पत्नी का गला रेतकर थाने पहुंचा पति बोला - साहब उसे मार दिया
![]()
गोरखपुर।सहजनवा में सो रही पत्नी का गला रेतकर पति ने हत्या कर दी। थाने पहुंचकर बोला, मार डाला, शव कमरे पर पड़ा है। इसके बाद फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। उधर आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के बाहीलपार निवासी अंगद शर्मा का गांव की नेहा से प्रेम प्रसंग था। घर वालों के विरोध के बाद दो वर्ष पहले दोनों ने घर से भाग कर कोर्ट में शादी कर ली और बाहर चले गए। दो महीना पहले अंगद वापस आया और सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ पिपरा में बुद्धिराम के मकान में प्रथम तल पर किराए का कमरा लिया और दोनों रहने लगे। कुछ दिन बाद अंगद पेंट पालिश करने के लिए कर्नाटक चला गया।
इधर नेहा किराए के कमरे में अकेले रहती थी। करीब 20 दिन पहले अंगद कर्नाटक से वापस आया था। बुधवार की सुबह करीब छह बजे के आसपास लोगों ने नेहा के चीखने की आवाज सुनी तो कमरे पर पहुंचे। नेहा का गर्दन कटा हुआ था।
फर्श पर खून पसरा था शरीर के आधे हिस्से का कपड़ा भी गायब था। जबतक लोग कुछ समझ पाते नेहा ने दम तोड़ दी। उधर पत्नी की हत्या करने के बाद अंगद सीधे थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण करते हुए पुलिस को हत्या की जानकारी दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
एसओ महेश चौबे ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। सूचना पर नेहा के घर वाले भी मौके पर पहुंच चुके है। आरोपित पति से पूछताछ चल रही है।
Jun 05 2025, 17:15