गौ रक्षक दल ने बीमार बैल का किया सफल रेस्क्यू, पुलिस के सहयोग से कराया उपचार

बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा क्षेत्र में गौ रक्षक दल के सदस्यों ने सेवा और मानवता का परिचय देते हुए एक बीमार बैल का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सूचना मिलते ही गौ रक्षक दल की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस प्रशासन के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद बैल को सुरक्षित निकालकर उसके उपचार की व्यवस्था कराई।

बताया गया कि बैल काफी समय से बीमार अवस्था में पड़ा था और चलने-फिरने में असमर्थ था। सूचना मिलने पर गौ रक्षक दल के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक बैल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया। समय रहते किए गए इस प्रयास से बैल की जान बच सकी।

रेस्क्यू अभियान में गौ रक्षक दल के सदस्य सोनू गिरी, निशु रस्तोगी, नितिन नागर, राहुल, डॉ. परविंदर पोसवाल, सागर गुर्जर, अर्श नागर, सुधीर नागर, संदीप, चिराग, प्रशांत, तुषार, प्रणव ग्रोवर, बिल्लू उपाध्याय एवं आदिराज गौड़ ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन की ओर से श्याम सुंदर, उप निरीक्षक संदीप कुमार राजपूत तथा उप निरीक्षक अभिषेक कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।

इस अवसर पर भारतीय गौ रक्षा के मेरठ जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी ने कहा कि गौ सेवा उनका संकल्प है। उन्होंने कहा, "क्षेत्र में कहीं भी किसी भी प्रकार की सूचना मिलती है तो हमारी टीम 24 घंटे लाचार, बेसहारा एवं बीमार गौवंश की सेवा और रेस्क्यू के लिए पूरी तरह तैयार रहती है। गौ माता की सेवा ही हमारा सर्वोच्च कर्तव्य है और भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।"

स्थानीय लोगों ने गौ रक्षक दल और पुलिस प्रशासन के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
पत्रकारों की सुरक्षा पर बड़ा ऐलान: पत्रकार के साथ हादसा होने पर मिलेगा ₹1 लाख का सहयोग, सरताज अहमद की घोषणा
बहसूमा (मेरठ)। सैफपुर-फिरोजपुर स्थित रामराज मोड़ खुर्द के पास आयोजित संयुक्त पत्रकार महासभा के कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद ने पत्रकारों के हित में ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि यदि संगठन के किसी पत्रकार के साथ कोई हादसा होता है तो पीड़ित पत्रकार अथवा उसके परिवार को संगठन की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस घोषणा का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

कार्यक्रम में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मेरठ के जिला उपाध्यक्ष परविंद्र चौधरी उर्फ जैन साहब ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज की आवाज़ को निष्पक्षता से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वहीं मेरठ महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आरती गुप्ता ने कहा कि संयुक्त पत्रकार महासभा हमेशा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक ठाकुर सुंदर सिंह सोम, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज, राष्ट्रीय संगठन मंत्री दीपक कुमार, राष्ट्रीय सचिव काजी कासिफ तलत, मोहम्मद शहजाद, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोनू कुमार, मंडल मीडिया प्रभारी मोहम्मद असलम, मेरठ जिला अध्यक्ष प्रिंस कुमार, मुजफ्फरनगर संगठन मंत्री सफीक राजपूत, डॉ. उस्मान, नौशाद, काजी आरिश खान, मोहम्मद शोएब, प्रिंस नायक, गौरव नायक, चिंटू कुमार, रूपेश चौहान, प्रिंस रस्तोगी, रोहित, दिलावर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद का आभार व्यक्त करते हुए पत्रकार एकता को और मजबूत बनाने तथा संगठन के विस्तार का संकल्प लिया।
भारतीय गौ सेवा संघ में संगठन विस्तार, रोहित मलिक बने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

मेरठ।बहसूमा।भारतीय गौ सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी के निर्देशानुसार संगठन मंत्री राहुल कुमार ने संगठन विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इस क्रम में रोहित मलिक को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

संगठन मंत्री राहुल कुमार ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि रोहित मलिक के संगठन से जुड़ने और नई जिम्मेदारी संभालने से गौ सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रोहित मलिक ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा गौ सेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर मेरठ जिला अध्यक्ष विजय कुमार, मेरठ जिला उपाध्यक्ष परविंदर चौधरी, अनिल शर्मा तथा अमित कुमार सहित संगठन के पदाधिकारियों ने रोहित मलिक को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
भारत तिवारी प्रकरण में क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति ने थाना प्रभारी रविंद्र पवार को सौंपा ज्ञापन
बहसूमा। बिहार के भोजपुर जनपद में भारत तिवारी की संदिग्ध मृत्यु के मामले को लेकर क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति, रामराज के पदाधिकारियों ने सोमवार को थाना बहसूमा पहुंचकर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र पवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में समिति के पदाधिकारियों ने भारत तिवारी की कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग उठाई गई।

समिति के अध्यक्ष पंडित विपिनचंद्र शर्मा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर आरोप हैं तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी भी संदिग्ध मृत्यु की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

थाना प्रभारी रविंद्र पवार ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
लखनऊ कूच से पहले भाकियू संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सनी चौधरी को रोका, आवास पर पुलिस तैनात
बहसूमा। भारतीय किसान यूनियन (संघर्ष मोर्चा) के पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष सुशील पाल के आह्वान पर काकोरी, लखनऊ स्थित एसपी कार्यालय पर एक पीड़ित महिला दरोगा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 23 जून को प्रस्तावित धरने की तैयारियां चल रही थीं। इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सनी चौधरी सदरपुर अपनी टीम के साथ लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे थे।

मंगलवार सुबह पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी मिलते ही सदरपुर स्थित उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार सनी चौधरी को लखनऊ जाने से रोकते हुए उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया।

इस दौरान रामराज चौकी प्रभारी आशीष यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री सनी चौधरी ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी निंदा की। सनी चौधरी ने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों और पीड़ितों की आवाज उठाने का कार्य करता रहेगा तथा न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।

घटना के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। वहीं क्षेत्र में पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
श्री मनफूल सिंह कन्या इंटर कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

योगाभ्यास, ध्यान और प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को बताया योग का महत्व

बहसूमा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री मनफूल सिंह कन्या इंटर कॉलेज में रविवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न क्रियाएं कीं तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।

योग सत्र की शुरुआत सूर्य नमस्कार और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में छात्राओं ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन तथा अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

योग दिवस के उपलक्ष्य में कॉलेज में स्लोगन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और योग के प्रति अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।

कॉलेज प्रबंधक ब्रह्मचारी सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है, तनाव कम होता है और स्वस्थ जीवनशैली विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने नियमित योग करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा में धूमधाम से मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
मोनू भाटी। मवाना
बहसूमा, मेरठ। डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा में शनिवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के माननीय सचिव जगदीश त्यागी एवं प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के योगाचार्य एवं शिक्षक गुलाब सिंह ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, त्रिकोणासन, सर्वांगासन, शशांकासन सहित अनेक योग क्रियाओं का प्रदर्शन कराया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने स्वयं भी योगाभ्यास में सक्रिय भाग लेते हुए अनेक योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और अनुशासित जीवन जीने की संपूर्ण जीवन-पद्धति है। भारत की यह प्राचीन धरोहर आज पूरे विश्व को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन जीने की दिशा प्रदान कर रही है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अनेक बीमारियों से स्वयं को सुरक्षित रख सकता है तथा अपने जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार कर सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि “एक स्वस्थ शिक्षक ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है। इसलिए प्रत्येक शिक्षक को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए तथा विद्यार्थियों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। योग व्यक्ति को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और नैतिक रूप से भी मजबूत बनाता है।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या एवं शारीरिक निष्क्रियता के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे समय में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे सरल, प्रभावी और सुलभ माध्यम है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास करने तथा विद्यार्थियों के बीच भी योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवन, नियमित योगाभ्यास तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों के लिए स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक जलपान की व्यवस्था की गई। सभी ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस भव्य आयोजन ने विद्यालय परिवार को स्वास्थ्य, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया तथा सभी को निरोग एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान की।
दशमेश पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
मेरठ।बहसुमा।रामराज। दशमेश पब्लिक स्कूल, रामराज में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता एवं प्रधानाचार्य आमिर खान ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और एकाग्रता का भी आधार है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी गई।

योग प्रशिक्षक निरखिल आर्य के निर्देशन में छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने विभिन्न योग क्रियाएं और प्राणायाम किए। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर स्वाति अरोड़ा, चरणजीत कौर, अवतार देशवाल, विजय कुमार, मुकेश कुमार, बलराम, नरेंद्र तथा सुशीला सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

फोटो परिचय : दशमेश पब्लिक स्कूल, रामराज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास करते छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक।
डीपीएम पब्लिक स्कूल में योग दिवस पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
बहसूमा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी एवं प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी ने किया। इस दौरान योगाचार्य एवं शिक्षक गुलाब सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, त्रिकोणासन, सर्वांगासन तथा शशांकासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके लाभों की जानकारी दी।

सचिव जगदीश त्यागी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य देन है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा जीवन में सकारात्मकता और अनुशासन का विकास होता है।

प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक जलपान कराया गया तथा नियमित योगाभ्यास और योग के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
तहसील समाधान दिवस में किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू संघर्ष मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन
मवाना। तहसील मवाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भारतीय किसान यूनियन (संघर्ष मोर्चा) के पदाधिकारियों ने युवा नगर अध्यक्ष ठाकुर शनि प्रताप के नेतृत्व में किसानों एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर अपर जिलाधिकारी मेरठ को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की कमी दूर करने, निजी खाद विक्रेताओं द्वारा किसानों से जबरन अन्य उत्पाद खरीदवाने की शिकायतों पर रोक लगाने, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने, खाद-बीज एवं कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) पर लंबित ब्याज सब्सिडी के भुगतान तथा सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की मांग की गई।

समाधान दिवस के दौरान एडीएम मेरठ ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता की। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए एसडीओ विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं कृषि विभाग से जुड़ी शिकायतों पर जिला कृषि अधिकारी को फोन कर निजी खाद विक्रेताओं की मनमानी की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को शीघ्र पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

भाकियू (संघर्ष मोर्चा) के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर अश्वनी चौहान, जिला सलाहकार भूपेंद्र चौहान, राजा पठान, दीपक चौहान, मुकुल चौहान, अजहर, अर्जुन चौहान, रोनित ठाकुर, अभिषेक कश्यप, करीम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।