cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 14:53

पीएम जनमन आवास योजना से ममता कमार की जिंदगी में आई नई खुशहाली

रायपुर-   बलौदाबाजार भाटापारा जिला के वनांचल ग्राम बल्दाकछार की निवासी ममता कमार और उनके पति पंच राम कमार को अब संघर्षों का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने ममता कमार और उनके परिवार की जिंदगी में नई रोशनी ला दी है। इस योजना के तहत उन्हें पक्का मकान मिल गया है,जिससे अब उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। अब, ममता और उनका परिवार एक सुरक्षित और मजबूत घर में रह रहा है, जहाँ वो और उनकी तीन बेटियाँ बिना किसी चिंता के अपने भविष्य की ओर बढ़ सकती हैं। श्रीमती कमार ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पक्के मकान ने उनके परिवार के जीवन को एक नई दिशा दी है और उनकी बेटियों के भविष्य के प्रति उन्हें आत्मविश्वास से भर दिया है।

वनांचल ग्राम बल्दाकछार का यह कमार परिवार का जीवन-यापन बांस के कार्य पर निर्भर है,जो एक पारंपरिक और श्रमसाध्य कार्य है। इस मेहनत के बावजूद, परिवार के लिए एक स्थायी और सुरक्षित छत का सपना अधूरा था। पहले वे एक कच्चे मकान में रहते थे,जहाँ मौसम की मार से बचना हमेशा एक चुनौती रहती थी। श्रीमती ममता और श्री पंचराम की तीन बेटियाँ हैं नंदनी कमार 10 साल की है जो चौथी कक्षा, निधि 7 साल है जो पहली कक्षा में पढ़ती है और उनकी सबसे छोटी बेटी लवली अभी 3 साल की ही है।

श्रीमती ममता ने बताया कि वह परंपरागत रूप से बांस शिल्प की कला कृति बनाकर एवं कृषि के समय कृषक मजदूरी का कार्य करके जीवकोपार्जन करती है। पहले वह आर्थिक तंगी के कारण बांस शिल्प बनाने के लिए बांस नहीं खरीद पाती थी पर अब उन्हें महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह 1 हजार रूपये मिलते है, जिसका उपयोग वह बांस खरीदने में करती है। वह झेंझरी, सुपा, पर्रा, टुकनी सहित अन्य सजावटी वस्तुएं अधिक संख्या में बना पाती है, जिसे बेचकर उन्हें अच्छी खासी आमदनी मिल रही है, जिसमें बचत कर वो अपनी बेटियों को शिक्षित कर रही हैं।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 14:45

राज्यपाल श्री डेका और मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया

रायपुर-   राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के पंचम दीक्षांत समारोह में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे। इस मौके पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी मौजूद रहीं।राज्यपाल श्री डेका और मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय के प्रकल्प ज्ञानपथ, अटल मुक्ताकाशी मंच और अटल सरोवर का लोकार्पण भी किया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाये। इस अवसर पर केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति ए.डी. एन वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 08:19

पेरिस पैरालंपिक: एयर राइफल में अवनि लखेरा ने स्वर्ण और मोना अग्रवाल ने जीता कांस्य पदक, सीएम साय ने कहा-
रायपुर- पेरिस पैरालंपिक 2024 में एयर राइफल स्टैंडिंग में महिला निशानेबाज अवनि लखेरा के गोल्ड मैडल जीतने और मोना अग्रवाल के कास्य पदक जीतने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि भारत की बेटियां किसी से कम नहीं है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा है कि पेरिस पैरालंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग में स्वर्ण पदक जीत कर समूचे भारतवासियों को गौरवान्वित करने वाली महिला निशानेबाज अवनि लखेरा को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। इसी इवेंट में भारत की मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता है। मोना को भी मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। निश्चित ही यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। जय भारत, जय हिंद।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 08:16

मुख्यमंत्री ने दी पर्युषण-पर्व की शुभकामनाएं
रायपुर-   मुख्यमंत्री विष्णु देेव साय ने प्रदेशवासियों विशेषकर जैन धर्म के अनुयायियों को पर्युषण-पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्युषण पर्व जैन समाज का एक महत्वपूर्ण त्यौहार है। मान्यता है कि भगवान महावीर ने इस त्यौहार के दौरान अपनी शिक्षाएं दीं और जैन धर्म के मुख्य सिद्धांतों को प्रतिपादित किया। पर्युषण पर्व मनाने का मूल उद्देश्य आत्मा को शुद्ध बनाने पर ध्यान केंद्रित करना होता है। यह महापर्व आत्मविशुद्धि, संयम, त्याग और आत्मचेतना को विकसित करने का अवसर देता है। यह पर्व अहिंसा, दया, क्षमा, प्रेम की राह पर चलना सिखाता है।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 08:11

राष्ट्रीय आयुष मिशन की टीम ने स्वर्णप्राशन को सराहा

रायपुर-  नई दिल्ली से आई राष्ट्रीय आयुष मिशन की टीम ने रायपुर के शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय में हर पुष्य नक्षत्र में आयोजित होने वाले स्वर्णप्राशन की सराहना की है। टीम के सदस्यों ने आज यहां कराए जा रहे स्वर्णप्राशन का अवलोकन किया और अधिकारियों से जानकारी ली। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत बच्चों के व्याधिक्षमत्व, पाचन शक्ति, स्मरण शक्ति, शारीरिक शक्ति वर्धन एवं रोगों से बचाव के लिए आज आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय में 1660 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया। राष्ट्रीय आयुष मिशन की टीम ने आयुर्वेद कॉलेज के चिकित्सकों से बच्चों पर इसके प्रभाव का अध्ययन करने को कहा। इस पर स्वर्णप्राशन समन्वयक डॉ. लवकेश चन्द्रवंशी ने उन्हें बताया कि नियमित रूप से स्वर्णप्राशन के लिए आ रहे बच्चों पर इसका सकारात्मक असर पड़ रहा है। उनकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने के साथ ही अच्छा शारीरिक और मानसिक विकास हो रहा है। महाविद्यालय द्वारा लगातार इस पर अध्ययन किया जा रहा है।

शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में आयुष विभाग की संचालक इफ्फत आरा, प्राचार्य प्रो. डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रवीण कुमार जोशी और कौमारभृत्य विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज अग्रवाल के निर्देशन में स्वर्णप्राशन कराया गया। स्वर्णप्राशन के साथ ही डॉ. लवकेश चंद्रवंशी ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया। महाविद्यालय के स्नातकोत्तर एवं स्नातक छात्र-छात्राएं हर महीने इसमें महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय द्वारा इस वर्ष की अन्य पुष्य नक्षत्र तिथियों 25 जनवरी को 1235, 21 फरवरी को 1420, 18 मार्च को 1720, 16 अप्रैल को 1410, 13 मई को 1256, 10 जून को 1802, 8 जुलाई को 1342 और 3 अगस्त को 1370 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया था।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 08:07

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 02 सितम्बर को देंगे 70 लाख महतारी-बहनों को तीजा का उपहार, महतारी वंदन योजना की किश्त जारी करेंगे
रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 02 सितम्बर को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होने वाले तीजा-पोरा महतारी वंदन तिहार के मौके पर 70 लाख महतारी-बहनों को तीजा पर्व के उपहार स्वरूप महतारी वंदन योजना की सातवीं किश्त जारी करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय इस योजना के तहत माता-बहनों के खाते में एक-एक हजार रूपए की राशि जारी करेंगे।

cgstreetbuzz

Aug 31 2024, 08:02

6 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल, निहारिका बारिक को पंचायत प्रशिक्षण संस्थान की अतिरिक्त जिम्मेदारी

रायपुर-  राज्य सरकार ने 6 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है। यह आदेश मंत्रालय महानदी भवन से देर रात जारी हुआ है। इसमें प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को पंचायत प्रशिक्षण संस्थान की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है।

इसके साथ ही सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना को गृह, जेल एवं पंचायत प्रशिक्षण संस्थान की अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। विशेष सचिव हिमशिखर गुप्ता को गृह एवं जेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विशेष सचिव चंदन कुमार को नियंत्रक खाद्य एवं औषिधि प्रशासन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। संचालक राजेन्द्र कटारा को प्रबंध संचालक पाठ्य पुस्तक निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएएस कुलदीप शर्मा सहकारी संस्थाएं के रजिस्ट्रार बनाये गए हैं।

देखें आदेश -

cgstreetbuzz

Aug 30 2024, 20:17

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाएं: प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन

रायपुर-  वाणिज्य और उद्योग एवं श्रम विभाग मंत्री और कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में केंद्र तथा राज्य शासन की प्राथमिकता में शामिल प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उद्यानिकी विभाग, राशन कार्ड की नवनीकरण कार्याे सहित अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर जनमेजय महोबे ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्यवन और योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कबीरधाम जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। जनप्रतिनिधि और अधिकारी जिले के विकास के लिए अच्छा कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर हो और इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सभी को उत्साह के साथ टीम भावना से कार्य करते हुए सभी क्षेत्रों में कबीरधाम जिले की पहचान बनाना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया है। जिले के सभी अधिकारी इन समस्याओं को संज्ञान में लेकर प्राथमिकता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करें। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिले में विद्युत आपूर्ति के संबंध में अधिक शिकायत मिली है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को दुरूस्थ करते हुए 24 घंटे आपूर्ति करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पेयजल, सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, राशन मूलभूत आवश्यकता में शामिल है। यह सभी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी को निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में जाकर दौरा करें और वास्तविक वस्तु स्थिति की जानकारी लें। जिससे वहां की कमियों को पहचान कर पूरा किया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने और प्रगति लाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की यह महत्वपूर्ण योजना है जिसका उद्देश्य नल के माध्यम से हर घर जल पहुंचाना है। इस योजना का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर पूर्ण गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा के भीतर होना चाहिए। उन्होंने जिले में खेती किसानी के संबंध में वर्षा और खाद उपलब्धता की जानकारी ली।

बैठक में कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिले के विभिन्नि विभाग में संचालित योजनाओं के प्रगति के संबंध में विभागवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में 2 लाख 83 हजार 704 राशन कार्ड प्रचलित है। जनवरी 2024 से अब तक 5 हजार 829 नवीन राशन कार्ड बनाया गया है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 1 लाख 29 हजार 613 कनेक्शन जारी किया गया है। जिले में 108 धान उर्पाजन केन्द्रों में माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। जिले के 43 हजार 419 किसानों को वर्ष 2014-15 के तहत 57 करोड़ 92 लाख 28 हजार रूपए और 42 हजार 944 किसानों को वर्ष 2015-16 के तहत 61 करोड़ 30 लाख 79 हजार रूपए बोनस राशि का भुगतान किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत 69 करोड़ 89 लाख रूपए का भुगतान किया गया है।

इस दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने केंद्र तथा राज्य शासन की प्राथमिकता में शामिल विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और उसके प्रगति की जानकारी दी। बैठक में विभाग के अधिकारियों ने भी अपने विभागों के प्रारंभ, अप्रारंभ और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी दी।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुशीला रामकुमार भट्ट, पूर्व विधायक अशोक साहू, नगर पालिका अध्यक्ष मनहरण कौशिक, रूपेश जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, जिला पंचायत सीईओं संदीप अग्रवाल, सहित सर्व जनपद अध्यक्ष, सर्व नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 30 2024, 20:12

राजधानी में रोजगार देने के नाम पर ठगी : महिलाओं ने थाने पहुंचकर की शिकायत, नारी शक्ति संगठन की संचालिका पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर-  राजधानी में महिलाओं को रोजगार देने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाओं ने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की. महिलाओं ने नारी शक्ति संगठन की संचालिका शोभा ठाकुर और अंगीता श्रीवास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.


मामले की जानकारी देते हुए पुरानी बस्ती थाने पहुंची कोमल सेन ने बताया, रोजगार देने के नाम पर धोखाधड़ी हुआ है. नारी शक्ति योजना के तहत काम मिलेगा कहा गया था, लेकिन अब तक काम नहीं मिला. बहुत सारी महिलाएं हैं, जिसके साथ ठगी हुई है. प्रार्थी महिला कोमल सेन ने कहा कि शोभा ठाकुर और अंगिता श्रीवास दोनों हमारे मोहल्ले में आए थे और नारी शक्ति संगठन का घर बैठे रोजगार देने की बात कही थी. महिलाओं को एक दो महीने से रोजगार नहीं दिया गया. उसके बाद कहा गया कि खाता खुलेगा तो रोजगार मिलेगा. बिजनेस अकाउंट खोला गया, ताकि उस खाते में आप जितना काम करोगे वह पैसा उसके खाते में सीधे आएगा, लेकिन ना ही पैसा आया ना ही रोजगार मिला.

अभनपुर, राजिम में भी गिरोह ने बिछाया है जाल

मामले को लेकर प्रार्थी महिलाओं के साथ पुरानी बस्ती थाने पहुंचे पार्षद दीपेश जायसवाल ने कहा कि नारी शक्ति संगठन हर वार्ड में लगभग 200 से 300, 400 महिलाओं से रुपए लेकर घर बैठे रोजगार देने की बात कह रहे थे, लेकिन कहीं भी किसी प्रकार का रोजगार नहीं मिला. रोजगार किसी एक-दो लोगों को मिला है. हर वार्ड से 100-200 महिलाओं से पैसा लिया गया है. दो महिलाओं को तीन चार दिन काम देते हैं. मेरे वार्ड से 300 महिलाओं से पैसा लिया गया है. चाहे अमलीडो की बात हो, कुकुरबेड़ा की बात हो, अभनपुर, राजिम चारों तरफ इन्होंने अपना जाल बिछाकर रखा है. एक बड़ा गिरोह काम कर रहा है.

भाटागांव में करीब 400 महिलाओं से लिए हैं पैसा

पार्षद दीपेश ने बताया भाटागांव में संपर्क किया तो वहां 300 से 400 लोगों से 100-100 रुपए लिया गया है. 16 महिलाओं का कर्नाटका बैंक में अकाउंट खुलवाया गया है. खाता खुलवाने के बाद जो इंचार्ज है शोभा ठाकुर उन्होंने एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल नंबर को सील करके अपने पास रखा है. कुछ महिलाओं ने बैंक में संपर्क किया तो उसके बैंक अकाउंट में बेनामी पैसे का भी लेन देन हुआ है. साइबर पुलिस ने उन खातों को बंद कर दिया है. मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है. आज बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ पुरानी बस्ती थाने में आकर शिकायत भी की है, ताकि उनके अकाउंट से गलत ट्रांजैक्शन ना हो जाए, ताकि भविष्य में कोई तकलीफों का सामना न करना पड़े.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी

इस मामले में पुरानी बस्ती थाना प्रभारी योगेश कुमार कश्यप ने कहा, ये महिलाएं भाटागांव स्थित बीएसपीयू कॉलोनी से आई थी. इनका कहना है कि नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष शोभा ठाकुर ने उनके क्षेत्र में आकर रोजगार देने के लिए प्रशिक्षित करने के लिए पैसा लिया है. उनके नाम से अकाउंट खुलाकर एटीएम कार्ड, पासबुक को अपने पास रखा है और वह मिस यूस कर रही है. महिलाओं की शिकायत पर पुलिस मामे की जांच कर रही है. इसके बाद पुलिस आगे कार्रवाई करेगी.

cgstreetbuzz

Aug 30 2024, 19:13

महिला बाल विकास पर्यवेक्षकों का 3 सितंबर को हल्ला बोल, वेतन विसंगति और सम्मान की मांग को लेकर करेंगे प्रदर्शन

रायपुर-  महिला बाल विकास पर्यवेक्षकों ने 3 सितंबर को राजधानी रायपुर में हल्ला बोल प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है. पर्यवेक्षक संघ की अध्यक्ष ऋतु परिहार ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में विष्णु का सुशासन और महिला समानता सशक्तिकरण की बात बेमानी है, जब प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना  ‘महतारी वंदन योजना’ से एक माह में लाभान्वित करने वाली जुझारू महिलाएं, जिन्होंने दिन और रात एक कर इस कार्य को पूर्ण किया और प्रदेश की आधी आबादी के आर्थिक सामाजिक सशक्तिकरण के लिए सतत प्रयास करने वाली पर्यवेक्षकों को न्याय नहीं मिलता है.

ऋतु परिहार ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रही पर्यवेक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है. इस दौरान कई पर्यवेक्षकों की सेवानिवृत्ति हो चुकी है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया. सरकारें बदलती रहीं, लेकिन इनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.

परिहार ने कहा कि पर्यवेक्षक का पद तृतीय श्रेणी कार्यपालिक का होता है. जबकि अन्य विभागों में इस पद को 4200 ग्रेड पे पर लेवल 8 में रखा गया है, महिला बाल विकास विभाग में इसे 2400 ग्रेड पे पर लेवल 6 में रखा गया है. यह विडंबना है कि महिला होने के कारण किसी ने इनकी वेतन विसंगति और सम्मान के मुद्दे पर विचार नहीं किया.

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला समानता और सशक्तिकरण की बातें बेमानी हैं जब 1866 पर्यवेक्षक, जो खुद भी महिलाएं हैं, को उचित वेतन और सम्मान नहीं मिलता. पर्यवेक्षकों के कार्यों की महती भूमिका के बावजूद, विभाग ने फाइल तो भेजी है, लेकिन निर्णय अब तक नहीं आया है.

प्रदेश सचिव जयश्री साहू ने बताया कि राखी के अवसर पर महिला पर्यवेक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विभागीय मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े से राखी बांधकर वेतन विसंगति दूर करने का उपहार मांगा है.

पर्यवेक्षकों द्वारा 3 सितंबर को तूता, राजधानी रायपुर में एक दिवसीय प्रदेशस्तरीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा. इस प्रदर्शन के साथ ही वजन त्योहार और पोषण माह का बहिष्कार भी किया जाएगा. अब यह लड़ाई आर या पार की होगी, जिसमें पर्यवेक्षक अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं.