*महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुगम आवागमन की दिशा में ऐतिहासिक कदम*
*महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार के निर्णय ऐतिहासिक एवं सराहनीय : मंत्री हंसराज विश्वकर्मा*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सुगम आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के संबंध में जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन चित्रांगन मैरिज लॉन, ज्ञानपुर में किया गया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा तथा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में उपस्थित 600 महिलाओं को माननीय मंत्री जी द्वारा साड़ी एवं मिठाई उपहार स्वरूप भेंट की गई। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली की भी मंत्री जी ने सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को UPSRTC की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इससे प्रदेश की लगभग एक करोड़ वरिष्ठ महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। आयु सत्यापन आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र के माध्यम से किया जाएगा तथा महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रस्तावित है। यह निर्णय वरिष्ठ महिलाओं की गतिशीलता, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे वरिष्ठ महिलाएं बिना आर्थिक बाधा के अपने परिवार, सामाजिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सुगमता से आवागमन कर सकेंगी।
रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक सभी महिला यात्रियों को UPSRTC की बसों में निःशुल्क यात्रा की विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही महिला यात्री के साथ एक सहयोगी/सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान बढ़ने वाले आवागमन को देखते हुए अतिरिक्त बसों एवं आवश्यक यात्री सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मा. मुख्यमंत्री जी ने परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को समन्वय से कार्य करते हुए महिलाओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बसों में ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण, निर्धारित किराए का पालन, बस अड्डों पर पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, CCTV कैमरों की उपलब्धता तथा प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के अंतर्गत लिए गए दोनों निर्णय महिलाओं के जीवन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने वाले हैं। रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा से बहनें अपने मायके एवं परिवार तक सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से पहुंच सकेंगी, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क यात्रा उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वतंत्र आवागमन का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और विकास के समान अवसर प्राप्त हों। विधायक औराई दीनानाथ भास्कर ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान एवं कल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा बहनों को अपने परिवार से जोड़ने वाली संवेदनशील पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि महिलाओं का सम्मान एवं सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को निःशुल्क एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को मजबूत किया जा रहा है। रक्षाबंधन पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा बहनों के प्रति सरकार के सम्मान एवं संवेदनशीलता का प्रतीक है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का निर्णय वरिष्ठ महिलाओं की गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। रक्षाबंधन पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा से बहनों को अपने परिवारों तक सुरक्षित एवं सुगम रूप से पहुंचने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बस अड्डों पर पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, CCTV एवं प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने महिलाओं से अपील की कि वे सरकार द्वारा प्रदान की जा रही इन सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण समृद्ध एवं विकसित समाज की मजबूत आधारशिला है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि संजय विंद पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हौशिला पाठक एवं सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रिचा यादव ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए रक्षाबंधन पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
Aug 27 2026, 17:35
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1