लंदन में गूँजा 'जोहार': मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत
लंदन / रांची, 22 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (दावोस) की यात्रा संपन्न कर बुधवार देर रात लंदन पहुँचे। लंदन हवाई अड्डे और उनके प्रवास स्थल पर झारखंड के स्कॉलर्स और प्रवासी भारतीयों (Diaspora) ने पारंपरिक जनजातीय संगीत और गीतों के साथ उनका ऐसा भावनात्मक स्वागत किया कि मुख्यमंत्री भावुक हो उठे।
विदेशी धरती पर अपनी संस्कृति की झलक
देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में झारखंडी समुदाय के लोग वहाँ एकत्र थे। पारंपरिक मांदर और लोक गीतों की धुन पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। स्कॉलर्स और युवाओं को अपने बीच पाकर मुख्यमंत्री ने सबका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का संदेश: "देर रात लंदन पहुँचने पर अपनों द्वारा मिले इस स्नेह से मैं अभिभूत हूँ। आप सबका धन्यवाद और जोहार! आपके इस सम्मान ने मुझे निशब्द कर दिया है। गर्व है कि आप लोग यहाँ झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।"
कल्पना मुर्मू सोरेन ने जताया आभार
झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी इस ऐतिहासिक स्वागत पर अपनी खुशी साझा की। उन्होंने कहा: "झारखंड के हमारे स्कॉलर्स और प्रवासियों द्वारा किए गए इस अद्भुत स्वागत के लिए हार्दिक आभार। आप सभी को झारखंडी जोहार!"
भावुक हुए प्रवासी छात्र और स्कॉलर्स
लंदन के प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई कर रहे झारखंड के छात्रों के लिए यह क्षण भावुक करने वाला था। अपने मुख्यमंत्री को सात समंदर पार अपने बीच पाकर कई छात्र भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री को झारखंड के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए धन्यवाद दिया।










2 hours and 18 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k