संस्कृत और संस्कृति की रक्षा करें ब्राह्मण: सत्यव्रत ब्रह्मचारी
ज्ञान, तप के प्रतीक ब्राह्मणों ने सदैव राष्ट्र को किया मजबूत: विजय बहादुर पाठक

गहजी में सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक विद्वान ब्राह्मणों का हुआ भव्य सम्मान


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। गहजी स्थित माँ शारदा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक विद्वत्ब्राह्मणों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुमुक्षु आश्रम अम्बेडकर नगर के महंत सत्यव्रत ब्रह्मचारी, मौनी बाबा आश्रम के महंत शुभम दास महाराज और मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक फौजदार सिंह, निदेशक संजय सिंह, सौरभ सिंह, प्राचार्य डा. दिवाकर सिंह और राममिलन सिंह ने मंचासीन अतिथियों सहित सैकड़ों ब्राह्मणों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन और राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय कुमार पांडेय सरस ने फौजदार सिंह को उनके प्रशंसनीय धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए सम्मान पत्र भेंट किया। इसी क्रम में ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष ब्रजेश नंदन पांडेय ने भी पुनीत कार्य की सराहना करते हुए आयोजक को पत्र सौंपा।
मुख्य अतिथि एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि ज्ञान और तप का प्रतीक ब्राह्मण कभी अपने मूल से नहीं हटा, यही कारण है कि अपने विरुद्ध अनेक आरोपों को सहते हुए भी वह आज समाज में सर्वाेच्च सम्मान पा रहा है। ब्राह्मणों ने सदैव समाज का सही मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्र को मजबूत बनाने का कार्य किया है। उन्होंने इस अनूठे आयोजन के लिए प्रबंधक फौजदार सिंह की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वही अध्यक्षीय संबोधन में महंत सत्यव्रत ब्रह्मचारी ने कहा कि संस्कृत और संस्कृति की रक्षा करना ब्राह्मणों का परम कर्तव्य है। शास्त्रों में ब्राह्मणों को केवल मनुष्य नहीं, बल्कि पृथ्वी का देवता कहा गया है, इसलिए ब्राह्मणों को अपने इस ब्राह्मणत्व को पहचानना चाहिए। उन्होंने आयोजक फौजदार सिंह के इस कार्य को राजर्षि जैसा महान कार्य बताया।
इस अवसर पर भाजपा नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू, कवि प्रभुनारायण पांडेय प्रेमी, साहित्यकार सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन, ब्रजेश नंदन पांडेय, कवि संजय कुमार पांडेय सरस, मुन्ना बाबा, डा.दीपक पांडेय, डा. ए.के. मिश्र, डा.शरद कुमार मिश्र और अशोक कुमार पांडेय ने वक्तव्य के माध्यम से सनातन संस्कृति, संस्कार एवं समाज के सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक फौजदार सिंह ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। 
इस मौके पर भाजपा नेता मनीष मिश्र, बसपा नेता अरूण पाठक, तारकेश्वर मिश्र, अरविंद पाठक, अशोक पाठक, रामबली पांडेय, सत्यम गुरु, हरिनाथ तिवारी शास्त्री, सुभाष शास्त्री, शिवम तिवारी, हरीश तिवारी, जयराम उपाध्याय, मनोज त्रिपाठी, हरीश पाठक, दीनानाथ मिश्र, वेदप्रकाश पाठक, आनंद मणि चतुर्वेदी, पंचदेव पांडेय सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन दिवाकर सिंह एड. ने किया।
सत्ताधारी दल के लोग भी प्रताड़ित, धरने के 9वा दिन प्रशासन की बेरुखी से आक्रोश
आजमगढ़। कलेक्ट्रेट भवन के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में आजाद अधिकार सेना का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता और आमजन सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, जनसुनवाई की विफलता और RTI/IGRS निस्तारण में हो रही लीपापोती के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले की तहसीलों, थानों और अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। आज स्थिति यह है कि जनसुनवाई के नाम पर जनता के साथ 'जनठगई' की जा रही है। IGRS और RTI के माध्यम से जो शिकायतें की जाती हैं, उनका निस्तारण धरातल पर शून्य है। अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति कर रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि इस धरने में केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल भाजपा से जुड़े कई लोग भी अपनी पीड़ा लेकर शामिल हुए हैं। जिलाध्यक्ष ने इसे सरकार के प्रशासनिक तंत्र की विफलता बताते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता ही खुद को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं, तो आम आदमी की सुध कौन लेगा? यह साफ दर्शाता है कि अपनी ही सरकार के तंत्र पर अब कार्यकर्ताओं का भरोसा खत्म हो चुका है। चार दिन बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन का कोई आलाधिकारी आंदोलनकारियों से वार्ता करने या उनकी सुध लेने नहीं पहुँचा है। प्रियंश  कुमार पांडेय ने इस पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों की यह संवेदनहीनता उनके अहंकार को दर्शाती है। अशोक सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा, "यदि प्रशासन ने हमारी मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया और औचक निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
आजमगढ़:-15 से 22 मई तक लगेंगे ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निर्देश पर जनपद के फूलपुर विद्युत वितरण खण्डों में 15, 16, 18, 19, 20, 21 एवं 22 मई 2026 को ‘वाणिज्यिक मेगा कैम्प’ आयोजित किए जाएंगे। अधीक्षण अभियन्ता गौरव तिवारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार यह कैम्प विद्युत वितरण खण्ड फूलपुर, सठियांव एवं कप्तानगंज सहित अन्य क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता फूलपुर हरीश प्रजापति व उपखंड अधिकारी फूलपुर भूप सिंह और अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेगा कैम्प के दौरान उपभोक्ता अपने बिजली बिल जमा कर सकेंगे, बिल संशोधन करा सकेंगे, नए विद्युत संयोजन प्राप्त कर सकेंगे, लोड वृद्धि, मीटर परिवर्तन तथा अन्य वाणिज्यिक समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जाएगा। कैम्प का संचालन संबंधित अधिशासी अभियन्ता (वितरण) के नेतृत्व में किया जाएगा।
विभाग द्वारा कैम्प स्थलों के चयन के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।
राजेश विक्रांत की पुस्तक का विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा और काव्य गोष्ठी संपन्न
आजमगढ़ । मुंबई के ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार एवं लेखक राजेश विक्रांत द्वारा संपादित पुस्तक "जितेन्द्र पाण्डेय: व्यक्तित्व और सृजन" लोगों को खास तौर से नई पीढ़ी को साहित्य सेवा के लिए प्रेरित करेगी, यह उद्गार साहित्यकार डॉ श्याम वृक्ष मौर्य ने रविवार 10 मई को मारवाड़ी धर्मशाला, आज़मगढ़ में  संपन्न एक विशेष कार्यक्रम में व्यक्त किए। तमसा काव्य मंच और हिंदी शोध एवं संवर्धन अकादमी, आज़मगढ़ ईकाई के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन, साहित्यिक परिचर्चा के साथ काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ। डॉ मौर्य ने इसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का आवाहन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंचस्थ अतिथियों साहित्यकार हरिहर पाठक, परमहंस सिंह, कवि सोहन लाल गुप्त 'स्नेहिल', शिक्षक बरुन कुमार पांडेय द्वारा सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। संयोजक कवि लाल बहादुर चौरसिया 'लाल' एवं कवि राकेश पाण्डेय 'सागर' ने अतिथियों का स्वागत किया। कवयित्री सरोज यादव ने सरस्वती वंदना की- हे जननी तार ह्रदय के खोल। महुआ सुर संग्राम विजेता भोजपुरी गायक व रचनाकार वीरेंद्र भारती ने स्वागत गीत पेश किया- श्रीमन जो पधारे हैं, महक उठा घर आंगन।
डॉ श्याम वृक्ष मौर्य को आयोजन समिति द्वारा श्याम नारायण पाण्डेय सम्मान से सम्मानित किया गया। "जितेन्द्र पाण्डेय व्यक्तित्व और सृजन" के संपादक राजेश विक्रांत ने पुस्तक की रचना प्रक्रिया साझा करने से पहले आजमगढ़ की साहित्य उर्वरा मिट्टी को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि "अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध, श्याम नारायण पाण्डेय,  मौलाना शिबली नोमानी, कैफ़ी आज़मी की धरती से प्रेरणा लेने की जरूरत है और डॉ जितेन्द्र पाण्डेय के जीवन और रचना कर्म पर देश के प्रतिष्ठित रचनाकारों एवं संपादकों के लेखों व संस्मरणों से सजी यह पुस्तक सभी पढ़ें और जीवन में सत्कर्मों की खुशबू महसूस करें।" समारोह के मुख्य वक्तागण बरुण कुमार पाण्डेय, मंगलदेव तिवारी राज, संतोष कुमार सिंह और डॉ ईश्वर चन्द्र त्रिपाठी रहे। आभार प्रदर्शन में डॉ जितेंद्र पाण्डेय ने कहा कि "लेखन, शिक्षा व व्यवहार में भारतीय परंपराओं को शामिल कर देश का रचनात्मक पुनर्निर्माण किया जा सकता है।"इसके बाद सुप्रसिद्ध कवि, साहित्यकार व मोटिवेशनल स्पीकर डॉ तारकेश्वर मिश्र 'जिज्ञासु' के संचालन में कवि गोष्ठी के संबंध में  अनुपम पाण्डेय 'अनहद', रवि प्रकाश, महेंद्र मृदुल, आदित्य आजमी, महेंद्र मौर्य, सतेंद्र गौतम, संजय कुमार 'स्नेही', संदीप गांधी 'नेहाल', रोहित राही, घनश्याम यादव, कौशल किशोर राय,राकेश पाण्डेय 'सागर' आदि ने काव्य पाठ किया।
आजमगढ़:-संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर की आत्महत्या
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के कन्दरा गाँव निवासी 32 वर्षीय युवक ने बुधवार को जौनपुर जिले के शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूद कर जान दें दिया। जैसे ही घटना की सूचना स्वजनों को हुई कोहराम मच गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव आया तो स्वजनों के करुण क्रंदन से ग्राम वासियों की आँखें नम हो गई। शाम को स्वजनों ने शव का अंतिम संस्कार दुर्वासा धाम के श्मशान घाट पर कर दिया।
मृतक दिलीप यादव उम्र 32 वर्ष पुत्र राम भूवाल यादव के बड़े भाई मनोज यादव प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। पांच मई को उनके चचेरे भाई संदीप यादव की शादी थी। शादी के दिन ही सुबह किसी बात को लेकर अपने स्वजनों से नाराज  होकर वह चला गया। बुधवार शाम को शाहगंज रेलवे पुलिस का फोन उनके पिता भूवाल के पास आया तब घटना की जानकारी हुई और स्वजनों और ग्राम वासियों  में कोहराम मच गया। शादी की खुशी गम में बदल गई। मृतक दिलीप की मां की पहले ही मौत हो चुकी है।।
आजमगढ़:-दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप से आमने-सामने भिड़ी बाइक, 6 माह के मासूम के पिता की मौके पर मौत

वी कुमार यदुवंशी


आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीर पुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से सुबह बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के एक मासूम बेटे के पिता थे। वहीं उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है।फूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत हुई है , युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है । पिकअप को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ।
आजमगढ़:-बब्लू सिंह समर्थकों के साथ सुभासपा में शामिल

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के मियापुर गांव निवासी प्रमुख समाजसेवी संतोष सिंह बबलू ने अपने समर्थकों के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का दामन थाम लिया। जैसे ही गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई कार्यालय सभागार तालियों से गूंज उठा।संतोष सिंह बबलु क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी और ठेकेदार है। उन्हें सदस्यता दिलाते समय ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बब्लू जैसे मजबूत और कद्दावर व्यक्ति के पार्टी में आने से पार्टी को आजमगढ़ ही नहीं आसपास के जिलों में भी मजबूती मिलेगी। 

   इस दौरान संतोष सिंह बबलू ने कहा कि सुभासपा की जनप्रिय कार्यशैली से प्रभावित हो कर बिना शर्त पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है। सुभासपा ही ऐसी पार्टी है जिसके मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने कभी भी जनता के हितों से समझौता नहीं किया चाहे वे सरकार में रहे या बाहर सदन से लेकर सड़क तक उन्होंने ग़रीबों मजलूमों और बेसहारा लोगों के लिए लड़ते रहते है।
इस अवसर पर सुभासपा के वरिष्ठ नेता रमेश दुबे, पूर्व महाप्रधान सत्येंद्र सिंह पिंटू, युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष रुद्र राजन राजभर आदि रहे।।
आजमगढ़:-एसडीएम का बड़ा एक्शन: सोनोग्राफी सेंटर पर छापा, डॉक्टर मिले नदारद, मचा हड़कंप

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासनिक टीम की अचानक हुई छापेमारी से निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक अखिलेश कुमार ने फूलपुर पेट्रोल पंप के सामने स्थित जनता सोनोग्राफी सेंटर पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सेंटर पर डॉक्टर मौजूद नहीं मिले, जिससे प्रशासन ने गंभीर नाराजगी जताई।

बताया जा रहा है कि प्रशासन को उक्त सोनोग्राफी सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एसडीएम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। छापेमारी की भनक लगते ही नगर के कई निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी और जांच केंद्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई संचालक अपने प्रतिष्ठानों के दस्तावेज व्यवस्थित करते नजर आए, जबकि कुछ जगहों पर कर्मचारियों में बेचैनी साफ दिखाई दी।

जांच के दौरान टीम ने सेंटर के संचालन से जुड़े दस्तावेज, चिकित्सकीय अनुमति पत्र तथा सोनोग्राफी संबंधी आवश्यक अभिलेखों की मांग की। हालांकि मौके पर डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण टीम को संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित संचालकों को आवश्यक कागजात के साथ तलब किया है।
उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान डॉक्टर मौके पर नहीं मिले, जिससे प्रथम दृष्टया अनियमितता प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि सेंटर संचालकों को सोनोग्राफी संचालन से संबंधित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में कागजात अधूरे पाए गए या नियमों का उल्लंघन सामने आया तो संबंधित केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जांच केंद्रों और निजी अस्पतालों में खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग अब अन्य केंद्रों की भी जांच की तैयारी में जुट गया है।
आजमगढ़:-ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला में लोककला की बारीकियों से रूबरू हुए छात्र

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश (संस्कृति विभाग) के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज, अंबारी में आयोजित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला 2026 के तीसरे दिन विद्यार्थियों को लोककला की परंपरागत शैलियों और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक डॉ उगेश रवि एवं शेषनाथ यादव ने छात्रों को लोककला के सांस्कृतिक महत्व, रंगों के प्रयोग, प्रतीकों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोककला हमारी सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन का सजीव प्रतिबिंब है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों से लोककला शैली में चित्र बनवाए गए, जिसमें छात्रों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में ग्रामीण जीवन, प्रकृति, त्योहार और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

प्रधानाचार्य हरेन्द्र प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ अध्यापक विजय बहादुर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला को सफल बनाने में शिक्षक वीरेंद्र यादव, सुमित यादव, परशुराम यादव एवं डॉ नरेन्द्र चौरसिया का विशेष योगदान रहा। आगामी दिनों में भी विभिन्न कला विधाओं पर प्रशिक्षण जारी रहेगा।
आजमगढ़:-विद्यालयों में लग रही ट्रैफिक पाठशाला, बच्चों को दिए गए यातायात नियमों के टिप्स

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  सड़क हादसों पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा विद्यालयों में जागरूकता पाठशाला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में फूलपुर थाना क्षेत्र के श्री कैफी आज़मी कन्या इंटर कॉलेज, मिजवां में छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में टीएसआई बाबूलाल ने छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट बाइक चलाना और बिना सीट बेल्ट कार चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। बच्चों से अपील की गई कि वे अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
टीएसआई बाबूलाल ने कहा कि बच्चों की बात का असर अभिभावकों पर अधिक होता है, इसलिए स्कूली छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की बेसिक जानकारी दी जा रही है। इस दौरान रोड सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक संकेतों तथा सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने के नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया।

उन्होंने बताया कि 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा सबसे अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार बनते हैं। ऐसे में बचपन से ही ट्रैफिक नियमों की जानकारी मिलने पर आगे चलकर नियमों का पालन उनकी आदत बन जाएगा।
इस अवसर पर कांस्टेबल उत्कर्ष शुक्ला, सर्वेश, विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मिश्रा, अरविंद, आयशा, शीला, प्रियंका, राजेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।