सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़:बाबा बड़े शिव के दर्शन को लगी लंबी कतारें*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। सावन के दूसरे सोमवार को नगर और आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही बाबा बड़े शिव धाम और तिलंगा स्थित पांडवकालीन बाबा तिलेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्त पहुंचने लगे। बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
सावन सोमवार के अवसर पर क्षेत्रीय कांवड़िए भी प्रयागराज से गंगाजल लेकर पहुंचे। उन्होंने बाबा बड़े शिव और तिलेश्वर नाथ मंदिरों में जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिसकर्मी लगातार मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहे, जिससे भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
बाबा बड़े शिव मंदिर पर बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सेवा की। समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू अपने सदस्यों के साथ पूरे दिन सेवा कार्यों में लगे रहे।
समिति की ओर से कांवड़ियों को निःशुल्क भोजन और प्रसाद वितरित किया गया। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को भोजन-पानी भी उपलब्ध कराया गया, जिससे कांवड़ियों को काफी राहत मिली।
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ज्ञानपुर मंदिर में फलाहारी प्रसाद वितरित:जय बाबा बर्फानी ग्रुप ने सावन सोमवार पर श्रद्धालुओं को बांटा*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर स्थित  हरिहरनाथ मंदिर परिसर में पवित्र सावन मास के प्रत्येक सोमवार को शिव भक्तों के लिए फलाहारी प्रसाद का वितरण किया गया। यह सेवा जय बाबा बर्फानी ग्रुप द्वारा आयोजित की गई।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने ग्रुप द्वारा वितरित किया गया फलाहारी प्रसाद ग्रहण किया।

जय बाबा बर्फानी ग्रुप के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की। उन्होंने सभी भक्तों को फलाहारी प्रसाद वितरित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रसाद वितरण कार्यक्रम में अनिल गुप्ता, विशाल सिंह, विकास, विपिन, भंडारी, सुनील, राकेश देववशी ब्रह्मा मोदनवाल, राजेंद्र, राजेश, महेंद्र और विपिन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
9.60 लाख की फर्जी लूट का खुलासा, 2 गिरफ्तार: वादी ने दोस्त संग मिलकर रची थी साजिश, 24 घंटे में पर्दाफाश*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने 9.60 लाख रुपये की फर्जी लूट का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। इस मामले में वादी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वादी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।

यह मामला 8 अगस्त 2026 को औराई पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। गुलाम आजाद पुत्र निजामुद्दीन अंसारी निवासी कठारी, थाना औराई, जनपद भदोही ने लिखित सूचना दी थी कि 7 अगस्त 2026 को उसने अपने दोस्त इमरान के साथ औराई स्थित एक्सिस बैंक शाखा से 9,60,000 रुपये निकाले थे।

वादी के अनुसार, आईटीआई कॉलेज लीलाधरपुर के पास अज्ञात बदमाशों ने उससे ये पैसे लूट लिए थे। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल धारा 309(4) बीएनएस के तहत मु0अ0सं0- 354/2026 पंजीकृत कर जांच शुरू की।

औराई पुलिस की तत्परता और गहन जांच के आधार पर मात्र 24 घंटे के अंदर फर्जी लूट की पूरी कहानी का खुलासा हो गया। जांच में पता चला कि कोई वास्तविक लूट नहीं हुई थी, बल्कि गुलाम आजाद ने अपने दोस्त इमरान के साथ मिलकर 9.60 लाख रुपये की धनराशि हड़पने के उद्देश्य से यह फर्जी लूट की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर औराई बाईपास हाईवे सड़क से पुरुषोत्तमपुर तिराहा की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क से करीब 200 मीटर आगे घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वे लूटी गई रकम का बंटवारा कर फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में गुलाम आजाद पुत्र निजामुद्दीन अंसारी निवासी कठारी, थाना औराई, जनपद भदोही और इमरान पुत्र मोहम्मद हकीम निवासी सदर रोड वार्ड नं0-13 घोसियां, थाना औराई, जनपद भदोही शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई पूरी 9,60,000 रुपये की नगद धनराशि और रकम छुपाने के लिए इस्तेमाल किया गया पिठ्ठू बैग बरामद किया है। इस खुलासे के बाद मामले में सुसंगत धाराओं (धारा 316(5), 212, 61(2) बीएनएस) की तरमीम की गई है।


*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:-*
प्रभारी निरीक्षक औराई श्री राजेश कुमार सिंह, नि0अ0 सेतान्षु शेखर पंकज, कां0 रंजीत सिंह, कां0 वैभव सिंह, हे0का0 एकलाख खाँ,कां0 पवनेश कुमार, कां0 शेषनाथ, रि0कां0 रामजी थाना औराई जनपद भदोही।
सुरियावां पुलिस ने बैटरी चोर गिरोह के दो सदस्य पकड़े:8 चोरी की बैटरियां, 2 तमंचे, 4 कारतूस और ₹5200 नकद बरामद*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सुरियावां पुलिस ने बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8 चोरी की बैटरियां, 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 5200 रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में रविवार को सुरियावां पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जल जीवन मिशन की पानी की टंकियों, स्कूलों और घरों से बैटरी चोरी करने वाले दो व्यक्ति चोरी की बैटरियां लेकर मोटरसाइकिल से मोढ़ की तरफ जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भेटवर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल आती दिखी, जिसे रोककर उस पर सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 अवैध तमंचे 315 बोर, 4 जिंदा कारतूस 315 बोर और 5200 रुपये नकद बरामद हुए। मोटरसाइकिल पर रखी 2 बैटरियों के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सूरज गुप्ता (24 वर्ष) पुत्र प्रहलाद गुप्ता और राहुल गुप्ता (26 वर्ष) पुत्र सुरेश गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों नयापुर, थाना भदोही, जनपद भदोही के निवासी हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और सुमित त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।


*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:-*
उ0नि0 विनोद कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी पाली, उ0नि0 सच्चिदानन्द राय, चौकी प्रभारी ख्योंर, उ0नि0 संजय सिंह, , का0आशीष शुक्ला, का0 आशीष चौहान का0 शकील खाँ, का0 पंकज यादव, का0 अहम सिंह थाना सुरियावां।
गोपीगंज में श्रावण मास काँवरियाँ सेवा शिविर:पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को श्रावण मास के अवसर पर 'काँवरियाँ सेवा शिविर' का उद्घाटन किया गया। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शिविर में काँवरियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। इन सुविधाओं में स्नानघर, शुद्ध पेयजल, विश्राम स्थल, भोजन और चिकित्सा सहायता शामिल थीं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने मुख्य आयोजक जितेंद्र गुप्ता और उनके सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं से उन्हें लाभ मिलेगा। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद, पुलिस और प्रशासन कावड़ यात्रियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण और सुगम यात्रा की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा शिविर 24 घंटे संचालित रहेगा। इसमें जलपान, स्नानागार, चिकित्सा और भोजन की व्यवस्थाएँ की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह शिविर दूर-दराज से आने वाले कावड़ यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण विश्राम स्थल होगा। अग्रवाल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजामों का आश्वासन दिया और कहा कि प्रशासन जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है, ताकि सभी नागरिक सुरक्षित यात्रा कर सकें।
बारिश में भी अमृत सरोवर बेपानी, झाड़ियां और सील्ट से बदरंग*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जल संरक्षण और भूजल बढ़ाने के लिए जिले में 165 अमृत सरोवर बनाए गए। हर एक पर 15 से 20 लाख रुपये खर्च हुए। लेकिन बारिश के बाद भी हकीकत कुछ और ही है। कई सरोवर में तलहटी तक पानी नहीं हो सका है। कहीं झाड़ियां उग आई हैं तो कहीं तले में सील्ट जम गई है। करोड़ों खर्च के बाद भी ये सरोवर बदरंग होकर उपेक्षा की कहानी कह रहे हैं। जिले में 546 ग्राम पंचायतें हैं। जल संरक्षण संग शहर की तर्ज पर गांव में भी पिकनिक स्पॉट तैयार करने के लिए तालाबों के सुंदरीकरण की मुहिम शुरू की गई। इसके तहत अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहे तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाने लगा। साल 2022 से शुरू हुई मुहिम में ऐसे सरोवर परिसर में न सिर्फ छायादार व फूलदार पौधे लगाए गए बल्कि परिसर में दूधिया रोशनी के साथ ही लोगों के बैठने के लिए बेंच भी स्थापित की गई। औसतन तालाब की लंबाई के हिसाब से आठ लाख से लेकर 15 लाख तक एक-एक सरोवर पर खर्च हुए। ग्राम पंचायतों की उदासीनता और अफसरों की अनदेखी के कारण यह सरोवर बदहाली में गुजर रहे हैं। अभोली, डीघ और औराई के तीन से चार तालाबों की हकीकत देखी। अभोली के ख्यौंखर अमृत सरोवर के चारो तरफ झाड़ियां मिली। औराई के उमरहा की स्थिति ठीक मिली, लेकिन इसमें पानी नाममात्र का मिला। डीघ के ओझापुर में भी सरोवर बदहाल मिला। साफ-सफाई न होने से 15 अगस्त को इन सरोवर पर ध्वजारोहण करने में भी दिक्कतें हो सकती है।

जिले में अमृत सरोवरों की हालत
- बारिश के दो माह बाद भी 165 में करीब 65 में तलहटी तक पानी।
- मेंटेनेंस न होने से किनारों पर घनी झाड़ियां और कीकर उग आए।
- गाद की सफाई न होने से सरोवर उथले हो गए
अधिकतर अमृत सरोवर में पानी भरा है। कुछ ग्राम पंचायतों की उदासीनता से साफ-सफाई नहीं की गई है। 15 अगस्त से पूर्व सभी सरोवरों की सफाई करा दी जाएगी।- आदित्य कुमार, प्रभारी उपायुक्त मनरेगा
साढ़े तीन हजार शिक्षक सीखेंगे भाषा और संख्या का ज्ञान
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने वाले साढ़े तीन हजार शिक्षक भाषा और संख्या का ज्ञान सीखेंगे। अगस्त के पहले सप्ताह में सभी बीआरसी में एफएलएन प्रशिक्षण शुरू होगा। इसमें शिक्षकों को विभिन्न बैच में मास्टर ट्रेनर ज्ञान देंगे। इसके लिए 35 मास्टर ट्रेनरों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। जिसमें एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सरकार तमाम प्रयास कर रही है। नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद पठन-पाठन की जटिलताओं को कम किया जा रहा है। इसके लिए शिक्षकों को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में गत दिनों सभी 30 एआरपी समेत ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। अब यह मास्टर ट्रेनर ज्ञानपुर, भदोही, डीघ, औराई, सुरियावां और अभोली ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि अगस्त के पहले सप्तह में एफएलएन प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इसमें शिक्षकों को भाषा और गणित को बेहतर ढंग से पढ़ाने की जानकारी दी जाएगी।
काशी नरेश विश्वविद्यालय ने AI-रेडी कैंपस के लिए:वेडिकुलम टेक्नोलॉजीज़ के साथ किया समझौता ज्ञापन*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही ने उच्च शिक्षा को उद्योग और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से वेडिकुलम टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें वेडिकुलम टेक्नोलॉजीज़ के समन्वयक श्री देवेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रोफेसर रमेश चंद्र यादव और डॉ. सुशील कुमार भी मौजूद थे।
समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को 'AI-रेडी कैंपस' के रूप में विकसित करना है। इसके तहत शिक्षकों का क्षमता संवर्धन, विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता में वृद्धि, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, डोमेन स्टूडियो की स्थापना और अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रोफेसर रश्मि सिंह ने, जो इस एमओयू की समन्वयक हैं, इन उद्देश्यों की जानकारी दी।
इस साझेदारी के अंतर्गत, विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), उभरती प्रौद्योगिकियों, कौशल विकास, इंटर्नशिप, उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, लाइव प्रोजेक्ट, प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम और प्लेसमेंट सहायता जैसी सुविधाएँ मिलेंगी। वहीं, शिक्षकों को नवीनतम तकनीकों पर प्रशिक्षण, अनुसंधान सहयोग और अकादमिक क्षमता विकास के अवसर प्राप्त होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप है। इसका लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और रोजगारपरक शिक्षा को सशक्त बनाना है। इससे विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा और विश्वविद्यालय में नवाचार, अनुसंधान तथा उद्योग-शिक्षा सहयोग की संस्कृति को गति मिलेगी।
यह समझौता शुक्रवार से प्रभावी होगा। इसके तहत दोनों संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और उद्योग-शिक्षा सहयोग के क्षेत्र में संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम संचालित करेंगे। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसका संयोजन डॉक्टर. रवि कुमार यादव, डॉक्टर गीता यादव और डॉक्टर विपुल कुमार ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को AI, उभरती प्रौद्योगिकियों और भविष्य के रोजगार अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
बाबा बड़े शिव धाम पर कांवरियों की सेवा जारी: सावन माह में समिति के सदस्य जुटे


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज में सावन माह के दौरान बाबा बड़े शिव धाम पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा का क्रम जारी है। बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति, गोपीगंज के सदस्य शुक्रवार, को भी धाम पर पहुंचे कांवरियों की सेवा में पूरे समर्पण के साथ जुटे रहे।
समिति द्वारा धाम परिसर में आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। दूर-दराज क्षेत्रों से पैदल या अन्य साधनों से बाबा बड़े शिव का दर्शन-पूजन करने पहुंच रहे कांवरियों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार सेवा कार्य में लगे हुए हैं। सावन के पवित्र महीने में बाबा बड़े शिव धाम पर बढ़ती भीड़ के बीच समिति द्वारा किए जा रहे इन सेवा कार्यों से कांवरियों को काफी सहूलियत मिल रही है।
बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के रामकृष्ण खट्टू ने बताया कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना स्वयं में एक पुण्य का कार्य है। इसी भावना के साथ समिति पूरे सावन माह में सेवा कार्य को निरंतर जारी रखने का प्रयास कर रही है।
धाम परिसर में पहुंचने वाले कांवरियों में भी समिति की सेवा भावना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु बाबा बड़े शिव का दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं के साथ बाबा के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।
नेशनल हाईवे सर्विस लेन पर गहरे गड्ढे:बारिश में पानी भरने से दुर्घटनाएं बढ़ीं, मरम्मत की मांग
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी सर्विस लेन पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इस वजह से दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, चार पहिया वाहनों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क की मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई गई है। लगातार जलभराव और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी होती है।
शाम और रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग से कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
सुरेश कुमार, अनिल मिश्रा, राजराम गुप्ता और राजकुमार बिंद जैसे स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।