गोरक्षनाथ मंदिर के प्रांगण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया विमोचन
![]()
बलरामपुर।मां पाटेश्वरी विश्व विद्यालय के कुलगीत में देवीपाटन मंडल की धार्मिक,सांस्कृति,राजनीतिक और स्वतंत्रता आंदोलन में अवदान को रेखांकित किया गया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर सिंह मौजूद थे।
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय,बलरामपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। नवसृजित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलगीत के निर्धारण के लिए कुलपति प्रो रविशंकर सिंह द्वारा 4 फरवरी 2025 को एक समिति का गठन किया गया था। इस समिति के अध्यक्ष काशी हिन्दू विश्वविद्यालय,वाराणसी के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अवधेश प्रधान बनाए गए थे। जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय,बनारस के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनूप वशिष्ठ,इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विज्ञान विभाग के प्रो योगेंद्र प्रताप सिंह सदस्य के रूप में समिति में शामिल थे।
विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुल सचिव प्रमोद कुमार ने इस समिति का संयोजन किया था। कुलगीत के लिए देवीपाटन मंडल के समस्त महाविद्यालयों के शिक्षक,छात्र और छात्राओ से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थी। समिति के कड़े परिश्रम के बाद कुलगीत का निर्धारण किया गया। इस कुलगीत में शब्द संयोजन महारानी लाल कुंवर महाविद्यालय,बलरामपुर के हिंदी विभाग के प्रभारी प्रो पीसी गिरी ने किया है। कुलगीत का संगीत संयोजन भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय,लखनऊ की प्रोफेसर मांडवी सिंह के निर्देशन में हुआ है।
बुधवार को गोरखनाथ मंदिर के प्रांगण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुलगीत का विमोचन करते हुए इसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी प्रसारित किया है। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय "भद्रं भद्रं क्रतुमस्मासु धेहि" की अवधारणा से सुसज्जित राष्ट्र की सांस्कृतिक,प्राकृतिक,वैदिक एवं सनातन चेतना के स्वर से समृद्ध है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रवि शंकर सिंह ने कहा कि यह कुलगीत देवीपाटन मंडल के सामाजिक,आर्थिक,राजनीतिक,स्वतंत्रता संग्राम में आहूति दिए हुए धर्म,संस्कृति और नवाचार का स्पंदन लिए हुए हैं। उन्होंने इस कुलगीत हेतु विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों,अधिकारियों और विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों शिक्षक,छात्र और छात्राओं को हार्दिक बधाई दी है।
Jul 02 2025, 17:59