झारखंड: JMM का भाजपा पर पलटवार, "विकास विरोधी मानसिकता से दे रही झूठे बयान"
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें "झूठ और नकारात्मकता की राजनीति" करने वाला बताया है। रांची में एक प्रेस बयान जारी करते हुए पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जो भाजपा को रास नहीं आ रहे हैं।
![]()
विनोद कुमार पांडेय ने कहा, "रांची में हाल ही में तैयार हुए एलिवेटेड कॉरिडोर पर सरपट दौड़ते वाहन भाजपा को खूब दिख रहे होंगे। हेमंत सरकार विकास के प्रति गंभीर है और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जातीय भेदभाव की राजनीति में माहिर है, लेकिन झारखंड की जनता ने उनके इस खेल को पूरी तरह विफल कर दिया है।
पांडेय ने भाजपा के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय झारखंड की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई थीं और सिंचाई परियोजनाएं केवल फाइलों तक सीमित थीं। उन्होंने दावा किया कि हेमंत सरकार ने लंबित परियोजनाओं को गति दी है, सड़कें चौड़ी हो रही हैं, पुल-पुलियों का निर्माण तेजी से हो रहा है और गांव-गांव तक सिंचाई सुविधा पहुंच रही है। अभियंताओं की नियुक्तियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारी प्रक्रिया चल रही है और भाजपा जानबूझकर तथ्य छिपा रही है।
दलमा शुल्क पर भाजपा का सवाल हास्यास्पद
दलमा में सावन महीने के दौरान लगाए गए शुल्क पर भाजपा द्वारा उठाए गए सवालों को विनोद पांडेय ने "हास्यप्रद" बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही है, जबकि हेमंत सरकार आस्था का सम्मान करती है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दलमा क्षेत्र में रास्तों का विकास, पानी और स्वास्थ्य की व्यवस्था कर रही है।
पांडेय ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में कफन और पूजा सामग्री पर टैक्स लगाया गया, वे अब विकास के कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं और सनातन धर्म के नाम पर राजनीति कर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड की जनता जागरूक है और भाजपा को 2019 की तरह इस बार भी मुंहतोड़ जवाब देगी।
Jul 15 2025, 19:24