आजमगढ़ : हड़िया गांव की सहिस्ता बनी स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में कनिष्ठ लिपिक , क्षेत्र में खुशी की लहर
    
  सिद्धेश्वर पाण्डेय
       व्यूरो चीफ
आजमगढ़। तहसील फूलपुर क्षेत्र के ग्राम हंडिया, मित्तूपुर निवासी मोहम्मद यासीन अंसारी की पुत्री साहिस्ता का चयन स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में कनिष्ठ लिपिक पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। साहिस्ता की उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साहिस्ता के चयन की जानकारी मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोगों ने इसे परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी गर्व की बात बताया। शुभचिंतकों ने साहिस्ता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी। साहिस्ता की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी आगे बढ़ने और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। उनकी सफलता पर परिवार में उत्साह का माहौल है और लोग लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
आजमगढ़ : जिला उपाध्यक्ष बनने पर राणा प्रताप सिंह का जोरदार स्वागत, फूल-मालाओं से लादकर किया
सिद्धेश्वर पाण्डेय
   व्यूरो चीफ
आजमगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन में आजमगढ़ जिले का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर फूलपुर तहसील क्षेत्र के चकिया गांव निवासी राणा प्रताप सिंह का रविवार देर शाम पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के फुलवरिया टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया। लखनऊ से लौटते समय जैसे ही उनका काफिला टोल प्लाजा के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पत्रकारों और समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जोरदार अभिनंदन किया। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष शशिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। राणा प्रताप सिंह पत्रकारिता के साथ ही लखनऊ में रियल एस्टेट के कारोबार से भी जुड़े हैं। क्षेत्र में उनकी गिनती प्रतिष्ठित व्यक्तियों में होती है। स्वागत से अभिभूत राणा प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। संगठन के सदस्यों के सुख-दुख को अपना समझते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में संगठन के सदस्यों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संगठन की मजबूती, पत्रकारों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर संगठन के तहसील महामंत्री अवनीश सिंह, उपाध्यक्ष अरविंद विश्वकर्मा, सिद्धेश्वर पाण्डेय, अदील अहमद, वीरेंद्र यादव, कमलापति शुक्ला, नजमुसहर, श्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और समर्थक मौजूद रहे।
आजमगढ़ : जाफरपुर जई गांव में पशु चिकित्सा शिविर, 750 पशुओं का हुआ उपचार पशुपालकों को बेहतर देखभाल, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
  सिद्धेश्वर पाण्डेय
   व्यूरो चीफ
आजमगढ़। फूलपुर विकास क्षेत्र के जाफरपुर  जई गांव में शनिवार को पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पशुओं को लेकर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कुल 750 पशुओं का उपचार किया और आवश्यक दवाएं वितरित किया । शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा मण्डल अध्यक्ष फूलपुर रत्नेश बिंद ने फीता काटकर किया। इस दौरान डॉ. आलोक सिंह पालीवाल ने पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित खानपान, साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण और मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। शिविर में 750 पशुओं की जांच कर बीमारियों के अनुसार उपचार किया गया। साथ ही पशुपालकों को सामान्य बीमारियों के लक्षण और प्राथमिक देखभाल के तरीके भी बताए गए, जिससे वे समय रहते पशुओं के स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकें। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल ने पशुपालन विभाग की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पशु बीमा, टीकाकरण अभियान और अनुदान योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने पात्र पशुपालकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। पशु चिकित्सा शिविर के आयोजन से क्षेत्र के पशुपालकों में उत्साह देखने को मिला। पशुपालकों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पशुधन के स्वास्थ्य और संरक्षण की दिशा में उपयोगी कदम बताया। इस अवसर पर डॉ. प्रवेश, राम सुरेश, मिथिलेश और अखिलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आजमगढ़ : अम्बारी बाजार में महिलाओं की खरीदारी को मिला नया ठिकाना, उजाला नकाब एवं कॉस्मेटिक घर का भव्य उद्घाटन
सिद्धेश्वर पाण्डेय
  व्यूरो चीफ
आजमगढ़। जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र के अम्बारी बाजार में महिलाओं की जरूरतों से जुड़ी खरीदारी को आसान बनाने के उद्देश्य से उजाला नकाब एवं कॉस्मेटिक घर का शुभारंभ किया गया। प्रतिष्ठान का उद्घाटन हाजी सफीक अहमद और हाजी रफीक अहमद ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान मौजूद लोगों ने प्रतिष्ठान के संचालकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर हाजी सफीक अहमद ने कहा कि अम्बारी बाजार में उजाला नकाब एवं कॉस्मेटिक घर की शुरुआत होना क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी की बात है। अब महिलाओं को अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए दूर-दराज की बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रतिष्ठान पर महिलाओं की दैनिक जरूरतों से संबंधित विभिन्न प्रकार के सामान उचित दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अम्बारी बाजार तेजी से विकसित हो रहा है और यहां नए प्रतिष्ठानों के खुलने से स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रतिष्ठान पर बेहतर गुणवत्ता के सामान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। प्रतिष्ठान के उद्घाटन के अवसर पर लोगों में उत्साह देखने को मिला। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी नए प्रतिष्ठान के संचालकों को बधाई दी। कार्यक्रम में कफील अहमद, शकील अहमद, अब्दुल रकीब, मो. ताहा, मो. अजहर, मो. इस्माइल, कमालुद्दीन, अरीबा रहमान, हप्सा शेख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आजमगढ़ के क्रांति उपाध्याय ने दिल्ली में लहराया परचम, वाद-विवाद प्रतियोगिता का राष्ट्रीय खिताब जीता
  सिद्धेश्वर पाण्डेय
    व्यूरो चीफ
आजमगढ़। आजमगढ़ के अंबारी निवासी क्रांति उपाध्याय ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी महाविद्यालय में 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित छत्रपति शिवाजी भोसले राष्ट्रीय तर्क महोत्सव में आत्माराम सनातन धर्म महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम ने राष्ट्रीय हिंदी संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता की नव प्रविष्टि श्रेणी का खिताब अपने नाम किया। क्रांति उपाध्याय ने चंडीगढ़ निवासी प्रत्यक्ष तिवारी के साथ यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय स्तर के इस महोत्सव में देशभर के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों की करीब 300 टीमों ने प्रतिभाग किया। वहीं, संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता की नव प्रविष्टि श्रेणी में करीब 200 टीमों के बीच पांच चरणों में मुकाबला हुआ। शानदार प्रदर्शन के बाद शीर्ष आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में विषय “बुद्धिजीवियों के सदन का मत है कि कला सत्य नहीं होती” पर प्रतिभागियों ने अपने तर्क रखे। इसके बाद सेमीफाइनल में चार टीमें पहुंचीं। सेमीफाइनल का विषय “तार्किक लोगों के सदन का मत है कि अपवाद से मिली जीत वैचारिक संघर्ष के मूल ढांचे को खत्म कर देती है” रहा। फाइनल मुकाबले में क्रांति उपाध्याय और प्रत्यक्ष तिवारी की टीम का सामना मिरांडा हाउस महाविद्यालय, नई दिल्ली की चिन्मयी एवं दीक्षा की टीम से हुआ। फाइनल का विषय “दार्शनिकों के सदन का मत है कि दर्शनशास्त्र मूल रूप से ईश्वर बनने की मनुष्य की इच्छा का एक उप-उत्पाद है” था। फाइनल मुकाबले का निर्णय देश के नौ प्रतिष्ठित अधिनिर्णायकों के पैनल ने किया। पैनल की अध्यक्षता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के शोधकर्ता डॉ. राजेश झा ने की। निर्णायकों ने सर्वसम्मति से 9-0 के अंतर से क्रांति उपाध्याय एवं प्रत्यक्ष तिवारी की टीम को विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक संयोजिका डॉ. वनिता चड्ढा, शिवाजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र भारद्वाज एवं महाविद्यालय के संयोजक डॉ. रंगनाथ रवि ने विजेता दल को प्रतिष्ठित चल-वैजयंती प्रदान कर सम्मानित किया। अंबारी निवासी क्रांति उपाध्याय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने क्रांति को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर उन्होंने आजमगढ़ का नाम देशभर में गौरवान्वित किया है।
आजमगढ़ : फूलपुर में रात के अंधेरे में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, दो दर्जन वाहनों का चालान
सिद्धेश्वर पाण्डेय
  व्यूरो चीफ
  आजमगढ़। अपराध और पशु तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए फूलपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षकों के साथ पुलिस टीम ने देर रात तक संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फूलपुर, अंबारी, बिलारमऊ, केवलगढ़ पुल, जगदीशपुर, दुर्वासा, भेड़िया, भोरमऊ और मुड़ियार सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा चेकिंग की गई। इस दौरान वाहनों के कागजात, हेलमेट, यातायात नियमों के पालन समेत अन्य बिंदुओं की जांच की गई। पुलिस की अचानक हुई चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब दो दर्जन वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, पशु तस्करी पर रोक और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस की सक्रियता से असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
आजमगढ़ : निर्जला व्रत रख माताओं ने मांगी पुत्रों की दीर्घायु, जीवित्पुत्रिका पर आस्था में डूबा माहुल नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र
   सिद्धेश्वर पाण्डेय
     व्यूरो चीफ
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के माहुल नगर सहित ग्रामीण इलाकों में शनिवार को जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। माताओं ने पूरे दिन कठोर निर्जला व्रत रखकर अपने पुत्रों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। पर्व को लेकर नगर के मंदिरों और पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शाम होते-होते पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं की संख्या बढ़ गई। माहुल स्थित सिद्धपीठ काली चौरा मंदिर में व्रती महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला दोपहर करीब तीन बजे से शुरू हो गया था। शाम को मंदिर परिसर में काफी भीड़ जुट गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी और पुत्रों की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भीषण गर्मी के बावजूद माताओं की आस्था और श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखाई दी। पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं के साथ कथा सुनने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और धार्मिक माहौल बना रहा। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं शासन द्वारा मनोनीत सभासद सुजीत जायसवाल ‘आशु’, मंदिर पुजारी शिवशंकर मिश्रा, मंदिर संरक्षक घनश्याम पांडेय, रवि मोदनवाल, लाल बहादुर यादव, गोपाल भारद्वाज, सूरज लाल सोनी, बृजेश मौर्य, सोनू जायसवाल, कौशल पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
आजमगढ़ : आँधीपुर गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुँचे सांसद धर्मेंद्र यादव , 2027 में सपा की पूर्ण बहुमत की बनेगी सरकार :धर्मेन्द्र
सिद्धेश्वर पाण्डेय
   व्यूरो चीफ
आजमगढ़ । सांसद धर्मेंद्र यादव शुक्रवार को पूर्व सांसद एवं पूर्व गन्ना शोध संस्थान के उपाध्यक्ष स्व. रामकृष्ण यादव की पत्नी विमला देवी के निधन पर फूलपुर क्षेत्र के आंधीपुर गांव स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने विमला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और मनोज कृष्ण यादव, अजय कृष्ण यादव सहित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि स्व. रामकृष्ण यादव का उनके परिवार से लंबे समय से आत्मीय संबंध रहा। उनका उनके यहां बराबर आना-जाना रहा और बचपन से ही उन्हें उनका स्नेह मिलता रहा। आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हमेशा दिल में रहेंगी। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाजवादी सरकार बनने के बाद मार्च के पश्चात समाधान कराया जाएगा। पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जनपद में पंचायतीराज मंत्री घूम रहे हैं, इस संबंध में वही सही जवाब दे सकते हैं। वहीं भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह द्वारा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रशंसा किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी में रहते हुए भी यदि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष की तारीफ कर रहे हैं तो यह अच्छी बात है। इस अवसर पर पूर्व सांसद के भाई बालकृष्ण यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, विधायक रमाकांत यादव के प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव, राजेश यादव, रामकुमार यादव, राज कुमार यादव, ब्रजेश यादव, विक्रम, विवेक, रतिभान यादव, जन्मेजय यादव, विवेक विश्वकर्मा, सौरभ यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आजमगढ़ : वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण से ही कायम रह सकता है प्रकृति का संतुलन : डॉ शाह मोहम्मद बेलाल
सिद्धेश्वर पाण्डेय
   व्यूरो चीफ
आजमगढ़ । फूलपुर तहसील क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय अंबारी में शुक्रवार को वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ वन्य एवं वन्यजीव वैज्ञानिक, मुंबई डॉ. शाह मोहम्मद बेलाल ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शाह मोहम्मद बेलाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जल, जंगल, जमीन, वनस्पतियों और वन्यजीवों के संरक्षण से ही पर्यावरण का वास्तविक संतुलन कायम रह सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति में प्रत्येक जीव की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसी एक प्रजाति के समाप्त होने या संख्या में अत्यधिक कमी आने से पूरी खाद्य श्रृंखला और पारिस्थितिक तंत्र प्रभावित हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि वन्यजीव जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जंगलों का संरक्षण, जलस्रोतों को स्वच्छ रखना, अनावश्यक रूप से पेड़ों की कटाई रोकना तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को भी वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वन्यजीवों के संरक्षण, पेड़-पौधों की रक्षा तथा प्रकृति को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संदेश लिया। कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के पर्यावरण प्रहरी हैं। उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होने से आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक राजेश यादव, मधुसूदन यादव, मोहम्मद शाहिद, दिनेश यादव, भरद्वाज सिंह, इस्मिता यादव, प्रतिमा यादव आदि रहे।
आजमगढ़ : स्व0ओमप्रकाश मिश्र की 16वीं पुण्य तिथि पर नेत्र परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
खालिद खान
दीदारगंज (आजमगढ़ ) । मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के प्रकाश हास्पिटल मोलनापुर अहमद बख्श फुलेश में शुक्रवार को समाजसेवी स्व0ओमप्रकाश मिश्र की 16वीं पुण्य तिथि पर नेत्र परीक्षण शिविर और मुफ्त चश्मा वितरण शिविर का शुभारम्भ स्व0ओमप्रकाश मिश्र के चित्र पर संस्थान के चेयर मैन कृष्ण कांत मिश्र व वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो डॉ मनोज कुमार मिश्र मंजुल के द्वारा स्व0ओमप्रकाश मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों डा 0 गोल्डेन यादव, डा 0 कुलदीप सिंह, डा0जुबैर, डा0ऐमन के द्वारा नेत्र रोगियों की निशुल्क जांच एवं निशुल्क चस्मा का वितरण शांति सेवा ट्रस्ट के सौजन्य से किया गया कुल 687नेत्र रोगियों का सफल परीक्षण किया गया इस ।इस अवसर पर पूर्व वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ शशिकांत मिश्र,गिरीश दत्त मिश्र, शत्रुघ्न मिश्र, प्राचार्य डॉ धीरेन्द्र कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य आलोक शुक्ल, डॉ आर एस एन त्रिपाठी,राम चंद्र मिश्र, प्रदुम्न मिश्र, सुरेश तिवारी , ओमप्रकाश जायसवाल आदि उपस्थित थे।।