lucknow

Jul 15 2024, 10:10

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार और नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की भी होगी परीक्षा

लखनऊ । हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार और नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद की भी परीक्षा होगी। लंबे अर्से के बाद मायावती के भाई आनंद कुमार राजनीति में दोबारा सक्रिय हुए हैं, तो वहीं दूसरी ओर उनके बेटे आकाश आनंद ने भी लोकसभा चुनाव के बाद फिर से वापसी की है।

सूत्रों की मानें तो बसपा अध्यक्ष मायावती ने कांशीराम के जमाने से चली आ रही इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बसपा की दोस्ती को आगे बढ़ाने का जिम्मा दोनों को सौंपा है। यही वजह है कि इनेलो के साथ गठबंधन की औपचारिक घोषणा भी आनंद कुमार और आकाश आनंद की मौजूदगी में की गयी। हरियाणा चुनाव में बसपा के 37 प्रत्याशियों के चयन का जिम्मा भी उन्हें ही सौंपा गया है। विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत के बाद मायावती की इनेलो नेताओं के साथ संयुक्त रैलियों का खाका तैयार करने का जिम्मा आकाश आनंद को दिया गया है। यदि आकाश की रणनीति को सफलता मिलती है तो यूपी में उनकी नई सियासी पारी का आगाज हो सकता है।

बता दें कि हरियाणा में बसपा के संस्थापक कांशीराम की चौधरी देवीलाल से मित्रता रही है। पहले भी दोनों दल गठबंधन करके चुनाव लड़ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद बसपा को हरियाणा चुनाव से खासी उम्मीदें हैं। जानकारों की मानें तो मायावती ने इसी वजह से आनंद कुमार और आकाश को हरियाणा चुनाव की कमान सौंपी है ताकि दोनों की सियासी जमीन को मजबूत किया जा सके।

lucknow

Jul 15 2024, 10:09

यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मेट्रो का समय बढ़ा, अब रात साढ़े दस बजे तक चलेगी मेट्रो

लखनऊ । यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मेट्रो का समय बढ़ा दिया गया है। सोमवार से मेट्रो रात 10:30 बजे तक चलेगी। अभी तक यह सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही चलती थी। मेट्रो के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक सोमवार से मुंशीपुलिया और अमौसी एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से आखिरी मेट्रो रात 10:30 बजे रवाना होगी। इस बदलाव से उन लोगों को राहत मिलेगी जो देर रात तक सफर करते हैं। माना जा रहा है कि जनता की डिमांड पर यह फैसला कियाा गया है। 

एयर इंडिया की लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रविवार को तकनीकी खराबी आने के कारण कैंसिल कर दी गई। काफी देर से इंतजार कर रहे फ्लाइट के 181 यात्रियों को कैंसिलेशन की सूचना मिली तो वे नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। उन्हें जैसे-तैसे शांत कराया गया। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 626 अमौसी एयरपोर्ट से दोपहर दो बजे टेकऑफ करती है। रविवार को यात्री समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे और बोर्डिंग का इंतजार कर रहे थे।

इस बीच एयरलाइंस काउंटर के कर्मचारियों ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई है, जिसे विशेषज्ञ ठीक कर रहे हैं। कुछ देर में विमान रवाना होगा। घंटों बाद पता चला कि फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। इससे यात्री नाराज हुए। एयरलाइंस के कर्मचारियों ने बताया कि यात्रियों को विकल्प दिए गए हैं। उन्हें नाश्ता भी कराया गया। कुछ को रमाडा होटल में ठहराया गया है। सोमवार की उड़ान से उन्हें मुंबई भेजा जाएगा। वहीं, कई यात्रियों ने आगे की तारीख में यात्रा का फैसला लिया।

lucknow

Jul 15 2024, 10:09

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीएम मोदी को दी बधाई
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नई उपलब्धि हासिल की। सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर उनके 100 मिलियन फॉलोअर्स हो गए। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को बधाई दी।

यह मोदी जी के प्रति विश्वनीयता की झांकी: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर 100 मिलियन फॉलोअर्स की संख्या समाज के हर वर्ग के मध्य उनकी लोकप्रियता, विश्वसनीयता और स्वीकार्यता की एक झांकी है।

प्रधानमंत्री का संवाद आमजन के जीवन में परिवर्तन का माध्यम बना है: सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि निःसंदेह आपके (प्रधानमंत्री) प्रेरणादायक व्यक्तित्व और लोकनिष्ठ कार्यशैली ने कोटि-कोटि जनों की भावनाओं को स्पर्श किया है। आमजन से आपका सीधा संवाद उनके जीवन में सकारात्मक और व्यापक परिवर्तन का माध्यम बना है। अटूट जन विश्वास और अपार लोक समर्थन को व्यक्त करती इस आत्मीय पूंजी के लिए प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई।

lucknow

Jul 14 2024, 16:03

अखिलेश जी आप सावधान रहें, कांग्रेस भष्मासुर है आपको जल्दी ही ठिकाने लगा देगी : भूपेन्द्र
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार काे प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान ही हमारी प्राथमिकता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे। यह चुनाव भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच है।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारत की आत्मा अयोध्या, मथुरा और काशी में बसती है। यह तीनों देवस्थल उत्तर प्रदेश में ही है। उत्तर प्रदेश देश की आत्मा व भारत की हृदयस्थली है। महाराजा लाखन पासी की कर्म भूमि पर आज भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। भारतीय जनता पार्टी आमजन के सपनों को साकार करने के लिए अहर्निश सेवा में जुटी है। 500 वर्षों के बाद आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह हमारी आस्था विरासत का सम्मान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पहले देश, फिर दल व बाद में स्वयं का हित रहता है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनी है। स्थापना काल में भाजपा ने जो संकल्प लिया था वह संकल्प आज पूर्ण हो रहे हैं। जम्मू कश्मीर लोकतांत्रिक ढंग से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है।

परिवारवादी लोगों ने प्रदेश को जाति के आधार पर बांटने का काम किया

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि परिवारवादी लोगों ने प्रदेश को जाति के आधार पर बांटने का काम किया है। हमें जनता के बीच जाकर विपक्ष के विभाजनकारी षडयंत्रों को बेनकाब करना है और सबको गले लगाना है। संविधान बदलने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पार्टी ने सर्वाधिक संविधान में संशोधन किया है। कांग्रेस जब भी सत्ता में रही जिसने भी उसका विरोध किया उसे समाप्त करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। 13 राज्य में आज कांग्रेस शून्य है।

राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हमने पारदर्शी तरीके से सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाने का काम किया है। उनहोंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊँचाई को छू रही है। राष्ट्रीय विचार की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है। साथ ही 'सेवा ही संगठन' की अवधारणा को लेकर किए गए कार्यो से भाजपा का मानवीय स्वरूप जनता तक पहुंचा है। सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है, इसी ध्येय के साथ पार्टी सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019, 2022 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव और फिर नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शानदार नतीजे हासिल किए और हमने प्रचंड विजय प्राप्त की। 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकास्ठा दिखाते हुए अपना पूरा सहयोग दिया। जिसके कारण हमारा सौभाग्य है कि, लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी है। ऐसा स्वतंत्र भारत की राजनीति में छह दशक के बाद संभव हो पाया है। यह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से संभव हो सका है। जिसके लिये आप धन्यवाद के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जैसे परिवारवादी और जातीयवादी शक्तियों ने अफवाह एवं भ्रम फैलाकर प्रदेश की जनता को जातीय अखाड़ों में बदलने की कोशिश की। मुस्लिम मतदाताओं का भयादोहन करके उनका वोट लेने का कांग्रेस और सपा ने नया तरीका तलाशा और उनको अपने एजेंडे का शिकार बनाया, जिसमें उन्हें आंशिक सफलता मिली। इसीलिए हमारे समक्ष यह चुनौती है कि अभी से भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच घर-घर जाकर युद्धस्तर पर इस झूठ और अफवाह का पर्दाफाश करें और इनके विभाजनकारी मंसूबों पर पानी फेरें। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज को लेकर ही निरंतर आगे जाना है। जो भूले भटके हैं उनको गले लगाना है।

उन्होंने कहा कि अगर हम आंकड़ों की बात करें तो सपा और कांग्रेस ने मिलकर 2024 के चुनावों में 43.05 फीसदी वोट प्राप्त किया है। जबकि भाजपा ने अकेले 41.37 फीसदी वोट प्राप्त किया है। अगर भाजपा में हम अपने सहयोगी दलों का वोट जोड़ दें तो सपा-कांग्रेस हमसे आज भी पीछे है। केवल संविधान खतरे में है, खटाखट 8500 रू0 का झूठा भ्रमजाल फैलाकर सपा और कांग्रेस ने बहुजन वोट के सहारे 1.68 फीसदी वोट अधिक हासिल किया है।

अखिलेश जी आप सावधान रहें, कांग्रेस भष्मासुर है आपको जल्दी ही ठिकाने लगा देगी : भूपेन्द्र

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव जी, आपको सावधान कर रहा हूं यह कांग्रेस भष्मासुर है और बहुत जल्दी आपको ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच एवं उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीता हुआ बताकर जीतने वालों पर प्रश्न खड़े करता है। 13 राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सीटें शून्य हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है वहां अपने वोटों से नहीं जीती, बल्कि दूसरी पार्टियों के वोटों पर जीती है।

lucknow

Jul 14 2024, 16:01

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक का शुभारंभ किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति बैठक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

शहर में दर्जनों स्थान पर स्वागत द्वार बनाए गए

उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए सभी केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के सभी वर्तमान व पूर्व सांसद, विधायक, मोर्चा व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व भाजपा के जिला अध्यक्ष बैठक में मौजूद हैं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य सजावट की गई है। पूरे लखनऊ शहर को भगवा झंडे और होर्डिंग से सजाया गया है। शहर में दर्जनों स्थान पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं।बैठक में उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव की रणनीति और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दृष्टि से अभियान पर चर्चा होगी।

गठनात्मक चुनाव कराए जाने को लेकर भी चर्चा होगी

इसके अलावा पार्टी की सदस्यता अभियान संचालन और संगठनात्मक चुनाव कराए जाने को लेकर भी चर्चा होगी।उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, कमलेश पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों में डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय, स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला और गौरव भाटिया उपस्थित रहे।

lucknow

Jul 14 2024, 14:51

यूपी में 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला, अयोध्या समेत पांच जिलों के डीएम बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शनिवार को आईपीएस, पीपीएस अधिकारियों के तबादले के कुछ घंटे बाद 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। इनमें अयोध्या समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं।तबादलों के क्रम में प्रतिक्षारत निधि श्रीवास्तव को जिलाधिकारी बदायूं। मनोज कुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज का सचिव की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वे वहीं, बदायूं डीएम का कार्यभार संभाल रहे थे।

दिव्या मित्तल को जिलाधिकारी देवरिया,अखंड प्रताप सिंह को देवरिया जिलाधिकारी पद से हटाकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी उप्र राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण लखनऊ का कार्यभार मिला है। सोनभद्र के जिलाधिकारी को अयोध्या की जिम्मेदारी मिली है तो वहीं, जिलाधिकारी अयोध्या रहे नितीश कुमार को प्रबंध निदेशक, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा बनाया गया है।

इसी तरह उत्तर प्रदेश राज्यपाल के विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह को जिलाधिकारी सोनभद्र बनाया हैं। इसी तरह लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को औरैया का जिलाधिकारी। नेहा प्रकाश जो औरैया की जिलाधिकारी रही उन्हें निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उप्र का कार्यभार सौंपा गया। प्रथमेश कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और देवीशरण उपाध्य को प्रतीक्षारत सूची में भेजा गया है।

lucknow

Jul 14 2024, 12:32

लखनऊ में दूल्हा लेकर घर पहुंचा बारात, दुल्हन घर से हुई फरार


लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थानाक्षेत्र में दूल्हा बरात लेकर पहुंचा तो शादी की रस्म शुरू होने से पहले दुल्हन घर से फरार हो गई। इसकी जानकारी घराती और बराती को लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी की गई तो तथ्य चौकाने वाले सामने आये। युवती ने युवक को शादी का झांसा देकर 5 लाख रुपये हड़पने के बाद रफ्फूचक्कर हुई है।

चार साल से दूल्हे से युवती का चल रहा था प्रेम प्रसंग

उन्नाव जनपद के थाना औरास के ग्राम दलेलपुर निवासी सोनू पाल ने रहीमाबाद थाने में दी गयी तहरीर में अजीबो गरीब आरोप लगाया है। तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि उसका प्रेम प्रसंग करीब 4 वर्षों से रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हाशिमपुर निवासिनी के युवती से चल रहा था। युवती व उसके परिवारीजनों  ने युवक को शादी का झांसा देकर साढ़े 3 लाख रुपये आनलाइन  व डेढ़ लाख रुपये नकद बीमारी का बहाना बताकर ऐंठ लिये।

दूल्हा के परिजन ने जालसाजी से ठगी करने की दी तहरीर

जब युवक ने शादी की बात की तो युवती के परिजनों ने 11 जुलाई को बारात लाने की तारीख रख दी। युवक बड़ी हर्षोल्लास के साथ जब 11 जुलाई को अपनी प्रेमिका के घर बारात लेकर गया तो वहा से युवती व उसके परिजन रफूचक्कर हो चुके थे। अपने साथ प्रेमिका व उसके परिजनों द्वारा की गयी जालसाजी से ठगी का शिकार होने की जानकारी पर 12 जुलाई शुक्रवार को नामजद युवती के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।

दूल्हे ने जिस लड़की का नाम की तहरीर दी उस नाम की गांव में कोई नहीं
       
इस सम्बन्ध में एसओ रहीमाबाद अनुभव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। तहरीर में जिस गांव की लड़की का जिक्र किया गया है। इसमें सबसे बड़ी हैरानी वाली बात यह है कि वहा उस नाम की कोई लड़की नहीं मिली है। जिसे लेकर पुलिस भी परेशान हो चली है। हालांकि जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई जायेगी

lucknow

Jul 14 2024, 12:31

महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति संवेदनशील होने की आवश्यकता : डीजीपी

लखनऊ । पुलिस महानिदेशक यूपी प्रशान्त कुमार द्वारा शनिवार को  समस्त जोनल अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस आयुक्त यूपी के साथ कानून-व्यवस्था/अपराध नियत्रण, आगामी त्यौहारों एवं प्रदेश में तीन नये कानून के क्रियान्वयन आदि के सम्बन्ध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गयी तथा मुख्यतः निम्नांकित बिन्दुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिये गये।

आगामी त्यौहारों में सुदृढ़ व्यवस्थापन के दृष्टिगत मुख्यालय स्तर से समय -समय पर निर्गत निर्देशों का अनुपालन कराते हुये धर्मगुरूओं, कार्यक्रम/जलूस के आयोजको, सभ्रान्त नागरिकों आदि से निरन्तर संवाद बनाये रखा जाय। पीस कमेटी, शान्ति समितियों की गोष्ठी कर ली जाय तथा डिजिटल वालेन्टियर्स एवं सिविल डिफेन्स का सक्रिय सहयोग लिया जाये।  थाने पर उपलब्ध त्यौहार रजिस्टर व अन्य अभिलेखों को अध्यावधिक रखा जाय ताकि त्यौहारों आदि के समय पर उनका अवलोकन कर तद्नुसार समस्त कार्रवाई समय से पूर्ण करा ली जाय। किसी नयी परम्परा की अनुमति न दी जाये।

एक  जुलाई 2024 से सम्पूर्ण भारत वर्ष में तीन नये कानून लागू किये जाने की प्रक्रिया में आवश्यक संसाधनों की खरीदारी के लिए पूर्व में बजट आबंटित हो चुका है। उक्त संसाधनों की खरीदारी अतिशीघ्र पूर्ण कर ली जाये। महिलाओं एवं बच्चों से सम्बन्धी अपराधों पर अत्यधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है। महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अपराधों को अत्यधिक गम्भीरता से लेते हुए अभियुक्तों के विरूद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाये। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।सभी अधिकारीगण समय से कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करें एवं जन शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ यथोचित, विधिक, समयबद्ध निस्तारण कराया जाये।

जन सुनवाई के दौरान गरीब जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाय तथा उनका त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाय।जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त होने वाली वाली शिकायते आवश्य सुनी जाय तथा उनसे निरन्तर संवाद बनाये रखा जाय।माफियाओं तथा पेशेवर अपराधियों का चिन्हाकंन कर उनके विरूद्ध योजनाबद्ध तरीके से प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाये तथा पूर्व में पंजीकृत माफिया गैंग के सभी सदस्यों के विरूद्ध सफल अभियोजन, सम्पत्ति जब्तीकरण व अन्य विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

कावड़ यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने हेतु यात्रा के दौरान समीप के प्रान्त/जनपदों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बनाया रखा जाय तथा लाभप्रद सूचनाओं का समय से आदान प्रदान किया जाये। कावड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गो पर भीड़ का पूर्वानुमान करते हुये उन मार्गो पर बैरीकेटिंग एवं डायवर्जन के स्थानों का पूर्व से ही चिन्हित कर लिया जाय, ताकि आवश्यकतानुसार समय से बैरीकेटिंग एवं डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जा सके।जुलूस मार्गो पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखा जाय तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाये।

रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि स्थानों पर विशेष रूप से सुरक्षा प्रबन्ध किये जाय तथा सुरक्षा कर्मियों को ब्रीफ करने के उपरान्त ड्यिटी पर लगायी जाये।त्यौहारों के अवसर पर भीड़ प्रबन्धन एवं भीड़ नियत्रण के सिद्धान्तों पर अमल करते हुये पूर्व से ही प्लानिंग एवं तकनीक का प्रयोग कर व्यापक इन्तजाम किये जाये। थाने के स्थानीय पुलिस पेट्रोलिंग वाहनों को निरन्तर भ्रमणशील रखा जाय तथा यूपी-112 के वाहनों का व्यवस्थापन संवेदनशील मार्गो, स्थलों पर किया जाय। पोस्टर पार्टी एवं मॉर्निंग चेकिंग टीम का गठन किया जाय तथा पोस्टर पार्टी को नियमित रूप से प्रातः काल निकाला जाय।

आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत अभिसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय रखा जाय तथा छोटी से छोटी सूचना को अत्यन्त गम्भीरता से लेते हुये तत्परता पूर्वक यथोचित विधिक कार्यवाही की जाये।सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो पर चौबीस घंटे सर्तक दृष्टि रखी जाय। सोशल मीडिया पर रिस्पान्स टाइम और अधिक तेज किया जाये तथा भ्रामक/आपत्ति जनक पोस्ट, अफवाहों का तत्काल संज्ञान लेते हुये अफवाहों का खण्डन कराया जाय एवं वैधानिक कार्यवाही की जाये।अपराधियों के कन्विक्शन पर अत्यधिक ध्यान दिया जाय तथा आपरेशन कन्विक्शन के तहत पूर्व निर्गत निर्देशों के अनुसार  न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर अधिक से अधिक अभियोगों में अभियुक्तों को सजा दिलाये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

जनपदों के जनपद प्रभारियों द्वारा नियमित रूप से पुलिस लाइन निरीक्षण करें तथा पायी जाने वाली कमियों का समय से समाधान करायें।सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो पर सर्तक दृष्टि रखते हुए मुख्यालय स्थित सोशन मीडिया सेन्टर से समन्वय बनाये रखा जाये तथा सोशल मीडिया पर रिस्पान्स टाइम और अधिक तेज किया जाये। भ्रामक/आपत्ति जनक पोस्ट, अफवाहों का तत्काल संज्ञान लेते हुये अफवाहों का खण्डन कराया जाय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाये। डीजीपी ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन प्रतिनिधियों से निरन्तर संवाद बनाये रखे तथा जनशिकायतों का समय से त्वरित निस्तारण कराये अन्यथा सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी।

lucknow

Jul 14 2024, 11:41

300 हेरिटेज मास्ट सोलर लाइटिंग सिस्टम  और 1500 स्मार्ट सोलर लाइटिंग सिस्टम से दमक उठेगा यूपी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और विशेष रूप से सौर ऊर्जा के जरिए प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति करने की दिशा में योगी सरकार लगातार प्रयासरत है। एक तरफ प्रदेश के विभिन्न शहरों को सोलर सिटीज के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में सौर ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं के प्रति आम लोगों में रुचि विकसित करने के लिए भी विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं।

सोलर लाइटिंग से लैस करने की प्रक्रिया शुरू

ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार प्रदेश के विभिन्न शहरों के चिह्नित स्थानों को 300 हेरिटेज मास्ट सोलर लाइटिंग सिस्टम तथा 1500 स्मार्ट सोलर लाइटिंग से लैस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी के साथ ही प्रदेश के विभिन्न सरकारी कार्यालयों को 2 और 4 मेगावाट के आॅन ग्रिड हाइब्रिड सोलर रूफटॉप पावर प्लांट से युक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी कार्यों को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय अभिकरण (यूपीनेडा) ने कॉन्ट्रैक्टर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करते हुए पात्र आवेदकों से आवेदन मांगे हैं।

कॉन्ट्रैक्टर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई

यूपीनेडा द्वारा प्रदेश में हेरिटेज मास्ट व स्मार्ट सोलर लाइटिंग सिस्टम तथा 2 व 4 मेगावाट के आॅन ग्रिड हाइब्रिड सोलर रूफटॉप पावर प्लांट की सप्लाई, स्थापना, संचालन और मेंटिनेंस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कॉन्ट्रैक्टर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी उपकरणों को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्थापित करने के लिए कॉन्ट्रैक्टर एजेंसी को कायार्वंटन के बाद 4 महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है। इन सभी उपकरणों को कॉम्प्रिहेंसिव वॉरेंटी युक्त किया जाएगा। इन उपकरणों की स्थापना व संचालन के बाद चयनित कॉन्ट्रैक्टर एजेंसी को ही 5 वर्षों तक इनके संचालन व मेंटिनेंस संबंधी कार्यों को सुनिश्चित करना होगा।

800 वॉट पावर की कैपेसिटी होगी

यूपीनेडा की कार्ययोजना के अनुसार, उत्तर प्रदेश के विभिन्न सोलर सिटीज समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों को हेरिटेज मास्ट व स्मार्ट सोलर लाइटिंग सिस्टम से लैस करने की तैयारी की जा रही है उसमें इन शहरों के ज्यादा फुटफॉल रीजन पर मुख्यत: फोकस किया जा रहा है। इस क्रम में, विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मुख्य सड़कों, चौराहों, पशु बाजारों, छोटे बाजारों के साथ ही पंचायत घरों, सार्वजनिक पेयजल स्रोतों, क्रॉस रोड, रोड जंक्शनों, मेला मैदानों आदि पर इनकी स्थापना, कमीशनिंग, संचालन और रखरखाव किया जाएगा। प्रत्येक सोलर एलईडी हेरिटेज मास्ट लाइटिंग सिस्टम में 200 वॉट पावर के 4 युनिट्स के रूप में 800 वॉट पावर की कैपेसिटी होगी।

12.8 वोल्ट आउटपुट पर कार्य करेगी

इनकी बैटरी लीथियम फेरो फॉस्फेट बेस्ड होगी जो कि 12.8 वोल्ट आउटपुट पर कार्य करेगी। इस दौरान प्रत्येक हेरिटेज लाइट सिस्टम की ल्यूमेन एफिकेसी 135 ल्यूमेन प्रति वॉट रहेगी। स्मार्ट स्रीट सोलर लाइटिंग सिस्टम 6 मीटर के पोल पर इम्पैनल्ड होगा जो कि 140 ल्यूमेन प्रति वॉट होगी तथा सिस्टम वॉटेज 45 वॉट होगी। ये लाइटें 50 हजार घंटे की लाइफ एक्सपेक्टेंसी युक्त होंगी।

यह कई खूबियों से लैस होगा

प्रदेश के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में स्थापित किए जाने वाले 2 व 4 मेगावॉट आॅन ग्रिड हाइब्रिड रूफटॉप सिस्टम सोलर फोटो वोल्टिक प्रक्रिया से युक्त होकर कार्य करेगा। यह कई खूबियों से लैस होगा। यह पावर प्लांट को कई कंपोनेंट्स के माध्यम से पूरा किया जाएगा। इनमें सोलर पीवी मॉड्यूल, हाइब्रिड इनवर्टर, माउंटिंग स्ट्रक्चर्स, जंक्शन बॉक्सेस, अर्थिंग व लाइटिंग प्रोटेक्शन, बैटरी, इंफ्रा व अल्ट्रा वॉयलेट रेज प्रोटेक्टेड पीवीसी केबल्स, पाइपस् व अन्य एक्सेसरीज तथा रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम मुख्य होंगे।

lucknow

Jul 14 2024, 11:16

पूनम सिंह को महिला जनता दल यूनाइटेड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

लखनऊ। जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत एवं सक्रिय करने के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल द्वारा जिला इकाई एवं प्रदेश  इकाई के गठन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने लखनऊ निवासी महिला नेत्री  पूनम सिंह को महिला जनता दल यूनाइटेड का प्रदेश अध्यक्ष, बाराबंकी जनपद निवासी युवा नेता प्रशांत सिंह को युवा जनता दल यूनाइटेड का प्रदेश अध्यक्ष, लखनऊ निवासी एवं अधिवक्ता उच्च न्यायालय दिवाकर सिंह को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता तथा जनपद गाजीपुर निवासी पार्टी के पूर्वांचल के वरिष्ठ नेता विनीत तिवारी को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आशा व्यक्त किया है कि यह लोग पार्टी प्रदेश संगठन को मजबूत एवं सक्रिय करने में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे और प्रदेश  में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा और पार्टी के प्रदेश संगठन को सुचारु रूप से संचालित करने में सहूलियत मिलेगी।इनके पार्टी में शामिल होने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मानेन्द्र सिंह, डॉ भरत गंगवार, अवधेश सिंह, संजय सिंह पटेल, प्रशांत सिंह,आनन्द कुमार सिंह,पूनम सिंह, ममता सिंह, शैलेन्द्र वर्मा, सुभाष पाठक, भैया हरिशंकर पटेल,डिएम सिंह गहरवार,देव कुमार साकेत,पटेल अभिषेक चौधरी,संजय कुमार सिंह, दिवाकर सिंह, विनीत तिवारी,कुंवर अजय सिंह,अमर सिंह कटियार, सर्वेश राय, प्रवीण चौधरी,देवेन्द्र सिंह,डॉ राजेश वर्मा,देवेन्द्र सिंह बाल्हार, अरविन्द कुमार चित्तोडिया, शशि कान्त राही,राजेश वर्मा,शिव मंगल सरोज,गोकुल प्रसाद वर्मा, ओम प्रकाश वर्मा, जितेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने बधाई दी है।