डीएम ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण
![]()
![]()
*विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, विद्यार्थियों से संवाद कर जाना शिक्षा, खानपान एवं रहन-सहन का हाल*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ज्ञानपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर की न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर एवं कक्षों में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
जिलाधिकारी ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खानपान, रहन-सहन, आवासीय व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या हो तो बिना संकोच बताएं। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें विद्यालय में किसी प्रकार की विशेष समस्या नहीं है और वे अध्ययन में मन लगाकर पढ़ाई कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित करियर काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे भविष्य की बेहतर योजना बना सकें।
15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना
जिलाधिकारी ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने बच्चों को बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन एवं मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा 6 में पहुंचकर जिलाधिकारी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें घर की याद तो नहीं आती। बच्चों ने सहजता से बताया कि अब पढ़ाई में मन लग गया है, हालांकि कभी-कभी घर की याद आती है। जिलाधिकारी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विद्यालय की सुविधाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कंप्यूटर, अटल टैकरिंग लैब एवं प्रयोगशाला का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब, अटल टैकरिंग लैब एवं प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध तकनीकी एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्रयोगशालाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं तकनीकी दक्षता का विकास हो सके।
रसोईघर का निरीक्षण कर स्वयं चखी दाल
जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर एवं भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्वयं दाल चखकर उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद की जांच की तथा भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





नितेश श्रीवास्तव
Aug 18 2026, 15:15
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.7k