तीज के रंग में रंगे नन्हे-मुन्ने, गीत-संगीत और नृत्य से सजाया उत्सव
मेरठ। गुरुवार को डी मोनफोर अकैडमी के किंडरगार्डन के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ तीज उत्सव मनाया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर तीज पर्व की परंपराओं को जीवंत कर दिया।

तीज भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण लोकपर्व है, जो पारंपरिक त्योहारों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना था। बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल बन गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री समीर वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व को सहज एवं आनंदपूर्ण तरीके से सीखते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक जागरूकता देखने को मिली। नन्हे-मुन्नों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल पारंपरिक रंगों व उल्लास से भर उठा।
रेंजर खुशबू उपाध्याय की मुस्तैदी से कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा मजबूत, कैमरा ट्रैप से तेंदुए पर नजर
आधी रात तक शाहपुर-बटावली नहर कांवड़ मार्ग पर टीम के साथ गश्त करती रहीं रेंजर, शिवभक्तों ने कहा- हर विभाग में ऐसे जिम्मेदार अधिकारी होने चाहिए

बहसूमा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर गाजियाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। रविवार रात करीब 12:30 बजे हस्तिनापुर रेंज अधिकारी खुशबू उपाध्याय स्वयं शाहपुर-बटावली नहर स्थित कांवड़ मार्ग पर पहुंचीं। उन्होंने वन विभाग की टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संभावित वन्यजीव गतिविधियों को लेकर टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग ने निगरानी और बढ़ा दी है। शाहपुर-बटावली नहर समेत आसपास के जंगल और गन्ने के खेतों में कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से तेंदुए और अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। टीम रात के समय भी कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर रही है।

रात में वन विभाग की टीम को मौके पर सक्रिय देखकर कांवड़ यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा दिखाई दिया। शिवभक्तों ने रेंजर खुशबू उपाध्याय की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि हर सरकारी विभाग में ऐसे ही जिम्मेदार और सक्रिय अधिकारी होने चाहिए, जो केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर जरूरत के समय स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लें।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल या गन्ने के खेतों के आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें और उसके नजदीक जाने से बचें।
सावन में सिद्ध पीठ शिव मंदिर पहुंचे जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
बहसूमा। सावन मास के पावन अवसर पर प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री एवं हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक रविवार को सैफपुर-फिरोजपुर स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ शिव मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।

मंत्री दिनेश खटीक ने मंदिर परिसर में कुछ समय रुककर श्रद्धालुओं से मुलाकात की। सावन के चलते मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

मंत्री ने कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस पवित्र माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी आस्था और संस्कृति के केंद्र हैं।

इस दौरान भारतीय गौ सेवा संघ के मेरठ जिला उपाध्यक्ष परविंदर उर्फ जैन साहब, लक्की चौधरी मोड़ खुर्द, श्रीराम मोड़ कला, सुभाष कैप्टन मोहम्मदपुर सकिश्त, सुमित चाहल, विमल रामराज, मोनू बंसल और अजय कुमार समेत क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सभी ने मंत्री के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता की और कांवड़ यात्रियों की सेवा-सत्कार को लेकर भी चर्चा की।
मंदिर के सामने जलभराव से ग्रामीण परेशान, फर्जी मनरेगा कार्यों के आरोप सरकार की छवि हो रही धू‌मिल

बहसूमा। विकासखंड हस्तिनापुर के ग्राम मोहम्मदपुर सकिश्त में मंदिर के सामने पिछले कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत स्तर पर शिकायत करने के बावजूद न तो जलनिकासी की व्यवस्था कराई गई और न ही सफाई अभियान चलाया गया। लगातार भरे पानी से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्यों को लेकर भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि मनरेगा के तहत कई कार्यों में फर्जी हाजिरी लगाए जाने की शिकायत ब्लॉक स्तर पर कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि मनरेगा योजनाओं में अनियमितताएं हो रही हैं और समय रहते उनकी जांच नहीं होती, तो इससे सरकार की योजनाओं की साख प्रभावित होती है तथा आम जनता के बीच सरकार की छवि धूमिल होती है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मंदिर के सामने जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने तथा मनरेगा कार्यों में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कांवड़ मार्ग पर वन विभाग का अलर्ट: शाहपुर बटावली नहर पर 24 घंटे निगरानी, अफवाहों से बचने की अपील
बहसूमा। बहसूमा थाना क्षेत्र के कांवड़ मार्ग स्थित शाहपुर बटावली नहर पर तेंदुए की संभावित गतिविधियों की सूचना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हस्तिनापुर रेंज अधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और 24 घंटे निगरानी बनाए हुए है। विभाग का कहना है कि अब तक तेंदुए के हमले से किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।

वन विभाग की टीम कांवड़ मार्ग, शाहपुर बटावली नहर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही है। विभाग के अनुसार, प्राप्त सूचनाओं के आधार पर तेंदुए की गतिविधि मुजफ्फरनगर की ओर भूम्मा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है, जिसका लगातार सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों और कांवड़ यात्रियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या स्थानीय पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

रेंज अधिकारी खुशबू उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए से जुड़ी किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसका पीछा करने या भीड़ इकट्ठा करने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें। उन्होंने रात के समय अकेले जंगल या वन क्षेत्र में जाने से बचने की भी सलाह दी।

लगातार निगरानी और सक्रिय कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि रेंज अधिकारी खुशबू उपाध्याय स्वयं पूरी तत्परता के साथ क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं
कांवड़ यात्रा में नहीं रहेगी कोई कमी, डीएम-एसएसपी ने खुद संभाली कमान; फिरोजपुर महादेव मंदिर पहुंचकर परखी तैयारियां

बहसूमा। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने सिद्ध पीठ फिरोजपुर महादेव मंदिर पहुंचकर तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने महर्षि दुर्वासा की तपोस्थली स्थित प्राचीन तालाब का भी निरीक्षण किया। तालाब की बदहाल स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई, सौंदर्यीकरण तथा जीर्णोद्धार शुरू कराने के निर्देश दिए। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैंडपंप लगाने की मांग पर डीएम ने पुराने स्पेयर हैंडपंप को री-बोर कराकर मंदिर परिसर के निकट स्थापित कराने का आश्वासन दिया।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 24 घंटे पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
रामराज में सपा की पीडीए गोष्ठी आयोजित, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
रामराज /बहसुमा (मेरठ)। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के रामराज में अमरपाल ग्रेवाल और नईमुद्दीन के नेतृत्व में पीडीए गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव किशोर वाल्मीकि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज हसन ने तथा संचालन इंतजार चौधरी ने किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए किशोर वाल्मीकि ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और घर-घर समाजवादी पार्टी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश से भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में किसानों, नौजवानों और महिलाओं को सम्मान व रोजगार मिल सकता है। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा पर विभिन्न राजनीतिक आरोप भी लगाए।

प्रदेश सचिव सरदार नरवैर सिंह खालसा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं। इंतजार चौधरी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनने जा रही है।

इस अवसर पर बहसूमा के पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर फरीदी, जावेद अल्वी, मोनू बटला, प्रधान गोल्डी सिंह, पवन मलिक, अमरीक सिंह, सरदार गुरजीत सिंह, अमरजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, गब्बर सिंह, मोबिन खान, अवनीश चौधरी, संदीप जाटव, नौशाद, सरदार रणजीत सिंह, इरफान चौधरी, सादिक चौधरी, वसीम अहमद, कामिल चौधरी, मुंतियाज चौधरी, तनवीर चौधरी, इसरार चौधरी, महताब मिस्त्री, डॉ. आमिर खान, फुरकान खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जी राम जी मनरेगा में फर्जीवाड़े का आरोप, कई गांवों में बिना काम के कागजों में भर रही हाजिरी
बहसूमा (मेरठ)। क्षेत्र के मोहम्मदपुर सकिश्त, सदरपुर, रामराज और सैफपुर-फिरोजपुर सहित कई गांवों में संचालित जी राम जी मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता कंवरपाल और परविंद्र सहित ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर मौके पर कार्य नहीं कराया जा रहा, जबकि कागजों में मजदूरों की हाजिरी दर्ज कर सरकारी धन का भुगतान दर्शाया जा रहा है। उनका कहना है कि जो लोग मनरेगा कार्य पर गए ही नहीं, उनके भी फोटो खींचकर हाजिरी लगा दी जाती है।

कंवरपाल ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस फर्जीवाड़े का विरोध किया जाता है या शिकायत करने की बात कही जाती है तो संबंधित लोग कथित तौर पर कहते हैं, "हमारे ऊपर तक संबंध हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" आरोप है कि पहले भी इस प्रकार की फर्जी हाजिरी के मामले सामने आ चुके हैं और शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

शिकायतकर्ता परविंद्र ने पूरे मामले की शिकायत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार से की है। उनका कहना है कि उनके पास कथित फर्जी हाजिरी से जुड़े कई साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने मनरेगा में कार्य ही नहीं किया, उनकी भी उपस्थिति दर्ज कर सरकारी धन का भुगतान दिखाया जा रहा है।

इस संबंध में बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग पर रोक लगे और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का लाभ वास्त
भारतीय गौ सेवा संघ के अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान जगदीप सिंह को, राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त
रामराज/मुजफ्फरनगर। भारतीय गौ सेवा संघ के रामराज स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार और गौ संरक्षण अभियान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम शाहपुर रामराज, जनपद मुजफ्फरनगर निवासी जगदीप सिंह पुत्र महेंद्र सिंह को अल्पसंख्यक मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि जगदीप सिंह के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी गौ सेवा के कार्यों में और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि "गौ माता सबकी माता है और उनकी सेवा एवं संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है।"

मेरठ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष परविंदर उर्फ जैन साहब, कोषाध्यक्ष अजय कुमार तथा प्रिंस नितिन ने संयुक्त रूप से कहा कि जगदीप सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन भविष्य में भी गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और जनसेवा के कार्यों को पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ाता रहेगा तथा अधिक से अधिक लोगों को गौ सेवा के इस अभियान से जोड़ेगा।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जगदीप सिंह का फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक मोर्चा राष्ट्रीय स्तर पर गौ सेवा के अभियान को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।
चुहापुर गौशाला की तस्वीर देख छलके गोसेवकों के आंसू, रामराज कार्यालय में फूटा आक्रोश; कार्रवाई की मांग
रामराज (मेरठ)। चुहापुर गौशाला में कथित अव्यवस्थाओं और गोवंशों की दयनीय स्थिति को लेकर भारतीय गौ सेवा संघ के पदाधिकारियों एवं गोसेवकों ने रामराज स्थित संगठन कार्यालय पर बैठक की। बैठक में गौशाला से जुड़े फोटो और घटनाक्रम साझा किए गए। गोसेवकों का कहना था कि तस्वीरें और क्षेत्रवासियों द्वारा बताई गई स्थिति इतनी पीड़ादायक थी कि उन्हें देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल भावुक हो उठा।

बैठक में मौजूद गोसेवकों ने आरोप लगाया कि गौशाला में कई गोवंशों की मौत हो चुकी है, जबकि अनेक बीमार पशु समय पर उपचार और उचित देखभाल के अभाव में तड़प रहे हैं। उनका कहना था कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो और भी गोवंशों की जान खतरे में पड़ सकती है।

भारतीय गौ सेवा संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा गौशाला में पशुओं के लिए बेहतर चारा, उपचार और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि धरातल पर भी इसकी वास्तविक व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल चौधरी, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, जिला अध्यक्ष (मेरठ) विजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास बालियान, जिला सचिव (मेरठ) रोहित चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष हस्तिनापुर यश कुमार, नगर अध्यक्ष रामराज शिवम, रितिक कुमार, नगर अध्यक्ष प्रिंस, आकाश, शिवम, मोहित, नगर कार्यकर्ता नितिन, प्रजापति, नितिन सहित अन्य गोसेवक मौजूद रहे।