गोपीगंज पुलिस ने ₹25,000 इनामी अभय सिंह को गिरफ्तार किया: धोखाधड़ी, आबकारी मामले में 2022 से था फरार



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आबकारी अधिनियम से जुड़े एक मामले में 2022 से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त अभय सिंह को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त को भदोही के जंगीगंज क्षेत्र से पकड़ा गया।

अभय सिंह थाना गोपीगंज में दर्ज मु०अ०सं० 278/22 (धारा 420, 467, 468, 471 आईपीसी और 60, 63 आबकारी अधिनियम) से संबंधित था। वह पिछले दो साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सर्विलांस टीम से मिली लोकेशन के आधार पर गोपीगंज पुलिस टीम ने जंगीगंज क्षेत्र में जीटी रोड के किनारे किशनुदेवपुर मोड़ तिराहे के पास कांवड़िया सेवा शिविर के पास घेराबंदी कर अभय सिंह को दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभय सिंह (उम्र करीब 34 वर्ष) पुत्र रामवीर सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मूराब टोला तमकी मोहल्ला, थाना बहजोई, जनपद सम्भल का निवासी है और वर्तमान में बाबर खेड़ा काशीपुर, थाना कुण्डा, जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखंड में रह रहा था। उसकी तलाशी के दौरान एक सैमसंग स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में अभय सिंह ने मु०अ०सं० 278/22 से संबंधित अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और छिप रहा था।

अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेशचंद्र यादव, हेड कांस्टेबल सुभाष मल्ल, कांस्टेबल लालाराम (थाना गोपीगंज) तथा कांस्टेबल सुनील पाल और कांस्टेबल सुनील कन्नौजिया (सर्विलांस/एसओजी टीम, जनपद भदोही) शामिल थे।
ज्ञानपुर में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण: औराई के विधानसभा प्रत्याशी रमेश पासी ने मजदूरों को बांटी मिठाई

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर नगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने राजा पार्क में ध्वजारोहण किया।
इस दौरान राजा पार्क में राजा साहब को माल्यार्पण कर नमन किया गया। इसके बाद अंबेडकर पार्क, शहीद पार्क और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शीतल पाल की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज तिराहे पर किसानों और मजदूरों को मिठाई बांटकर बधाई दी गई।
इस मौके पर औराई के भावी विधायक रमेश पासी, सभासद रंजीत गुप्ता और समाजसेवी अशोक जायसवाल सहित कई लोग अनुपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण:बोले- पीएम-सीएम बलिदानियों के सपने साकार कर रहे*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में शनिवार को तिरंगा फहराया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने कहा कि देश को जब भी आवश्यकता पड़ी, चाहे 1857 में मंगल पांडेय हों या 1942 में देश को आजादी दिलाने का गौरव, यह वीर बलिदानियों को ही मिला। उन्होंने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ सके।

त्रिपाठी ने आगे कहा कि देश को आजाद कराने वाले बलिदानियों और सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साकार कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बघेल, मुनेश्वर गुप्ता और अंजनी कुमार ने सभी से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को गौरवपूर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया।
काशी नरेश विश्वविद्यालय में विद्या परिषद की बैठक: महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रस्तावों पर लगी मुहर


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शुक्रवार को काशी नरेश विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विद्या परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रमों के निर्धारण और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में 30 जून 2026 को आयोजित विद्या परिषद की पिछली बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया। इसके अतिरिक्त, विषय समूह निर्धारण हेतु गठित समिति की संस्तुतियों और विभिन्न विषयों की अध्ययन समितियों द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रमों के अनुमोदन पर भी विचार हुआ। 10 अगस्त 2026 को हुई संकायाध्यक्षों की बैठक के कार्यवृत्त के अनुमोदन पर भी चर्चा की गई।

परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रारंभ किए गए स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नियुक्त किए जाने वाले अतिथि प्रवक्ताओं की संख्या निर्धारित करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें सूचीबद्ध (इम्पैनल) किए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया।

इस बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक केश लाल सहित विद्या परिषद के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा नवीन पाठ्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने की दिशा में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक के अंत में कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्या परिषद के निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
19 अगस्त को वृहद रोजगार मेला: औराई में 50 कंपनियां देंगी नौकरी, ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिला सेवायोजन अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को औराई स्थित एक पैलेस में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला एवं श्रमिक पंजीकरण हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बेरोजगार अभ्यर्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

यह कार्यक्रम सुबह दस बजे से शुरू होगा। इसमें केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराया होगा।

निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले में देश और प्रदेश स्तर की लगभग 50 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है।

ये कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और पात्रता के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।

मेले में भाग लेने से पहले अभ्यर्थियों को 'रोजगार संगम' पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
तिरंगा झंडे और स्टीकर से बाजार गुलजार


*400 रुपए तक के तिरेंगे और अन्य सामान बाजार में उपलब्ध*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे जिले में देश भक्ति का माहौल है। बृहस्पतिवार को जिले के विभिन्न बाजार तिरंगा, स्टीकर, बैंड, टी शर्ट, टोपियों से गुलजार रहे। दुकानों के बाहर और सड़कों पर तिरंगे लहराते नजर आ रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के चलते इस बार मांग बीते सालों की अपेक्षा में बढ़ी है। कपड़ा, स्टेशनरी और जनरल स्टोर की दुकानों पर छोटे-बड़े झंडे, गाड़ी के लिए स्टीकर, माथे की पट्टी, तिरंगा की बिक्री तेजी से हो रही है। 10 रुपये से लेकर 400 रुपये तक के तिरंगे और स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सामग्री बाजार में उपलब्ध हैं। बाजार में तिरंगे की मांग बढ़ने से व्यापारियों के चेहरों पर खुशी है। ज्ञानपुर, गोपीगंज, औराई, भदोही, सुरियावां, चौरी, जंगीगंज, महराजगंज, अभोली, मतेथू, मोढ़ बाजार आदि बाजार तिरंगे से सज चुके हैं। दुकानों पर स्कूली बच्चों की भीड़ लग रही है। वहीं लोग अपने घरों, दुकानों और वाहन को तिरंगा से सजा रहे हैं। ज्ञानपुर पटेल नगर के दुकान रमेश गुप्ता ने बताया कि दुकान पर स्वतंत्रता दिवस से जुडे सामान 10 से 500 रुपये तक में बिक रहे हैं। इस बार झंडे की मांग ज्यादा है। लोग अब सिर्फ 15 अगस्त पर ही नहीं, बल्कि पूरे हफ्ते तिरंगा लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रशासन ने भी सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भवनों पर साफ-सुथरा और मानक के अनुसार तिरंगा लगाया जाए। वहीं स्वयंसेवी संस्थाएं स्कूलों में जाकर बच्चों को तिरंगे का सम्मान और देश भक्ति के बारे में बता रही हैं। देश भक्ति के रंग में रंगा बाजार यह बता रहा है कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पहले से ज्यादा उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे दिव्यांग बच्चे, बैच में होगा भ्रमण*

*हर ब्लॉक से 50-50 बच्चे होंगे चिन्हित, जल्द तय होगा रुट*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चे शैक्षिक भ्रमण पर ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। समेकित शिक्षा के तहत इस विजिट में बच्चों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि स्वीकृत करने के साथ ही विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इसमें एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। छह ब्लॉक में करीब ढाई हजार बच्चे दिव्यांग हैं। किताबों और कक्षा की पढ़ाई के साथ अब दिव्यांग बच्चे बाहर की दुनिया भी देखेंगे और उससे सीखेंगे। इन बच्चों को जिले या आसपास के जिलों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर भ्रमण पर ले जाया जाएगा। 50-50 दिव्यांग बच्चों का बैच बनाकर उनको एक्सपोजर विजिट कराई जाएगी।

जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) रश्मि मिश्रा ने बताया कि बच्चों के चयन में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता का ध्यान रखा जाएगा और भ्रमण पर भेजने से पहले अभिभावकों की लिखित सहमति अनिवार्य होगी। दिव्यांग बच्चों के लिए मौजूदा शिक्षण सत्र में एक्सपोजर विजिट कराने के निर्देश मिले हैं। उन्होंने बताया कि सभी ब्लॉकों से बच्चों का चयन कर जल्द ही रूट तय किया जाएगा।
रोडवेज ज्ञानपुर से तिरंगा रैली निकालकर जनपद वासियों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को किया गया जागृत- डॉ धर्मेन्द्र सिंह


नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌ हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत विधान परिषद डॉ.धर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार के उपस्थिति में रोड़वेज ज्ञानपुर से चित्रांगन लॉन ज्ञानपुर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया।
           रैली के चित्रांगन लॉन पहुंचने के उपरांत आयोजित तिरंगा महोत्सव में तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी सहित विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए। परिसर में तिरंगा थीम आधारित रंगोली, कलाकृतियां, सजावट एवं अलंकरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने अतिथियों का अभिनंदन किया विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वतंत्रता संघर्ष और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ देशवासियों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से राष्ट्रभक्ति का संदेश गांव-गांव और घर-घर पहुंच रहा है। सभी नागरिकों को अभियान से जुड़कर अपने घर तिरंगा फहराना चाहिए।
         जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, एकता और देशप्रेम का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर रहा है। तिरंगा रैली में विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सराहनीय है। उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान को सफल बनाएं।
        भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ज्ञानपुर में आयोजित तिरंगा रैली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की भागीदारी ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी लोग अभियान में सहभागी बनकर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।
          जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में तिरंगे के महत्व को बताना एवं नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना रहा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसके सही उपयोग के बारे में जानकारी दी। तिरंगा रैली गांव-गांव एवं गलियों से होते हुए विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुई, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। जिलाधिकारी ने सभी से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के माध्यम से जनपद में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की भावना के साथ हम सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए तथा देश की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कलाकारों एवं जनपदवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
            इस अवसर पर पूर्व विधायक भदोही रवींद्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा हौसला पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विनय श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जनप्रतिनिधिगण एवं शिक्षक, गणमान्य नागरिक , भारी संख्या में स्कूल के बच्चे उपास्थित रहे।
जिलाबदर अपराधी ऊदल सिंह गिरफ्तार:भदोही में जिले की सीमा में चोरी-छिपे घूमते पकड़ा गया*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। भदोही पुलिस ने जिलाबदर अपराधी ऊदल सिंह को जिले की सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
जिला मजिस्ट्रेट भदोही के आदेशानुसार, ऊदल सिंह को 18 मार्च 2026 से छह महीने के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित (जिलाबदर) किया गया था। इसके बावजूद, वह आदेश का उल्लंघन कर ग्राम अभोली में मौजूद था, जिसकी सूचना मुखबिर द्वारा पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही थाना सुरियावां पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऊदल सिंह को अभोली बिजली पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान 26 वर्षीय ऊदल सिंह पुत्र शेष बहादुर सिंह, निवासी ग्राम भीमसेनपुर, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ थाना सुरियावां में मु0अ0सं0- 263/26 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल आशीष शुक्ला और कांस्टेबल अहम सिंह की टीम शामिल थी।
भदोही में 'जल चौपाल' का आयोजन:जल संरक्षण पर हुई चर्चा, मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने दिया ऑनलाइन संदेश


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बुधवार को भदोही के सुन्दरवन स्थित श्री रामजानकी मंदिर प्रांगण में 'जल चौपाल' नामक एक सभा का आयोजन किया गया। लीगल राइट्स कॉन्सिल इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित इस सभा की अध्यक्षता मंदिर की पीठाधीश्वर गुरु माँ राजलक्ष्मी मंदा ने की।

इस सभा में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (जल शक्ति) स्वतंत्रदेव सिंह ने अस्वस्थता के कारण ऑनलाइन माध्यम से अपना संदेश दिया। वाटर मैन ऑफ इंडिया के नाम से विख्यात पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय, काशीनरेश विश्वविद्यालय ज्ञानपुर, भदोही की कुलपति प्रोफेसर ऊमा श्रीवास्तव, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग स्टेट यूनिवर्सिटी, चित्रकूट के कुलपति शिशिर कुमार पाण्डेय और उत्तर प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता एम. सी. चतुर्वेदी सहित कई विद्वानों ने भी सभा को संबोधित किया।

सभा में सुदूर ग्रामीण अंचलों से आए 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को संबोधित करते हुए गुरु माँ राजलक्ष्मी मंदा ने जल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल सोने से भी अधिक मूल्यवान है और इसका स्तर लगातार नीचे जा रहा है। गुरु माँ ने जनमानस को सचेत करते हुए कहा कि जल को बचाया जा सकता है, लेकिन इसे बनाया नहीं जा सकता।

सभा का समापन कार्यक्रम के संयोजक मनीष पाण्डेय के उद्बोधन के साथ हुआ।