चलती कार पर गिरा हाईटेंशन लाइन का खंभा, टला बड़ा हादसा

विद्युत विभाग की लापरवाही उजागर, करंट दौड़ते तारों से दहशत, एक घंटे तक ठप रहा यातायात

बहसूमा। विद्युत विभाग की कथित लापरवाही शुक्रवार को एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, लेकिन संयोगवश कई लोगों की जान बच गई। बहसूमा-रामराज मुख्य मार्ग पर सुबह करीब नौ बजे जर्जर हाईटेंशन लाइन का खंभा अचानक टूटकर चलती कार पर गिर पड़ा। खंभे के साथ गिरे तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर सामान्य रूप से यातायात चल रहा था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ हाईटेंशन लाइन का खंभा टूटकर सड़क पर आ गिरा। उसी समय वहां से गुजर रही एक कार इसकी चपेट में आ गई। कार पर खंभा और बिजली के तार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
कार स्वामी वीरेंद्र चौहान पुत्र सतपाल सिंह ने बताया कि अचानक खंभा उनकी कार पर आ गिरा। घटना इतनी अचानक हुई कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से बड़ा हादसा टल गया और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
कार में सवार करण पुत्र कपिल ने बताया कि खंभा गिरने के दौरान उन्हें करंट का झटका महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान कार में बैठे सभी लोग दहशत में आ गए।
खंभा गिरते ही सड़क पर दौड़ रहे वाहन रुक गए। कई वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। करंट दौड़ते तारों की चपेट में आने से कार सवारों के अलावा दो बाइक सवार और एक ई-रिक्शा चालक को भी झटके लगे। हालांकि सभी लोग समय रहते सुरक्षित दूरी पर हट गए, जिससे जनहानि टल गई।
घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित खंभा काफी समय से जर्जर और झुका हुआ था। इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल एक सरिया वेल्ड कर औपचारिकता पूरी कर दी गई। खंभे को बदलने की जरूरत होने के बावजूद विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
नामित सभासद अमित गोयल व नेता इदरीश सैफी ने बताया कि खंभा कई दिनों से टेढ़ा होकर खड़ा था और बिजली के तार भी नीचे लटक रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। शुक्रवार की घटना ने विभागीय दावों की पोल खोल दी है।

जर्जर खंभों को जल्द बदला जाएगा : जेईl

घटना के संबंध में विद्युत उपकेंद्र बहसूमा के जेई विजयपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सब-स्टेशन से संबंधित आवश्यक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग समेत क्षेत्र के सभी जर्जर और क्षतिग्रस्त विद्युत खंभों का सर्वे कराया जा रहा है। जो खंभे कमजोर अथवा झुकी हुई स्थिति में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द बदलने का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही संबंधित खंभे के गिरने के कारणों की भी जांच कराई जा रही है।
सदरपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बने गड्ढे दे रहे मौत को दावत, समाधान का इंतजार
मेरठ/बहसूमा। बहसूमा क्षेत्र के गांव सदरपुर के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत का कारण बनी हुई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाले की सफाई न होने के कारण बारिश और घरों का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। जल निकासी बाधित होने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो वाहन चालकों के लिए खतरा साबित हो रहे हैं। खासकर रात के समय गड्ढे दिखाई न देने से दुर्घटना का जोखिम और बढ़ जाता है।

भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के संगठन मंत्री ने कहा कि सड़क पर इतने गड्ढे हो चुके हैं कि सड़क कम और गड्ढे ज्यादा दिखाई देते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

वहीं भारतीय गौ सेवा संघ मेरठ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि यदि जल्द ही नाले की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने नाले की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
कार रोककर युवक का अपहरण, तीन घंटे बंधक बनाकर मारपीट; 18 हजार रुपये लूटने का आरोप
हस्तिनापुर। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में एक युवक ने कुछ नामजद एवं अज्ञात लोगों पर अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह मनोहरपुर कॉलोनी स्थित अपने मकान से घर लौट रहे थे। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर कॉलोनी के पास एक स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने उनकी कार को रोक लिया। वाहन में ओमवीर भड़ाना, रोहित, जीतू, कमल समेत चार अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने तमंचे से फायर करने का प्रयास किया तथा तमंचे की बट से सिर पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद उनका मुंह कपड़े से बंद कर हाथ-पैर बांध दिए गए और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपहरण कर लिया गया।

कुलदीप का आरोप है कि रास्ते भर लोहे की सरिया, तमंचे और अन्य हथियारों से उनकी पिटाई की गई। बाद में उन्हें उधम सिंह चौक के निकट डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र के एक कमरे में ले जाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लगातार मारपीट करने के साथ उनके पर्स में रखे करीब 18 हजार रुपये भी छीन लिए गए।

पीड़ित का कहना है कि छोड़ते समय आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर गोली मारने की धमकी दी और स्वयं को खनन माफिया बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी हस्तिनापुर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप
मेरठ । थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में एक युवक ने कुछ नामजद एवं अज्ञात लोगों पर अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप भारद्वाज ने थाना हस्तिनापुर में दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार रात करीब 10:30 बजे मनोहरपुर कॉलोनी स्थित अपने मकान से घर लौट रहे थे। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर कॉलोनी के पास एक स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उनकी कार को रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार स्कॉर्पियो में ओमवीर भड़ाना, रोहित, जीतू, कमल समेत चार अज्ञात व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने तमंचे से फायर करने का प्रयास किया तथा तमंचे की बट से सिर पर हमला कर घायल कर दिया।
कुलदीप का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनका मुंह कपड़े से बंद कर हाथ-पैर बांध दिए और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपहरण कर लिया। रास्ते में लोहे की सरिया, तमंचे और अन्य हथियारों से मारपीट की गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें हस्तिनापुर के उधम सिंह चौक के निकट डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र के एक कमरे में ले जाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान लगातार मारपीट कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही उनके पर्स में रखे करीब 18 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छोड़ते समय आरोपियों ने घटना की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को देने पर गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने स्वयं को खनन माफिया बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गैस सिलेंडर के बढ़े दामों से आमजन परेशान, महंगाई पर उठे सवाल

मेरठ/बहसूमा। घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में आज से 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि ईरान संकट, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें तथा वैश्विक ऊर्जा लागत में इजाफा होने के कारण यह वृद्धि करनी पड़ी है। इसका असर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के संगठन मंत्री सनी चौधरी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से किसानों और आम लोगों की कमर टूट रही है। उन्होंने कहा कि खेती की लागत पहले ही बढ़ चुकी है, ऐसे में घरेलू गैस के दाम बढ़ना अतिरिक्त बोझ साबित होगा।

वहीं गृहिणी अनीता और सरोज ने कहा कि रसोई गैस अब इतनी महंगी हो गई है कि परिवार का मासिक बजट बिगड़ने लगा है। उन्होंने सरकार से आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

राष्ट्रीय लोक दल के सदस्य गौरव चौधरी ने कहा कि यदि इसी तरह लगातार गैस के दाम बढ़ते रहे तो आम परिवारों के लिए घर का चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई।

गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने एक बार फिर आम जनता की चिंताओं को बढ़ा दिया है और लोग महंगाई से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
खबर का असर: हंसापुर रोड पर 2 वर्ष से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट हुई चालू, क्षेत्र में खुशी की लहर
मेरठ/बहसूमा। वार्ड नंबर-4 स्थित हंसापुर रोड पर करीब दो वर्ष से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट आखिरकार नगर पंचायत की पहल पर फिर से चालू कर दी गई। लंबे समय से अंधेरे में डूबे इस मार्ग की समस्या को समाचार के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद नगर पंचायत ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुकड़ी के निर्देश पर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर खराब पड़ी लाइट को ठीक कराया और मार्ग पर पुनः रोशनी की व्यवस्था बहाल की। लाइट चालू होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर अंधेरा रहने से आवागमन में परेशानी होती थी, लेकिन अब समस्या का समाधान हो गया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुकड़ी ने बताया कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "जहां भी ग्रामीणों और नगरवासियों की समस्या होगी तथा जो कार्य नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र में होगा, उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ कराया जाएगा। हम दिन-रात जनता के साथ खड़े हैं और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।"

स्ट्रीट लाइट चालू होने से हंसापुर रोड पर सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत का आभार व्यक्त किया है।
रामराज में गोवंश पर हमले का आरोप, कार्रवाई न होने पर थाने पहुंचे भाजपा नेता, गौसेवक और बजरंग दल कार्यकर्ता
बहसूमा। थाना क्षेत्र के गांव सैफपुर फिरोजपुर रामराज में गोवंश पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना में एक गाय के घायल होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने बहसूमा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस द्वारा समय रहते कार्रवाई न किए जाने से नाराज भाजपा नेता, गौसेवक और हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता मंगलवार को थाने पहुंच गए और रोष व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, गांव सैफपुर फिरोजपुर रामराज निवासी सीमा पत्नी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र चांद कुमार मंगलवार शाम अपनी गायों को चराकर वापस घर लौट रहा था। आरोप है कि जब वह चतर सिंह कुम्हार के बाग के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और गायों को आगे ले जाने से मना कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से गाय पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और मामले की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसी को लेकर भाजपा नेता विपेंद्र सुधा वाल्मीकि, चौहान क्षत्रिय कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जयपाल सिंह, गौ सेवा संघ के जिला अध्यक्ष एवं बजरंग दल कार्यकर्ता बहसूमा थाने पहुंचे और थाना प्रभारी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान भाजपा नेता विपेंद्र सुधा वाल्मीकि, मास्टर ब्रह्मचारी, डॉ. श्रीपाल कोहली, गौसेव
पंचम बड़े मंगलवार पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य आरती का आयोजन
मेरठ/बहसूमा, 2 जून 2026। ज्येष्ठ मास के पंचम बड़े मंगलवार के अवसर पर मवाना नगर स्थित शिव मंदिर, पक्का तालाब के निकट समस्त सनातन परिवार के तत्वावधान में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने देश में चल रही विभिन्न प्रकार की समस्याओं एवं संकटों से मुक्ति की प्रार्थना करते हुए राष्ट्र में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे वातावरण में भक्तिमय भजनों, जयकारों और आरती से आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नामित सभासद अक्षत शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा। उनका उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट कर भक्ति एवं संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग जाति एवं भेदभाव को भुलाकर एकता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ें, यही इस आयोजन का मुख्य संदेश है।

कार्यक्रम में भाजपा नेता अशोक चौधरी, सभासद अवजीत चौहान, ठाकुर शनि प्रताप, अर्पित पांडे, भाजपा उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सोकीनदर गुर्जर, भरत अरोरा, आदित्य ठाकुर, विनोद गुप्ता, विवेक अग्रवाल, सुभाष गाबा, अंकुर सैनी, अमर गुप्ता, पल्लव गुप्ता, आशीष सैनी, मुकुल चौहान, चिराग चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। ⛳️
नगर पंचायत बहसूमा में हंसापुर रोड पर स्ट्रीट लाइट के खंभे शो पीस बना कर रह गए हैं   दो वर्ष से नहीं हुआ है एक भी विकास
करोड़ों रुपए खर्च करके नगर पंचायत बहसूमा में स्ट्रीट लाइट के खंभे (पोल) तो खड़े कर दिए हैं, लेकिन उन पर लाइटें न लगना घोर लापरवाही, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। यह स्थिति न केवल जनता के पैसों की बर्बादी है, बल्कि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा और सुविधा के साथ भी सीधा खिलवाड़ है।इस समस्या और इस पर टिप्पणी के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:1. सुरक्षा और दुर्घटनाओं का खतराखंभे खड़े होने के बावजूद लाइटें न जलने से शाम ढलते ही मुख्य मार्गों और गलियों में अंधेरा छा जाता है। इससे रात में आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा रहता है और अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।2. भ्रष्टाचार और टेंडर में धांधलीअक्सर ऐसे मामलों में देखा जाता है कि खंभे लगाने के बाद बजट (या तो खत्म हो जाता है) या फिर संबंधित ठेकेदार/वेंडर और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण लाइटें लगाने का काम बीच में ही लटका दिया जाता है। यह स्पष्ट तौर पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और कमीशनखोरी की ओर इशारा करता है।3. जनविरोधी रवैया और जवाबदेही का अभावलाखों-करोड़ों रुपए के विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रह जाते हैं। स्थानीय जन प्रतिनिधियों और नगर पंचायत के अधिकारियों की उदासीनता के कारण जनता की गाढ़ी कमाई से खड़े किए गए खंभे शो-पीस बनकर रह गए हैं। वार्ड नंबर 4 मोहल्ला वासियों का कहना है कि अंधेरे के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है वार्ड वासियों में डॉ राहुल राजेंद्र कलवा सुलेमान संदीप बाबू मिस्त्री गुलजार इस बारे में नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुकड़ी से बात हुई तो उन्होंने बताया कि हमारा क्षेत्र में नहीं आता है फिर भी हम लगवाने की कोशिश करेंगे
भीषण गर्मी में भारतीय गौ सेवा संघ ने लगाई छबील, राहगीरों को बांटा मीठा शरबत व ठंडा जल
मेरठ।बहसूमा।रामराज। भीषण गर्मी के बीच भारतीय गौ सेवा संघ रामराज इकाई द्वारा मानव सेवा, गौ सेवा और सामाजिक भाईचारे का संदेश देते हुए कार्यालय के बाहर छबील लगाकर राहगीरों, ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों को मीठा शरबत एवं ठंडा जल वितरित किया गया। सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और संगठन के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय गौ सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पटका और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संगठन निरंतर गौ माता की रक्षा, उपचार और सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बेसहारा गोवंश के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे हैं तथा विभिन्न स्थानों पर जल संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और गौ सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल गौ रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है।

ईद के पावन अवसर पर उन्होंने सभी लोगों को प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देते हुए कहा कि त्योहार मिलजुलकर शांति और भाईचारे के साथ मनाने चाहिए। साथ ही उन्होंने गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई।

पूरे कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द और धार्मिक एकता का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को ठंडा जल और मीठा शरबत वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर भारतीय गौ सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष परविंदर कुमार उर्फ जैन साहब, राहुल कुमार, विजय तोमर, अजय तोमर, राम अवतार राणा सहित भारतीय गौ सेवा संघ रामराज इकाई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।