जिलाधिकारी द्वारा की गयी बेतिया एवं बगहा में निर्माणाधीन आरओबी के प्रगति की समीक्षा
बेतिया एवं बगहा में निर्माणाधीन आरओबी के प्रगति की समीक्षा आज जिलाधिकारी, दिनेश कुमार राय द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में की गयी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, एसडीएम, बेतिया, विनोद कुमार, एसडीएम, बगहा, श्रीमती अनुपमा सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बेतिया/बगहा, उप मुख्य अभियंता, पूर्व मध्य रेलवे, कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, मोतिहारी, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, बेतिया सहित संबंधित संवेदक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों से आरओबी निर्माण कार्य के प्रगति की जानकारी ली गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आरओबी निर्माण की गति को बढ़ायी जाय और प्रयास किया जाय कि निर्धारित समय से पूर्व आरओबी का निर्माण पूर्ण हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो, इसे सुनिश्चित किया जाय। निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से कराया जायेगा ताकि आमजन आरओबी से लाभान्वित हो सके।
जहां जिला प्रशासन के हस्तक्षेप अथवा सहायता की आवश्यकता हो उसे तत्क्षण बतलाया जाए। समीक्षा के क्रम में उप मुख्य अभियंता, पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा बताया गया कि बेतिया में तीन जंक्शन पर आरओबी का निर्माण कार्य कराया जाना है। प्रथम फेज में बेतिया-लौरिया पथ में आरओबी का निर्माण कार्य जून-जुलाई तक पूर्ण करा लिया जाएगा। इसकी लंबाई सात से आठ सौ मीटर है। इसी प्रकार से द्वितीय फेज में बेतिया-चनपटिया-नरकटियागंज पथ में तथा तृतीय फेज में बेतिया-मैनाटाड़ पथ में आरओबी निर्माण कार्य दिसम्बर माह के अंत तक पूर्ण करा लिए जाने का लक्ष्य है।
उप मुख्य अभियंता के द्वारा बतलाया गया कि कतिपय समस्याओं के कारण निर्माण कार्य में विलम्ब हुआ है। जिला पदाधिकारी के द्वारा उप मुख्य अभियंता को निदेशित किया गया कि वे निर्माण कार्य में शीघ्रता लावें, कोशिश करें कि बरसात के पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाए, ताकि आम जन को परेशानियो का सामना नहीं करना पड़े।
May 05 2023, 16:50