भदोही में लूट का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार :मोबाइल, नकदी, पायल और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने एक लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, पायल, एक बैग और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।

यह घटना तब हुई जब पीड़ित भदोही पहुंचने से पहले कच्ची सड़क से ग्राम रया के समीप पहुंचा। यहां कुछ व्यक्तियों ने उसका ट्रैक्टर रोककर मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और अन्य सामान छीन लिया था। पीड़ित के बैग में मोबाइल, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, स्नातक की मार्कशीट/सर्टिफिकेट, कपड़े और पायल जैसे महत्वपूर्ण सामान थे।

पीड़ित ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी, जिसके बाद स्थानीय थाने में मु0अ0सं0 409/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अपराधियों की तलाश शुरू की गई।

रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस मामले से जुड़े अभियुक्त नई बाजार में बोरिंग का काम कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मिथुन कुमार गौतम (पुत्र स्व. भगेलू राम, निवासी मुस्तफाबाद, जौनपुर, उम्र 38 वर्ष), अजीत गौतम (पुत्र विजय गौतम, निवासी शीतलगंज अहिरौली, जौनपुर, उम्र 19 वर्ष) और कमलेश जायसवाल (पुत्र स्व. ओमकार जायसवाल, निवासी शीतलगंज अहिरौली, जौनपुर, उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,700 रुपये नकद, एक वीवो कंपनी का मरून रंग का मोबाइल फोन, एक सफेद धातु की पायल और एक काले रंग का बैग बरामद किया है। इस बैग में एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक वोटर आईडी और चार अंकपत्र/सर्टिफिकेट शामिल थे। घटना में इस्तेमाल किया गया न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर (संख्या UP-70 DS-6749) भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है।


निरीक्षक बुद्धि सागर यादव मय हमराह, हे0का0 हरिकेश यादव, का0 सेराफुल हसन, उ0नि0 मोती सिंह यादव, का0 शक्तिपाल एवं का0 भूपेन्द्र यादव।
संयुक्त अस्पताल में फायर सिस्टम का काम पूरा: एनओसी मिलते ही धुआं उठते ही बजेगा सायरन, बुझेगी आग*
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिला मुख्यालय स्थित सौ बिस्तर वाले संयुक्त अस्पताल में अग्नि सुरक्षा प्रणाली (फायर सिस्टम) का कार्य लगभग पूरा हो गया है। करीब 2.40 करोड़ रुपये के बजट से यह प्रणाली सभी छह बिल्डिंगों में लगाई गई है।

कार्यदायी संस्था द्वारा निर्धारित समय पर फायर सिस्टम लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। अब विभाग को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) का इंतजार है। एनओसी मिलते ही ओपीडी, सीटी स्कैन, फिजियोथेरेपी सहित पूरे अस्पताल परिसर में यह सिस्टम चालू हो जाएगा।

सौ बिस्तर वाले संयुक्त अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि यह प्रणाली धुंआ उठते ही सेंसर के माध्यम से सायरन बजाएगी और आग बुझाने का काम शुरू कर देगी। इसके संचालन के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, अस्पताल में रोजाना 400 से 500 मरीजों की ओपीडी होती है, जबकि लैब में 500 से 700 जांचें की जाती हैं। मरीज और तीमारदारों को मिलाकर नियमित रूप से लगभग 1200 लोगों की भीड़ रहती है। अस्पताल परिसर में बर्न यूनिट, टीबी अस्पताल और डायलिसिस यूनिट जैसी महत्वपूर्ण इकाइयां भी हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक है।

सीएमएस डॉ. सुनील कुमार ने यह भी बताया कि डायलिसिस यूनिट में एक मशीन खराब है, जिसकी सूचना कार्यदायी संस्था को दे दी गई है। जल्द ही इस मशीन को दुरुस्त कराया जाएगा।
भदोही में निकाली गई शिव शोभायात्रा:सुंदरवन से श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए गंगा घाट पहुंचे, विधायक भी रहे मौजूद*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही में भगवान शिव की शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा सुंदरवन से शुरू होकर रामपुर गंगा घाट तक पहुंची। शोभायात्रा राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए गंगा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा स्नान और पूजा - अर्चना की।


यह शोभायात्रा राजलक्ष्मी मंदा के मार्गदर्शक में आयोजित की गई थी। इसमें स्थानीय विधायक विपुल दूबे भी उपस्थित रहे। यह एक वार्षिक आयोजन है। यात्रा को सफल बनाने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। भगवान शिव की यह यात्रा रथ के साथ निकाली गई। जिसमें राजलक्ष्मी मंदा, विधायक विपुल दूबे, पंडित आशीष मिश्रा, मनीष दूबे, दीपक सिंह,आकाश त्रिपाठी, शिवम् तिवारी, डॉक्टर कुंदन सिंह और क‌ई अन्य भक्त सवार थे। शोभायात्रा डीजे के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे भगवान शिव की यह यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बच्चों में आंखों की समस्या दोगुनी हुई: मोबाइल-लैपटॉप के अधिक उपयोग से दृष्टि कमजोर


नितेश श्रीवास्तव


भदोही। महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में आंखों की समस्या से पीड़ित बच्चों की संख्या दोगुनी हो गई है। प्रतिदिन 15 से 20 बाल रोगी अस्पताल पहुंच रहे हैं। बच्चों की दृष्टि इतनी कमजोर हो रही है कि वे पास की वस्तुएं भी स्पष्ट नहीं देख पा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें चश्मा लग रहा है।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार के अनुसार, मोबाइल, कंप्यूटर और लैपटॉप के अत्यधिक उपयोग से आंखों का पानी कम हो रहा है। ओपीडी में ऐसे बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिन्हें आंखों की दृष्टि कम होने के कारण अत्यधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मोबाइल का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यदि बच्चे मोबाइल पर पढ़ाई करते हैं, तो हर 20 मिनट के बाद ब्रेक लेना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी आंखों को नुकसान पहुंचाती है।
शौचालय विवाद में मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार:भदोही की दुर्गागंज पुलिस ने की कार्रवाई


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जिले की दुर्गागंज पुलिस ने शौचालय निर्माण विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें वादी और उसके परिवार पर हमला करने का आरोप था।

ग्राम भौथर निवासी फूलचन्द चौहान ने दुर्गागंज थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि विपक्षीगणों ने शौचालय निर्माण को लेकर विवाद किया और उनके तथा उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस शिकायत के आधार पर थाना दुर्गागंज में मु0अ0सं0 87/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 117(2), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में, दुर्गागंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरा तिराहा के पास घेराबंदी कर उपरोक्त मुकदमे से संबंधित तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अतुल (पुत्र सभाजीत, उम्र 18 वर्ष), बाकेलाल (पुत्र केदारनाथ, उम्र 54 वर्ष) और अमन चौहान (पुत्र राजकुमार चौहान, उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी ग्राम भौथर, थाना दुर्गागंज, जनपद भदोही के निवासी हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक रामलाल और हेड कांस्टेबल नंदजी यादव शामिल थे।
100 परिषदीय स्कूलों में लगेंगे वाटर कूलर, मिलेगा शीतल जल*


*बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दिए गए प्रस्ताव पर सांसद ने दी सहमति*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के 100 परिषदीय विद्यालयों में वाटर कूलर लगाए जाएंगे। जिससे बच्चों को शीतल जल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बेसिक शिक्षा विभाग की पहल पर सांसद डॉ. विनोद बिंद ने 100 विद्यालयों में वाटर कूलर लगवाने की सहमति दी है। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति के आधार पर विद्यालयों का चयन भी कर लिया गया है। जल्द ही वाटर कूलर लग जाएंगे। इससे करीब 20 हजार बच्चे लाभान्वित होंगे। आगामी सत्र में इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। वैसे तो लगभग सभी विद्यालयों में पेयजल के लिए कहीं हैंडपंप तो कहीं सब मर्सिबल पंप की व्यवस्था की गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने पांच महीने पहले सांसद डाॅ. विनोद बिंद को प्रस्ताव भेजकर वाटर कूलर की मांग की थी। विभाग के प्रस्ताव पर सांसद ने वाटर कूलर लगवाने की सहमति दी है। विभाग की तरफ से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों का चयन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि सांसद की सहमति के पश्चात छात्र संख्या के आधार पर 100 स्कूलों का चयन कर लिया गया है। वाटर कूलर लगने से बच्चों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि आगामी शिक्षा सत्र में इसका लाभ बच्चों को मिलना शुरू हो जाएगा।
जिला कारागार में  बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही। पूरे देश के साथ भदोही में भी शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जिला कारागार ज्ञानपुर में भी भाई-बहन के स्नेह और भावनाओं का मार्मिक दृश्य देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंची बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ और उज्ज्वल जीवन की कामना की।

सुबह से ही बहनों के जिला कारागार पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हाथों में राखी और मिठाई लिए बहनें कतारबद्ध होकर जेल परिसर में दाखिल हुईं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुलाकात के दौरान बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाई। इस दौरान भाई-बहन एक-दूसरे को देखकर भावुक भी नजर आए।

कई बहनों ने अपने भाइयों के जल्द जेल से बाहर आने और परिवार के साथ सुखपूर्वक जीवन बिताने की कामना की। रक्षाबंधन के अवसर पर हुए इस मिलन ने जेल परिसर के माहौल को भी भावुक कर दिया। लंबे समय बाद भाई-बहन को एक-दूसरे के सामने देखकर उनके चेहरों पर खुशी और भावनाओं के मिले-जुले भाव दिखाई दिए।

रक्षाबंधन के मद्देनजर जिला कारागार प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जेल परिसर के बाहर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। सुरक्षाकर्मी लगातार निगरानी करते रहे और जेल में आने वाली बहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया गया। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही बहनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।
अब तक 164 कालीन आयातकों ने कराया है पंजीकरण


*चार अक्टूबर से शुरू होगा इंडिया कार्पेट एक्सपो*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की ओर से चार से सात अक्तूबर तक भदोही में होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो इस वर्ष गोल्डन जुबली संस्करण होगा। इसमे देश भर के विभिन्न शहरों के 170 कालीन निर्यातकों अपने कालीनों और हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करने के लिए पंजीकरण करा लिया है। जबकि विदेशों से इसमे भाग लेने के लिए अब तक 164 आयातकों ने अपना पंजीकरण कराया है। सीईपीसी चेयरमैन कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने बताया कि 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो में ब्रिक्स देशों ब्राज़ील, रूस, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खरीदारों पर भारत विशेष फोकस कर रहा है। अब तक 30 से अधिक ब्रिक्स देशों के खरीदार अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर चुके हैं। चेयरमैन ने बताया कि एक्सपो में भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी के अलावा पानीपत, जम्मू एवं कश्मीर, जयपुर और बीकानेर सहित अन्य शहरों के प्रमुख निर्यातक भाग लेंगे। जानकारी हो कि गत वर्ष के एक्सपो में लगभग 400 विदेशी खरीदारों मेले का दौरा किया था। इस वर्ष भी अधिक से अधिक भागीदारी के लिए सीईपीसी प्रयास कर रही है। अब तक 48 देशों के खरीदारों ने पंजीकरण कराया है।
बरसात में जलभराव और गंदगी पर तत्काल कार्रवाई करें, नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर न दिखे: मंत्री ए.के. शर्मा*
*डेंगू-मलेरिया की रोकथाम को एंटी लार्वा छिड़काव व फॉगिंग तेज करें, अस्पतालों में अतिरिक्त बेड-ऑक्सीजन-वेंटिलेटर तैयार रखें: मंत्री*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने जनपद में विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बरसात के मौसम में जलभराव, संक्रामक रोगों एवं साफ-सफाई को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। जहां कहीं जलभराव हो, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कर समस्या का निस्तारण कराया जाए मंत्री ने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है और जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छर जनित एवं अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सभी नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराना सुनिश्चित करें। जलजमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि डेंगू, मलेरिया सहित मच्छर जनित रोगों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
            उन्होंने नगर निकायों में सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि किसी भी नगर में कहीं भी कूड़े का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। नियमित रूप से सफाई, कूड़ा उठान एवं निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई बनाए रखी जाए।
   मंत्री ए के शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मौसम में वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों के साथ ही स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए सभी अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां समय से पूरी रखी जाएं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों को बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए।
          समीक्षा के दौरान मंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराते हुए अधिक से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। हर घर जल की उपलब्धता शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। मंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
        जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंत्री को आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों से निस्तारित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा समीक्षा के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को बैठक में रखा, जिस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बरसात के दौरान स्वच्छता, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं एवं पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
तबादले के बाद भी सरकारी आवास में जमे तीन अधीक्षक समेत चार का वेतन रोका


*4 साल से एक ही सीएचसी जमे अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में एक माह पहले हुआ था फेरबदल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के तीन सीएचसी अधीक्षक और एक चिकित्साधिकारी को स्थानांतरण के बाद भी सरकारी आवास खाली न करना भारी पड़ गया। सीएमओ डॉ. एसके चक ने चारों का अगस्त माह का वेतन रोक दिया है। आदेश दिया है कि जब तक आवास खाली नहीं किया जाएगा, तब तक वेतन बहाल नहीं किया जाएगा। अधीक्षकों का जिले में ही एक सीएचसी से दूसरे सीएचसी पर स्थानांतरण हुआ है। जिले में छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। करीब चार साल से एक ही सीएचसी पर जमे अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में एक माह पहले सीएमओ डॉ. एसके चक ने जिलाधिकारी के निर्देश पर फेरबदल किया था। अधीक्षकों की नए स्थानों पर तैनाती होने के बाद भी वे पुराने आवास पर ही जमे हुए हैं। नियमानुसार तबादले के 10 दिन बाद आवास खाली कर देना चाहिए। चिकित्सकों के पुराने आवास पर ही जमे रहने से उनकी ड्यूटी भी प्रभावित हो रही थी। वहीं, नए तैनाती वाले अधीक्षकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी।



गोपीगंज के पूर्व अधीक्षक डॉ. आशुतोष पांडेय गोपीगंज के सरकारी आवास में, भानीपुर सीएचसी से गोपीगंज सीएचसी अधीक्षक बने डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव भानीपुर के सरकारी आवास में और डीघ से भानीपुर आए अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद अब तक डीघ के सरकारी आवास में जमे हैं। इसी तरह महाराजा बलवंत सिंह के चिकित्साधिकारी डॉ. शंकर सुवन ने भी सरकारी आवास खाली नहीं किया है। इससे नाराज होकर सीएमओ ने चारों का अगस्त माह का वेतन रोक दिया है। चेताया है कि जब तक सरकारी आवास खाली नहीं किया जाएगा, तब तक वेतन बहाल नहीं किया जाएगा।


तबादले की फिराक में अधीक्षक
विभाग में तैनात लोगों का मानना है कि नवीन तैनाती पर निवास न करने वाले डॉक्टर अभी पुराने केंद्र पर वापस लौटने के जुगाड़ में हैं। बस उन्हें इंतजार है जिले के एक आला अधिकारी के तबादले का। यही कारण है कि आवास खाली नहीं किए जा रहे हैं। अधीक्षक के मुख्यालय पर निवास न करने के कारण स्वास्थ्य केंद्र पर व्यवस्थाएं भी प्रभावित होती हैं।



तीन अधीक्षक, एक चिकित्साधिकारी अभी आवास खाली नहीं किए हैं। इन्हें खाली करने के लिए पत्र भेजा गया है। इनका अगस्त महीने का वेतन रोका गया है। - डॉ. एसके चक, सीएमओ, भदोही