देश के 80 फीसदी हिस्सों में मॉनसून की एंट्री, अगले 5 दिनों तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
#monsoon_reached_to_eighty_percent_of_india_heavy_rain_alert_for_five_days
गर्मी की तपन झेल चुके भारत में बारिश का मौसम शुरू हो गया है। देश के करीब 80 फीसदी हिस्से में मॉनसून पहुंच गया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, महाराष्ट्र समेत देश के ज्यादातर राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग बताया है कि देश के पूर्व मध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों तक सक्रिय मॉनसून की स्थिति बनी रहेगी।
मॉनसून की बारिश में भीग रहे ये राज्य
बीती रात से ही एनसीआर में बारिश का दौर जारी है। यहीं नजारा मुंबई में भी देखने को मिल रहा है। इनके अलावा तटीय कर्नाटक, कोंकण, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। साथ ही राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के भी कई हिस्से मॉनसून की बारिश में भीग रहे हैं। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटों में बारिश हुई। मौसम विभाग की माने तो अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम के मैदानों में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी।
इन राज्यों के लिए जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर से दक्षिण तक देश के 25 राज्यों में दो दिन के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल शामिल है।
मध्य प्रदेश के आठ जिलों में अगले 24 घंटों में भारी और बहुत भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 22 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही राजस्थान में भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
असम-उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश की तबाही
इधर, असम, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचा दी है। शहर-शहर सड़कों पर सैलाब बह रहा है। असम में हर साल की तरह कई इलाके टापू बन गए हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश, जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से बुरा हाल है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के औट में भीषण बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग अवरुद्ध होने से यहां सैकड़ों यात्री फंस गए। यहां 70 किलोमीटर लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू मार्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राज्य में भारी बारिश के कारण कुल 301 मार्ग बंद हैं जबकि बिजली के 140 ट्रांसफार्मर खराब हैं। हिमाचल में सतलज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
Jun 27 2023, 15:10
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
17.9k