चुनाव आयोग पर राहुल गांधी बड़ा हमला, बोले-वोटर बढ़ाकर महाराष्ट्र चुनाव में धांधली की गई
#rahulgandhisanjayrautsupriyasulepress_conference
![]()
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले और शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) सांसद संजय राउत के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें चुनाव आयोग के खिलाफ आरोपों की झड़ी लगा दी। राहुल ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों में हेराफेरी की गई है।
5 महीने के अंदर पिछले 5 साल से ज्यादा मतदाता जोड़े गए
राहुल गांधी ने कहा कि हम इस टेबल पर महाराष्ट्र में पिछला चुनाव लड़ने वाले पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम चुनाव के बारे में कुछ जानकारी लाने जा रहे हैं। हमने विवरण का अध्ययन किया है- मतदाताओं और मतदान सूची का। हमारी टीमें काम कर रही हैं। हमें कई अनियमितताएं मिली हैं। उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र में विधानसभा 2019 और लोकसभा 2024 के बीच पांच साल में 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए। लोकसभा 2024 और विधानसभा 2024 के बीच 5 महीने में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए। सवाल ये है कि 5 महीने के अंदर पिछले 5 साल से ज्यादा मतदाता कैसे जोड़े गए? यह हिमाचल प्रदेश के कुल मतदाताओं के बराबर है। दूसरा मुद्दा यह है कि महाराष्ट्र में राज्य की पूरी मतदाता आबादी से ज्यादा मतदाता क्यों हैं? किसी तरह से अचानक ही महाराष्ट्र में मतदाता बनाए गए हैं।
वोटरों की आबादी राज्य की जनसंख्या से अधिक कैसे हो गई?
कांग्रेस सासंद ने कहा कि महाराष्ट्र में व्यस्कों की आबादी 9.54 करोड़ हैं। महाराष्ट्र में वोटरों की आबादी राज्य की जनसंख्या से अधिक कैसे हो गई? वोटर लिस्ट में खामी पाई गई। हम चुनाव आयोग से लोकसभा और विधानसभा चुनाव के अलग-अलग फोटो वोटर लिस्ट चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एक बूथ के मतदाता दूसरे बूथ पर स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इनमें से ज्यादातर मतदाता दलित समुदायों, आदिवासी समुदायों और अल्पसंख्यक समुदायों से आते हैं।
चुनाव आयोग पर जवाब ना देने का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग हमारी शिकायतों पर रिस्पॉन्स नहीं दे रहा है। अब, उनके जवाब न देने का एकमात्र कारण यह है कि उन्होंने जो किया है, उसमें कुछ गड़बड़ है। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा हूं। मैं यहां स्पष्ट रूप से डेटा प्रस्तुत कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के तीन विपक्षी दल आयोग से पारदर्शिता की अपेक्षा करता है।
5 hours ago