lucknow

Aug 02 2024, 12:49

राजाभैया की पत्नी भानवी सिंह ने सीएम योगी से मांगा इंसाफ, जानिये पूरा मामला
लखनऊ । राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच का विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा उर्फ भैया की पत्नी भानवी सिंह ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से इंसाफ मांगा है। उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री जी विधानसभा में आपका महिला सुरक्षा पर दिया गया भरोसा अच्छा लगा। आप अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन मैं भी एक महिला हूं। मुझे उम्मीद है कि मेरी उस फरियाद पर भी आप ध्यान देंगे, जिसे मैंने बार-बार यूपी सरकार और यूपी पुलिस के सामने रखा।

मेरा आपसे अनुरोध है कि हजरतगंज कोतवाली में मेरे खिलाफ फर्जी मकदमे पर एक्शन लीजिए। जिसमें मुझे गिरफ्तार करने की धमकी दी थी। मेरी मानसिक प्रताड़ना और मुझे तोड़ने के लिए एक कोतवाली और वहां के चंद पुलिस अफसरों का इस्तेमाल बंद करवाइए। मेरी शिकायत पर भी केस दर्ज करने का आदेश दें। सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिसकर्मी किसके दबाव में काम कर रहे है? इसकी जांच करवाइए। मुझे उम्मीद है कि आप पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आदेश देकर न्याय करेंगे।

lucknow

Aug 02 2024, 12:36

भाजपा सरकार में अस्पतालों में मरीजों को नहीं मिल रहा इलाज : अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन का जैसा हाल है उसमें बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की कतई उम्मीद नहीं रह गई है। भाजपा सरकार दावे बड़े-बड़े करते हैं पर उन्हें अस्पतालों की हकीकत नहीं दिखाई देती है। मरीज तड़प-तड़प कर जान दे रहे हैं। मासूम इलाज के बिना दम तोड़ रहे हैं। समाजवादी सरकार ने जनहित में जो इंतजाम किए थे भाजपा सरकार ने उन्हें विद्वेषवश बर्बाद करने का ही रिकार्ड बनाया है।

कई तस्वीरें आई है जिसमें स्ट्रेचर न मिलने और बेड न मिलने पर मरीज को लेकर परिजन भटकते दिखे हैं। सिद्धार्थनगर में 20 मिनट तक अस्पताल में बेटी को गोदी में लेकर पिता भटकता रहा फिर भी बेड नहीं मिला। थकहार कर उसे फर्श पर लिटा दिया गया। खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का दम निकल गया है। गोरखपुर एम्स में मरीजों को स्ट्रेचर नहीं मिल रहा है। मरीजों को ओपीडी तक गोद में उठाकर परिजन लाने को विवश है। सीतापुर जिले में अभी कुछ दिनों पहले अधेड़ व्यक्ति को समय पर वेंटीलेटर नहीं मिलने से मौत हो गई। लखनऊ के केजीएमयू से डेढ़ घंटे बाद बलरामपुर अस्पताल भेजने का निर्देश हुआ वहां पहुंचने से पहले ही मरीज की सांसे थम गई।

अस्पतालों में डॉक्टर समय से ओपीडी में नहीं बैठ रहे है इसकी खब़रें लगातर पेपरों में छप रही है बावजूद इसके मरीजों को घंटो-घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कभी तो डॉक्टर के दर्शन ही नहीं होते हैं। गरीब मरीजों को महंगी दवाएं लिख दी जाती है। सरकार सस्ती दवाओं के स्टोर चलाने के खूब दावे करती है लेकिन ऐसे स्टोरों में सभी दवाएं नहीं मिल पाती हैं।

सपा सरकार में जितने मेडिकल कॉलेज बने थे उसके बाद भाजपा सरकार में कुछ नहीं हुआ। कैंसर का रोग गंभीर होता जा रहा है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में कैंसर अस्पताल बनाया था, उसका जैसा संचालन होना चाहिए नहीं हो रहा है। घायल मरीजों को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी। प्रसूताओं और नवजात शिशुओं की मदद के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी। इन सभी सेवाओं को भाजपा सरकार ने बर्बाद करके रख दिया है।

सच तो यह है कि पिछले सात सालों में भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है। राज्य की खस्ताहाल व्यवस्था मरीजों के लिए काल बन रही है। निकम्मी भाजपा सरकार को 2027 में जनता सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।

lucknow

Aug 02 2024, 11:35

मैं यहां नौकरी करने नहीं आया, बेटियाें व व्यापारियाें की सुरक्षा के लिए चलता रहेगा बुलडोजर : योगी


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं यहां नौकरी करने नहीं आया हूँ। यहां प्रतिष्ठा के लिए भी नहीं आया हूँ। मैं जनता की सेवा करने आया हूँ। जो प्रदेश की बेटी, व्यापारी के जानमाल का खतरा बनेगा, उसको निर्ममता से जेल में ठूस दिया जाएगा। आप लोग बुलडोजर से डरते हैं। बुलडोजर निर्दोष पर नहीं चलता है। अपराधियों पर चलता है और चलेगा।

यूपी विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि गोमती नगर की घटना का संज्ञान लिया है। उस घटना में मुख्य आरोपी पवन यादव है। दूसरा अरबाज खान है। ये लोग सद्भावना फैलाने वाले लोग हैं। इनके लिए सद्भावना एक्सप्रेस चलाएंगे ? इनके लिए बुलेट ट्रेन चलेगी। सीएम ने कहा कि पूरी चौकी को निलंबित कर दिया है। एएसपी, डिप्टी एसपी समेत अन्य अधिकारियों को वहां से हटा दिया है। उनके खिलाफ भी करवाई की जा रही है।

नेता सदन ने अयोध्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के नेता मोइन खान पर 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप है। अब तक सपा ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। सपा का पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव हरदोई का है। उसके खिलाफ तीन दशक से अपराध के केस दर्ज हुए। कार्रवाई हुई। 28 मामलों में लिप्त है। आप कहते हैं कि आप गोली मार रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को माला पहनाऊंगा ?

नेता प्रतिपक्ष आप खुद को लोकतंत्र सेनानी कहते हैं। अच्छी बात है। लेकिन आज लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस के साथ मिल कर क्या कर रहे हैं।

पंच तंत्र की कथा सुनाकर विपक्ष पर हमला

सीएम योगी ने पंच तंत्र का किस्सा सुनाकर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने सदन में बताया कि एक मासूम किसान अपनी बकरी का बच्चा कंधे पर लेकर जा रहा था। किसान को चार ठगों ने देखा तो सोचा कि इसे लूट नहीं मिलेगा तो कुछ और किया जाए। रणनीति बनाई। किसान के रास्ते में सभी ठग खड़े हो गए। एक चौराहे पर पहले ठग ने कहा कि काका यह कुत्ते का बच्चा लेकर कहां जा रहे हैं। किसान ने डाटा कि यह कुत्ता नहीं, बकरी का बच्चा है। लेकिन एक- एक कर के ठगों ने किसान से बारी-बारी से कहा और अंत में मासूम किसान भ्रमित हो गया। इसी प्रकार इस लोकसभा चुनाव में जनता को गुमराह किया। यह वह कांग्रेस कह रही थी जिन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को चुनाव हराने का कार्य किया। उसी के साथ सपा भी है। लेकिन काठ की हांडी बार-बार चढ़ने वाली नहीं है। 2027 में विपक्ष यूपी में बड़ी हार का सामना करेगा।

सपा सरकार में 86 में से 56 एक ही जाति के एसडीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अबतक साढ़े छह लाख भर्ती हुई है। एक भी भर्ती पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। सीएम योगी ने ओबीसी को मिली नौकरियों के बारे में भी सदन को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में उप्र लोक सेवा आयोग पर किस किस प्रकार टिप्पणियां हुईं, सब जानते हैं। उस सरकार में यूपी लोक सेवा आयोग की भर्ती में 86 एसडीएम का चयन हुआ, उसमें से 56 एक ही जाति के लोग थे। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने आपत्ति जताई तो नेता सदन ने कहा कि सीबीआई की जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद पता चल जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि हम प्रदेश के युवा के साथ हैं। उसकी प्रतिभा का लाभ प्रदेश के लिए लेना चाहते हैं। अब किसी भी परीक्षा में नकल नहीं हो पाएगी, इस सत्र में विधेयक पास हुआ है। उस कानून के तहत एक करोड़ तक जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान किया गया है।

नेता सदन कहा कि एक करोड़ परिवारों को पेंशन दिया जा रहा है। आवास दिया गया। किसी का चेहरा देखकर नहीं दिया गया। इतना ही देखा गया कि वे प्रदेश के ही हैं। दिसम्बर तक घरौनी योजना से सभी को लाभान्वित करेंगे।

lucknow

Aug 02 2024, 11:16

सीएम योगी बोले- सपा सरकार में हुई सरकारी भर्तियों में ओबीसी को 27 प्रतिशत भी आरक्षण नहीं मिला

लखनऊ। विधानसभा के मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरक्षण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में हुई नियुक्तियों में एससी, एसटी और ओबीसी को 60 प्रतिशत हिस्सेदारी मिली है। सीएम योगी ने कहा कि दावे के साथ कह रहा हूं सपा सरकार में हुई सरकारी भर्तियों में ओबीसी को 27 प्रतिशत भी आरक्षण नहीं मिला था। सीएम योगी ने सपा सरकार में सरकारी नौकरियों व्याप्त भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में सरकारी नौकरियों में पिक एंड चूज होता था।

चाचा एवं भतीजा की कंपनी वसूली के लिए निकलती थी और पैसा लेकर लेखपालों की तैनाती होती थी। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से भर्ती हो रही है। उन्होंने कहा कि हमने 5500 लेखपालों की तैनाती की है। इस पर कोई भी उंगली नहीं उठा सकता है। जब ये नौजवान फील्ड में जाएंगे तो पारदर्शिता आएगी। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार में प्रदेश के नौजवान के साथ जो धोखा करेगा, उसकी नौकरी लेने का काम हमारी सरकार करती है। यही नहीं दोषियों को पूरी निर्ममता के साथ जेल भी भेजती है।

lucknow

Aug 02 2024, 11:13

उत्तर प्रदेश में उत्तरी पश्चिमी हवाओं से भारी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी से चल रही हवाएं उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से सीधे उत्तर प्रदेश के गंगा मैदानी इलाकों पर आ रही हैं। इसके साथ ही एक साइक्लोन भी बना हुआ है और मानसून की ट्रफ रेखा भी उत्तर प्रदेश में आकर टिक गई है। इससे उत्तर प्रदेश में आगामी दो दिन मध्यम से लेकर भारी बारिश की संभावना है, लेकिन यह बारिश जलवायु परिवर्तन के कारण खंडवार बारिश के रूप में होगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एस एन सुनील पांडे ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटे में लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फतहेपुर, हमीरपुर, उरई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। वहीं कानपुर में हल्की बारिश की ही संभावना है। यह मौसमी गतिविधियां उत्तर प्रदेश में उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से सक्रिय हुई हैं, क्योंकि बंगाल की खाड़ी से चल रही हवाएं अभी तक चीन की तरफ चली जा रही थी और अब उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से सीधे गंगा के मैदानी इलाकों पर आ रही हैं।

इसके अलावा मानसून की ट्रफ लाइन जो अभी तक मध्य प्रदेश में टिकी हुई थी वह भी गंगा के मैदानी इलाकों पर आ गई है। ऐसे में आगामी दो दिन उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है लेकिन यह बारिश जलवायु परिवर्तन के कारण खंडवार रूप में होगी, यानी किसी कस्बे में अधिक बारिश और किसी कस्बे में मध्यम बारिश होगी। मौसम की जिस प्रकार गतिविधियां बनी हुई हैं उससे संभावना है इस माह औसत से अधिक बारिश होगी। यह बारिश धान की फसल के लिए बहुत लाभप्रद होगा। मानसून की धुरी का पश्चिमी छोर सक्रिय है और अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में है और पूर्वी छोर समुद्र तल पर सामान्य के करीब है। औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अब फिरोजपुर, चंडीगढ़, देहरादून, बरेली, गोरखपुर, भागलपुर, बांकुरा से होकर पूर्व-दक्षिणपूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

lucknow

Aug 02 2024, 11:12

सीएम योगी गाजियाबाद समेत पश्चिम उप्र में कांवड़ यात्रा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को (आज) कांवड़ यात्रा मार्ग का सर्वेक्षण करेंगे। वह राजकीय विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सुबह 11 बजकर 25 मिनट से 12 बजकर 15 मिनट तक गाजियाबाद में हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद मेरठ व बागपत का भी सर्वेक्षण करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव और गाजियाबाद में दूधेश्वरनाथ मंदिर का सर्वेक्षण करेंगे। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री सर्वेक्षण के दौरान हैलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण कार्यक्रम काे लेकर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कई दिनों से कांवड़ियों की सेवा में दिन रात लगे अधिकारी और कर्मी पूरी तरह से सतर्कता के साथ मुस्तैद हो गए हैं।

lucknow

Aug 02 2024, 11:10

जनता को मिले अनवरत बिजली, अनुपूरक बजट में 2 हजार करोड़ का प्राविधान : मुख्यमंत्री
लखनऊ। ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश में हो रहे कार्यों को मुख्यमंत्री ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन में रखा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जनता को अनवरत बिजली मिल सके इसके लिए दो हजार करोड़ रुपए का प्राविधान इस अनुपूरक बजट में किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले कुछ साल में प्रदेश 8 हजार मेगावॉट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन थर्मल पॉवर परियोजनाओं के जरिए करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के तीनों क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। इनमें, पॉवर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन पर सरकार का विशेष ध्यान है।

किसानों के ट्यूबवेल को सौर ऊर्जा से जोड़ेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जितना बड़ा निवेश आ रहा है और जितनी बड़ी आबादी है उसके अनुरूप हम अपने आप को अपग्रेड कर रहे हैं। जब हम 2017 में सत्ता में आए थे तब 1 लाख 21 हजार मजरों में बिजली नहीं पहुंची थी। हमने इनका विद्युतिकरण किया। 1 करोड़ 76 लाख परिवार को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिये गये। 14 लाख से अधिक किसानों के पास ट्यूबवेल के कनेक्शन थे, मगर बिजली के बिल का भुगतान वो नहीं कर पा रहे थे। हमने अप्रैल 2023 से सरकारी और निजी ट्यूबवेल के लिए धनराशि का प्राविधान करते हुए बिजली बिल माफ कर दी है। इससे पहले के उनके बकाए बिल के लिए हम वन टाइम सेटेलमेंट (ओटीएस) स्कीम लेकर आए हैं। इसके बाद हम उन्हें सोलर पैनल से जोड़ देंगे, जिससे उनके लिए परमानेंट व्यवस्था बन जाएगी। अबतक 60 हजार से अधिक सोलर पैनल किसानों को ट्यूबवेल के लिए उपलब्ध कराई गई है।

सरयू नहर योजना के लिए मिशन मोड में काम किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि सन 1972 में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना बनी थी। ये योजना तब से लटकी हुई थी। उस वक्त योजना आयोग ने इसका पीपीआर बनाया और लागत 100 करोड़ रुपए रखी। हमारी सरकार बनने के बाद इस योजना पर हमने मिशन मोड में काम किया। भूमि अधिग्रहण किया गया। प्रधानमंत्री से बात किया, उन्होंने पीएम कृषि सिंचाई योजना के जरिए इसके लिए धनराशि उपलब्ध कराई। तब जाकर 2021 में पीएम मोदी ने इस परियोजना का लोकार्पण किया। इसके बाद नेपाल से सटे बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर जनपद के 14 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते सात साल में 22 लाख हेक्टेयर भूमि के अतिरिक्त सिंचाई की व्यवस्था की गई है।

2017 से पहले बिजली के लिए पर्याप्त इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं था

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2016 में प्रदेश में बिजली की डिमांड 16 हजार मेगावाट थी प्रतिदिन की थी, जो आज बढ़कर 31 से 32 हजार मेगावाट तक पहुंच चुकी है। इसके बावजूद अनवरत बिजली देने की कोशिश पॉवर कॉर्पोरेशन की ओर से की जा रही है। 2017 से पहले बिजली के लिए पर्याप्त इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं था, गांवों में बिजली नहीं थी, उद्योग नहीं थे, ट्यूबवेल के कनेक्शन नहीं दिये जा रहे थे। आज हमने बिजली के कनेक्शन दिये, उद्योग लगाए, बिजली की व्यवस्था बनाई है। जिला मुख्यालयों को 24 घंटे, तहसील मुख्यालय को 20 से 22 घंटे और ग्रामीण इलाकों को 18 से 20 घंटे बिजली दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 31 जनपद में इस बार बारिश बहुत कम हुई है। हाइड्रो पावर के लिए पानी चाहिए, जिससे थोड़ी समस्या आई है।

उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखकर जवाबदेही तय की गई है

सीएम योगी ने कहा कि पॉवर कॉर्पोरशन को सरकार संबल दे रही है। 46 हजार करोड़ रुपए हम सब्सिडी के रूप में कॉर्पोरेशन को दे रहे हैं। ये पैसा अगर प्रदेश के विकास में लगे तो रिजल्ट कुछ और होंगे, मगर ये अभी की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस सप्लिमेंट्री डिमांड में 2 हजार करोड़ रुपए पॉवर कॉर्पोरेशन को उपलब्ध कराने का प्राविधान है, ताकि अनवरत बिजली प्रदेश की जनता को मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए हर डिस्कॉम की जिम्मेदारी तय की गई है। टोल फ्री नंबर 1912 को एक्टिव रखने के निर्देश हैं और हर फीडर की जवाबदेही तय की गई है। उन्होंने बताया कि यह संक्रमण काल है। ऊर्जा सेक्टर में इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़े बदलाव हो रहे हैं, तो थोड़ी समस्या आ सकती है। हम इसके स्थाई समाधान के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

lucknow

Aug 02 2024, 10:19

अयोध्या व हरदोई मामले में सपा के नेता आरोपी,  यह समाज के कोढ़ : सीएम योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपूरक बजट में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को बताया तो वहीं कानून व्यवस्था पर सपा को खूब लताड़ा। बोले कि अयोध्या में अतिपिछड़ी बच्ची से दुष्कर्म व हरदोई में अधिवक्ता की हत्या में सपा के नेताओं का नाम आ रहा है। अयोध्या का आरोपी सांसद का करीबी है तो हरदोई मामले का आरोपी सपा का पूर्व जिलाध्यक्ष है और 2012 से 2017 के मध्य सपा शासन में इस पर कई मामले दर्ज हुए। यह समाज के कोढ़ हैं।  इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी। ऐसे अपराधियों को गोली न मारें तो क्या माला पहनाएं। सीएम ने 2016 से 2024 के एनसीआरबी के आंकड़ों को बताते हुए कानून का राज स्थापित करने की प्रााथमिकता को गिनाया।

सीएम ने यूपी में घटे अपराधों का किया जिक्र

सीएम योगी ने एनसीआरबी के आंकड़ों को गिनाते हुए 2016 से 2024 के तुलनात्मक अंतर को बताकर यूपी में अपराधों में आई कमी की तरफ सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि डकैती में 86.47, लूट में 78. 17, हत्या में 43.21, बलवा में 67.42, ग्रह भेदन 4.31, फिरौती के लिए अपहरण में 70 फीसदी की कमी आई है। महिला संबंधी अपराध के मामलों पर भी सीएम ने समाजवादियों को आईना दिखाया। बोले कि दहेज मृत्यु दर में 17.43, बलात्कार में 25.30,  शीलभंग में 16.56, अपहरण में 0.17 फीसदी की कमी आई है। महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों में राष्ट्रीय औसत पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश में 2017 से 2022 तक महिलाओं के प्रति अपराध बहुत कम हुए हैं। 2017 से 2022में यूपी के सापेक्ष तेलंगाना, उड़ीसा, राजस्थान, पं. बंगाल, महाराष्ट्र में अपराध अधिक बढ़े थे। बलात्कार के मामले में इस दौरान छत्तीसगढ़, केरल, राजस्थान व झारखंड में यूपी से अधिक अपराध घटित हुए थे। यूपी का इसमें 24वां स्थान है। शील भंग में यूपी का 17वां स्थान है यानी 16 राज्यों में यूपी से अधिक अपराध हुए हैं। 

प्रदेश सरकार के कदम हर किसी के सामने

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी में निरोधात्मक कार्रवाई के तहत शस्त्र अधिनियम के तहत 2016 की तुलना में 2024 में 4.45 प्रतिशत, एनडीपीएस में 14.98 फीसदी, आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 57.95 प्रतिशत, गुंडा अधिनियम 70.69,  गैंगस्टर के तहत 15.81 फीसदी अधिक कार्रवाई हमारी सरकार ने की है। प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए कदम हर किसी के सामने है।

अयोध्या में दुष्कर्म का आरोपी सपा का नेता

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मामले पर चर्चा करते हुए सपाइयों को खूब लताड़ा। बोले कि सपा नेता मोइन खान अतिपिछड़ी जाति की 12वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के कृत्य में शामिल पाया गया है। वह सपा का एक्टिव मेंबर और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। सपा सांसद के साथ उठता-बैठता, खाता-चलता है।  सपा ने अभी तक उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। ऐसी गतिविधियों के कारण सपा का नाम लेना ही पड़ता है। घटिया हरकत में लिप्त होने के बावजूद इसे हल्केपन में लिया जा रहा है।

अपराधियों को गोली न मारें तो क्या माला पहनाएं

सीएम ने कहा कि कल हरदोई में दुखद घटना हुई। इसमें भी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव का नाम आ रहा है। सीएम ने धिक्कारते हुए कहा कि ऐसा व्यक्ति सपा का जिलाध्यक्ष रह चुका है। इसके द्वारा सरेआम अधिवक्ता की हत्या कराई गई है। इस पर 28 मामले दर्ज हैं। ऐसे अपराधियों को गोली न मारें तो माला पहनाए क्या। आईपीसी व सीआरपीसी की कोई धारा नहीं, जो इस पर न लगी हो। आरोपी पर पहला अपराध 1989 में दर्ज हुआ। फिर 1991, 1992, 1993, 1996, 1998, 2007, 2008, 2013, 2015, 2016 आदि में भी केस दर्ज हुआ। 2016 में यह 302 में लिप्त रहा है। 388 की घटना में भी इसकी लिप्तता पाई गई। 2002 व 2017 में यूपी गुंडा एक्ट के तहत इसके खिलाफ कार्रवाई हुई है। यह ताजा उदाहरण है। यह समाज के सबसे बड़े कलंक और कोढ़ हैं। इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी।

lucknow

Aug 02 2024, 10:18

गोमतीनगर की घटना के आरोपियों के लिए 'बुलेट' ट्रेन चलेगी: योगी


लखनऊ। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पर बोलते हुए गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के गोमतीनगर में 31 जुलाई को हुई घटना का जिक्र किया। होटल ताज के पास अंडर पास में भरे पानी में राहगीरों के साथ बदतमीजी और युवती के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर सीएम योगी ने कहा "मामले का पहला आरोपी मनोज यादव और दूसरा मोहम्मद अरबाज है। ये सद्भावना वाले लोग हैं। चिंता न करिए हमारी सरकार इनके लिए सद्भावना ट्रेन नहीं बल्कि 'बुलेट' ट्रेन चलाएगी। इसकी तैयारी की जा रही है।

महिला सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएम

सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने यह पहले दिन ही कहा था कि महिला सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है, जो खिलवाड़ करेगा, वो खामियाजा भुगतेगा। इसके लिए हमारी सरकार ने प्रदेश की प्रत्येक मां, बहन और बेटी को आश्वस्त किया है। इस घटना को हमारी सरकार ने पूरी गंभीरता से लिया है। इसी का परिणाम है कि हमने डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी को हटा दिया है। साथ ही थाने के इंस्पेक्टर और पूरी चौकी को निलंबित करते हुए कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।सीएम योगी ने कहा कि हम सबका सम्मान करेंगे, सबको सुरक्षा देंगे, लेकिन अगर कोई प्रदेश में अव्यस्था की स्थिति पैदा करेगा तो वो भुगतेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर अराजकता पैदा करने वाला कोई भी व्यक्ति हो वो बख्शा नहीं जाएगा। घटना होगी तो सख्त कार्रवाई भी होगी।

lucknow

Aug 01 2024, 16:19

अलीगढ़ में कंटेनर-कार की भिंड़त में पांच की मौत, पांच घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ताला नगरी अलीगढ़ में कंटेनर और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराते हुए खैर थाना पुलिस राहत कार्य में जुट गई है। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

सवारियों से भरी एक ईको कार की कंटेनर से सीधी भिड़ंत

खैर इलाके में पलवल रोड के पास स्थित अनाज मंडी के सामने बुधवार की अर्धरात्रि भीषण दुर्घटना का मंजर सामने आया है। यहां सवारियों से भरी एक ईको कार की कंटेनर से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और चीख पुकार मच गई। इस जबरदस्त हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की जानकारी खैर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। किसी तरह से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकाला गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों काे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां उनका उपचार जारी है।

कार को काटकर शवों को बाहर निकाला

घटना को लेकर खैर क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि हादसे के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार को काटकर शवों को बाहर निकाला जा सका है। शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा गया है। कार की नंबर प्लेट के आधार पर जानकारी में पता चला है कि सभी लोग पीलीभीत के रहने वाले हैं। पहचान के लिए पीलीभीत पुलिस से मदद मांगी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया। हादसा इतना भीषण था कि जिसने भी देखा उसका कलेजा दहल उठा।