काशी नरेश विश्वविद्यालय में कृषि शिक्षा का आगाज, 17 विषयों में 27 प्रवक्ताओं की होगी नियुक्ति, पहले वर्ष में 3000 से अधिक छात्रों ने लिया दाखिला

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले के ज्ञानपुर काशी नरेश विश्वविद्यालय की कुलपति उमा श्रीवास्तव ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि कृषि संकाय विश्वविद्यालय में पहले से बना हुआ था, लेकिन पठन-पाठन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। विश्वविद्यालय बनने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अब कृषि संकाय में पठन-पाठन शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि 17 विषयों में कुल 27 प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। कुलपति ने कहा कि प्रथम वर्ष में 3000 से अधिक विद्यार्थियों का दाखिला होना पूरे विश्वविद्यालय के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पहले से ही अलग-अलग जनपदों में अपनी पहचान बना चुका है और विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बाद इसे प्रदेश में नंबर एक विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

पशु तस्करी करते 4 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप से 5 पशु बरामद: मिर्जापुर से वध के लिए ले जा रहे थे, पुलिस ने कटारी गेट पर घेराबंदी कर पकड़ा*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने पशु तस्करी के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिकअप वाहन में क्रूरता से ले जाए जा रहे 5 पशु बरामद किए गए। यह कार्रवाई शुक्रवार को कटारी गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान हुई।

पुलिस टीम मिर्जापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो मैक्स पिकअप को रोकने की कोशिश कर रही थी। वाहन सवारों ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 2 भैंस, 2 पाड़ा और 1 पड़िया सहित कुल 5 पशु मिले। इन पशुओं को क्रूरता से ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था। आरोपी पशुओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। उनकी तलाशी में 750 रुपये नकद भी बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिर्जापुर के ग्रामीण इलाकों और बाजारों से सस्ते दामों पर भैंस और पाड़ा खरीदते थे। उनका मकसद इन पशुओं को ज्यादा कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाना था, जिसके लिए वे इन्हें वध के लिए ले जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नईम नट (31), बरकत नट (30), रोहित नट (24) और जुमेद नट (26) के रूप में हुई है। ये सभी भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बेजवा और पूरेउचितपुर गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन, 5 पशु (2 भैंस, 2 पाड़ा, 1 पड़िया) और 750 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ औराई थाने में मु0अ0सं0 405/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

विजय प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना औराई

हे0का0 संजय दूबे,का0 पन्नेश राय,म0आरक्षी नम्रता यादव,

चालक का0 अखलाख खां,थाना औराई जनपद भदोही

गोपीगंज पुलिस ने राजू सेठ गैंग के दो सदस्य पकड़े:धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी करने वाले एक संगठित गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस इस गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

यह गिरोह बैंक को जानबूझकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए नकली गहनों को असली बताकर धोखाधड़ी करता था। गैंग लीडर राजू सेठ पुत्र बसंतलाल और उसके 21 सक्रिय सदस्य इस आपराधिक साजिश में शामिल थे।

इस मामले में गोपीगंज थाने में मुकदमा नंबर 174/26, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है।

इस गिरोह के गैंग लीडर सहित 11 सक्रिय सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मंगलवार को गोपीगंज पुलिस टीम ने मुखबिरों की सटीक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों से राजू सेठ गैंग के इन दो शातिर सदस्यों को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धीरज कुमार (उम्र करीब 26 वर्ष) और विनोद कुमार सिंह (उम्र करीब 49 वर्ष) शामिल हैं। धीरज कुमार जलालपुर, मिर्जापुर का रहने वाला है, जिसका स्थायी पता गोपीगंज, भदोही है। विनोद कुमार सिंह गड़ौरा, भदोही का निवासी है।

चौराहों पर आटो वालों का चल रहा बिजनेस,पटरी पर यातायात नियम*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के तिराहे और चौराहों पर यातायात विभाग का नियम पटरी और ऑटो चालकों की मनमानी सड़क पर साफ दिख रही है। हद ये है कि बाजारों में बीच सड़क पर ही चालक ऑटो खड़ा कर सवारी बैठा रहे हैं।

इससे जाम की समस्या तो बढ़ ही रही है। वहीं दुकानों के सामने ऑटो खड़े होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

परिवहन विभाग के अनुसार जिले भर में 11800 ऑटो पंजीकृत हैं। इसमें सीएनजी और पेट्रोल दोनों ऑटो शामिल हैं। लोग लंबी दूरी या एक बाजार से दूसरे बाजार तक जाने के लिए ऑटो का ही इस्तेमाल करते हैं।

इन दिनों त्योहारी सीजन चल रहा है। जिले के बाजारों में भीड़ बढ़ी हुई है। इसके बाद भी ऑटो चालकों की मनमानी पर लगाम नहीं लग सका है। हर बाजारों में ऑटो चालक बीच चौराहों पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठा रहे हैं।

इसमें ध्यान देनी वाली बात है कि हर चौराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होने के बाद भी ऑटो चालकों में भय नहीं होता और सड़कों के बीचोबीच वाहन खड़ा कर जाम का कारण बनते हैं। ज्ञानपुर, गोपीगंज, औराई और रजपुरा समेत हर बाजारों के चौराहों पर ऑटो बीच सड़क पर खड़ा था।

यातायात विभाग की ओर से कार्रवाई में कोई नरमी नहीं बरती जाती है। आटो चालकों को पटरी के किनारे वाहन पार्किंग किए जाने का निर्देश है, लेकिन इसके बाद भी वे चौराहे व तिराई पर खड़ा करते हैं। इन वाहनों के खिलाफ अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

राकेश सिंह यातायात प्रभारी

इस साल फिर घटे अभ्यर्थी, 2026 से एक हजार कम

जिले में 52 हजार 889 छात्र - छात्राएं होंगे परीक्षा में शामिल

-‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। फरवरी में संभावित बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की तस्वीर करीब-करीब साफ हो गई है। कुल 52 हजार 889 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया हैं। 10 सितंबर तक फार्म भरने की अंतिम तिथि है, हालांकि अब तक सभी ने आवेदन कर लिया है। छात्र-छात्राओं की संख्या में लगातार कमी आ रही हैं।

जिले में 38 राजकीय, 25 वित्तपोषित समेत कुल 193 माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज संचालित होते हैं। हर साल माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से फरवरी-मार्च में बोर्ड परीक्षा कराई जाती है। 2025-26 सत्र की परीक्षा फरवरी 2026 में होने के बाद अप्रैल में रिजल्ट घोषित किया गया। 2026-27 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जुलाई से ही स्कूलों में प्रवेश शुरू हो गया। नौवीं और 11वीं में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का अगस्त और सितंबर में परीक्षा फाॅर्म जमा कर उनका विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया। पहले 25 अगस्त तक ही आवेदन लिया गया था। बाद में 10 सितंबर तक इसके लिए अंतिम तिथि तय की गई है।

हाईस्कूल में संस्थागत 28122 और प्राइवेट में 29, इंटरमीडिएट में 24 हजार 248 और व्यक्तिगत में 490 छात्र-छात्राओं ने फार्म भरा है। बताते चलें कि परीक्षार्थियों की संख्या लगातार कम हो रही है। 2024 में जहां 57 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 2025 में 55 हजार 207 रहे। 2026 में यह संख्या घटकर 54 हजार 879 हो गई। 2027 की परीक्षा के लिए 52 हजार 889 विद्यार्थियों ने फार्म भरा है। पिछले साल से करीब एक हजार कम है।

बीते चार साल के आंकड़े

साल - अभ्यर्थी

2024 - 57000

2025 - 55207

2026 - 54887

2027 - 52889

-----------------------

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 52 हजार 889 छात्र-छात्राओं ने फार्म भरा है। करीब-करीब उतने ही विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें 10 से 15 छात्र-छात्राओं की संख्या घट और बढ़ सकती है। - अंशुमान, डीआईओएस।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया: राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था परखी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में बने ईवीएम/वीवीपैट स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, ईवीएम/वीवीपैट के रखरखाव और निगरानी व्यवस्था को देखा।

जिलाधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित रजिस्टरों को जांचा और उनमें दर्ज विवरण देखे। स्ट्रांग रूम के गेट पर लगे सील लॉकर की स्थिति भी उन्होंने परखी।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल और गार्डों से उनकी ड्यूटी के बारे में जानकारी ली। उन्हें पूरी सतर्कता के साथ और तय प्रोटोकॉल के हिसाब से अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के काम करने की स्थिति भी जांची। उन्होंने पिछले दिनों की रिकॉर्डिंग देखी और निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे लगातार काम करते रहें और रिकॉर्डिंग में कोई कमी न हो। साथ ही, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों और व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उनकी वैलिडिटी पूछी। निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरण तय मानकों के हिसाब से पूरी तरह काम करते रहें और अपडेटेड हों। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

BSA अधिकारी बनकर 40 से अधिक लोगों से 50 लाख की साइबर ठगी: अंतरजनपदीय ठग गिरफ्तार*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में एक शातिर ठग बैंक मित्र और ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों को अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर साइबर धोखाधड़ी कर रहा था। उसने 40 से ज्यादा लोगों से करीब 50 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने इस अंतरजनपदीय ठग को गिरफ्तार कर लिया है।

ठग ने भदोही के दुर्गागंज, ऊँज और ज्ञानपुर इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दिया। दुर्गागंज में उसने बारकोड के जरिए दो बार में 40,000 रुपये लिए और बाद में धमकी भी दी। ऊँज में सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर क्यूआर कोड से 5,000 रुपये ठगे, फिर बैंक खाते में 20,000 रुपये ट्रांसफर करवाए।

ज्ञानपुर में उसने खुद को शिक्षा विभाग का बीएसए मनोज कुमार सिंह बताया। फर्जी आधार कार्ड दिखाकर गाड़ी खराब होने का बहाना बनाया और दुकान के स्कैनर से 36,800 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

इन तीनों घटनाओं के संबंध में दुर्गागंज, ऊँज और ज्ञानपुर थानों में केस दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में धारा 318(4) बीएनएस, 66D आईटी एक्ट, 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 170 बीएनएस लगाई गई हैं। मामलों की जांच के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई थी।

भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। ज्ञानपुर थाना पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी की पहचान राम सिंह यादव उर्फ अमित यादव उर्फ राजा (करीब 25 साल) के रूप में हुई है। वह प्रयागराज के सरायममरेज थाना क्षेत्र के बन्दीपट्टी यरगढ़ गांव का रहने वाला है।

आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक फर्जी आधार कार्ड मिला। इस पर मनोज कुमार सिंह नाम, गरुण कुमार सिंह पिता का नाम और इटहरा हंडिया प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का पता दर्ज था। आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रयागराज के हंडिया थाने, अमरोहा के हसनपुर थाने और आजमगढ़ के साइबर क्राइम पुलिस थाने में मामले दर्ज हैं।

टीम 01 -रामसरीख गौतम, प्रभारी निरीक्षक, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही,का0 अनुराग,का0 राहुल सिंह पटेल,का0 रोहित यादव, का0 अर्जुन ।

टीम 02 - नि0 विजय प्रसाद गुप्ता (प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना) हे0का0 देवानन्द एवं का0 कन्हैया कुमार (साइबर एक्सपर्ट)

साइबर क्राइम थाना भदोही

ऊँज पुलिस ने 4 किलो से ज्यादा गांजे के साथ तस्कर पकड़ा: बरामद गांजे की कीमत 2 लाख 14 हजार रुपये से ज्यादा बताई जा रही है*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर सोमवार को ऊँज थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 किलो 282 ग्राम अवैध गांजा मिला है। जब्त गांजे की कीमत 2 लाख 14 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम आशाराम है, जो फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र 46 साल है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ऊँज थाने में मु0अ0सं0106/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आशाराम ने बताया कि वह अपने खर्च पूरे करने के लिए गांजा बेचता है। उसने बताया कि यह गांजा उसे नैनी रेलवे स्टेशन के पास एक अनजान व्यक्ति ने 20 हजार रुपये में दिया था। वह इसे ज्यादा फायदा कमाने के लिए बेचने ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल ऋषि शाक्य, कांस्टेबल अजय कुमार और रवि कुमार शामिल थे।

92 लाख से होगा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास, भूमि पूजन में पहुंचे विधायक विपुल दुबे*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड डीघ के ग्राम सभा सिखापुर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पर्यटन विकास कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, सोनभद्र इकाई की ओर से कराए जाने वाले इस कार्य में ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। करीब 92 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्य के तहत मंदिर परिसर में यात्री हाल, मुख्य गेट, हाईमास्ट लाइट, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन, वाटर कूलर समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विकास कार्य पूरा होने के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। भूमि पूजन के दौरान विधायक विपुल दुबे ने कहा कि श्रद्धा, संस्कृति और विकास के इस संगम को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर का विकास होने से स्थानीय लोगों को सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। वहीं, ग्रामीणों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास के साथ सड़क, बिजली और अन्य क्षेत्रों में भी लगातार काम होना चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र को चौमुखी विकास की दिशा में आगे ले जाने वाले ऐसे ही जनप्रतिनिधि की आवश्यकता है। इस मौके पर विनोद पाण्डेय, निजी सचिव राकेश पाठक, पूर्व प्रधान आनंद नारायण मिश्रा, समाजसेवी बाबा मिश्रा, दादू पाण्डेय, देवेश पाण्डेय, कमलेश पाण्डेय, मुन्ने पाण्डेय, बिवस मिश्र, शिवम पाण्डेय, आदर्श पाण्डेय, अमित पाण्डेय, दीपक तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

लोजपा (रामविलास) की जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न, नव नियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला कार्यालय, सरपतहा ज्ञानपुर में जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त भदोही जिलाध्यक्ष राम अवध मिश्रा एवं कार्यवाहक अध्यक्ष विजय पासी का कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव कमल तिवारी ने कहा कि पार्टी में जबरदस्त ताकत है और कार्यकर्ताओं में पूरा उत्साह एवं ऊर्जा है। यदि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए तो आने वाले समय में पार्टी और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।

इस दौरान पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए धनंजय दुबे ने संगठन को ब्लॉक, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय करने की कार्ययोजना तैयार की गई।

साथ ही सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कमल तिवारी, धनंजय दुबे, जिला उपाध्यक्ष राहुल तिवारी, संतोष दुबे, विपिन बिहारी मिश्रा, राजेश पाण्डेय, डॉ. नीरज कुमार दुबे, अमित मिश्रा, राज पासी, अजीत पासी, अक्षय पासी, बजरंगी पासी, सुरेश पासी, मनोज पासी, विकास पासी, सुग्रीव पासी, राजेश पासी, साहिल पासी, पवन पासी, सौरभ पासी, विष्णु पासी एवं अंतिम पासी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।