Unnav

Nov 19 2023, 20:56

करंट की चपेट में आकर चार मासूमों की मौत

अश्वनी अवस्थी

उन्नाव। यह खबर उन्नाव से है बारासगवर थानाक्षेत्र के लालमन खेड़ा गांव में रविवार शाम एक घर में रखे फर्राटा पंखे में करंट उतरने से एक के बाद एक चार बच्चे उसकी चपेट में आ गये।

 घटना में चारों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। 

बता दें कि लालमन खेड़ा निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद के घर में फर्राटा पंखा रखा था। 

रविवार शाम पास में खेल रहे एक बच्चे ने उसे छू लिया। पंखे का तार प्लग में लगा होने से वह उसमें आ रहे करंट की चपेट में आ गया। चीख सुनकर पास में मौजूद तीन बच्चे भी उसके पास पहुंच गये और एक के बाद एक सभी करंट की चपेट में आ गये। करंट लगने से मयंक (9) हिमांशी (8) हिमांक (6) मानसी (4) की मौत हो गयी।

बताया जा रहा है आपस में सभी भाई-बहन थे। घर में चार बच्चों की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गयी। 

लोग पारिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हादसे की जानकारी बारासगवर थाना पुलिस को मिली तो थानाध्यक्ष दिलीप प्रजापति ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की है। उन्होंने बताया कि जांच कर आगे की कार्यवाही की बात जा रही है।

Unnav

Nov 07 2023, 16:45

पेड़ से फंदे पर लटके मिले युगल के शव

उन्नाव । फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के गांव चौगवां निवासी युगल ने गंगा कटरी में एक पेड़ की डाल से फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों सोमवार शाम से लापता थे। मृतक युवक का दो वर्ष पूर्व विवाह हो चुका है। युवती का विवाह मार्च 2024 में होना था। ग्रामीणों में चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, दोनों के स्वजन इसमें बाधक थे, जिसके चलते ही उन्होंने जान दे दी। वहीं, स्वजन घटना के बाबत कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे है।

फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के गांव चौगवां निवासी मनोहर के 22 वर्षीय पुत्र विकास और राजेंद्र की 20 वर्षीय पुत्री उर्मिला सोमवार शाम से घर से लापता थे। दोनों परिवारों के लोग उनकी खोजबीन में जुटे थे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को गांव से करीब चार किमी. दूर गंगा रेती के किनारे एक बकैना के पेड़ की डाल से दोनों शव एक ही दुपट्टे के फंदे से लटके मिले। स्वजन ने बताया कि दिवंगत विकास का दो वर्ष पूर्व विवाह हो चुका था। वहीं उर्मिला का विवाह सात मार्च 2024 को बांगरमऊ के मदारपुर में होना तय था।

अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह, सीओ सफीपुर ऋषिकांत शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक थाना फतेहपुर चौरासी मामले की छानबीन कर रहे हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन स्वजन इसके लिए तैयार नहीं थे। युवक के स्वजन ने उसका विवाह भी इसी कारण से दो वर्ष पूर्व कर दिया था। एएसपी ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।