885 परिषदीय स्कूलों में विकसित होंगे किचन गार्डेन
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले के सभी 885 परिषदीय विद्यालयों में किचन गार्डेन विकसित किया जाएगा। जिन स्कूलों में जगह की कमी है वहां पर विद्यालय के छत पर व्यवस्था की जाएगी। जिससे बच्चों के एमडीएम की थाली में ताजी और जैविक सब्जियां मिलेगी। 685 विद्यालयों को पहले ही दो-दो हजार भेजा जा चुका है। शेष 200 विद्यालयों को भी जल्द विभाग किचन गार्डेन विकसित करने के लिए धनराशि भेज देगा। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। बच्चों को हर रोज मध्याह्न भोजन दिया जाता है। सब्जी, तहरी आदि बनाने के लिए बाजार से खरीदारी करनी पड़ती है। साल 2021 में स्कूलों में किचन गार्डेन विकसित करने की पहल की गई थी। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अजयपुर, भुलईपुर सहित अब तक 685 विद्यालयों में किचन गार्डेन विकसित हो चुका है। कुछ विद्यालयों में जमीन के अभाव में किचन गार्डेन नहीं तैयार हो पा रहा था। जिसके लिए अब विद्यालय के छत या गमले में भी लौकी, कोहड़ा, करेला जैसी सब्जियों को तैयार किया जाएगा। जिन स्कूलों में पहले से किचन गार्डेन बनाए गए हैं वहां मेथी, पालक, धनिया, सौंफ, बैंगन, लहसुन, टमाटर, आलू, भिंडी, करेला, कद्दू, लौकी, गाजर, फूल गोभी, शलजम, प्याज आदि के अलावा सहजन, बेल, नींबू, आम, अमरूद के पौधे भी लगे हैं।
सभी 885 विद्यालयों में किचन गार्डेन विकसित होना है। करीब 700 में सब्जियां उगाई जा रही है। शेष में भी यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। जहां जमीन की कमी है वहां गमले में सब्जियां तैयार की जाएंगी। - शिवम पांडेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी भदोही
Aug 24 2026, 19:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k