लखनऊ में सनसनीखेज हत्याकांड: अवैध संबंध में बाधा बनी सास की बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या, CCTV और डॉग स्क्वायड से खुला राज
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 69 वर्षीय रिटायर्ड महिला निर्मला देवी की उनके ही घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस जघन्य हत्याकांड को महिला की बहू रंजना ने अपने प्रेमी राजन शर्मा के साथ मिलकर अंजाम दिया।
घर के कमरे में मिली लाश, हाथ-पैर बंधे थे
शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पोते ने घर के एक कमरे में दादी को मृत अवस्था में देखा। निर्मला देवी के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और उनका शव कमरे में पड़ा था। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 69 वर्षीय निर्मला देवी के रूप में हुई है, जो सचिवालय से रिटायर्ड थीं। उनके पति की दो साल पहले मौत हो चुकी थी।
CCTV और डॉग स्क्वायड से खुला रहस्य
घटना के समय घर के अधिकांश सदस्य बाहर थे। बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि पोता डिलीवरी के काम पर था। घर में केवल बहू रंजना और छोटी बेटी मौजूद थीं। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को शक तब हुआ जब घर के अंदर लगे CCTV कैमरे दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक बंद पाए गए। हालांकि बाहर लगे कैमरों की फुटेज में बहू रंजना अपने प्रेमी राजन शर्मा के साथ घर से बाहर जाती दिखाई दी।इसके बाद फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। डॉग ने सूंघते हुए सीधे आरोपी राजन तक पहुंचकर संकेत दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में प्रेमी ने कबूला जुर्म
सख्ती से पूछताछ में आरोपी राजन शर्मा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसका पिछले चार साल से रंजना के साथ अवैध संबंध था।आरोपी के अनुसार, सास निर्मला देवी इस संबंध का लगातार विरोध करती थीं और मिलने पर रोक लगाती थीं, जिससे दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पहले घर के अंदर लगे CCTV कैमरों को बंद किया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद निर्मला देवी को अकेला पाकर रस्सी से हाथ-पैर बांधे और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।हत्या के बाद दोनों मौके से फरार होने की कोशिश में थे, लेकिन जल्द ही पुलिस के शिकंजे में आ गए।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वायड की मदद और परिजनों से पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पड़ोसी भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं कि घरेलू विवाद और अवैध संबंध ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली।
2 hours and 11 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1