देवरिया में पुलिस मुठभेड़: असलहा तस्कर पप्पू सिंह गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
M N पांडेय,देवरिया। रविवार आधी रात देवरिया में पुलिस और असलहा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार के पास हुई इस मुठभेड़ में कुख्यात असलहा तस्कर पप्पू सिंह उर्फ विवेक सिंह पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे पकड़कर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पूरी जानकारी ली और घायल बदमाश से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली पुलिस रात में गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक असलहा तस्कर बाइक से सकरापार इलाके में पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी कर दी। जैसे ही बाइक सवार पुलिस के नजदीक पहुंचा, उसने बिना देर किए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश को पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पूछताछ में उसकी पहचान विवेक सिंह उर्फ पप्पू सिंह निवासी पतलापुर थाना खुखुन्दू के रूप में हुई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पप्पू सिंह कुख्यात असलहा तस्कर है और उसके खिलाफ 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर अवैध हथियारों की तस्करी, हत्या की कोशिश और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर आरोप हैं।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और बताया कि घायल बदमाश से बरामद असलहा और कारतूस जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारियाँ खंगाल रही है और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।











Nov 11 2025, 18:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k