जिलाबदर अपराधी ऊदल सिंह गिरफ्तार:भदोही में जिले की सीमा में चोरी-छिपे घूमते पकड़ा गया*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। भदोही पुलिस ने जिलाबदर अपराधी ऊदल सिंह को जिले की सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
जिला मजिस्ट्रेट भदोही के आदेशानुसार, ऊदल सिंह को 18 मार्च 2026 से छह महीने के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित (जिलाबदर) किया गया था। इसके बावजूद, वह आदेश का उल्लंघन कर ग्राम अभोली में मौजूद था, जिसकी सूचना मुखबिर द्वारा पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही थाना सुरियावां पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऊदल सिंह को अभोली बिजली पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान 26 वर्षीय ऊदल सिंह पुत्र शेष बहादुर सिंह, निवासी ग्राम भीमसेनपुर, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ थाना सुरियावां में मु0अ0सं0- 263/26 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल आशीष शुक्ला और कांस्टेबल अहम सिंह की टीम शामिल थी।
भदोही में 'जल चौपाल' का आयोजन:जल संरक्षण पर हुई चर्चा, मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने दिया ऑनलाइन संदेश


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बुधवार को भदोही के सुन्दरवन स्थित श्री रामजानकी मंदिर प्रांगण में 'जल चौपाल' नामक एक सभा का आयोजन किया गया। लीगल राइट्स कॉन्सिल इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित इस सभा की अध्यक्षता मंदिर की पीठाधीश्वर गुरु माँ राजलक्ष्मी मंदा ने की।

इस सभा में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (जल शक्ति) स्वतंत्रदेव सिंह ने अस्वस्थता के कारण ऑनलाइन माध्यम से अपना संदेश दिया। वाटर मैन ऑफ इंडिया के नाम से विख्यात पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय, काशीनरेश विश्वविद्यालय ज्ञानपुर, भदोही की कुलपति प्रोफेसर ऊमा श्रीवास्तव, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग स्टेट यूनिवर्सिटी, चित्रकूट के कुलपति शिशिर कुमार पाण्डेय और उत्तर प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता एम. सी. चतुर्वेदी सहित कई विद्वानों ने भी सभा को संबोधित किया।

सभा में सुदूर ग्रामीण अंचलों से आए 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों को संबोधित करते हुए गुरु माँ राजलक्ष्मी मंदा ने जल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल सोने से भी अधिक मूल्यवान है और इसका स्तर लगातार नीचे जा रहा है। गुरु माँ ने जनमानस को सचेत करते हुए कहा कि जल को बचाया जा सकता है, लेकिन इसे बनाया नहीं जा सकता।

सभा का समापन कार्यक्रम के संयोजक मनीष पाण्डेय के उद्बोधन के साथ हुआ।
जनपद मऊ -: अमिला में युवक की मौत के बाद हंगामा, शव रखकर मुख्य मार्ग जाम; लोन वसूली के दबाव का आरोप
मऊ। अमिला क्षेत्र में 38 वर्षीय अजय उर्फ गोरेलाल सोनकर की अचानक मौत के बाद मामला गरमा गया। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए लोन वसूली के दबाव और लोन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया।

आक्रोशित परिजनों ने शव को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की अमिला शाखा के सामने रखकर अमिला-बोझी मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

परिजनों के अनुसार, अजय ने करीब छह वर्ष पहले अपने नाम से 20 लाख रुपये और पत्नी के नाम से 11 लाख रुपये का लोन लिया था। कुल 31 लाख रुपये के इस ऋण को लेकर बैंक की ओर से लगातार वसूली का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि लोन दिलाने की प्रक्रिया में कथित बिचौलियों और बैंककर्मियों की भूमिका रही और इसमें अनियमितताएं की गईं।

परिजनों का कहना है कि बैंक की ओर से वसूली संबंधी नोटिस मिलने के बाद से अजय मानसिक तनाव में थे।

मंगलवार को कुसुम्हा स्थित अपनी फास्ट फूड की दुकान पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें दोहरीघाट सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

अजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाया।

बाद में शव को बैंक के मुख्य गेट के सामने रखकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान बैंक का मुख्य गेट बंद रहा और कर्मचारी अंदर मौजूद रहे।

सूचना मिलने पर सीओ जितेंद्र सिंह और एसडीएम अशोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

मृतक की पत्नी ने बैंककर्मियों और कथित बिचौलियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के

बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक रीतू यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
काशी नरेश विश्वविद्यालय में रंगोली-राखी प्रतियोगिता:स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा थीम, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रंगोली एवं राखी रचना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका विषय 'तिरंगा' था, जो राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति का प्रतीक था।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने केसरिया, श्वेत और हरे रंगों का प्रयोग कर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। कुछ रंगोलियों में भारत की विविधता को दर्शाया गया, तो कुछ में ज्ञान रूपी हंस को देश की उन्नति का आधार बताया गया। इसरो की क्षमताओं को प्रदर्शित करती मिसाइल की रंगोली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।

राखी रचना में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों के धागों, ऊन, कागज, फूल, मिट्टी, अनाज, नग, मोती और मोर पंख जैसी विभिन्न सामग्रियों का उपयोग कर राखियां बनाईं।

प्रिया मिश्रा की क्रोशिया से बनी राखी, ज्योति मिश्र की अनाज की राखी, रिशु शुक्ला की फूल की राखी, महक की मिट्टी की राखी और साक्षी की मलाई डोरी की राखी विशेष रूप से सराही गईं। आकांक्षा, काजल, ज्योति, गुंजा और सपना द्वारा बनाई गई नग-मोती वाली फैंसी राखियां भी मनमोहक थीं।

इस अवसर पर छात्राओं और निर्णायक मंडल ने तिरंगे के महत्व और उससे जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा कीं। प्रतियोगिता की निर्णायक प्रोफेसर रश्मि सिंह और डॉक्टर गीता यादव थीं। कार्यक्रम को डॉक्टर ईरा त्रिपाठी, डॉक्टर मधु और डॉक्टर जान्हवी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
चोरी के बाद SP अशोक कुमार मीणा का बड़ा एक्शन, इंस्पेक्टर समेत 3 लाइन हाजिर
.
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई में कोतवाली देहात क्षेत्र के न्यू पोहकर पुरवा में हुई चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। क्षेत्र में प्रभावी गश्त न करने और कर्तव्य में शिथिलता बरतने के आरोप में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके साथ दो सिपाहियों अभिन्न और सत्येंद्र को भी लाइन हाजिर किया गया है। इससे पहले इसी चोरी के मामले में लापरवाही के आरोप में दो सिपाहियों को निलंबित किया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।न्यू पोहकर पुरवा में चोरों ने रात के समय कई घरों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। वारदात के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अशोक कुमार मीणा ने जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक पर प्रभावी गश्त नहीं कराने और कर्तव्य के प्रति शिथिलता का आरोप है, जबकि दोनों सिपाहियों पर ड्यूटी में लापरवाही के साथ थाने पर अनावश्यक रूप से लोगों को बैठाने और अनैतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से ऐसा किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एसपी का संदेश साफ है—ड्यूटी में लापरवाही की कीमत चुकानी होगी। पुलिस विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही साफ चेतावनी दी गई है कि पुलिसिंग में लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भदोही पुलिस की महाशिवरात्रि के लिए व्यापक तैयारी:मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त बल तैनात

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने श्रावण मास की महाशिवरात्रि के मद्देनजर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मंगलवार को सेमराधनाथ मंदिर, कोईरौना और गंगा घाट का संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सतर्कता और यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख शिव मंदिरों, गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भदोही पुलिस कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार भ्रमण और निगरानी कर रही है।
नीति तारा प्लेटफॉर्म से साक्ष्य-आधारित योजना एवं डेटा-संचालित निर्णय प्रक्रिया को मिलेगा बढ़ावा

*प्रभारी जिलाधिकारी  शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में नीति तारा के संबंध में अधिकारियों को दी गई जानकारी*


-‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नीति तारा (NITI TARA) प्लेटफॉर्म के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी गई। इस दौरान अधिकारियों को नीति तारा की अवधारणा, उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए डेटा-आधारित एवं साक्ष्य-आधारित शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

नीति तारा (NITI TARA) भारत सरकार के नीति आयोग (NITI Aayog) द्वारा विकसित एक आधुनिक, पोर्टेबल एवं प्लग-एंड-प्ले गवर्नेंस टूलकिट है। TARA का पूर्ण रूप Toolkit for Analysis, Review and Action अर्थात विश्लेषण, समीक्षा एवं कार्रवाई के लिए टूलकिट है। इसका प्रमुख उद्देश्य जिला एवं ब्लॉक स्तर पर साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण तथा डेटा-संचालित निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ करना है।

इस टूलकिट के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित आंकड़ों को एकीकृत रूप में देखा और विश्लेषित किया जा सकता है। यह अधिकारियों को योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए डेटा एवं ग्राफिक्स आधारित प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। इससे बैठकों में अनुमान के स्थान पर प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

नीति तारा की उपयोगिता विशेष रूप से जिला प्रशासन, आकांक्षी ब्लॉकों तथा विभिन्न विकास योजनाओं की निगरानी में महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी, विभागवार उपलब्धियों एवं कमियों की पहचान तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहायक होगा। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित आंकड़ों को एक मंच पर उपलब्ध होने से योजनाओं की समग्र समीक्षा एवं प्राथमिकताओं का निर्धारण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

इस अवसर पर बताया गया कि एडसिल (इंडिया) लिमिटेड नीति आयोग के नीति तारा प्लेटफॉर्म के लिए प्रशिक्षण एवं संसाधन भागीदार के रूप में कार्य कर रहा है। एडसिल के मास्टर ट्रेनरों द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए क्षमता निर्माण तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य अधिकारियों को प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के लिए दक्ष बनाना तथा डेटा-आधारित शासन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध आंकड़ों का नियमित रूप से विश्लेषण करते हुए योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए तथा जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक एवं प्रमाणिक आंकड़ों का प्रभावी उपयोग पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामपरक प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़:बाबा बड़े शिव के दर्शन को लगी लंबी कतारें*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। सावन के दूसरे सोमवार को नगर और आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही बाबा बड़े शिव धाम और तिलंगा स्थित पांडवकालीन बाबा तिलेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्त पहुंचने लगे। बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
सावन सोमवार के अवसर पर क्षेत्रीय कांवड़िए भी प्रयागराज से गंगाजल लेकर पहुंचे। उन्होंने बाबा बड़े शिव और तिलेश्वर नाथ मंदिरों में जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिसकर्मी लगातार मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहे, जिससे भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
बाबा बड़े शिव मंदिर पर बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सेवा की। समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू अपने सदस्यों के साथ पूरे दिन सेवा कार्यों में लगे रहे।
समिति की ओर से कांवड़ियों को निःशुल्क भोजन और प्रसाद वितरित किया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को भोजन-पानी भी उपलब्ध कराया गया, जिससे कांवड़ियों को काफी राहत मिली।
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ज्ञानपुर मंदिर में फलाहारी प्रसाद वितरित:जय बाबा बर्फानी ग्रुप ने सावन सोमवार पर श्रद्धालुओं को बांटा*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर स्थित  हरिहरनाथ मंदिर परिसर में पवित्र सावन मास के प्रत्येक सोमवार को शिव भक्तों के लिए फलाहारी प्रसाद का वितरण किया गया। यह सेवा जय बाबा बर्फानी ग्रुप द्वारा आयोजित की गई।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने ग्रुप द्वारा वितरित किया गया फलाहारी प्रसाद ग्रहण किया।

जय बाबा बर्फानी ग्रुप के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की। उन्होंने सभी भक्तों को फलाहारी प्रसाद वितरित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रसाद वितरण कार्यक्रम में अनिल गुप्ता, विशाल सिंह, विकास, विपिन, भंडारी, सुनील, राकेश देववशी ब्रह्मा मोदनवाल, राजेंद्र, राजेश, महेंद्र और विपिन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
9.60 लाख की फर्जी लूट का खुलासा, 2 गिरफ्तार: वादी ने दोस्त संग मिलकर रची थी साजिश, 24 घंटे में पर्दाफाश*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने 9.60 लाख रुपये की फर्जी लूट का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। इस मामले में वादी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वादी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

यह मामला 8 अगस्त 2026 को औराई पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। गुलाम आजाद पुत्र निजामुद्दीन अंसारी निवासी कठारी, थाना औराई, जनपद भदोही ने लिखित सूचना दी थी कि 7 अगस्त 2026 को उसने अपने दोस्त इमरान के साथ औराई स्थित एक्सिस बैंक शाखा से 9,60,000 रुपये निकाले थे।

वादी के अनुसार, आईटीआई कॉलेज लीलाधरपुर के पास अज्ञात बदमाशों ने उससे ये पैसे लूट लिए थे। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल धारा 309(4) बीएनएस के तहत मु0अ0सं0- 354/2026 पंजीकृत कर जांच शुरू की।

औराई पुलिस की तत्परता और गहन जांच के आधार पर मात्र 24 घंटे के अंदर फर्जी लूट की पूरी कहानी का खुलासा हो गया। जांच में पता चला कि कोई वास्तविक लूट नहीं हुई थी, बल्कि गुलाम आजाद ने अपने दोस्त इमरान के साथ मिलकर 9.60 लाख रुपये की धनराशि हड़पने के उद्देश्य से यह फर्जी लूट की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर औराई बाईपास हाईवे सड़क से पुरुषोत्तमपुर तिराहा की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क से करीब 200 मीटर आगे घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वे लूटी गई रकम का बंटवारा कर फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में गुलाम आजाद पुत्र निजामुद्दीन अंसारी निवासी कठारी, थाना औराई, जनपद भदोही और इमरान पुत्र मोहम्मद हकीम निवासी सदर रोड वार्ड नं0-13 घोसियां, थाना औराई, जनपद भदोही शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई पूरी 9,60,000 रुपये की नगद धनराशि और रकम छुपाने के लिए इस्तेमाल किया गया पिठ्ठू बैग बरामद किया है। इस खुलासे के बाद मामले में सुसंगत धाराओं (धारा 316(5), 212, 61(2) बीएनएस) की तरमीम की गई है।


*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:-*
प्रभारी निरीक्षक औराई श्री राजेश कुमार सिंह, नि0अ0 सेतान्षु शेखर पंकज, कां0 रंजीत सिंह, कां0 वैभव सिंह, हे0का0 एकलाख खाँ,कां0 पवनेश कुमार, कां0 शेषनाथ, रि0कां0 रामजी थाना औराई जनपद भदोही।