पति ने की पत्नी की हत्या: अवैध संबंध के शक और घरेलू विवाद में, एएसपी ने किया खुलासा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सुरियावां थाना क्षेत्र में महिला की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने गुरुवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पति ने अवैध संबंध के शक और घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या की थी।

यह घटना 13 जुलाई को नेता नगर स्थित एक मकान में हुई थी। मृतक महिला की पहचान आरती के रूप में हुई है, जिसका विवाह रत्नेश से लगभग पांच वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दोनों संजय नगर बाजार दशवंतपुर में बाबूराम बिना के मकान में किराए पर रहते थे।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त रत्नेश ने बताया कि उसकी पत्नी आर्केस्ट्रा में डांस करती थी। उसे अपनी पत्नी के अन्य पुरुषों से अवैध संबंधों का शक था। इसी शक और घरेलू विवाद के कारण रत्नेश ने गुस्से में आकर 13 जुलाई को मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

हत्या के बाद रत्नेश ने मृतका का मोबाइल फ्लाइट मोड पर लगाकर स्कॉर्पियो से फरार हो गया था। उसने रास्ते में मोबाइल को हाईवे पर तोड़ दिया। पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त सफेद केबल और मृतका का क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त रत्नेश कुमार वार्ड नंबर एक, हंडिया का निवासी बताया गया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:-*
*टीम - 1* उप-निरीक्षक (उ०नि०) मो० शकील खां, हे०का० पंकज यादव, हे०का० अरबिन्द यादव का० रजत सिंह चालक थाना सुरियावां जनपद भदोही।
*टीम - 2* उ0नि0 राजकुमार पाण्डेय प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल, हे0कां0 राधेश्याम कुशवाहा, हे0कां0 धीरेन्द्र श्रीवास्तव, हे0कां0 बृजेश सूर्यवंशी,हे0कां0 नागेन्द्र यादव, कां0 गोपाल खरवार, कां0 नीरज यादव, कां0 राघवेन्द्र कुशवाहा,कां0 मन्नू सिंह, कां0 सुनील पाल, कां0 सुनील कन्नौजिया,कां0 हिमांशु सिंह, कां0 दीपक यादव, कां0 प्रत्युष पाठक समस्त सर्विलांस/स्वाट टीम।
लखनऊ अग्निकांड के बाद जिले में सख्ती:10 कोचिंग सेंटर बंद, 12 संचालकों को नोटिस जारी

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जिले में शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सघन जांच अभियान के तहत अब तक दस बिना पंजीकरण वाले कोचिंग सेंटरों को बंद कराया गया है। इसके अतिरिक्त, 12 संचालकों को सुधार अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।

यह कार्रवाई पिछले बीस दिनों में की गई है। इस अवधि में दस कोचिंग सेंटर बंद हुए और 12 को नोटिस मिले। वहीं, दस नए आवेदन पंजीकरण के लिए प्राप्त हुए हैं। बेसमेंट में संचालित होने वाले कोचिंग सेंटरों की विशेष रूप से गहन जांच की जा रही है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि लखनऊ अग्निकांड के बाद से जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि दस अवैध कोचिंग सेंटर बंद कराए गए हैं और 12 संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नए पंजीकरण आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

जांच टीम ने भदोही शहर, गोपीगंज पालिका परिषद, ज्ञानपुर नगर, सुरियावां, खमरिया, घोसिया और नई बाजार नगर पंचायतों में संचालित होने वाले कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया है। विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि बिना पंजीकरण के किसी भी कोचिंग सेंटर का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

पंजीकरण के बिना कोचिंग संचालन की शिकायत मिलने पर तत्काल स्थलीय जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है। दो पालिका परिषद, पांच नगर पंचायत और छह ब्लॉक क्षेत्रों में कोचिंग सेंटरों की निगरानी के लिए टीमें गठित की गई हैं। शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। कॉन्वेंट स्कूल संचालकों को भी अग्निशमन यंत्र लगाए बिना विद्यालय न चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी कर बेसमेंट में संचालित होने वाले संस्थानों की सूचना देने की अपील की गई है।
भदोही रोजगार मेला: 123 युवाओं को मिला ऑफर लेटर: 486 आवेदकों का साक्षात्कार, 10 कंपनियों ने किया चयन
नितेश श्रीवास्तव


भदोही। मंगलवार को काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर, भदोही में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।

कुल 486 प्रशिक्षणार्थियों का साक्षात्कार कंपनियों द्वारा लिया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद, 123 प्रशिक्षणार्थियों को ऑफर लेटर गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष  अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक श्री दीनानाथ भास्कर और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने फीता काटकर किया।

जिला समन्वयक अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने अभ्यर्थियों को मेहनत और लगन से कार्य करने की सलाह दी, जिससे उनका जीवन उज्जवल और सुखद हो सके। जिला सेवायोजन अधिकारी अजित कुमार ने कहा कि अभ्यर्थियों को अपने कार्य के प्रति सहज और सजग रहना होगा ताकि वे अपने हुनर को निखार सकें।

इस अवसर पर शैलेंद्र कुमार, आदर्श सिंह, लव कुमार मिश्रा, योगेंद्र यादव, वीरेंद्र कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
2026-27 के प्रवेश विश्वविद्यालय के अंतर्गत होंगे:काशी नरेश विश्वविद्यालय में संबद्ध महाविद्यालयों की बैठक में चर्चा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही में मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें राजकीय और स्ववित्तपोषित संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों ने भाग लिया।

बैठक में संबद्ध महाविद्यालयों की संबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जानकारी दी गई कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सभी प्रवेश विश्वविद्यालय के अंतर्गत ही संपन्न कराए जाएंगे।

इस दौरान महाविद्यालयों के सुचारु संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता, आवश्यक सुविधाओं और विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने सभी महाविद्यालयों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने उनके सकारात्मक और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कुलपति ने गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी से समन्वय एवं सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।

बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, सहायक कुलसचिव और प्रोफेसर रमेश चंद्र यादव सहित राजकीय एवं स्ववित्तपोषित संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।
भदोही में गैंगस्टर मंसूर आलम गिरफ्तार:धोखाधड़ी और मारपीट के आरोपी गैंग लीडर पर केस दर्ज

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के तहत, भदोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के निर्देशन में, शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तीन अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें एक गैंग लीडर और दो सक्रिय सदस्य शामिल हैं।
भदोही थाना पुलिस को मिली एक बड़ी सफलता में, मुखबिर की सटीक सूचना पर शातिर गैंगस्टर मंसूर आलम को गिरफ्तार किया गया है। इस गैंग में लीडर शमशेर आलम उर्फ लड्डू पुत्र यूनुस निवासी बाजार सरदार खां, थाना भदोही, और सक्रिय सदस्य मंसूर आलम पुत्र यूनुस (लगभग 41 वर्ष) तथा परवेज आलम पुत्र शमशेर आलम उर्फ लड्डू (लगभग 24 वर्ष) शामिल हैं।
यह संगठित गिरोह अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और छल के माध्यम से लोगों से पैसे ऐंठने का काम करता था। जब पीड़ित अपने पैसे वापस मांगते थे, तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
गिरोह ने 7 सितंबर 2025 को एक वादी से स्वेटर और कंबल के नाम पर 80,000 रुपये तथा पीवीसी पैनल की एजेंसी देने के बहाने 20 लाख रुपये लिए थे, जिन्हें वापस नहीं किया गया। इसी तरह, 14 अगस्त 2019 को पुरानी बैटरी का व्यवसाय करने का झांसा देकर अलग-अलग तारीखों पर 7 लाख 70 हजार रुपये ठगे गए थे। पैसे मांगने पर पीड़ितों को गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
उपनिरीक्षक भारत भूषण सिंह ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। सुबह फूलन देवी तिराहा के पास से गैंगस्टर अभियुक्त मंसूर आलम को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। अन्य गैंगस्टरों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भारत भूषण सिंह और कांस्टेबल पंकज कुमार, थाना भदोही, जनपद भदोही शामिल थे।
भदोही में प्रयोगात्मक इंप्रूवमेंट परीक्षा 16-17 जुलाई को: जिला विद्यालय निरीक्षक ने दी जानकारी, विभूति नारायण इंटर कॉलेज केंद्र
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए इंप्रूवमेंट परीक्षा का आयोजन 16 और 17 जुलाई को किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि इस परीक्षा के लिए पूरे जिले में विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर को केंद्र बनाया गया है। संबंधित छात्र-छात्राएं अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ 16 एवं 17 जुलाई को इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। जो भी विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग लेना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि पर विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने यह भी बताया कि परिषद द्वारा अभी परीक्षकों की सूची जारी नहीं की गई है। विषयवार परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जो छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक इंप्रूवमेंट परीक्षा लेंगे।
ज्ञानपुर पुलिस ने NDPS एक्ट के अभियुक्त को पकड़ा:पहले गिरफ्तार तस्कर के साथी को नेशनल हाईवे से किया गिरफ्तार
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी नेशनल हाईवे ओवर ब्रिज से मुखबिर की सूचना पर हुई। अभियुक्त पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी राधे श्याम गुप्ता (जो पहले ही गिरफ्तार हो चुका है) के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ से सस्ते दामों पर गांजा खरीदता था। वे दोनों मिलकर इसे स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों में बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान श्याम जी उर्फ बबलू केसरवानी पुत्र स्व. सुरेश चंद्र केसरवानी, निवासी सहसों, जनपद प्रयागराज, उम्र करीब 51 वर्ष के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम, उप-निरीक्षक रामधनी यादव, हेड कांस्टेबल अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल राहुल सिंह पटेल और चालक अंजनी कुमार पाण्डेय शामिल थे।
पानी के टैंकर से तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार:भदोही पुलिस ने 11 लाख की अवैध शराब बरामद किया

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। भदोही पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार तड़के गोपीगंज थाना क्षेत्र में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1005 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जी.टी. रोड स्थित सर्विस लेन (गेराई पावर हाउस के पास) से मनोज उर्फ राहुल सैनी (उम्र करीब 28 वर्ष) को पकड़ा। मनोज शामली जिले के थाना भवन स्थित आबादगढ़ गांव का निवासी है।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से कुल 114 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग की 33 पेटी (750 एमएल), रॉयल चैलेंज की 25 पेटी (750 एमएल), अंकल टॉम की 17 पेटी (180 एमएल) और ऑल सीजन की 39 पेटी (180 एमएल) शामिल हैं।

शराब के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किया गया एक महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर और शराब से भरा एक पानी का टैंकर भी जब्त किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक ओप्पो मोबाइल फोन और 1170 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

अभियुक्त मनोज उर्फ राहुल सैनी के खिलाफ गोपीगंज थाने में मु.अ.सं. 293/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



*गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम:-*
उ0नि0 शशांक बाजपेयी (चौकी प्रभारी गोपीगंज) के साथ कांस्टेबल मनोज यादव, अरविन्द कुमार, योगेन्द्र राजपूत, शिवम कुमार और आशीष राजपूत थाना गोपीगंज जनपद भदोही।
मौसम बदलाव से गले के संक्रमण, दर्द के मरीज दोगुना:डॉक्टर दवा संग गुनगुने पानी से गरारे की दे रहे सलाह

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों मौसम में बदलाव के कारण गले के संक्रमण, दर्द, बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। चिकित्सक मरीजों की जांच कर दवा देने के साथ ही गुनगुने पानी से गरारे करने की सलाह भी दे रहे हैं।

महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों की भीड़ पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। एक सप्ताह पहले जहां प्रतिदिन लगभग 800 मरीज आते थे, वहीं अब यह संख्या 900 के पार पहुंच गई है। पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी भवन, दवा काउंटर और लैब के सामने मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 100 मरीज गले में संक्रमण और दर्द की समस्या लेकर आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त, वायरल बुखार, खांसी और जुकाम से ग्रसित मरीज भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं।

डॉ. यादव ने सलाह दी कि गले में खराश होने की संभावना बढ़ने पर गुनगुने पानी से गरारे करें। उन्होंने शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने और चिकित्सकीय सलाह पर ही दवा का सेवन करने को कहा।

इस बीमारी के मुख्य लक्षणों में गले में खराश या तेज दर्द, बुखार, शरीर में दर्द, सूखी या बलगम वाली खांसी, नाक बहना या बंद होना, छींक आना, सिरदर्द और आवाज बैठना या निगलने में परेशानी शामिल हैं।

बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और गुनगुना पानी पिएं। बारिश में भीगने के बाद तुरंत कपड़े बदलें। ठंडी चीजों और बासी भोजन से परहेज करें। हाथों को समय-समय पर साबुन से साफ करें और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें।
लहवा पोखरी भगेसर  सड़क  दर्द की दास्तान: गड्ढों में समा गई उम्मीदें, डीएम साहब एक नजर इस पर भी



प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

यमुनानगर क्षेत्र के कोरांव तहसील अंतर्गत ग्राम सभा लहवा भगेसर गांव से होते हुए पोखरी रोड तक जाने वाली यह मुख्य सड़क अब किसी कब्रगाह से कम नहीं लगती। यह वही सड़क है जो पूरे गांव के आवागमन की एकमात्र कड़ी है, लेकिन उसकी हालत देखकर यही सवाल उठता है — क्या यह सड़क कभी बनी भी थी या हमेशा से टूटी ही रही है? सड़क पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हैं कि बरसात के दिनों में यह रास्ता तालाब में तब्दील हो जाता है, और सूखे मौसम में धूल का गुबार लोगों की आंखों में चुभता है। पैदल चलना तो दूर, बाइक और साइकिल तक निकालना मुश्किल हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि “कई साल बीत गए, लेकिन सड़क आज भी विकास के इंतज़ार में है।” न खड़ंजा, न मोरम, न डामरीकरण — बस मिट्टी, कीचड़ और गड्ढों का साम्राज्य। पोखरी गांव के लोगों का सवाल है कि क्या यह गांव सरकार की सूची में दर्ज नहीं है? अगर दर्ज है तो क्या जिम्मेदार अधिकारी इस क्षेत्र में कभी पहुंचे नहीं? क्या किसी ने इस सड़क की दुर्दशा अपनी आंखों से नहीं देखी?गांव वालों की व्यथा साफ है — “सड़क नहीं, सजा मिली है हमारे। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, बीमार को ले जाना मुश्किल है, और किसान अपने खेत से फसल निकालते वक्त गिर पड़ते हैं।” यह सड़क अब सिर्फ रास्ता नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन चुकी है। फोटो और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क नाम की चीज बची ही नहीं — सिर्फ मिट्टी और गड्ढे हैं, जो मानो कह रहे हों कि “हम भी कभी सड़क थे।”गांव के लोगों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन हर बार आश्वासन मिला, निर्माण नहीं। अधिकारी आते हैं, देखते हैं, और फिर चले जाते हैं —ठीक वैसे ही जैसे बरसात के बाद पानी सूख जाता है लेकिन कीचड़ रह जाता है।--अब सवाल यह है — क्या प्रशासन तब जागेगा जब कोई हादसा हो जाएगा? क्या लहवा पोखरी भगेसर गांव के लोग इसी टूटी उम्मीदों की राह पर चलते रहेंगे? ग्रामीणों की यही पुकार है “सड़क बनवाइए,हमें भी इंसान समझिए।”अगर सक्षम अधिकारी अब भी नहीं जागे तो यह सड़क नहीं, पूरा गांव प्रशासनिक उदासीनता की चपेट में समा जाएगा।