डी मॉनफॉर अकादमी के विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण कर बांटे कागज़ के लिफाफे
बहसूमा (मेरठ)। डी मॉनफॉर अकादमी में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त समाज के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न औषधीय पौधों का पौधारोपण किया। उन्होंने पौधों के औषधीय महत्व को समझते हुए परिसर को हरित बनाने का संकल्प लिया। वहीं कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने कागज़ के लिफाफे तैयार कर रामराज क्षेत्र की दुकानों पर उनका वितरण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को प्लास्टिक के थैलों से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी और कागज़ के लिफाफों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव भी मिलना चाहिए। विद्यालय के निर्देशक डॉ. के.के. शर्मा ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उपप्रधानाचार्या श्रीमती ऋतु चिकारा ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार
विद्यालय प्रांगण में एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन भर्ती सम्पन्न

आज नवजीवन इंटर कॉलेज, बहसूमा के विद्यालय प्रांगण में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सीनियर एवं जूनियर डिवीजन की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। भर्ती में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किया गया। इस अवसर पर कस्बे के एम.बी.बी.एस. चिकित्सक डॉ. पवन गोयल ने स्वास्थ्य परीक्षण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट योगेश कुमार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना तथा आत्मविश्वास का विकास करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रथम अधिकारी अतुल देव गौतम, रोहित कुमार, ललित कुमार, एनसीसी यूनिट से नायब सूबेदार शंकर सिंह एवं हवलदार विकल कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया तथा चयनित एवं प्रतिभागी सभी कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
बहसूमा में दीपक मेडिकल स्टोर, पाठकाइंड लैब्स व श्री ब्लड कलेक्शन सेंटर का शुभारंभ
बहसूमा (मेरठ)। कस्बा बहसूमा में रविवार को दीपक मेडिकल स्टोर, पाठकाइंड लैब्स एवं श्री ब्लड कलेक्शन सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने नवस्थापित चिकित्सा एवं जांच सेवाओं की सराहना करते हुए संचालकों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बहसूमा क्षेत्र में आधुनिक पैथोलॉजी जांच एवं ब्लड कलेक्शन की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और छोटी-छोटी जांचों के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम में दीपक प्रजापति, समद, कुणाल, फरहान, अभिषेक गौड़, ऋषभ गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्थान की उन्नति एवं जनसेवा की कामना करते हुए संचालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कांवड़ यात्रा-2026: मेरठ पहुंचे मुख्य सचिव और डीजीपी, सुरक्षा व व्यवस्थाओं की तैयारियों का लिया जायजा

-  चार राज्यों के अधिकारियों के साथ हुई इंटर-स्टेट समन्वय बैठक, ड्रोन निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन और कंट्रोल रूम संचालन पर विशेष जोर

मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सोमवार को मेरठ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मेरठ मंडल आयुक्त सभागार में आयोजित इंटर-स्टेट समन्वय बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, हाई-सिक्योरिटी सर्विलांस, ड्रोन मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम संचालन तथा राज्यों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य सचिव और डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरे कांवड़ मार्ग की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इसके पश्चात दोनों अधिकारियों ने मेरठ स्थित श्री औघड़नाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
इम्प्रूवमेंट परीक्षा में डीपीएम स्कूल का शत-प्रतिशत परिणाम, अंशिका चौधरी ने किया टॉप
बहसूमा (मेरठ)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा-10 की द्वितीय बोर्ड (इम्प्रूवमेंट) परीक्षा में डी.पी.एम. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहसूमा का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त करते हुए अपने अंकों में उल्लेखनीय सुधार किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।

विद्यालय की मेधावी छात्राओं में अंशिका चौधरी ने 95.40 प्रतिशत (477/500) अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। गरिमा बंसला ने 93.20 प्रतिशत (466/500) अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा प्रिया सिरोही ने 92.60 प्रतिशत (463/500) अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी छात्र-छात्राएं शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

प्रधानाचार्य जिया जैदी ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सतत परिश्रम ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सफल �
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राहुल कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत
बहसूमा (मेरठ)। भारतीय गौ सेवा संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, गौ संरक्षण एवं समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से राहुल कुमार को भारतीय गौ सेवा संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राहुल कुमार लंबे समय से गौ सेवा, सामाजिक कार्यों तथा संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके समर्पण और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने उन्हें संगठन की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।

प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह ने कहा कि राहुल कुमार के नेतृत्व में संगठन गौ संरक्षण, गौ सेवा और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा। उन्होंने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला अध्यक्ष विजय कुमार, युवा जिला अध्यक्ष अजय कुमार, परविंदर कुमार, अनिल कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राहुल कुमार के मनोनयन का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास व्यक्त किया।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव की घोषणा की गई तथा उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
भाकियू (तोमर)-प्रशासन वार्ता बेनतीजा, मुकदमों की वापसी पर नहीं बनी सहमति
बहसूमा/मेरठ। ललिता गौतम प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) और प्रशासन के बीच ग्राम सदरपुर  स्थित जिला महासचिव अमित कुमार के आवास पर कई घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही। वार्ता में भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर, जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल, युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, जिला उपाध्यक्ष हनी चौधरी सीओ मवाना पंकज लवानिया, बहसूमा थाना प्रभारी रविंद्र पवार, उप निरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन पोसवाल, हेड कांस्टेबल रमेश पुंडीर सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रशासन ने मृतका ललिता गौतम के परिजनों को सरकारी मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने पर सहमति जताई। हालांकि आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज गंभीर मुकदमों की वापसी को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। किसान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी आंदोलनकारी किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि किसानों के सम्मान और न्याय से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा मुकदमों की वापसी पर संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर वार्ता को विफल घोषित कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल और युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने भी कहा कि संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और जब तक किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा।

बैठक में संगठन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

— परविंदर चौधरी, बहसूमा
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, थाना प्रभारी ने सिद्धपीठ शिव मंदिर का किया निरीक्षण

बहसूमा (मेरठ)। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे थाना बहसूमा प्रभारी निरीक्षक रविंद्र पवार रामराज क्षेत्र के सैफपुर फिरोजपुर स्थित श्री सिद्धपीठ शिव मंदिर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्ग, कांवड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल तथा मंदिर के आसपास लगने वाली दुकानों का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना प्रभारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्ग, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस टीम कंट्रोल रूम से भी कैमरों की मॉनिटरिंग करेगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान हेड कांस्टेबल आशीष कुमार, हेड कांस्टेबल अंकुर कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, कांस्टेबल मानवेदर देशवाल सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
क्षतिग्रस्त नाले का एडीओ ने किया निरीक्षण, शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
बहसूमा (मेरठ)। ग्राम सैपुर प्रजुरामराज में बीते दो दिनों से लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण गांव का नाला क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ग्रामीणों को आवागमन और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के मेरठ जिला अध्यक्ष विपेंद्र सूदा वाल्मीकि ने संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना पर हस्तिनापुर के एडीओ धीर सिंह मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त नाले का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीओ धीर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और नाले की जांच कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक कार्रवाई कर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सके।

इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मेरठ जिला अध्यक्ष विपेंद्र सूदा वाल्मीकि, श्रीपाल कोली, मोनू बंसल (अध्यक्ष, व्यापार प्रकोष्ठ मेरठ), मास्टर ब्रह्मचारी, सुनील विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
13 जुलाई को मेरठ एडीजी कार्यालय पर महापंचायत की चेतावनी, भाकियू (तोमर) ने सौंपा ज्ञापन
बहसूमा (मेरठ)। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के निर्देश पर संगठन के मेरठ जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल ने शनिवार को बहसूमा क्षेत्र के मोड़ खुर्द-सदरपुर में संगठन के युवा जिला महासचिव के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं एडीजी मेरठ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल ने कहा कि यदि 12 जुलाई तक किसानों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन 13 जुलाई को मेरठ स्थित एडीजी कार्यालय पर विशाल महापंचायत करेगा। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में संगठन ने प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कई मांगें रखीं। इनमें एसएसपी मेरठ को निलंबित करने, रवि गौतम के साथ कथित मारपीट के मामले में संबंधित धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने, ललिता गौतम हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी से कराने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने, आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा शांतिपूर्ण आंदोलनों में पुलिस द्वारा अनावश्यक बल प्रयोग रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग शामिल है।

संगठन ने यह भी मांग की कि पूरे मामले में अब तक हुई जांच और कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। भाकियू (तोमर) ने दोहराया कि 12 जुलाई तक मांगों का समाधान नहीं होने पर 13 जुलाई को मेरठ में बड़े स्तर पर महापंचायत आयोजित की जाए�