भाकियू (तोमर)-प्रशासन वार्ता बेनतीजा, मुकदमों की वापसी पर नहीं बनी सहमति
बहसूमा/मेरठ। ललिता गौतम प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) और प्रशासन के बीच ग्राम सदरपुर स्थित जिला महासचिव अमित कुमार के आवास पर कई घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही। वार्ता में भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर, जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल, युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, जिला उपाध्यक्ष हनी चौधरी सीओ मवाना पंकज लवानिया, बहसूमा थाना प्रभारी रविंद्र पवार, उप निरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन पोसवाल, हेड कांस्टेबल रमेश पुंडीर सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन ने मृतका ललिता गौतम के परिजनों को सरकारी मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने पर सहमति जताई। हालांकि आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज गंभीर मुकदमों की वापसी को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। किसान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी आंदोलनकारी किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि किसानों के सम्मान और न्याय से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा मुकदमों की वापसी पर संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर वार्ता को विफल घोषित कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल और युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने भी कहा कि संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और जब तक किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में संगठन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
— परविंदर चौधरी, बहसूमा
Jul 24 2026, 15:31
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0