पीएम श्री योजना से संबद्ध हुए 1000 मान्यता प्राप्त विद्यालय, शिक्षकों में हर्ष की लहर

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। नगर के मदर कॉन्वेंट विद्यालय के प्रांगण में केंद्रीय प्राथमिक शिक्षक संघ (एससी/एसटी) द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संघ के अध्यक्ष देव मणि त्रिपाठी 'अंगार' के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में भारत सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अध्यक्ष देव मणि त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने 1000 मान्यता प्राप्त प्राइमरी और अपर प्राइमरी विद्यालयों से संबंधित बहुप्रतीक्षित योजना को 'पीएम श्री योजना' के आवर्तक अनुदान से संबद्ध कर दिया है। सरकार के इस कदम से प्रदेश के लाखों शिक्षकों के जीवन में 'अरुणिम प्रकाश' आया है।

इस योजना से जुड़ने के बाद विद्यालयों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि सरकार का यह कदम शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ (एससी/एसटी), केंद्रीय शिक्षक संघ, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों और शिक्षक गणों ने एक स्वर में इस सफलता का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए सरकार के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। इस दौरान उपाध्यक्ष अमित सिंह, कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार, संगठन मंत्री विनोद कुमार यादव, रामसरन गौतम, धनंजय पाण्डेय, बालकृष्ण पांडे, सुभास चंद्र यादव, रामधारी, रामभुवाल, सत्य प्रकाश चतुर्वेदी, विनय आदि उपस्थित रहे।
सुदनीपुर विद्युत लाइन में सरायमीर लाइन जोड़ने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र की लाइन में सरायमीर की नई 33 केवी लाइन जोड़ने की प्रस्तावित कार्यवाही के विरोध में क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर इस पर रोक लगाने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि विद्युत उपकेंद्र सुदनीपुर से नगर पंचायत फूलपुर सहित करीब 25 से 30 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। गर्मी के दिनों में पहले से ही ओवरलोडिंग की समस्या बनी रहती है। वर्तमान में सुदनीपुर उपकेंद्र 132 केवी फूलपुर से 33 केवी की स्वतंत्र लाइन से जुड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्र में सुचारु विद्युत आपूर्ति हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सरायमीर विद्युत उपकेंद्र के लिए नई 33 केवी लाइन का निर्माण कार्य पिछले पांच वर्षों से विभागीय शिथिलता के कारण लंबित पड़ा है।

अब विभाग उस लाइन को सुदनीपुर की लाइन से जोड़ने का विकल्प तलाश रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसा होने पर सुदनीपुर उपकेंद्र की लाइन पर अतिरिक्त भार बढ़ जाएगा और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बाधित हो सकती है।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर सरायमीर की नई लाइन को सीधे 132 केवी फूलपुर तक पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।
ज्ञापन देने वालों में अखिलेश कुमार, अरविंद कुमार चौधरी, सुरज, विशाल रामसर, सलीम वामर, नरेन्द्र गुप्त, राकेश गौतम, ओमपाल यादव, संजय यादव, विजय यादव, सुनील, पप्पू, विशाल शंकर, राम आशीष, प्रमोद विश्वकर्मा, महेंद्र पाल तथा धूपचंद गौतमवाल सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे।


ज्ञापन की प्रतिलिपि सदस्य विधान परिषद विजयबहादुर पाठक तथा विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर को भी प्रेषित की गई
पश्चिम बंगाल की विशेष मिठाई रसगुल्ला एवं झालमुड़ी खिलाकर संसक्त भारत के संकल्प भारत के विकास के जीत का मनाया उत्सव


दबदबा खत्म, अब आजमगढ़ सहित पूरे यूपी में भी खिलेगा कमल : रित्विक जायसवाल


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। पश्चिम बंगाल के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन और राजनीतिक समीकरणों से उत्साहित होकर भाजपा नेता रित्विक जायसवाल ने खुशी का इजहार किया। मंगलवार को लक्षीरामपुर स्थित अपने निजी कार्यालय पर उन्होंने समर्थकों के साथ जीत का जश्न मनाया। जश्न के दौरान बंगाल की संस्कृति की झलक देखने को मिली। रित्विक जायसवाल ने समर्थकों का मुंह सफेद रसगुल्ले से मीठा कराया और बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन 'झालमुरी' का वितरण किया। इस दौरान कार्यालय 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा। रित्विक जायसवाल ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब वह समय बीत गया जब कुछ खास परिवारों या दलों का दबदबा चलता था। जनता ने अराजकता को नकार दिया है। बंगाल से उठी यह लहर अब उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आजमगढ़, जो कभी विपक्ष का गढ़ माना जाता था, यहां भी पूर्ण रूप से कमल खिलेगा। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों के कारण जनता का विश्वास भाजपा पर बढ़ा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करने की कोशिश की भी गई। जश्न के दौरान मौजूद समर्थको ने एक-दूसरे को बधाई दी और पार्टी की मजबूती का संकल्प लिया।
पश्चिम बंगाल, असम और पुढेचेरी में भाजपा की जीत पर माहुल में  समर्थकों ने मनाया जश्न
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की सरकार बनने की खबर पर नगर पंचायत माहुल में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया। शिवाजी मेन चौक पर एकत्रित होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उत्साहपूर्वक नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री के चित्र के साथ खुशी व्यक्त की गई और जीत को ऐतिहासिक बताया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता एवं नगर पंचायत माहुल में शासन से नामित  सभासद सुजीत जायसवाल ‘आशु’ ने किया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के कारण जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
इस अवसर पर दिनेश अग्रहरि, अतुल मोदनवाल, सुनील सिंह, विशाल मोदनवाल, सनी शर्मा, संदीप जायसवाल, लालू मोदनवाल, प्रिंस अग्रहरि, संजय गुप्ता, अखिलेश पांडेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
दिल्ली में अनवार पब्लिक स्कूल को राष्ट्रीय सम्मान, ‘वर्ष का सबसे नवाचारी विद्यालय’ बना
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे अनवार पब्लिक स्कूल गोधना ने  अपनी अलग पहचान स्थापित की है। स्कूल को दिल्ली में आयोजित वैश्विक विरासत पुरस्कार एवं प्रदर्शनी 4.0 में ‘वर्ष का सबसे नवाचारी विद्यालय’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार विद्यालय के निदेशक डॉ. सोहराब सिद्दीकी ने ग्रहण किया, जिसे बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने प्रदान किया।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ सोहराब सिद्दीकी ने बताया कि यह सम्मान विद्यालय की आधुनिक, छात्र-केंद्रित और परिणाम-उन्मुख शिक्षा प्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है। स्कूल द्वारा संचालित पहल (अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम), प्रतिभा खोज परीक्षा, नवाचारपूर्ण विज्ञान प्रदर्शनियां और विशेष रूप से विद्यालय समेकित कार्यक्रम जैसी पहलें इसे अन्य संस्थानों से अलग बनाती हैं। इस समेकित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही इंजीनियरिंग व मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
विद्यालय में संकल्पना-आधारित शिक्षण, अनुशासित वातावरण, अनुभवी शिक्षकों की टीम तथा नियमित मूल्यांकन के जरिए छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि अनवार पब्लिक स्कूल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए तेजी से एक भरोसेमंद संस्थान के रूप में उभर रहा है। डॉ सोहराब सिद्दीकी ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
आजमगढ़:सेवा का संदेश: समाजसेवी ने वृद्धाश्रम में बिताया दिन, जरूरतमंदों की मदद


वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के शुक्लपूरा निवासी समाजसेवी, शिक्षिका एवं कवयित्री आराधना शुक्ला ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए असीलपुर स्थित वृद्धाश्रम में दिन बिताकर वृद्धजनों की सेवा की। शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में अध्यापन कार्य कर रहीं आराधना ने निजी उत्सवों से अलग हटकर समाज के जरूरतमंद वर्ग के बीच समय बिताने का संदेश दिया।
वृद्धाश्रम पहुंचकर उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके सुख-दुख को करीब से जाना। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से भोजन वितरण कराया तथा फल व आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया। उनकी आत्मीयता और स्नेह से अभिभूत वृद्धजनों ने उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर आराधना शुक्ला ने कहा कि जरूरतमंदों के बीच समय बिताने से जो आत्मिक संतोष मिलता है, वह किसी भी अन्य सुख से बढ़कर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन के खास पलों को सेवा और संवेदना से जोड़ें, ताकि समाज के वंचित वर्ग के जीवन में भी खुशियां लाई जा सकें।
आराधना शुक्ला की यह पहल सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देती है और यह दर्शाती है कि सच्ची खुशी दूसरों की सेवा और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने में ही निहित है।
आजमगढ::आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के टीईटी अनिवार्यता किया विरोध प्रदर्शन

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़::आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के टीईटी अनिवार्यता के विरोथ में संघर्ष के लिए एकजुट शिक्षक संगठनों के बने मोर्चे - अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर जिले भर के शिक्षकों ने मसाल जुलूस निकाला। यह मसाल जुलूस डीएवी इंटर कॉलेज से निकलकर गांधी तिराहे पहुंचा जहां से कलेक्ट्रट चौराहे पहुंचकर संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले भर से आए शिक्षकों ने सरकार से आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को राहत देने की मांग की। इसके लिए प्रदेश भर के शिक्षक संगठनों ने मिलकर महासंघ का गठन किया है। माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के जिला अध्यक्ष और इस महासंघ के आजमगढ़ इकाई के मुख्य जिला संयोजक सुशील कुमार ने कहा कि पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर नई शर्तें थोपना न्यायोचित नहीं है।

उत्तर प्रदेशीय प्रारंभिक शिक्षक समिति के जिला अध्यक्ष और महासंघ के जिला संयोजक डॉ० राम उजागिर शुक्ला ने कहा कि आज हम सब ने मशाल जलाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है, जिससे टेट की अनिवार्यता को समाप्त किया जा सके।

टीएससीटी आजमगढ़ इकाई के जिलाअध्यक्ष और महासंघ के जिला संयोजक दुर्गेश पाण्डेय ने बताया कि हम सब मिलकर मशाल से लेकर न्यायालय तक लड़ाई जारी रखेंगे और शिक्षकों को इस काले कानून से मुक्ति दिलाकर दम लेंगे।

अटेवा जिला अध्यक्ष और महासंघ के जिला संयोजक सुभाष चन्द यादव ने बताया कि आज तो हमने मसाल जुलूस निकालकर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है अगर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो हम अगले महीने में लखनऊ में एक बड़ी रैली भी करेंगे।

माध्यमिक शिक्षक संघ एकजूट के प्रदेशीय मंत्री बिरजू सरोज तथा अटेवा के जिला उपाध्यक्ष सीपी यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान महासंघ के संरक्षक रामअवध यादव, सहसंयोजक मंडल के सदस्य क्रमशः विनय यादव, रामजन्म दुबे, बैजनाथ
कन्रौजिया, अहमद खां, रविशंकर यादव, जमुना प्रसाद दुबे, मनोज राय, अजय कुमार पाण्डेय, जनार्दन यादव, ओंकार सिंह, डॉ रामजी वर्मा, महासंघ के जिला
महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी ममता चौबे, कोषाध्यक्ष मनोज मौर्य, जिला मीडिया प्रभारी उदय प्रताप राय सहित जिले भर के सैकड़ो शिक्षकों ने प्रतिभाग़ किया।
डा. हैनिमन की खोज विश्व के लिए वरदान!

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। होमियोपैथी के अन्वेष्क (जनक) डा. किश्चयन फैड्रिक सैम्युल हैनिमन की 271वीं जयंती शुक्रवार की देर रात शहर के बदरका स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कालेज में विश्व होमियोपैथी दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान डा. हैनिमन के कृतित्व व व्यक्तित्व पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला चिकित्सकों एवं बच्चों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान होमियोपैथी को विश्व के लिए वरदान करार दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय श्री दुर्गा जी होमियोपैथिक मेडिकल कालेज आजमगढ़ के प्राचार्य डा. एसके पांडेय, जिला होमियोपैथिक चिकित्साधिकारी डा. योगेंद्र कुमार यादव, क्रेंद्रीय होमियोपैथी परिषद के पूर्व सदस्य एवं नेशनल इंस्टीट्यूट आफ होमियोपैथी कोलकाता के सदस्य डा. भक्तवत्सल तथा लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, हमाई अध्यक्ष डा. राजकुमार राय, सचिव सीजी मौर्य ने डा. हैनिमन की प्रतिमा पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान होमियोपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले चिकित्सकोें को अंगवस्त्रम व मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। राजकीय श्री दुर्गा जी होमियोपैथिक मेडिकल कालेज आजमगढ़ के प्राचार्य डा. एसके पांडेय ने कहा कि प्रेरणात्मक व्यक्तित्व की उपलव्धियों और राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान, दर्शन तथा सिद्धातों के प्रति जन चेतना के लिए अनेक विश्वदिवसों का आयोजन किया जा रहा है। होमियोपैथी के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए आवश्यक है कि वर्ष का एक दिन डा. हैनीमन के जन्मदिवस दस अप्रैल से अच्छा कोई दिवस नहीं हो सकता। अतः इस दिन को विश्व होमियोपैथी दिवस के रूप में मनाया जाना प्रासंगिक है।
जिला होमियोपैथिक चिकित्साधिकारी डा. योगेंद्र कुमार यादव ने कहा कि मन को स्वस्थ्य रखकर ही काया को स्वस्थ रखा जा सकता है। हैनीमन के सिद्धांतों पर चलकर सतत अभ्यास द्वारा अनेक असाध्य रोंगो का उपचार इस पैथी द्वारा सहजता से किया जा सकता है। हमाई अध्यक्ष डा. राजकुमार राय ने कहा कि होमियोपैथी को जन जन तक पहुंचाना ही संगठन का उद्देश्य है। इसके लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। डा. भक्तवत्सल ने कहा कि डा. हैनीमन ने पीड़ित मानवता के लिए होमियोपैथी के रूप में एक अमोदघ अस्त्र प्रदान किया है जिससे असाध्य रोगों का उपचार कम खर्च में सभंव है। उन्होनेें कहा कि पूरे देश में 300000 से ज्यादा होम्योपैथिक चिकित्सक, 85000 सरकारी डिस्पेंसरी और लगभग 200 से ज्यादा होम्योपैथिक मेडिकल कालेज चल रहे हैं। केन्द्रीय होम्योपैथिक अनुसंधान संस्थान के 35 शोध संस्थान चल रहें हैं और लगभग दस करोड़ से ज्यादा लोग इस विधा का प्रयोग कर रहे हैं। सरकार द्वारा इसके उन्नयन के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार को सेना और रेलवे में होम्योपैथी के चिकित्सकों की नियुक्ति करनी चाहिए और रोज गार के अवसर देना चाहिए। विकसित  और स्वस्थ भारत की परिकल्पना बिना होम्योपैथी के अधूरी है। डा. भक्तवत्सल ने कहा कि होमियोपैथी अपनी गुणवत्ता के कारण समाज में लोकप्रिय होती जा रही है। इस चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास तेजी से बढ़ा है। आज जहां दूसरी चिकित्सा पद्धति सिर्फ रोगों को रोकने का काम करती हैं वहीं होमियोपैथी बीमारियों को जड़ से खत्म करने में सक्षम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा पद्धति में डा. हैनीमन के सिद्धांतों पर चलकर ही सफलता हासिल की जा सकती है। इसका कोई शार्टकट नहीं हो सकता है। होमियोपैथिक को ऊंचाई तक ले जाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए निरंतर प्रयास करना होगा। संचालन डा. प्रमोद गुप्ता ने किया। सचिव डा. सीजे मौर्य ने सभी का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर होमियोपैथिक परिवार के बच्चों द्वारा डा. नेहा दुबे के नेतृत्व में केक काटकर एंव भविष्य दीप कला केंद्र द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से डा. हैनीमन की जयंती मनाई गई। इस दौरान डा. देेवेश दुबे, डा. रणधीर सिंह, डा. मनोज मिश्र, डा. राजकुमार राय, डा. अनुतोष वत्सल, डा. नेहा दुबे, डा. एससी सैनी, डा. नीरज सिंह, डा. धीरज श्रीवास्तव, डा. अनुराग, डा. अबू मोहम्मद, डा. अजय पांडेय, इंदरा देवी, प्रतिभा निकेतन इंटर कालेज के प्रबंधक रमाकांत वर्मा, डा. एसके राय, लायन राकेश अग्रवाल, लायन रवि जायसवाल, डा. तापस, डा. एचपी त्यागी आदि ने डा. हैनीमन को श्रद्धासुमन अर्पित किया।
भारत के वीर सपूत मंगल पांडे के बलिदान दिवस पर ब्राह्मण समाज ने चित्र पर श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित किया

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़ :: मंगल पाण्डेय की शहादत दिवस पर ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद के तत्वावधान में बुधवार को एलवल स्थित शिविर कार्यालय पर मंगल पाण्डेय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।

कार्यक्रम अध्यक्षता करते हुए ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद के अध्यक्ष ब्रजेश नन्दन पाण्डेय ने कहा कि पण्डित मंगल पाण्डेय 1857 की क्रान्ति के प्रणेता थे।

अपने देश एवं धर्म की रक्षा के लिए अंग्रेजी सरकार में अंग्रेज अधिकारियों पर प्रथम गोली चलाने वाले सिपाही थे। जिन्होंने देश के लिए अपने निजी स्वार्थ को त्याग कर एक देशभक्त सिपाही के रूप प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम योद्धा बने। आजादी के महा नायक पण्डित मंगल पाण्डेय को 8 अप्रैल 1857 के दिन बैरकपुर जेल में फांसी दी गई। उनके बलिदान से देश में क्रान्ति की ज्वाला और भड़क उठी तथा देश की आजादी के लिए उनके द्वारा बोया गया क्रान्ति रूपी बीज 90 साल बाद 1947 में आजादी के वट वृक्ष के रूप में तब्दील हो गया ।

इस दौरान कार्यक्रम का संचालन करते हुए महामंत्री महामंत्री मनोज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि  आजादी की लड़ाई के अग्रदूत मंगल पाण्डेय का जन्म 19 जुलाई 1827 को बलिया जनपद के नगवा ग्राम में हुआ था।  मंगल पाण्डेय ईस्ट इण्डिया कम्पनी की बंगाल नेटिव इन्फेंट्री की 34 वीं रेजिमेंट के सिपाही थे। संदिग्ध कारतूसों के प्रयोग एवं भारतीय सैनिकों के साथ होने वाले भेद भाव के चलते मंगल पाण्डेय ने बैरकपुर की छावनी में 29 मार्च 1857 को अंग्रजों के विद्रोह कर कई अंग्रेज अधिकारियों को मौत के घाट उतार कर आजादी की लड़ाई की क्रान्ति की शुरुआत किया।

कार्यक्रम को धनंजय पाण्डेय, सुभाष पाण्डेय, विश्व देव उपाध्याय ने संबोधित किया।

इस दौरान सतीश कुमार मिश्र, रामाश्रय उपाध्याय, सतीश पाण्डेय, कृष्ण कुमार पाण्डेय, उपेंद्र दत्त शुक्ला, गोविन्द दुबे, निशीथ रंजन तिवारी, राजन पाण्डेय, वैभव पाण्डेय, निशीथ रंजन तिवारी, राजन पाण्डेय, वैभव पाण्डेय आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
शॉर्ट सर्किट का कहर, गरीब की गृहस्थी जलकर खाक, 15 सदस्यों के सामने दाने-दाने का संकट, सरकार से मुआवजे की लगाई गुहार


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। बिजली फ्लेक्चुशन के चलते हुए शॉर्ट सर्किट ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को राख के ढेर में बदल दिया है।

सगड़ी तहसील के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक गरीब परिवार का सब कुछ जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

मामले में पीड़ित पतिराम यादव ने बताया कि घर में बिजली के फ्लैक्चुएशन के कारण अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक भनक लगी तब तक कमरे के अंदर रखा सारा सामान जल चुका था। पीड़ित पतिराम पेशे से ड्राइवर हैं और उनके परिवार में कुल 15 सदस्य हैं। गनीमत यह रही कि घटना के समय पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, जिससे किसी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी और गृहस्थी का सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया है। पीड़ित परिवार के सामने दाने दाने का संकट खड़ा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक नफीस अहमद ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। फिलहाल, कंधरापुर थाने में घटना की सूचना दर्ज करा दी गई है। राजस्व विभाग के लेखपाल द्वारा क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को जल्द ही सरकारी राहत कोष से उचित मुआवजा प्राप्त होगा।