ऑनलाइन मीटिंग में मचा हड़कंप, अधिकारियों के सामने चल गया आपत्तिजनक वीडियो
लखनऊ । स्वास्थ्य विभाग की एक अहम वर्चुअल बैठक उस वक्त अचानक बाधित हो गई, जब मीटिंग के दौरान स्क्रीन पर अनुचित कंटेंट नजर आने लगा। इस अप्रत्याशित घटना से बैठक में मौजूद अधिकारी असहज हो गए और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बन गया।
स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री दिखाई दी

बताया जा रहा है कि यह ऑनलाइन बैठक स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश भर के अधिकारी जुड़े हुए थे। जैसे ही स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री दिखाई दी, कई अधिकारियों ने तुरंत मीटिंग छोड़ दी, जबकि तकनीकी टीम ने स्थिति को संभालने के लिए तत्काल हस्तक्षेप किया।प्रारंभिक जांच में इसे या तो तकनीकी चूक या किसी शरारती तत्व की करतूत माना जा रहा है।

साइबर सेल में दर्ज कराई गई शिकायत
आशंका जताई जा रही है कि किसी प्रतिभागी की आईडी या स्क्रीन शेयरिंग फीचर का गलत इस्तेमाल किया गया हो। स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी का ‘गिफ्ट’! रिंकू सिंह बने आरएसओ, बोले—ये सम्मान जिंदगी का गर्व
लखनऊ ।  अलीगढ़ के रहने वाले भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर उन्हें क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) पद पर नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद गर्व का क्षण है।

रिंकू सिंह ने अपने संदेश में कहा कि एशियन गेम्स में प्रदर्शन के बाद उन्हें 3 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी गई, जिसके लिए भी वह मुख्यमंत्री के आभारी हैं। उन्होंने बताया कि वह इस सम्मान के लिए आयोजित समारोह में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह इस समय आईपीएल में व्यस्त हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और अपना नियुक्ति पत्र प्राप्त करेंगे।गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी रिंकू सिंह को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) पद पर नियुक्ति दिए जाने की घोषणा के बाद उनकी शैक्षिक योग्यता को लेकर चर्चा हुई थी। एक बार फिर उनकी नई नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रामनवमी पर यूपी में दो दिन का अवकाश, योगी सरकार का बड़ा फैसला
लखनऊ । रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए 26 मार्च के पहले से घोषित सार्वजनिक अवकाश के साथ अब 27 मार्च को भी छुट्टी घोषित कर दी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

हर वर्ष रामनवमी के दौरान प्रदेश भर के मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में लगातार दो दिन का अवकाश घोषित होने से श्रद्धालुओं को दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने में सुविधा मिलेगी, साथ ही भीड़ प्रबंधन भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस निर्णय के जरिए यह संदेश दिया है कि सरकार आस्था और परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

लगातार दो दिन की छुट्टी से लोगों को यात्रा, दर्शन और पूजा-पाठ में अधिक सहजता मिलेगी, जिससे पर्व का आनंद और भी सुगम हो सकेगा।
मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार: गंगा एक्सप्रेसवे पर एक ही बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

लखनऊ /उन्नाव। जिले के बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक हरदोई जिले के निवासी थे और एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार, हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के अटिया गांव निवासी राजू राठौर (55) अपने साथियों रामबालक यादव (50) और पवन यादव (48) के साथ बांगरमऊ क्षेत्र के नानामऊ घाट पर एक बुजुर्ग रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। मंगलवार देर शाम अंतिम संस्कार के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे।

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी

रात करीब 9 बजे जब वे बेहटामुजावर क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के वक्त तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।घटना के बाद काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। करीब 10:30 बजे वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे पड़े लोगों को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सभी मृतक खेती-किसानी से जुड़े थे

मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटनास्थल पर बोलेरो वाहन का टूटा हुआ बंपर मिला है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हादसा बोलेरो की टक्कर से हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सभी मृतक खेती-किसानी से जुड़े थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
उप्र: बेसिक स्कूल परीक्षाओं की तारीख बदली, 24 मार्च की परीक्षा अब 28 मार्च को
* कक्षा 5 और 8 की गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान की परीक्षाएं स्थगित, नए निर्देश जारी

लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल परीक्षाओं की तारीखों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले 24 मार्च को निर्धारित परीक्षाएं अब 28 मार्च को आयोजित की जाएंगी।
नई समय-सारिणी के अनुसार कक्षा 5 की गणित और सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 8 की गणित और विज्ञान की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इन सभी विषयों की परीक्षाएं अब 28 मार्च को कराई जाएंगी।
बेसिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए सभी बीएसए (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों) को नई तिथि पर परीक्षाएं सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा तय संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न कराई जाएगी।
साथ ही, परीक्षा परिणाम अभिभावकों की उपस्थिति में घोषित किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अभिभावकों को बच्चों की प्रगति की सीधी जानकारी मिल सके।
महिलाओं के लिए बड़ा मौका: UP रोडवेज में 2584 कंडक्टर भर्ती, 25 मार्च से रोजगार मेलों की शुरुआत
लखनऊ । उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2584 संविदा महिला परिचालकों (कंडक्टर) की भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रदेशभर में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 25 मार्च से होगी।परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के डिपो में ही तैनाती दी जाएगी, जिससे उन्हें अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।

इंटरमीडिएट पास और CCC प्रमाणपत्र होना अनिवार्य

उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट पास होना और CCC प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवार का उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना भी जरूरी है।मेरिट में NCC ‘B’ सर्टिफिकेट, NSS, स्काउट-गाइड के राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी, जिसमें इंटरमीडिएट के अंकों के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित महिला परिचालकों को संविदा पर अन्य परिचालकों के समान वेतनमान मिलेगा।

कब-कहां लगेंगे रोजगार मेले

25 मार्च: सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम-बांदा, प्रयागराज
28 मार्च: गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी
30 मार्च: मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़
1 अप्रैल: नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर
इच्छुक महिला अभ्यर्थी अपने नजदीकी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकती हैं।
प्रतापगढ़ में सनसनी: पूर्व प्रधान की बोरी में मिली लाश, प्रेम प्रसंग में महिला समेत 3 पर हत्या का आरोप
लखनऊ । प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार दिन से लापता पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) का शव बोरी में बंद हालत में नहर से बरामद हुआ। इस सनसनीखेज हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर मुस्तरका निवासी गुलहसन 18 मार्च को बाइक से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तीसरे दिन उनकी बाइक, चाबी और हेलमेट मऊआइमा क्षेत्र में लावारिस हालत में मिले, जिसके बाद पुलिस की जांच तेज कर दी गई।
जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने सुमन देवी नामक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया और हत्या की बात कबूल कर ली।
महिला ने बताया कि उसका गुलहसन के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। आरोप है कि गुलहसन उस पर मिलने का दबाव बना रहा था और ब्लैकमेल भी कर रहा था। इसी से परेशान होकर उसने अपने भाई अतुल गौतम और उसके दोस्त अरुण गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
18 मार्च की रात गुलहसन जब उससे मिलने बगियापुर पहुंचा, तो तीनों ने मिलकर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को उर्वरक की बोरी में भरकर शारदा सहायक नहर में फेंक दिया।
रविवार सुबह सुमेरपुर के पास नहर में बोरी में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी किस्मतुल निशा ने शव की पहचान की। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक गुलहसन ने दो शादियां की थीं और वह 18 बच्चों के पिता थे। गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। देर शाम शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, जबकि अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
निशातगंज हत्याकांड: 3 दिन पहले रची गई साजिश, डॉग स्क्वॉड और CCTV ने खोली पूरी सच्चाई
लखनऊ। राजधानी के निशातगंज में सामने आए निर्मला देवी हत्याकांड में अब चौंकाने वाले नए खुलासे हुए हैं। शुरुआती जांच में लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में यह मामला रिश्तों के विश्वासघात और सोची-समझी साजिश का निकला।महानगर पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतका की बहू रंजना ने अपने प्रेमी राजन शर्मा के साथ मिलकर तीन दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी। निर्मला देवी को बहू के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका लगातार विरोध कर रही थीं। यही विरोध उनकी हत्या की वजह बना।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले घर का माहौल पूरी तरह बदल गया था। निर्मला देवी ने बहू से दूरी बनाते हुए अलग खाना बनाना शुरू कर दिया था, जिससे तनाव और बढ़ गया। इसी दौरान रंजना ने अपने प्रेमी से सास को रास्ते से हटाने की बात कही।हत्या के दिन जब घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, दोनों आरोपियों ने मिलकर निर्मला देवी के हाथ-पैर बांध दिए और साड़ी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को लूट का रूप देने के लिए घर का सामान बिखेरा गया और जेवरात चोरी कर छिपा दिए गए।
जांच के दौरान कई अहम सुराग सामने आए। घर के CCTV कैमरे बंद पाए गए, जिससे पुलिस को शक हुआ। वहीं, पड़ोस के कैमरों में दोनों आरोपी घटना के समय घर से निकलते दिखाई दिए।सबसे अहम भूमिका डॉग स्क्वॉड ने निभाई। खोजी कुत्ता सीधे राजन के पास जाकर रुक गया, जिससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया। इसके बाद हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। साथ ही चोरी किए गए सभी जेवरों की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
कैबिनेट में 23 प्रस्तावों पर फैसला आज, BJP संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी; दिल्ली में लगेगी अंतिम मुहर

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से सोमवार का दिन बेहद अहम रहने वाला है। योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में करीब 23 अहम प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को मंजूरी मिल सकती है, जो राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के 10 प्रस्ताव और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के तीन प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं।

वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग में लिपिकीय संवर्ग के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी संगठन में भी बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश में जिला और क्षेत्रीय कमेटियों के गठन के बाद अब प्रदेश स्तरीय कमेटी के गठन और निगमों, बोर्डों व आयोगों में कार्यकर्ताओं के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इसी क्रम में रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। इसमें पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

करीब एक घंटे चली इस बैठक में प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों—महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मीडिया टीम और विभिन्न मोर्चों के नामों पर मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह नहीं मिल पा रही है, उन्हें निगमों, बोर्डों और आयोगों में समायोजित किया जाए।

बताया जा रहा है कि इन नामों पर अंतिम फैसला दिल्ली में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठक के बाद प्रस्तावित सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां अगले दो-तीन दिनों में नामों को अंतिम रूप देकर सूची जारी की जा सकती है।
शाहजहांपुर में दर्दनाक घटना: क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ी सोनल चंद्रा को आया हार्ट अटैक, इलाज के दौरान मौत
लखनऊ । शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित ओसीएफ स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार दोपहर एक क्रिकेट मैच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बैटिंग के बाद खिलाड़ी सोनल चंद्रा (34) को अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद वह स्टेडियम की सीढ़ियों पर बैठकर बेसुध हो गए।साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें ओसीएफ अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सोनल चंद्रा ने मैच में ओसीएफ टीम के खिलाफ खेलते हुए 33 रन बनाए थे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मैदान में ही असहज महसूस करने लगे।साथियों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हार्ट संबंधी समस्या बताते हुए उन्हें बरेली रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सोनल की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वे न केवल क्रिकेट खिलाड़ी थे बल्कि उप्र क्रिकेट एसोसिएशन में अंपायर और एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे।परिवारिक जानकारी के अनुसार, उनके पिता बीएसएफ में थे और वे बचपन में ही शहीद हो गए थे। उनकी मां सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं।सोनल चंद्रा झंडा क्लब की ओर से खेलते थे और क्रिकेट के प्रति बेहद समर्पित थे। उनकी असमय मौत से खेल जगत और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है।