अमेरिकी सीनेट में 'जय श्री कृष्णा' की गूंज, अमेरिका के नये एफबीआई चीफ काश पटेल का ऐसा रहा अंदाज

#donald_trump_fbi_pick_kash_patel_welcome_parents_with_jai_shri_krishna

Image 2Image 3

डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के काश पटेल को संघीय जांच एजेंसी एफबीआई का नया निदेशक नियुक्त किया है। गुरुवार को सीनेट में काश पटेल की नियुक्ति की पुष्टि के लिए बैठक हुई। काश पटेल ने गुरुवार को सीनेट न्यायिक समिति में अपने नाम की पुष्टि के लिए सुनवाई के दौरान अपने माता-पिता का "जय श्री कृष्ण" कहकर अभिवादन किया है। बता दें कि काश पटेल का गुजरात से खास कनेक्‍शन है। काश पटेल का नाम कश्‍यप पटेल है। उनके माता-पिता 70 के दशक में युगांडा से कनाडा पहुंचे थे। काश पटेल ने इस दौरान अपने माता-पिता के मिलने और शादी के बंधन में बंधने के बारे में भी बताया।

राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने काश पटेल को एफबीआई चीफ के पद के लिए नॉमिनेट किया। इस सिलसिले में वह कंफर्मेशन हियरिंग को लेकर सीनेट की ज्‍यूडिशियल कमेटी के समक्ष पेश हुए। इस दौरान कमेटी के सदस्‍यों के समक्ष उन्‍होंने अपनी बात रखी। शुरुआत में उन्‍होंने अपना परिचय दिया। साथ ही अपने माता-पिता और बहन से भी वहां मौजूद लोगों को रूबरू कराया। काश पटेल ने इस दौरान अपने माता-पिता और बहन का अभिवादन ‘जय श्रीकृष्‍ण’ बोलकर किया। कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने के बाद काश पटेल ने अपने अभिभावक के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।

काश पटेल का सीनेट की ज्यूडिशियल कमेटी के समक्ष पेश होने का वीडियो भी अब खूब वायरल हो रहा है। इसी वीडियो में दिख रहा है कि वह कमेटी के सामने बैठने के बाद पहले अपने पिता और माता के बारे में बताते हैं।वो कहते हैं कि इस समय आपके सामने मेरे माता-पिता भी मौजूद हैं। वो भारत से यहां इस मौके पर मेरे साथ रहने के लिए आए हैं। मेरी बहन भी मेरे साथ हैं। वो भी भारत से यहां मेरे लिए ही आई हैं। इसके बाद वह अपने अभिभावक को जय श्रीकृष्ण कहते हैं। और फिर आगे की प्रक्रिया शुरू होती है।

काश पटेल का जन्‍म न्‍यूयॉर्क के गार्डन सिटी में हुआ। डोनाल्‍ड ट्रंप ने चुनाव जीतने के बाद एफबीआई चीफ के पद के लिए काश पटेल का नाम आगे बढ़ाया। अब उनकी नियुक्ति को लेकर कंफर्मेशन हियरिंग चल रही है। इस सिलसिले में वह सीनेट की हाई-पावर्ड कमेटी के समक्ष पेश हुए। एफबीआई का नेतृत्व करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा चुने गए काश पटेल ने गुरुवार को खुद को एक लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी के सही नेता के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि एफबीआई ने जनता का विश्वास खो दिया है और अगर वह एजेंसी का डायरेक्‍टर बनते हैं तो उचित प्रक्रिया के साथ ट्रांसपेरेंसी लाएंगे। पटेल ने राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति अपनी वफादारी के बारे में सीनेट की कमेटी के सवालों का सामना किया और ब्यूरो में व्यापक बदलाव की बात कही।

Poor Lady... अंत तक थक गई थीं', राष्ट्रपति मुर्मू के भाषण पर ये क्या बोल गईं सोनिया गांधी

#gandhicalledpresidentdrapudimurmupoorlady

Image 2Image 3

संसद का बजट सत्र शुक्रवार को आरंभ हो गया। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने सांसदों को संबोधित करते हुए देश को विकसित भारत का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर दुख जताया। राष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी श्रद्धांजलि दी। संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पुअर लेडी यानी बेचारी महिला कह डाला।

राष्ट्रपति के बजट अभिभाषण पर जब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया लेने की कोशिश मीडिया ने की, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया। इस दौरान वह अपने बेटे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी से बातचीत करती दिखीं। इस दौरान उन्होंने अभिभाषण को बोरिंग बताते हुए राष्ट्रपति के लिए पूअर लेडी शब्द का प्रयोग किया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाषण के अंत तक राष्ट्रपति काफी थक गई थीं।

दरअसल, राहुल गांधी और सोनिया गांधी आपस में ही बात कर रहे थे। राहुल ने अपनी मां से सवाल के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण को बोरिंग बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुरानी चीजों को ही रिपीट कर रही थीं। इसके बाद सोनिया ने कहा कि राष्ट्रपति काफी थक गई थीं। वो बड़ी मुश्किल से बोल पा रही थीं। खराब बातें बोली पूअर लेडी।

सरकार की उपलब्धियों बताईं

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को बजट सत्र से पहले संसद के दोनों सदनों का संबोधित किया। इस संबोधन के दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया। उन्होंने अपने भाषण के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है और इसी पर हम काम कर रहे हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना से सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार वूमेन लेड डेवलपमेंट और महिलाओं के नेतृत्व में भारत को सशक्त बनाने में विशास करती है तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा सरकार महिलाओं के साथ युवाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।

एक देश एक चुनाव के मुद्दे का जिक्र

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘ एक राष्ट्र , एक चुनाव ’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भारत की विकास यात्रा के इस अमृतकाल को सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियों के माध्यम से नई ऊर्जा दे रही है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव और वक्फ संशोधन विधेयक जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया गया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण, 2026 में GDP में 6.3-6.8% वृद्धि का अनुमान

#financeministertabledtheeconomicsurveyin_parliament

Image 2Image 3

बजट से एक दिन पहले शुक्रवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 को पेश किया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया तो लोकसभा अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। राज्यसभा में भी वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई।

सर्वेक्षण में FY26 के लिए भारत की GDP वृद्धि दर 6.3% से 6.8% के बीच रहने का अनुमान लगाया गया है। जीएसटी संग्रह में 11 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है, जो 10.62 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। यह सर्वेक्षण नीतिगत सुधारों और आर्थिक स्थिरता की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित करता है। सरकार का अनुमान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के 6.5% अनुमान के करीब है, लेकिन विश्व बैंक के 6.7% अनुमान से कम है।

सर्वे के मुताबिक, जीएसटी संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान है। 2024-25 के लिए जीएसटी संग्रह 11% बढ़कर 10.62 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, पिछले तीन महीनों में राजस्व वृद्धि में मंदी देखी गई है, जिसके कारण वित्त वर्ष 26 के अनुमानों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। सरकार ने नीतिगत ठहराव को दूर करने और आर्थिक सुधारों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

क्या है आर्थिक सर्वेक्षण

आर्थिक सर्वेक्षण सरकार द्वारा केंद्रीय बजट से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए प्रस्तुत किया जाने वाला एक वार्षिक दस्तावेज है। यह दस्तावेज अर्थव्यवस्था की अल्पकालिक से मध्यम अवधि की संभावनाओं का भी अवलोकन प्रदान करता है। आर्थिक सर्वेक्षण वित्त मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग के आर्थिक प्रभाग द्वारा मुख्य आर्थिक सलाहकार की देखरेख में तैयार किया जाता है।

कल होगा बजट पेश

शनिवार को वित्त मंत्री सीतारमण मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी, जिसमें आयकर स्लैब में बदलाव, बुनियादी ढांचा क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा, ग्रामीण विकास और शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़े आवंटन की उम्मीदें हैं। बजट दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए नीतिगत बढ़ावा दे सकता है, जिसकी शहरी मांग में कमी और कमजोर मुद्रा के कारण मुद्रास्फीति के जोखिम के बीच चार साल में सबसे धीमी वृद्धि दर दर्ज होने की उम्मीद है।

सरकार का शिक्षा और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण की बड़ी बातें

#budgetparliamentsessionpresidentdroupadimurmuspeech

Image 2Image 3

संसद के बजट सत्र आगाज हो गया है। आज सत्र का पहला दिन है। बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र से पहले अपने अभिभाषण में प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, देश में महाकुंभ का सांस्कृतिक पर्व भी चल रहा है। देश और दुनिया से आए करोड़ों श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। मौनी अमावस्या के दिन हुई हादसे पर दुख व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। वहीं, राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सरकार कई उपलब्धियों का जिक्र किया। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की विकास यात्रा के इस अमृतकाल को आज मेरी सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियों के माध्यम से नई ऊर्जा दे रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि मुद्रा लोन सीमा बढ़ाई गई है। वंदे भारत और नमो ट्रेनें चल रही हैं। मेरी सरकार ने तीसरी कार्यकाल ने सभी के आवास की पूर्ति के लिए ठोस कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री आवास का विस्तार करते हुए 3 करोड़ अतिरिक्त परिवारों को घर देने का फैसला किया गया है।

सरकार ने सवा दो लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए- राष्ट्रपति मुर्मू

अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, मेरी सरकार गांव में गरीबों और उनकी आवासीय भूमि का हक देने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक 2 करोड़ 25 लाख स्वामित्व कार्ड जारी किए गए हैं। इनमें से 70 लाख स्वामित्व कार्ड पिछले 6 महीने जारी किए गए हैं।

भारत को ग्लोबल पावर हाउस बनाने का लक्ष्य- राष्ट्रपति मुर्मू

संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, विकसित भारत के निर्माण में किसान, जवान और विज्ञान के साथ ही अनुसंधान का बहुत अहम रोल होता है। हमारा लक्ष्य भारत को ग्लोबल पावर हाउस बनाना है। देश के शिक्षण संस्थानों में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार करोड़ की लागत से अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन स्थापित किया गया है।

भारत टेक्नॉलजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज करा रहा- राष्ट्रपति मुर्मू

बजट सत्र से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, आज भारत टेक्नॉलजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज करा रहा है। भारत की यूपीआई तकनीक की सफलता से दुनिया के कई देश देख रहे हैं। मेरी सरकार ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक न्याय और सफलता के एक टूल के रूप में इस्तेमाल कर रही है। भारत में छोटे से छोटा दुकानदार भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

सरकार ने व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा दिया- राष्ट्रपति मुर्मू

संसद में अपने संयुक्त संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत में एआई के लिए सरकार की योजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत के योगदान को आगे बढ़ाते हुए, “भारत एआई मिशन” शुरू किया गया है। राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के साथ, भारत इस अग्रणी प्रौद्योगिकी में दुनिया के अग्रणी देशों में अपना स्थान बना सकेगा। कोविड और उसके बाद की स्थिति और युद्ध जैसी वैश्विक चिंताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने जो स्थिरता और लचीलापन दिखाया है, वह इसकी मजबूती का प्रमाण है। मेरी सरकार ने व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

मेट्रो नेटवर्क के मामले में भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश- राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक परियोजना पूरी हो गई है और अब देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेलवे लाइन से जुड़ जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चिनाब ब्रिज का निर्माण किया गया है, जो दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज है। भारत का मेट्रो नेटवर्क अब एक हजार किलोमीटर के मील के पत्थर को पार कर गया है। भारत अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है।

एशिया रैंकिंग में हमारे 163 विश्वविद्यालय शामिल- राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति ने कहा कि 'एशिया रैंकिंग में हमारे 163 विश्वविद्यालय शामिल हुए हैं। नालंदा विश्वविद्यालय के जरिए भारत का पुराना गौरव वापस लाया गया है। वो दिन दूर नहीं, जब भारत में निर्मित गगनयान में एक भारतीय अंतरिक्ष में जाएगा। कुछ दिन पहले इसरो ने स्पेस डॉकिंग की उपलब्धि हासिल की और हाल ही में इसरो ने सैटेलाइट लॉन्च में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। दिव्यांगों के लिए ग्वालियर में विशेष केंद्र खोला गया है। हाल ही में चेस में भी भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

हमारा लक्ष्य भारत को इनोवेशन ग्लोबल पावरहाउस बनाना- राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा लक्ष्य भारत को इनोवेशन ग्लोबल पावरहाउस बनाना है। अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा मेरी सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से छात्रों के लिए एक आधुनिक शिक्षा प्रणाली तैयार कर रही है। कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे, इसीलिए मातृभाषा में शिक्षा के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेरह भारतीय भाषाओं में विभिन्न भर्ती परीक्षाएं आयोजित करके भाषा की बाधाओं को भी दूर किया गया है। ओलंपिक हो या पैरालिंपिक, भारतीय टीमों ने हर जगह अच्छा प्रदर्शन किया है। फिट इंडिया मूवमेंट चलाकर हम मजबूत युवा शक्ति तैयार कर रहे हैं।

पहला ऐसा सत्र जिसके पहले किसी ने विदेश से चिंगारी नहीं भड़काई”, पीएम ने इशारों-इशारों में किसपर साधा निशाना

#pm_modi_take_dig_at_opposition_says_first_time_in_10_years

आज से संसद के बजट सत्र की शुरूआत हो गई है। सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन के बाहर पत्रकारों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान इशारों-इशारों में विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि ऐसा 10 साल में पहली बार हो रहा है कि संसद सत्र से पहले कोई विदेशी शरारत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यहां तो लपकने वाले तैयार थे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

Image 2Image 3

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से लेकर अब तक ये पहला ऐसा सत्र होने जा रहा है जब सत्र शुरू होने कुछ दिन पहले कोई विदेशी चिंगारी नहीं भड़की है। और विदेश से बैठकर आग लगाने की कोशिश नहीं हुई है। 2014 से मैं देख रहा हूं कि हर सत्र से पहले कुछ लोग शरारत करने के लिए तैयार बैठे रहते हैं। ये पहला सत्र है जिसके पहले ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान इशारों में इशारों में विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विदेश से लगाई जाने वाली चिंगारी को हवा देने वालों की भी कमी नहीं है। 2014 से मैं देख रहा हूं हर सत्र से पहले लोग शरारत करने के लिए तैयार बैठे रहते हैं और यहां हवा देने वालों की भी कोई कमी नहीं है। ये पहला सत्र है कि इसमें कोई विदेशी चिंगारी नहीं दिख रही है।

वहीं, प्रधानमंत्री ने बजट सत्र की शुरूआत से पहले समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर पर सदियों से हमारे यहां मां लक्ष्मी का पुण्य स्मरण किया जाता है। मां लक्ष्मी हमें सिद्धि और विवेक देती हैं। समृद्धि और कल्याण भी देती हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि देश के हर गरीब एवं मध्यम वर्गीय समुदाय पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहे।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश की जनता ने मुझे तीसरी बार ये दायित्व दिया है, इस कार्यकाल का ये पहला पूर्ण बजट है और मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 जब आजादी के 100 साल होंगे। विकसित भारत का संकल्प जो भारत ने लिए है ये बजट नया विश्वास और नई ऊर्जा देगा की देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तो देश विकसित होकर रहेगा। हम हर तरह से जनता के कल्याण के लिए मिशन मोड पर काम कर रहे हैं।

बजट सत्र से पहले पीएम मोदी ने मां लक्ष्मी को किया प्रणाम, बोले-गरीबों-मध्यम वर्ग पर बनी रहे उनकी कृपा

#pmmodispeechonbudgetsessionin_parliament

आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है। 18वीं लोकसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बजट सत्र के प्रारंभ में मैं समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को प्रणाम करता हूं। ऐसे अवसर पर सदियों से हमारे यहां मां लक्ष्मी का पुण्य स्मरण किया जाता है। मां लक्ष्मी हमें सिद्धि और विवेक देती हैं। समृद्धि और कल्याण भी देती हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि देश के हर गरीब एवं मध्यम वर्गीय समुदाय पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहे।

Image 2Image 3

मिशन मोड पर काम कर रहे-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश की जनता ने मुझे तीसरी बार ये दायित्व दिया है, इस कार्यकाल का ये पहला पूर्ण बजट है और मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 जब आजादी के 100 साल होंगे। विकसित भारत का संकल्प जो भारत ने लिए है ये बजट नया विश्वास और नई ऊर्जा देगा की देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तो देश विकसित होकर रहेगा। हम हर तरह से जनता के कल्याण के लिए मिशन मोड पर काम कर रहे हैं।

इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि इस सत्र में कई ऐतिहासिक बिल पेश किए जाएंगे। व्यापक मंथन के साथ वो राष्ट्र की ताकत बढ़ाने का काम करने वाला कानून बनेंगे। विशेषकर नारी शक्ति को गौरव को फिर से स्थापित करना, पंथ संप्रदाय के भेद से मुक्त होकर हर नारी को सम्मानपूर्ण जीवन मिले उसको भी समान अधिकार मिले उस दिशा में इस सत्र में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे।

बता दें किसरकार की तैयारी बजट सत्र के पहले ही चरण में वक्फ संशोधन बिल के साथ कुछ अन्य विधेयकों को पेश करने की है। वक्फ (संशोधन) बिल के साथ मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक भी पेश किया जाएगा। इसके अलावा विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक और आव्रजन और विदेशी विधेयक भी शामिल हैं। साथ ही वित्त विधेयक, 2025 व संबंधित अनुदान मांगों तथा विनियोग विधेयकों को भी पेश किया जाएगा। ऐसे 10 अन्य विधेयक भी हैं, जो पिछले सत्र से दोनों सदनों में लंबित हैं।

सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी

दिल्ली विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच संसद का बजट सत्र शुक्रवार को आरंभ होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। सर्वेक्षण देश की अर्थव्यवस्था की सेहत का लेखा-जोखा पेश करेगा। साथ ही इसमें कृषि, इंडस्ट्री और सर्विस क्षेत्र के प्रमुख रुझानों के साथ आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और चुनौतियों से निपटने के लिए नीतिगत सुझाव भी होंगे। वित्त मंत्री सीतारमण मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा पूर्ण बजट और अपना लगातार आठवां बजट शनिवार को पेश करेंगी।

वाशिंगटन डीसी विमान हादसे में सभी 67 लोगों की मौत, जानें राष्ट्रपति ट्रंप ने किसे ठहराया जिम्मेदार

#usplanehelicoptercollidespresidenttrumpblamesobamabiden_policy

Image 2Image 3

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार रात यात्री विमान और हेलिकॉप्टर में हुई टक्कर में सभी 67 लोगों की मौत हो गई हैं। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 और हेलिकॉप्टर में 3 लोग सवार थे। अधिकारियों ने सभी की मौत की पुष्टि की है। डीसी के रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर की भयावह टक्कर के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए थे। हादसे को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हेलिकॉप्टर के पायलट की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। इसके साथ ही ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और जो बाइडन पर पर हवाई सुरक्षा मानकों को कम करने का आरोप लगाया है।

पिछले 25 साल के अमेरिकी इतिहास की ये सबसे घातक विमानन दुर्घटना है। हादसे के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, हवाई जहाज हवाई अड्डे के लिए एकदम सही जा रहा था। वो लंबे समय तक विमान की ओर सीधे जा रहा था। रात बिल्कुल साफ थी और विमान की लाइटें जल रही थीं। ऐसे में हेलीकॉप्टर मुड़ा क्यों नहीं। कंट्रोल टावर ने हेलीकॉप्टर को यह क्यों नहीं बताया कि उसे क्या करना है, बजाय इसके पूछा, क्या उन्हें विमान दिख रहा है। यह एक भयावाह स्थिति है जिसे रोका जाना चाहिए था, ये अच्छा नहीं है।

ट्रंप ने ओबामा-बाइडेन की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया

डोनाल्ड ट्रंप ने हादसे के लिए ओबामा और बाइडेन प्रशासन के दौरान लागू की गई डीईआई (विविधता, समानता और समावेश) की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप के मुताबिक इन नीतियों की वजह से एयर हवाई सुरक्षा से जुड़े मानकों से समझौता किया गया, जिसके चलते ये हादसा हुआ। व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने दावा किया डीईआई प्रोग्राम की वजह से फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी। ट्रंप ने पूर्व ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी पीट बटिगिएग पर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के पदों पर दिव्यांग और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को भर्ती करने का आरोप लगाया है। ट्रंप अमेरिका में डीईआई प्रोग्राम पर पहले ही रोक लगा चुके हैं।

ट्रंप ने नहीं दिया सबूत

हालांकि, ट्रंप ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया कि कथित अयोग्य लोगों को हवाई यातायात नियंत्रण जैसी अहम जिम्मेदारियों वाले पदों पर रखा जा रहा था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि रीगन नेशनल एयरपोर्ट के हवाई यातायात नियंत्रकों ने कोई गलती की हो।

कैसे हुआ हादसा

बता दें कि अमेरिकी एयरलाइंस अमेरिकी ईगल्स का एक विमान बुधवार की रात करीब नौ बजे वॉशिंगटन डीसी में पोटोमैक नदी के ऊपर एक सैन्य हेलीकॉप्टर से हवा में टकरा गया। हादसे के वक्त विमान में 64 लोग सवार थे। हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि विमान और हेलीकॉप्टर की हवा में सीधे टक्कर हुई और तेज धमाके के साथ दोनों नदी में गिर गए। एयरलाइंस का विमान कंसास से वॉशिंगटन आ रहा था। जब विमान लैंड करने वाला था, उसी दौरान विमान अमेरिकी सेना के ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर से टकरा गया। सेना का हेलीकॉप्टर उस वक्त परीक्षण उड़ान पर था और उसमें तीन सैनिक सवार थे। हादसा व्हाइट हाउस से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर हुआ।

जहरीली यमुना” पर थम नहीं रही तकरार, आज जवाब दाखिल करने चुनाव आयोग जाएंगे केजरीवाल

#arvindkejirwalyamunapoisonouswaterdisputeelection_commission

Image 2Image 3

दिल्ली चुनावी रण में चुनाव प्रचार का आखिरी चरण चल रहा है। 5 जनवरी को दि्ल्ली विधानसभा चुनाव होने वाला है। 8 को इसके नतीजे आएंगे। इससे पहले केजरीवाल के “जहरीली युमना” वाले बयान ने सियासी पारे को और बढ़ा दिया है। चुनाव ने केजरीवाल के इस बयान पर जवाब तलब किया है। चुनाव आयोग ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उन आरोपों का सबूत सौंपने को कहा है, जो उन्होंने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर लगाए हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में ज़हर मिलाने का आरोप लगाया है। अरविंद केजरीवाल आज जहरीली यमुना वाले बयान पर जवाब देने चुनाव आयोग जाएंगे। बताया जा रहा है केजरीवाल सुबह 11 बजे चुनाव आयोग जाएंगे। इस दौरान उनके साथ दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब सीएम भगवंत मान भी होंगे।

केजरीवाल ने शाह, राहुल, सचदेवा और सैनी के घर भेजा यमुना का पानी

इधर, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमोनिया युक्त पानी की बोतलें गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के घर भेजने का दावा किया। उन्होंने कहा कि चारों नेता सार्वजनिक तौर पर ये पानी पीकर दिखाएं। भाजपा यमुना के पानी में मिलावट कर जहर बना रही है। सैनी पल्ला जाकर एक घूंट पानी तक नहीं पी सके और दिल्ली के लोगों को यही पानी पिलाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री आतिशी ने कई बार उन्हें फोन कर जहरीले पानी को नहीं भेजने को कहा, लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं किया।

तीनों चुनाव आयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर इस पानी को पीकर दिखाएं- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि चुनाव आयोग को 7 पीपीएम अमोनिया वाले पानी की बोतलें भेज देंगे। तीनों चुनाव आयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर इस पानी को पीकर दिखा दें, तो हम मान जाएंगे कि हमने गलती की है। मुझे यह भी पता है कि ये लोग मुझे दो दिन में जेल में डालेंगे, डाल दें।

केजरीवाल के आरोपों को बीजेपी ने बनाया “हथियार”

बता दें कि दिल्ली में चल रहे चुनाव प्रचार के बीच अरविंद केजरीवाल के आरोपों ने एक तरह का सियासी भूचाल ला दिया है। इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तक केजरीवाल की शिकायत करने चुनाव आयोग पहुंच गए। आम बजट की तैयारियों के बीच निर्मला सीतारमण का चुनाव आयोग पहुंचना बताता है कि बीजेपी ने इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लिया है। केजरीवाल के बयान के ख़िलाफ मिली शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने चिंता जताई है कि 'केजरीवाल के आरोपों से गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इनमें क्षेत्रीय समूहों के बीच दुश्मनी, पड़ोसी राज्यों के निवासियों के बीच तनाव और पानी की कमी के कारण कानून-व्यवस्था की समस्याएं शामिल हैं।

संसद का बजट सत्र आज से, राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे

#parliamentbudgetsessionday1

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है।बजट सत्र की शुरुआत आज राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11 बजे लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके बाद, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा और राज्यसभा दोनों में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश करेंगी। आम बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी।

Image 2Image 3

बजट सत्र 31 जनवरी से 4 अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा। उम्मीद है कि बजट 2025 देश की कर प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में देश की समग्र वृद्धि को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

भारत का राजकोषीय घाटा

सरकार ने चालू वित्त वर्ष (वित्त वर्ष 25) के लिए सकल घरेलू उत्पाद का 4.9% राजकोषीय घाटा लक्ष्य निर्धारित किया है। अपनी राजकोषीय समेकन योजना के हिस्से के रूप में, इसका उद्देश्य वित्त वर्ष 26 में इस घाटे को सकल घरेलू उत्पाद के 4.5% तक कम करना है। नतीजतन, वित्त वर्ष 26 के बजट के लिए घाटे के लक्ष्य पर बाज़ारों की कड़ी नज़र रहेगी।

बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक

बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। इस बैठक में कुंभ का मुद्दा छाया। विपक्ष ने राजनीतिक पर्यटन और वीवीआईपी व्यवस्था का आरोप लगाया। विपक्ष ने कुंभ हादसे को लेकर संसद में चर्चा की मांग की और मरनेवालों की संख्या नहीं बताने का आरोप लगाया। इसके अलावा विपक्षी सांसदों ने वक्फ पर बनी JPC के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए। इसके साथ ही विपक्षी दलों ने संविधान, आर्थिक स्थिति, रोजगार, मणिपुर, रुपए में गिरावट जैसे मुद्दे पर संसद सत्र में चर्चा की मांग की। विपक्ष के कुंभ समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बीएसी में चर्चा करके तय करेंगे। सर्वदलीय बैठक में 36 दलों के 52 नेताओं ने हिस्सा लिया।

ट्रंप भारत के दोस्त या दुश्मन? जानें विदेश मंत्री एस जयशंकर का जवाब

#jaishankarrepliedonisuspresidentdonaldtrumpfriendorfoe

Image 2Image 3

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप फिर से राष्ट्रपति बन चुके हैं। 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ ली। ट्रंप की वापसी के बाद से ही दुनियाभर में हड़कंप मचा हुआ है। ट्रंप ने भारत का नाम लेकर भी धमकी दी है। ऐसे में भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-अमेरिका के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों पर खुलकर बात की है।

जयशंकर ने भारत-अमेरिका के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का उल्लेख करते हुए डोनाल्ड ट्रंप को लेकर अहम बात कही। जयशंकर ने ट्रंप को एक 'अमेरिकी राष्ट्रवादी' बताया। विदेश मंत्री जयशंकर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। इस दौरान ट्रंप भारत के मित्र हैं या शत्रु, इस बारे में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए जयशंकर ने कहा कि मैंने हाल ही में उनके (ट्रंप के) शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया था और हमारे साथ अच्छा व्यवहार किया गया। मेरा मानना है कि वह एक अमेरिकी राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि ट्रंप की नीतियां वैश्विक मामलों में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती हैं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय हित से निर्देशित होती रहेगी।

जयशंकर ने कहा, ट्रंप बहुत सी चीजें बदलेंगे। हो सकता है कि कुछ चीजें उम्मीद के अनुरूप नहीं हों, लेकिन हमें देश के हित में विदेश नीतियों के संदर्भ में खुला रहना होगा। कुछ मुद्दे हो सकते हैं जिन पर हम एकमत न हों, लेकिन कई क्षेत्र ऐसे होंगे जहां चीजें हमारे दायरे में होंगी। जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों पर भी जोर देते हुए कहा क‍ि अमेरिका के साथ हमारे संबंध मजबूत हैं और मोदी के ट्रंप के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं।

भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव पर क्या बोले

इस दौरान, एस जयशंकर ने भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और देश के बारे में बदलती धारणाओं के बारे में बात की। उन्होंने कहा, यहां तक कि अब गैर-भारतीय भी खुद को भारतीय कहते हैं, उन्हें लगता है कि इससे उन्हें विमान में सीट मिलने में मदद मिलेगी।

खुद के राजनीति में आने पर क्या कहा?

डॉ. एस. जयशंकर ने शिक्षा क्षेत्र और कूटनीति से राजनीति में आने का उल्लेख करते हुए कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं नौकरशाह बनूंगा। राजनीति में मैं अचानक आ गया, या तो इसे भाग्य कहें, या इसे मोदी कहें। उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) मुझे इस तरह से आगे बढ़ाया कि कोई भी मना नहीं कर सका। उन्होंने रेखांकित किया कि विदेश में रहने वाले भारतीय अभी भी समर्थन के लिए अपनी मातृभूमि पर निर्भर हैं और कहा, जो भी देश के बाहर जाते हैं, वे हमारे पास ही आते हैं। बाहर हम ही रखवाले हैं।