के तीन पात’ साबित होगा? जनसुनवाई पोर्टल, CM हेल्पलाइन, PMO-PG, थाना-तहसील दिवस - हर ‘समाधान’ का मंच पहले भी बना।

नतीजा? पोर्टल पर ‘निस्तारित’ का ठप्पा और जमीन पर पीड़ित की लाश सड़ती रही। असली कोढ़ है ‘आरोपी ही जांच अधिकारी’ का नंगा खेल। जनता दर्शन में CM योगी के हाथ में दिया पत्र हो या PMO की गुहार - हर फरियाद घूमकर उसी थाने, तहसील, ब्लॉक में दफन हो जाती है, जहां अत्याचारी धनबली मठाधीशों का साम्राज्य है। जांच उसी भ्रष्ट CO, SDM, दरोगा, लेखपाल, BDO, BSA के हवाले, जिस पर रिश्वत और गुंडागर्दी के आरोप हैं। वह फर्जी रिपोर्ट ठोंकता है, उल्टा पीड़ित को झूठे केस में फंसा देता है, या ‘कागजी निस्तारण’ का ढोंग रच देता है।

इसके पीछे वही ‘इच्छाधारी मठाधीश’ हैं जो हर सरकार में पाला बदलकर सत्ता की मलाई चाटते हैं। सरकार किसी की हो, इनका दबदबा अमर है। स्थानीय दलाल जनप्रतिनिधियों को घूस खिलाकर हर फाइल खरीद ली जाती है। भ्रष्टाचार का रेट-कार्ड खुला है - गरीब का खून चूसना और सरकारी खजाना लूटना। नीचे सिपाही से ऊपर मंत्री तक हर टेबल का प्रतिशत फिक्स है। रात 10 बजे तक शिकायत लेने से क्या होगा, जब सुबह 10 बजे वही भेड़िया फाइल दबा देगा? मुख्यमंत्री जी, आप जनता दर्शन में सिर झुकाकर फरियाद सुनते हो, पर अगली सुबह वही पत्र उसी कसाई के पास पहुंच जाता है।

जब तक ‘क्रॉस-डिस्ट्रिक्ट जांच’ अनिवार्य नहीं होगी, आरोपी अफसर को लात मारकर बाहर नहीं फेंका जाएगा, वीडियो रिकॉर्डिंग और पब्लिक ट्रैकिंग नहीं होगी - तब तक नया जन सुविधा केन्द्र भी पुराने पोर्टलों की तरह कागजी शेर ही रहेगा। पहले थाना-तहसील ब्लॉक का कोढ़ काटो, वरना ‘रामराज्य’ का ढोल पीटना बंद करो।
विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ
जौनपुर। ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गुरुवार को विकास खण्ड महराजगंज की ग्राम सभा सवंसा में "विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)" (वीबी-जी राम जी) का राष्ट्रीय स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का विस्तार करते हुए "हर गांव समृद्ध, हर हाथ को काम, हर परिवार का सम्मान" के संकल्प को साकार करना है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष यादवेन्द्र प्रताप सिंह 'लवकुश', भाजपा मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह तथा ग्राम प्रधान अनामिका सिंह उपस्थित रहीं। इसके अलावा निखिलेश यादव(टीए), इंद्रजीत मौर्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।अतिथियों ने मिशन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार तथाआजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान मिशन के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी दी गई तथा ग्रामीण विकास को गति देने के लिए सामूहिक सहभागिता पर बल दिया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने विकसित और आत्मनिर्भर गांव के निर्माण का संकल्प लिया।
लव जिहाद रोकना है तो बेटियों को सुनाओ सीता और सावित्री की कथा : धर्मराज महाराज

जौनपुर। देश में बढ़ते लव जिहाद पर चिंता व्यक्त करते हुए करते हुए प्रख्यात कथावाचक पंडित धर्मराज तिवारी महाराज ने कहा कि लव जिहाद रोकना है तो बेटियों को सीता और सावित्री की कथा सुनाओ। बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित डड़ारी गांव में पंडित वंशगोपाल उपाध्याय के यहां आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन व्यास पीठ से बोलते हुए उन्होंने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि सीता माता का जीवन धैर्य, त्याग और मर्यादा का सबसे बड़ा आदर्श है, जो बेटियों को विपरीत परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सावित्री की कथा नारी के दृढ़ संकल्प और बुद्धिबल को दर्शाती है, जिससे बेटियां जीवन की चुनौतियों का डटकर सामना करना सीख सकती हैं। पंडित धर्मराज तिवारी महाराज ने कहा कि इन कथाओं के माध्यम से बेटियां अपने परिवार, धर्म और संस्कृति से जुड़ी रहती हैं, जिससे वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या बहकावे में आने से बच सकती हैं। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में वरिष्ठ समाजसेवी रामजी उपाध्याय, पूर्व प्रधानाचार्य रामअनंद पांडे, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, रमेश कुमार मिश्रा, शिक्षक अशोक कुमार सिंह, राजकुमार उपाध्याय, आशीष मिश्र ,विमल मिश्रा, धीरज उपाध्याय , ऋतिक उपाध्याय, आदर्श ,उत्कर्ष, टिंकू, अशोक शुक्ला, प्रभाकर शुक्ला ,हृदय नारायण शुक्ला, भारत मिश्रा, मुन्ना मिश्रा, रिंकू, प्रिंसु,टिल्लू, कमलेश मिश्रा, राम पूजन, हिमांशु पांडे, अखिलेश मिश्रा आदि का समावेश रहा। 29 जून से आरंभ कथा का समापन 6 जुलाई को होगा 7 जुलाई को महाप्रसाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सभी भक्तों से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
सेना से रिटायर सूबेदार दिनेश कुमार सिंह का सम्मान
जौनपुर। सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान और समस्याओं के निराकरण के लिए काम कर रही संस्था अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन, जौनपुर द्वारा 30 वर्षों के बाद सेवानिवृत्त सूबेदार दिनेश कुमार सिंह (मेडिकल कोर) का कल जनपद के खपडहा , शेरवा स्थित उनके घर पर स्वागत किया गया। संस्था द्वारा उनकी शानदार सेवाओं को याद करते हुए स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में सेवानिवृत्ति सेना अधिकारियों और सैनिकों में राजेश कुमार, के. के. सिंह, के. के. दुबे, देवेंद्र सिंह, सुनील शुक्ला, बलराम सिंह,सियाराम उपाध्याय, राम सूरत यादव, हौसला प्रसाद पाठक, राकेश सिंह, लाल चंद्र मौर्या, राज बहादुर, तेज बहादुर सिंह, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, पन्ना लाल, बलवंत गुप्ता,सुरेश प्रसाद नागर,अमन सिंह, लाल बहादुर यादव, मनोज यादव,कुणाल यादव,आर . सी. यादव आदि का समावेश रहा। जौनपुर के प्रख्यात समाजसेवी और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी सूबेदार दिनेश कुमार सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।
मेहनत की कमाई से खरीदे गए सोने में कलयुग का वास नहीं होता : धर्मराज महाराज
जौनपुर। जनपद के सिगरामऊ क्षेत्र के डंडारी ग्राम पंचायत में मुख्य यजमान वंशगोपाल दादा के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के प्रथम दिवस परम पूज्य कथा व्यास धर्मराज महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत महात्म्य का रसपान कराया। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से प्रेत योनि से भी मुक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने भगवान के स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान सत्य, चित और आनंद स्वरूप हैं। कथा व्यास ने भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि जिस प्रकार तोता केवल मीठे और पके फलों पर ही अपनी चोंच मारता है, उसी प्रकार श्रीमद्भागवत कथा भी आम के पके फल के समान मधुर एवं कल्याणकारी है। उन्होंने ज्ञान, वैराग्य और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धुंधकारी को भागवत श्रवण से प्राप्त मोक्ष की कथा का विस्तार से वर्णन किया।
प्रथम दिवस की कथा में धर्मराज महाराज ने कलियुग के आगमन, राजा परीक्षित द्वारा कलियुग को रहने के लिए स्थान प्रदान किए जाने तथा अंततः कलियुग के राजा परीक्षित के मुकुट में प्रवेश करने की प्रसंग का भी विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि राजा परीक्षित द्वारा धारण किया गया स्वर्ण मुकुट परिश्रम की कमाई से प्राप्त नहीं था, बल्कि युद्ध में विजय के उपरांत प्राप्त हुआ था। इसी कारण कलियुग उसमें प्रवेश कर सका। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि मेहनत की कमाई से खरीदे गए सोने में कलियुग का वास नहीं होता।धर्मराज महाराज के ओजस्वी एवं अमृतमयी प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे पांडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजकुमार उपाध्याय, धीरज, टिंकू, ऋतिक, आदर्श, उत्कर्ष, राहुल श्रीवास्तव, प्रदीप विश्वकर्मा, आशीष मिश्र, विमल मिश्र, रामजी पाठक, देवता मिश्र, शिवाजी शुक्ला, संतोष शुक्ला, हृदय नारायण, राकेश प्रसाद मिश्र,  प्रेम सागर मिश्र, राम पूजन , मुन्ना मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी रामजी उपाध्याय, कल्लू सिंह, सत्यदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु एवं कथा प्रेमी उपस्थित रहे। 29 जून की शाम 4 बजे से शाम 7 बजे तक आरंभ कथा का समापन 5 जुलाई को होगा। 6 जुलाई को महाप्रसाद (भंडारा )का आयोजन किया गया है।
सरायभानी में नवनिर्मित शिवमंदिर की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जौनपुर। सरायभानी में सभाजीत मिश्रा परिवार द्वारा नव-निर्मित शिवमंदिर के शुभ अवसर पर शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा एवं आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में सुसज्जित बग्गी, हाथी, घोड़े तथा 100 से अधिक चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल रहा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।शोभायात्रा की शुरुआत सरायभानी स्थित मंदिर परिसर से हुई। इसके बाद यात्रा बरजी, कल्याणपुर, केशीपुरा, नेवादा, कोल्हुआ, रामनगर, रसिकापुर, गौरा सहित विभिन्न गांवों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।कार्यक्रम में विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे (बाबा),, विनय सिंह प्रमुख पति भाजपा नेता अभयराज यादव ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आयोजन की सराहना की।इस अवसर पर परिवार के प्रमुख सदस्यों रामसजीवन मिश्रा, शिवप्रसाद मिश्रा (वैज्ञानिक), छोटेलाल दुबे (व्यवसायी), जितेंद्र मिश्रा (समाजसेवी), अजय, आलोक एवं आदर्श सहित अन्य सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन किया।श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच शोभायात्रा एवं धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हुआ।
ग्राम रोजगार सेवक  एक जुलाई को करेंगे विधानसभा घेराव, बैठक में बनाई गई रणनीति
जौनपुर। ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 01 जुलाई 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारियों के क्रम में विकास खण्ड महराजगंज के सभागार में जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चौरसिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन अमरनाथ निषाद द्वारा किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चौरसिया ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक वर्ष 2006 से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी संविदा व्यवस्था में कार्य करने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक ग्राम रोजगार सेवकों का 12 से 14 माह तक का मानदेय बकाया है, जिससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में ग्राम रोजगार सेवकों को सहायक सचिव/ग्राम विकास सहायक के पद पर समायोजित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान करना, न्यूनतम ₹24,000 प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करना, बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करना, मानव संसाधन नीति लागू करना तथा ईपीएफ, चिकित्सा सुविधा, अवकाश एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराना शामिल है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, इसलिए उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा पूर्व में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदेश के सभी जनपदों से जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया था, किन्तु अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रदेश के लगभग 36,000 ग्राम रोजगार सेवकों में व्यापक असंतोष एवं रोष व्याप्त है।उन्होंने कहा कि अपनी मांगों के समर्थन में प्रदेश भर के ग्राम रोजगार सेवक 01 जुलाई 2026 को लखनऊ में विधानसभा घेराव करेंगे। इसके अतिरिक्त जवाहर भवन, इंदिरा भवन, भाजपा कार्यालय, चारबाग रेलवे स्टेशन तथा राजभवन गेट सहित विभिन्न स्थानों पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में संतोष मिश्रा, मूलचंद सरोज, राजकुमार, सूर्यलाल, उमर, राम आसरे, पिंटू गौतम, प्रमोद कुमार, संजू वर्मा, संगीता पटेल, गीता यादव, सुनीता पाल, शिल्पा पटेल, सुमन मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों एवं ग्राम रोजगार सेवकों ने अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
माधव शाखा, घनश्यामपुर पर मनाया गया हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव

जौनपुर। बदलापुर खण्ड के घनश्यामपुर मण्डल में छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्यारोहण दिवस ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव राम जानकी विद्यालय, घनश्यामपुर में बड़े ही उमंग के साथ मनाया गया।मुख्य वक्ता जिला विद्यार्थी कार्य प्रमुख अभिषेक ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज जी ने चारों तरफ व्याप्त घोर अन्धकार से हिन्दू जनसंख्या को एक आशा प्रदान किये और हिन्दू साम्राज्य की नींव डाली। उन्होंने अपने शासनकाल में राष्ट्रभक्तों की एक फौज तैयार कर दिया जो उनके अवसान के बाद भी हिन्दवी साम्राज्य की उन्नति के लिये प्रयत्नशील रहे।

मुगल बादशाह औरंगजेब के शासनतंत्र को शिवाजी ने कठोर चुनौती दिया और दक्षिण में उठी हिन्दू शासन की लहर को कुचलने के प्रयास में ही औरंगजेब दक्षिण में ही मर गया।एक तरह से छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा प्रारम्भ संघर्ष ही मुगल साम्राज्य के विनाश का कारण बना।उनका शासनकाल सामाजिक समरसता, नारी सम्मान,साम्राज्य विस्तार, हिन्दू जागरण के रूप में सदैव याद किया जायेगा।

इस अवसर पर खण्ड कार्यवाह कपिल देव,खण्ड सह व्यवस्था प्रमुख अम्बरीश, मण्डल प्रमुख सन्तोष,मुख्य शिक्षक वंश, अजय, धीरज,राम अनुज,राहुल समेत अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का पहला कर्तव्य :  ज्ञान प्रकाश सिंह
जौनपुर। रेगिस्तान की भीषण गर्मी और ग्लेशियर में कड़ाके की ठंडी के बीच भी देश की सीमाओं पर दिन रात डटे रहने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का सबसे पहला कर्तव्य है। उनके अदम्य साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान के कारण ही हम अपने घरों में सुरक्षित और स्वतंत्र जीवन जी पाते हैं। गोधना स्थित अपने आवास कैलाशपति पर अखिल भारतीय पूर्व सेना परिषद जौनपुर के जिला अध्यक्ष कैप्टन देवेंद्र सिंह और बदलापुर तहसील अध्यक्ष नायब सूबेदार सुनील शुक्ला का सम्मान करने के बाद उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा सैनिकों के साहस, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। वे सीमाओं के प्रहरी होते हैं जो किसी भी बाहरी खतरे या आंतरिक संकट से देश की रक्षा करते हैं। उनके निस्वार्थ बलिदान के कारण ही नागरिक अपने घरों में सुरक्षित और चैन की नींद सोते हैं। उन्होंने कहा कि देश की असली हीरो हमारे वीर सैनिक हैं। हमें जहां भी सैनिक नजर आए हमें उनका बढ़ चढ़कर सम्मान करना चाहिए। साथ ही अपने बच्चों को भी उनके त्याग, बलिदान और शौर्य की बातें बतानी चाहिए, ताकि वह उनसे प्रेरणा ले सकें।  सैनिकों का सम्मान राष्ट्रप्रेम का सम्मान है।
विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं विद्यालय : ज्ञान प्रकाश सिंह
जौनपुर। स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास (बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक) का मुख्य आधार होते हैं। यह उन्हें बुनियादी शिक्षा, जीवन कौशल (समय प्रबंधन, अनुशासन), और आत्मनिर्भरता सिखाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं, जो एक जिम्मेदार नागरिक और सफल पेशेवर बनने के लिए आवश्यक है। जनपद के बदलापुर तहसील अंतर्गत स्थित घनश्यामपुर में शिल्वेय कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के संचालन के पूर्व आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रख्यात समाजसेवी और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने उपरोक्त बातें कही। विद्यालय के प्रबंधक पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह के पौत्र गौरव सिंह तथा प्रधानाचार्य श्रीमती आरती सिंह ने का स्वागत किया। स्कूल में बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने की दिशा में रखे गए शैक्षणिक संसाधनों की उन्होंने सराहना की। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन कुंवर वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राजकेशर सिंह के पौत्र राजा सिंह, उद्योगपति अरविंद सिंह,पूर्व शिक्षक अमर बहादुर सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य रमेश सिंह , स्कूल प्रबंधक अरुण सिंह, सुभाष सिंह नेता, कैलाश नाथ पांडे सरपंच, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, अमित सिंह, जगदीश सिंह , वीरेंद्र सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।