lucknow

Jul 15 2024, 11:27

अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, चालीस लाख की कीमत का गांजा बरामद


लखनऊ।  एसटीएफ यूपी को 150 कि.ग्रा. अवैध मादक पदार्थ गांजा (अर्न्तराष्ट्रीय मूल्य लगभग 40 लाख ) की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना जहानाबाद क्षेत्रान्तर्गत जनपद फतेहपुर से गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुयी। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम विश्वजीत बेहरा पुत्र प्रमोद बेहरा निवासी काठागढा, थाना डेकानाल, जिला डेकानाल, उड़ीसा, ज्ञाना रंजन बाघ पुत्र गणेश बाघ निवासी हरिकृष्णपुर, थाना ईट्ामाटी जिला नयागढ, उड़ीसा है।

एसटीएफ काफी दिनों से इनकी कर रही थी तलाश

एसटीएफ को विगत काफी दिनों से विभिन्न माध्यमों से निरन्तर यह सूचनाएं प्राप्त हो रही थी कि उड़ीसा एवं आन्ध्र प्रदेश से बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य पुनः सक्रिय हो गये है और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी करने वाले हैं। इस सूचनाओ को विकसित कर अग्रेतर कार्रवाई करने के लिए एसटीएफ की विभिन्न इकाईयों व टीमों को अभिसूचना संकलन करने एवं विधिक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया, जिसके क्रम में दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ के पर्यवेक्षण में निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह एसटीएफ फील्ड इकाई, कानपुर के नेतृत्व में उ.नि.विनोद यादव एवं मु.आ. अशोक राजपूत द्वारा अभिसूचना संकलन की कार्रवाई की जा रही थी।

उड़ीसा से लेकर आ रहे थे गांजा

अभिूसचना संकलन के दौरान रविवार को विश्वसनीय स्रोत के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य अवैध मादक पदार्थ गांजा की एक खेप लेकर उड़ीसा से लाकर फतेहपुर के जहानाबाद में किसी व्यक्ति को देने आने वाले हैं। इस सूचना पर उ.नि. विनोद कुमार यादव के नेतृृत्व में एसटीएफ की एक टीम मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस की मदद से थाना जहानाबाद क्षेत्रार्न्तगत बकेबर बार्डर पर ताज ढावा के सामने मुगल रोड हाइवे पर घेराबन्दी कर वाहनों की चेकिंग की गयी तो डीसीएम नं0-OD 05 BL 0275  से 150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा सहित दोअभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।


गिरफ्तार अभियुक्ताओं से पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि उड़ीसा के अंगुल स्थान से हरियाणा के हिसार के लिए स्क्रैप कागज को लोड कराकर गाड़ी को गाड़ी स्टैण्ड में खड़ा कर दिया था। उड़ीसा के भुवनेश्वर के रहने वाले सुनील बेहरा द्वारा उक्त अभियक्तों से सम्पर्क कर पैसों का लालच देकर उक्त गॉंजे को फतेहपुर के किसी राजेश नाम के व्यक्ति को देने हेतु कहा गया एवं सुनील बेहरा द्वारा इस कार्य हेतु उपरोक्त अभियुक्तों को 30000 हजार रूपये का भुगतान फतेहपुर के राजेश द्वारा करना बताया गया था।

जनपद फतेहपुर में दर्ज कराया गया मुकदमा

पूछताछ में यह भी बताया कि सुनील बेहरा द्वारा कहा गया था कि तुम लोग जैसे ही बनारस पार करोगे तुम्हे माल कहां उतारना है, बता दिया जायेगा। सुनील द्वारा उन लोगों को बताया गया कि जहानाबाद नदी पार करने के बाद एक व्यक्ति आयेगा एवं गाड़ी से अपना माल ले लेगा और तुम्हे 30000/-रूपये दे देगा। हम लोग यहॉ उसी गांजा को देने के लिए आ रहे थे।  गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों के विरूद्ध थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर में मु0अ0सं0 86/24 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कराया गया है। अग्रेतर विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

lucknow

Jul 15 2024, 11:25

यूपी के 22 जनपदों में बाढ़ का कहर, राहत विभाग की टीम हर संभव मदद करने में जुटी


लखनऊ। यूपी में बाढ़ का कहर जारी है। लगातार बारिश के जिले कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बारिश के चलते रामगंगा, कुन्हरा, राप्ती, घाघरा, बूढ़ी राप्ती, रोहिन एवं क्वानो नदियां खतरे के जलस्तर से ऊपर बह रही हैं। अब तक प्रदेश के कुल 22 जनपदों के गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत विभाग की टीम बाढ़ पीड़ितों का हर संभव मदद कर रही है। ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

3026 व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया

प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने रविवार को बताया कि प्रदेश के 22 जनपदों में लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, कुशीनगर, शाहजहांपुर, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलिया, गोरखपुर, बरेली, आजमगढ़, हरदोई, अयोध्या, बहराइच, बदायूं, फर्रुखाबाद, बस्ती, देवरिया, उन्नाव, पीलीभीत, श्रावस्ती के 1476 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक कुल 13026 व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। इतना ही नहीं 551949 लंच पैकेट के अलावा 34577 खाद्य सामग्री पैकेट भी वितरित की गयी हैं।

इन जिलों में इतनी मिमी हुई बारिश

उन्होंने वर्षा की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि चौबीस घंटे में प्रदेश में 6.3 मिमी औसत वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा से 9.7 मिमी के सापेक्ष 64.9 प्रतिशत है। इस प्रकार प्रदेश में एक जून से 14 जुलाई तक 239.2 मिमी औसत वर्षा हुए, जो सामान्य वर्षा 209.4 मिमी के सापेक्ष 114.2 प्रतिशत है। पिछले चौबीस घंटे में वाराणसी और हमीरपुर जनपद में 30 मिमी या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक 1829 बाढ़ शरणालय बनाये गए

राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में वर्षा से प्रभावित जनपदों में सर्च एवं रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त 2182 नावों को भी बचाव राहत कार्यों के लिए उपयोग में लाया गया है।प्रदेश में अब तक 1829 बाढ़ शरणालय, 569 पशु शिविर जिसमे चारे आदि की पर्याप्त व्यवस्था 519121 पशु टीकाकरण, 1476-बाढ़ चौकियाँ, 1145-मेडिकल टीम स्थापित की गई है। कुल 151957 क्लोरीन टैब्लेट व 123668 ओआरएस का वितरण किया गया है।

lucknow

Jul 15 2024, 10:10

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार और नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की भी होगी परीक्षा

लखनऊ । हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार और नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की भी परीक्षा होगी। लंबे अर्से के बाद मायावती के भाई आनंद कुमार राजनीति में दोबारा सक्रिय हुए हैं, तो वहीं दूसरी ओर उनके बेटे आकाश आनंद ने भी लोकसभा चुनाव के बाद फिर से वापसी की है।

सूत्रों की मानें तो बसपा अध्यक्ष मायावती ने कांशीराम के जमाने से चली आ रही इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बसपा की दोस्ती को आगे बढ़ाने का जिम्मा दोनों को सौंपा है। यही वजह है कि इनेलो के साथ गठबंधन की औपचारिक घोषणा भी आनंद कुमार और आकाश आनंद की मौजूदगी में की गयी। हरियाणा चुनाव में बसपा के 37 प्रत्याशियों के चयन का जिम्मा भी उन्हें ही सौंपा गया है। विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत के बाद मायावती की इनेलो नेताओं के साथ संयुक्त रैलियों का खाका तैयार करने का जिम्मा आकाश आनंद को दिया गया है। यदि आकाश की रणनीति को सफलता मिलती है तो यूपी में उनकी नई सियासी पारी का आगाज हो सकता है।

बता दें कि हरियाणा में बसपा के संस्थापक कांशीराम की चौधरी देवीलाल से मित्रता रही है। पहले भी दोनों दल गठबंधन करके चुनाव लड़ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद बसपा को हरियाणा चुनाव से खासी उम्मीदें हैं। जानकारों की मानें तो मायावती ने इसी वजह से आनंद कुमार और आकाश को हरियाणा चुनाव की कमान सौंपी है ताकि दोनों की सियासी जमीन को मजबूत किया जा सके।

lucknow

Jul 15 2024, 10:09

यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मेट्रो का समय बढ़ा, अब रात साढ़े दस बजे तक चलेगी मेट्रो

लखनऊ । यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मेट्रो का समय बढ़ा दिया गया है। सोमवार से मेट्रो रात 10:30 बजे तक चलेगी। अभी तक यह सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही चलती थी। मेट्रो के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक सोमवार से मुंशीपुलिया और अमौसी एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से आखिरी मेट्रो रात 10:30 बजे रवाना होगी। इस बदलाव से उन लोगों को राहत मिलेगी जो देर रात तक सफर करते हैं। माना जा रहा है कि जनता की डिमांड पर यह फैसला कियाा गया है। 

एयर इंडिया की लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रविवार को तकनीकी खराबी आने के कारण कैंसिल कर दी गई। काफी देर से इंतजार कर रहे फ्लाइट के 181 यात्रियों को कैंसिलेशन की सूचना मिली तो वे नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। उन्हें जैसे-तैसे शांत कराया गया। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 626 अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर दो बजे टेकऑफ करती है। रविवार को यात्री समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे और बोर्डिंग का इंतजार कर रहे थे।

इस बीच एयरलाइंस काउंटर के कर्मचारियों ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई है, जिसे विशेषज्ञ ठीक कर रहे हैं। कुछ देर में विमान रवाना होगा। घंटों बाद पता चला कि फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। इससे यात्री नाराज हुए। एयरलाइंस के कर्मचारियों ने बताया कि यात्रियों को विकल्प दिए गए हैं। उन्हें नाश्ता भी कराया गया। कुछ को रमाडा होटल में ठहराया गया है। सोमवार की उड़ान से उन्हें मुंबई भेजा जाएगा। वहीं, कई यात्रियों ने आगे की तारीख में यात्रा का फैसला लिया।

lucknow

Jul 15 2024, 10:09

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी को दी बधाई
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नई उपलब्धि हासिल की। सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर उनके 100 मिलियन फॉलोअर्स हो गए। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को बधाई दी।

यह मोदी जी के प्रति विश्वनीयता की झांकी: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर 100 मिलियन फॉलोअर्स की संख्या समाज के हर वर्ग के मध्य उनकी लोकप्रियता, विश्वसनीयता और स्वीकार्यता की एक झांकी है।

प्रधानमंत्री का संवाद आमजन के जीवन में परिवर्तन का माध्यम बना है: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि निःसंदेह आपके (प्रधानमंत्री) प्रेरणादायक व्यक्तित्व और लोकनिष्ठ कार्यशैली ने कोटि-कोटि जनों की भावनाओं को स्पर्श किया है। आमजन से आपका सीधा संवाद उनके जीवन में सकारात्मक और व्यापक परिवर्तन का माध्यम बना है। अटूट जन विश्वास और अपार लोक समर्थन को व्यक्त करती इस आत्मीय पूंजी के लिए प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई।

lucknow

Jul 14 2024, 16:03

अखिलेश जी आप सावधान रहें, कांग्रेस भष्मासुर है आपको जल्दी ही ठिकाने लगा देगी : भूपेन्द्र
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार काे प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान ही हमारी प्राथमिकता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे। यह चुनाव भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच है।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारत की आत्मा अयोध्या, मथुरा और काशी में बसती है। यह तीनों देवस्थल उत्तर प्रदेश में ही है। उत्तर प्रदेश देश की आत्मा व भारत की हृदयस्थली है। महाराजा लाखन पासी की कर्म भूमि पर आज भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। भारतीय जनता पार्टी आमजन के सपनों को साकार करने के लिए अहर्निश सेवा में जुटी है। 500 वर्षों के बाद आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह हमारी आस्था विरासत का सम्मान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पहले देश, फिर दल व बाद में स्वयं का हित रहता है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनी है। स्थापना काल में भाजपा ने जो संकल्प लिया था वह संकल्प आज पूर्ण हो रहे हैं। जम्मू कश्मीर लोकतांत्रिक ढंग से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है।

परिवारवादी लोगों ने प्रदेश को जाति के आधार पर बांटने का काम किया

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि परिवारवादी लोगों ने प्रदेश को जाति के आधार पर बांटने का काम किया है। हमें जनता के बीच जाकर विपक्ष के विभाजनकारी षडयंत्रों को बेनकाब करना है और सबको गले लगाना है। संविधान बदलने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पार्टी ने सर्वाधिक संविधान में संशोधन किया है। कांग्रेस जब भी सत्ता में रही जिसने भी उसका विरोध किया उसे समाप्त करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। 13 राज्य में आज कांग्रेस शून्य है।

राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हमने पारदर्शी तरीके से सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाने का काम किया है। उनहोंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊँचाई को छू रही है। राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है। साथ ही 'सेवा ही संगठन' की अवधारणा को लेकर किए गए कार्यो से भाजपा का मानवीय स्वरूप जनता तक पहुंचा है। सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है, इसी ध्येय के साथ पार्टी सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019, 2022 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव और फिर नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शानदार नतीजे हासिल किए और हमने प्रचंड विजय प्राप्त की। 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकास्ठा दिखाते हुए अपना पूरा सहयोग दिया। जिसके कारण हमारा सौभाग्य है कि, लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी है। ऐसा स्वतंत्र भारत की राजनीति में छह दशक के बाद संभव हो पाया है। यह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से संभव हो सका है। जिसके लिये आप धन्यवाद के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जैसे परिवारवादी और जातीयवादी शक्तियों ने अफवाह एवं भ्रम फैलाकर प्रदेश की जनता को जातीय अखाड़ों में बदलने की कोशिश की। मुस्लिम मतदाताओं का भयादोहन करके उनका वोट लेने का कांग्रेस और सपा ने नया तरीका तलाशा और उनको अपने एजेंडे का शिकार बनाया, जिसमें उन्हें आंशिक सफलता मिली। इसीलिए हमारे समक्ष यह चुनौती है कि अभी से भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच घर-घर जाकर युद्धस्तर पर इस झूठ और अफवाह का पर्दाफाश करें और इनके विभाजनकारी मंसूबों पर पानी फेरें। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज को लेकर ही निरंतर आगे जाना है। जो भूले भटके हैं उनको गले लगाना है।

उन्होंने कहा कि अगर हम आंकड़ों की बात करें तो सपा और कांग्रेस ने मिलकर 2024 के चुनावों में 43.05 फीसदी वोट प्राप्त किया है। जबकि भाजपा ने अकेले 41.37 फीसदी वोट प्राप्त किया है। अगर भाजपा में हम अपने सहयोगी दलों का वोट जोड़ दें तो सपा-कांग्रेस हमसे आज भी पीछे है। केवल संविधान खतरे में है, खटाखट 8500 रू0 का झूठा भ्रमजाल फैलाकर सपा और कांग्रेस ने बहुजन वोट के सहारे 1.68 फीसदी वोट अधिक हासिल किया है।

अखिलेश जी आप सावधान रहें, कांग्रेस भष्मासुर है आपको जल्दी ही ठिकाने लगा देगी : भूपेन्द्र

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव जी, आपको सावधान कर रहा हूं यह कांग्रेस भष्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच एवं उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीता हुआ बताकर जीतने वालों पर प्रश्न खड़े करता है। 13 राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सीटें शून्य हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है वहां अपने वोटों से नहीं जीती, बल्कि दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है।

lucknow

Jul 14 2024, 16:01

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक का शुभारंभ किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति बैठक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

शहर में दर्जनों स्थान पर स्वागत द्वार बनाए गए

उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए सभी केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के सभी वर्तमान व पूर्व सांसद, विधायक, मोर्चा व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व भाजपा के जिला अध्यक्ष बैठक में मौजूद हैं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य सजावट की गई है। पूरे लखनऊ शहर को भगवा झंडे और होर्डिंग से सजाया गया है। शहर में दर्जनों स्थान पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं।बैठक में उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव की रणनीति और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दृष्टि से अभियान पर चर्चा होगी।

गठनात्मक चुनाव कराए जाने को लेकर भी चर्चा होगी

इसके अलावा पार्टी की सदस्यता अभियान संचालन और संगठनात्मक चुनाव कराए जाने को लेकर भी चर्चा होगी।उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, कमलेश पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों में डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय, स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला और गौरव भाटिया उपस्थित रहे।

lucknow

Jul 14 2024, 14:51

यूपी में 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला, अयोध्या समेत पांच जिलों के डीएम बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शनिवार को आईपीएस, पीपीएस अधिकारियों के तबादले के कुछ घंटे बाद 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। इनमें अयोध्या समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं।तबादलों के क्रम में प्रतिक्षारत निधि श्रीवास्तव को जिलाधिकारी बदायूं। मनोज कुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज का सचिव की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वे वहीं, बदायूं डीएम का कार्यभार संभाल रहे थे।

दिव्या मित्तल को जिलाधिकारी देवरिया,अखंड प्रताप सिंह को देवरिया जिलाधिकारी पद से हटाकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी उप्र राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण लखनऊ का कार्यभार मिला है। सोनभद्र के जिलाधिकारी को अयोध्या की जिम्मेदारी मिली है तो वहीं, जिलाधिकारी अयोध्या रहे नितीश कुमार को प्रबंध निदेशक, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा बनाया गया है।

इसी तरह उत्तर प्रदेश राज्यपाल के विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह को जिलाधिकारी सोनभद्र बनाया हैं। इसी तरह लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को औरैया का जिलाधिकारी। नेहा प्रकाश जो औरैया की जिलाधिकारी रही उन्हें निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उप्र का कार्यभार सौंपा गया। प्रथमेश कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और देवीशरण उपाध्य को प्रतीक्षारत सूची में भेजा गया है।

lucknow

Jul 14 2024, 12:32

लखनऊ में दूल्हा लेकर घर पहुंचा बारात, दुल्हन घर से हुई फरार


लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थानाक्षेत्र में दूल्हा बरात लेकर पहुंचा तो शादी की रस्म शुरू होने से पहले दुल्हन घर से फरार हो गई। इसकी जानकारी घराती और बराती को लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी की गई तो तथ्य चौकाने वाले सामने आये। युवती ने युवक को शादी का झांसा देकर 5 लाख रुपये हड़पने के बाद रफ्फूचक्कर हुई है।

चार साल से दूल्हे से युवती का चल रहा था प्रेम प्रसंग

उन्नाव जनपद के थाना औरास के ग्राम दलेलपुर निवासी सोनू पाल ने रहीमाबाद थाने में दी गयी तहरीर में अजीबो गरीब आरोप लगाया है। तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि उसका प्रेम प्रसंग करीब 4 वर्षों से रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हाशिमपुर निवासिनी के युवती से चल रहा था। युवती व उसके परिवारीजनों  ने युवक को शादी का झांसा देकर साढ़े 3 लाख रुपये आनलाइन  व डेढ़ लाख रुपये नकद बीमारी का बहाना बताकर ऐंठ लिये।

दूल्हा के परिजन ने जालसाजी से ठगी करने की दी तहरीर

जब युवक ने शादी की बात की तो युवती के परिजनों ने 11 जुलाई को बारात लाने की तारीख रख दी। युवक बड़ी हर्षोल्लास के साथ जब 11 जुलाई को अपनी प्रेमिका के घर बारात लेकर गया तो वहा से युवती व उसके परिजन रफूचक्कर हो चुके थे। अपने साथ प्रेमिका व उसके परिजनों द्वारा की गयी जालसाजी से ठगी का शिकार होने की जानकारी पर 12 जुलाई शुक्रवार को नामजद युवती के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।

दूल्हे ने जिस लड़की का नाम की तहरीर दी उस नाम की गांव में कोई नहीं
       
इस सम्बन्ध में एसओ रहीमाबाद अनुभव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। तहरीर में जिस गांव की लड़की का जिक्र किया गया है। इसमें सबसे बड़ी हैरानी वाली बात यह है कि वहा उस नाम की कोई लड़की नहीं मिली है। जिसे लेकर पुलिस भी परेशान हो चली है। हालांकि जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई जायेगी

lucknow

Jul 14 2024, 12:31

महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति संवेदनशील होने की आवश्यकता : डीजीपी

लखनऊ । पुलिस महानिदेशक यूपी प्रशान्त कुमार द्वारा शनिवार को  समस्त जोनल अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस आयुक्त यूपी के साथ कानून-व्यवस्था/अपराध नियत्रण, आगामी त्यौहारों एवं प्रदेश में तीन नये कानून के क्रियान्वयन आदि के सम्बन्ध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गयी तथा मुख्यतः निम्नांकित बिन्दुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिये गये।

आगामी त्यौहारों में सुदृढ़ व्यवस्थापन के दृष्टिगत मुख्यालय स्तर से समय -समय पर निर्गत निर्देशों का अनुपालन कराते हुये धर्मगुरूओं, कार्यक्रम/जलूस के आयोजको, सभ्रान्त नागरिकों आदि से निरन्तर संवाद बनाये रखा जाय। पीस कमेटी, शान्ति समितियों की गोष्ठी कर ली जाय तथा डिजिटल वालेन्टियर्स एवं सिविल डिफेन्स का सक्रिय सहयोग लिया जाये।  थाने पर उपलब्ध त्यौहार रजिस्टर व अन्य अभिलेखों को अध्यावधिक रखा जाय ताकि त्यौहारों आदि के समय पर उनका अवलोकन कर तद्नुसार समस्त कार्रवाई समय से पूर्ण करा ली जाय। किसी नयी परम्परा की अनुमति न दी जाये।

एक  जुलाई 2024 से सम्पूर्ण भारत वर्ष में तीन नये कानून लागू किये जाने की प्रक्रिया में आवश्यक संसाधनों की खरीदारी के लिए पूर्व में बजट आबंटित हो चुका है। उक्त संसाधनों की खरीदारी अतिशीघ्र पूर्ण कर ली जाये। महिलाओं एवं बच्चों से सम्बन्धी अपराधों पर अत्यधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है। महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अपराधों को अत्यधिक गम्भीरता से लेते हुए अभियुक्तों के विरूद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाये। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।सभी अधिकारीगण समय से कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करें एवं जन शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ यथोचित, विधिक, समयबद्ध निस्तारण कराया जाये।

जन सुनवाई के दौरान गरीब जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाय तथा उनका त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाय।जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त होने वाली वाली शिकायते आवश्य सुनी जाय तथा उनसे निरन्तर संवाद बनाये रखा जाय।माफियाओं तथा पेशेवर अपराधियों का चिन्हाकंन कर उनके विरूद्ध योजनाबद्ध तरीके से प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाये तथा पूर्व में पंजीकृत माफिया गैंग के सभी सदस्यों के विरूद्ध सफल अभियोजन, सम्पत्ति जब्तीकरण व अन्य विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

कावड़ यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने हेतु यात्रा के दौरान समीप के प्रान्त/जनपदों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बनाया रखा जाय तथा लाभप्रद सूचनाओं का समय से आदान प्रदान किया जाये। कावड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गो पर भीड़ का पूर्वानुमान करते हुये उन मार्गो पर बैरीकेटिंग एवं डायवर्जन के स्थानों का पूर्व से ही चिन्हित कर लिया जाय, ताकि आवश्यकतानुसार समय से बैरीकेटिंग एवं डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जा सके।जुलूस मार्गो पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखा जाय तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाये।

रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि स्थानों पर विशेष रूप से सुरक्षा प्रबन्ध किये जाय तथा सुरक्षा कर्मियों को ब्रीफ करने के उपरान्त ड्यिटी पर लगायी जाये।त्यौहारों के अवसर पर भीड़ प्रबन्धन एवं भीड़ नियत्रण के सिद्धान्तों पर अमल करते हुये पूर्व से ही प्लानिंग एवं तकनीक का प्रयोग कर व्यापक इन्तजाम किये जाये। थाने के स्थानीय पुलिस पेट्रोलिंग वाहनों को निरन्तर भ्रमणशील रखा जाय तथा यूपी-112 के वाहनों का व्यवस्थापन संवेदनशील मार्गो, स्थलों पर किया जाय। पोस्टर पार्टी एवं मॉर्निंग चेकिंग टीम का गठन किया जाय तथा पोस्टर पार्टी को नियमित रूप से प्रातः काल निकाला जाय।

आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत अभिसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय रखा जाय तथा छोटी से छोटी सूचना को अत्यन्त गम्भीरता से लेते हुये तत्परता पूर्वक यथोचित विधिक कार्यवाही की जाये।सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो पर चौबीस घंटे सर्तक दृष्टि रखी जाय। सोशल मीडिया पर रिस्पान्स टाइम और अधिक तेज किया जाये तथा भ्रामक/आपत्ति जनक पोस्ट, अफवाहों का तत्काल संज्ञान लेते हुये अफवाहों का खण्डन कराया जाय एवं वैधानिक कार्यवाही की जाये।अपराधियों के कन्विक्शन पर अत्यधिक ध्यान दिया जाय तथा आपरेशन कन्विक्शन के तहत पूर्व निर्गत निर्देशों के अनुसार  न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर अधिक से अधिक अभियोगों में अभियुक्तों को सजा दिलाये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

जनपदों के जनपद प्रभारियों द्वारा नियमित रूप से पुलिस लाइन निरीक्षण करें तथा पायी जाने वाली कमियों का समय से समाधान करायें।सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो पर सर्तक दृष्टि रखते हुए मुख्यालय स्थित सोशन मीडिया सेन्टर से समन्वय बनाये रखा जाये तथा सोशल मीडिया पर रिस्पान्स टाइम और अधिक तेज किया जाये। भ्रामक/आपत्ति जनक पोस्ट, अफवाहों का तत्काल संज्ञान लेते हुये अफवाहों का खण्डन कराया जाय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाये। डीजीपी ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन प्रतिनिधियों से निरन्तर संवाद बनाये रखे तथा जनशिकायतों का समय से त्वरित निस्तारण कराये अन्यथा सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी।