काशी नरेश विश्वविद्यालय की विद्वत परिषद की बैठक संपन्न:नए पाठ्यक्रमों को मिली स्वीकृति
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही स्थित काशी नरेश विश्वविद्यालय की विद्वत परिषद की बैठक कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय में संचालित होने वाले विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
परिषद ने वर्तमान में संचालित बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बी.एड., एम.ए., एम.एससी., एम.कॉम. सहित सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के संचालन को मंजूरी दी। इसके साथ ही, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बी.एससी. (कृषि, कंप्यूटर साइंस, माइक्रोबायोलॉजी, इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, स्टैटिस्टिक्स एंड डेटा साइंस तथा बायोकैमिस्ट्री), बीसीए, बीबीए और बीजेएमसी जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने का भी अनुमोदन किया गया।
इसके अतिरिक्त, आगामी सत्र से विधि संकाय, फार्मेसी विभाग, इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (गायन, वादन एवं नृत्य) तथा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल की स्थापना और इनसे संबंधित पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। परिषद ने विश्वविद्यालय में रोजगारपरक एवं कौशल आधारित प्रमाणपत्र, डिप्लोमा तथा पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के संचालन पर भी सहमति व्यक्त की।
बैठक में विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्था, पाठ्यक्रमों के अद्यतन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने कहा कि काशी नरेश विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की रुचि, वर्तमान समय की आवश्यकताओं तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नए एवं विविध पाठ्यक्रमों के संचालन से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे और क्षेत्र में शैक्षणिक, शोध एवं कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।
10 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1