घरांव में 26 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा सीएम कंपोजिट विद्यालय

*गिर्दबड़गांव व बहरैची में पहले से बन रहे दो विद्यालय*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही ‌। औराई और भदोही के बाद अब ज्ञानपुर तहसील के घरांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने 26 करोड़ का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। यहां पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसमें करीब दो हजार बच्चों का नामांकन होगा।

जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। काॅन्वेंट विद्यालयों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले की तीन तहसीलों में एक-एक मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनने हैं। औराई ब्लाॅक के गिर्दबड़गांव में स्कूल भवन का निर्माण कार्य करीब डेढ़ साल से चल रहा है, जबकि भदोही के बहरैची में भी पांच महीने पूर्व काम शुरू हो गया। शासन के निर्देश पर ज्ञानपुर के घरांव में जमीन चिह्नित कर स्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं चलाई जाएंगी। पांच से छह एकड़ भूमि पर विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, लैंग्वेज, मैथ्स, साइंस व कंप्यूटर लैब, हॉल, खेलकूद का मैदान, मॉड्यूलर किचन, डाइनिंग हॉल के साथ, सीसीटीवी कैमरे, सोलर पैनल आदि आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। औराई के गिर्दबड़गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण करीब 70 फीसदी तक पूर्ण हो गया है। बहरैची में भी पिलर का काम शुरू है। अक्तूबर से नवंबर तक घरांव में भी काम शुरू होने की उम्मीद है। बीएसए शिवम पांडेय का कहना है कि औराई के गिर्दबड़गांव और भदोही के बहरैची में सीएम कंपोजिट मॉडल विद्यालय भवन का निर्माण चल रहा है। घरांव का स्टीमेट बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर काम शुरू होगा। शासन की प्राथमिकता में शामिल होने के कारण नोडल अफसर व डीएम शैलेष कुमार हर महीने विद्यालय का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट लेते हैं।
*₹10,000 का इनामी गैंगस्टर विशाल निषाद गिरफ्तार:भदोही पुलिस और सर्विलांस टीम ने की कार्रवाई*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने ₹10,000 के इनामी गैंगस्टर विशाल निषाद को गिरफ्तार किया है। गोपीगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को भठ्ठा चौराहा से उसे घेराबंदी कर पकड़ा। विशाल निषाद गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल निषाद (उम्र करीब 19 वर्ष) पुत्र विजय निषाद के रूप में हुई है। वह बारीपुर, थाना कोईरौना, जिला भदोही का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, विशाल निषाद का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गोपीगंज थाने में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इनमें मु०अ०सं० 0192/2025, 0220/2025, 0223/2025 (सभी धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस और अन्य) तथा मु०अ०सं० 0533/2025 (धारा 3(1) यू०पी० गैंगस्टर एक्ट) शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल इंदु प्रकाश, तथा सर्विलांस/स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार पाण्डेय, मुख्य आरक्षी राधेश्याम कुशवाहा, आरक्षी राघवेंद्र कुशवाहा, आरक्षी नीरज यादव और आरक्षी गोपाल खरवार शामिल थे।
बाबा बड़े शिवधाम समिति ने सावन के तीसरे सोमवार पर:कांवरियों, साधु-संतों और शिवभक्तों की सेवा की*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज में सावन के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को बाबा बड़े शिवधाम परिसर में श्रद्धालुओं की सेवा की गई। बाबा बड़े शिवधाम सेवा समिति ने मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे कांवरियों, साधु-संतों और हजारों शिवभक्तों के लिए व्यवस्थाएं कीं।
समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों ने दूर-दराज से आए कांवरियों का स्वागत किया और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया।
पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण शिवमय बना रहा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सावन मास में शिवभक्तों की सेवा को भगवान भोलेनाथ की सच्ची आराधना माना जाता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आपसी प्रेम, सद्भाव और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और समिति के सदस्य उपस्थित थे। सभी ने सेवा कार्य में सहयोग कर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।
आज नाग पंचमी पर्व पर एक विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया है, जिसमें भक्तगण सम्मिलित होकर पुण्य लाभ ले सकते हैं।
जय बाबा बर्फानी ग्रुप ने किया फलाहारी प्रसाद वितरण:सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर शिव भक्तों को बांटा गया प्रसाद
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर में सावन के पवित्र महीने में प्रत्येक सोमवार को जय बाबा बर्फानी ग्रुप द्वारा शिव भक्तों की सेवा और सत्कार के उद्देश्य से फलाहारी प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर भी शिव भक्तों के बीच फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। जय बाबा बर्फानी ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि शिव भक्तों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और समर्पण की इसी भावना के साथ सावन के प्रत्येक सोमवार को यह सेवा कार्य जारी रहेगा।
इस अवसर पर ज्ञानपुर के चेयरमैन घनश्याम दास गुप्ता, विपिन, विशाल सिंह, राकेश, रमेश भंडारी, बच्चा पेंटर, राजेश और ब्रह्मा मोदनवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।
₹25,000 का इनामी गैंगस्टर उजाला पाण्डेय गिरफ्तार:गोपीगंज पुलिस ने ज्ञानपुर स्टेशन रोड से पकड़ा*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने ₹25,000 के इनामी गैंगस्टर उजाला पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। गोपीगंज पुलिस टीम ने रविवार को ज्ञानपुर स्टेशन रोड से वन विभाग की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा।

उजाला पाण्डेय पुत्र राजकुमार पाण्डेय, निवासी जसवां, थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष है। वह मुकदमा अपराध संख्या 533/2025, धारा 3(1) यू०पी० गैंगेस्टर एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस को सटीक सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त उजाला पाण्डेय का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से: मु0अ0सं0 485/2018 धारा 294/323/392/411/504/506 भादवि थाना हण्डिया; मु0अ0सं0 219/2025 धारा 303(2)/317(2)/317(4)/317(5) बीएनएस थाना गोपीगंज; मु0अ0सं0 223/25 धारा 303(2),317(2)(4)/317 (5),319(2),318 (4),338, 336(3),340(2) बीएनएस थाना गोपीगंज जनपद भदोही; मु0अ0सं0 533/2025 धारा 3(1) उ0प्र0 गैगस्टर एक्ट थाना गोपीगंज जनपद भदोही; और मु0अ0सं0 81/2015 धारा 147/148/149/304/308/323/34/436/458/504/506 भादवि व 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट थाना हण्डिया जनपद प्रयागराज शामिल हैं।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शशांक बाजपेयी और हेड कांस्टेबल मिथिलेश सिंह शामिल थे।
भूमि विवाद में फावड़े से हमला:करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने भूमि विवाद में फावड़े से हमला करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

यह घटना 30 जून 2026 को औराई थाना क्षेत्र के ग्राम डुढ़ाव में हुई थी। आबादी भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में गिरजाशंकर पुत्र लालजी और अन्य लोगों ने सीताराम पुत्र राजनारायण के घर पर गाली-गलौज की।

आरोपियों ने सीताराम और उनकी बेटी पर फावड़े से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। बीच-बचाव करने आए सुभाष को भी लाठी-डंडों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर औराई थाने में मु०अ०सं० 280/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 191(2), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की।

भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रविवार को भरतपुर तिराहे के पास से मुख्य अभियुक्त गिरजाशंकर पुत्र लालजी (42 वर्ष), निवासी ग्राम डुढ़ाव, थाना औराई को गिरफ्तार किया गया।

गिरजाशंकर की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त फावड़ा (आलाकत्ल) बरामद किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक शेतांशु शेखर पंकज और कांस्टेबल रंजीत सिंह, थाना औराई, जनपद भदोही शामिल थे।
*दो पीएचसी का निरीक्षण, वेतन बाधित:सीएम जन आरोग्य मेले में व्यवस्थाएं जांचीं, कर्मचारियों का वेतन कटा*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) डेरवा और लालानगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। लालानगर पीएचसी में अव्यवस्था मिलने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए, साथ ही दो कर्मचारियों का सात दिन का वेतन भी रोका गया।

पीएचसी डेरवा में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के निरीक्षण के दौरान रविवार को ओपीडी में 200 मरीज देखे गए। केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुसार किया जा रहा था।

वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालानगर के निरीक्षण में भी सभी कर्मचारी मौजूद मिले। हालांकि, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि केंद्र के आसपास उगी जंगली घास की तत्काल सफाई करवाई जाए।

निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के चलते वार्ड बॉय श्री सुनील कुमार और स्वीपर श्री विकास का सात दिन का वेतन बाधित कर दिया गया।
गोपीगंज पुलिस ने ₹25,000 इनामी अभय सिंह को गिरफ्तार किया: धोखाधड़ी, आबकारी मामले में 2022 से था फरार



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आबकारी अधिनियम से जुड़े एक मामले में 2022 से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त अभय सिंह को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को भदोही के जंगीगंज क्षेत्र से पकड़ा गया।

अभय सिंह थाना गोपीगंज में दर्ज मु०अ०सं० 278/22 (धारा 420, 467, 468, 471 आईपीसी और 60, 63 आबकारी अधिनियम) से संबंधित था। वह पिछले दो साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सर्विलांस टीम से मिली लोकेशन के आधार पर गोपीगंज पुलिस टीम ने जंगीगंज क्षेत्र में जीटी रोड के किनारे किशनुदेवपुर मोड़ तिराहे के पास कांवड़िया सेवा शिविर के पास घेराबंदी कर अभय सिंह को दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभय सिंह (उम्र करीब 34 वर्ष) पुत्र रामवीर सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मूराब टोला तमकी मोहल्ला, थाना बहजोई, जनपद सम्भल का निवासी है और वर्तमान में बाबर खेड़ा काशीपुर, थाना कुण्डा, जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखंड में रह रहा था। उसकी तलाशी के दौरान एक सैमसंग स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में अभय सिंह ने मु०अ०सं० 278/22 से संबंधित अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और छिप रहा था।

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेशचंद्र यादव, हेड कांस्टेबल सुभाष मल्ल, कांस्टेबल लालाराम (थाना गोपीगंज) तथा कांस्टेबल सुनील पाल और कांस्टेबल सुनील कन्नौजिया (सर्विलांस/एसओजी टीम, जनपद भदोही) शामिल थे।
ज्ञानपुर में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण: औराई के विधानसभा प्रत्याशी रमेश पासी ने मजदूरों को बांटी मिठाई

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने राजा पार्क में ध्वजारोहण किया।
इस दौरान राजा पार्क में राजा साहब को माल्यार्पण कर नमन किया गया। इसके बाद अंबेडकर पार्क, शहीद पार्क और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शीतल पाल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज तिराहे पर किसानों और मजदूरों को मिठाई बांटकर बधाई दी गई।
इस मौके पर औराई के भावी विधायक रमेश पासी, सभासद रंजीत गुप्ता और समाजसेवी अशोक जायसवाल सहित कई लोग अनुपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण:बोले- पीएम-सीएम बलिदानियों के सपने साकार कर रहे*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में शनिवार को तिरंगा फहराया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने कहा कि देश को जब भी आवश्यकता पड़ी, चाहे 1857 में मंगल पांडेय हों या 1942 में देश को आजादी दिलाने का गौरव, यह वीर बलिदानियों को ही मिला। उन्होंने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ सके।

त्रिपाठी ने आगे कहा कि देश को आजाद कराने वाले बलिदानियों और सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साकार कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बघेल, मुनेश्वर गुप्ता और अंजनी कुमार ने सभी से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को गौरवपूर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया।