lucknow

Jul 06 2023, 08:55

*लखनऊ में लूट के बाद बुजुर्ग महिला की हत्या, 23 मिनट में दिया घटना का अंजाम, बदमाश सीसीटीवी में कैद*


लखनऊ । राजधानी के गाजीपुर थानाक्षेत्र में दिन दहाड़े घर में घुसकर बदमाशों ने लूट के बाद विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। हालांकि दिन दहाड़े राजधानी के अंदर इस तरह से लूट के बाद महिला की हत्या किये जाने से कमिश्नरेट पुलिस पर सवालियां निशान खड़ा हो गया है।

तीन बदमाशों ने घटना का दिया अंजाम, गाजीपुर थानाक्षेत्र की घटना

गाजीपुर थानाक्षेत्र के शक्तिनगर एफएम अपार्टमेंट में साठ वर्षीय नफीस फातिमा अपने पति वसीम के साथ रहती थी। वसीम एक ठेकेदार है। घटना दिन में करीब डेढ़ से दो बजे की बीच की है। इस दौरान नफीस फातिमा के पति घर से बाहर गये हुए थे। महिला बीमार चल रही थी और घर पर अकेली थी। स्कूल का साइन कराने के नाम पर बदमाश नफीस फातिमा के घर बेल बजाकर अंदर घुसे। इसके बाद बदमाशों ने घर के अंदर लूटपाट करने लगे तो महिला ने इसका विरोध किया। इस पर बदमाशों ने महिला की हत्या करने के बाद घर में रखा सामान लूट कर फरार हो गये। इसकी जानकारी जब मेडिकल सैंपल लेने पहुंचे लैब कर्मी तब लगी।

घर पर अकेली थी महिला, पुलिस जांच में जुटी

बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दिन दहाड़े महिला की हत्या के बाद लोगों में दशहत फैल गई। सूचना पर गाजीपुर पुलिस और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेजा। जहां पर डाक्टरों ने देखते ही बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। घर में सामान बिखरा हुआ मिला। जिससे लग रहा है कि लूट का प्रयास किया गया है लेकिन क्या लूटा है। इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। जानकारी करने पर पता चला है कि तीन नकाबपोश बदमाश घर में लूट के इरादे से घुसे थे।

कागज पर साइन करवाने के बहाने घर में घुसे बदमाश

पुलिस उप आयुक्त उत्तरी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एफएम अपार्टमेंट में कुछ लोग लूट के इरादे से घुसे थे। पुलिस मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग महिला नफीस फात्मा घायल मिली। आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश स्कूल में साइन कराने के बहाने घर में घुसे थे। लूट हुई है कि नहीं इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले है। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत कैसे हुई है। पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

इस तरह घटना को दिया अंजाम

प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 112 पर सूचना मिली कि नफीसा फातिमा के मकान में तीन बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने के बाद जा रहे है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि नफीसा बीमार थी। उनके खून का सैंपल लेने के लिए लैब कर्मी घर गए तो देखा दरवाजा बंद था। घंटी बजाई तब भी नहीं खुला तो कर्मियों ने नफीसा के पति को फोन किया तो उन्होंने कहा कि कुछ देर रुक जाओ अंदर काम कर रही होंगी। इसी बीच तीन बदमाश नफीसा के घर से निकले। लैब कमियों ने पूछा क्या हुआ है तो बोले अंदर जाकर देख लो। अंदर गए तो उन्हें वारदात के बारे में जानकारी हुई। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की हिरासत में होंगे।

lucknow

Jul 06 2023, 08:22

*सीएम योगी ने स्माइल परियोजना के तहत भिक्षावृत्ति से मुक्त हुए बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की*


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘स्माइल परियोजना’ प्रारम्भ की गयी। इसके प्रथम चरण के अन्तर्गत देश के चुनिन्दा शहरों को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के एक बड़े अभियान को संचालित किया जा रहा है। लखनऊ जिला प्रशासन ने स्वयं सेवी समूह (उम्मीद) के साथ मिलकर भिक्षावृत्ति में संलग्न परिवारों और बच्चों को पुनर्वासित करने के एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है। आज 102 बच्चों को ‘स्माइल परियोजना’ व ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य)’ के साथ जोड़ा गया है। यह सभी बच्चे परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

सीएम ने बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें स्कूल किट प्रदान की

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य)’ व ‘स्माइल परियोजना’ के अन्तर्गत जनपद लखनऊ में भिक्षावृत्ति से मुक्त हुए बच्चों को योजना का स्वीकृति पत्र एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण के कार्यक्रम के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें स्कूल किट प्रदान की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भिक्षाटन प्राचीन काल में भारतीय परम्परा का हिस्सा था। सन्यस्त द्वारा दिन में एक बार किसी एक परिवार से भिक्षाटन लिया जाता था।

भिक्षावृत्ति का कई बार देखा गया खतनाक रूप

भिक्षाटन का उद्देश्य व्यक्तिगत अहंकार को त्याग कर समाज दर्शन द्वारा समाज को जानने और समझने का था। लेकिन जब यह कार्य वृत्ति व व्यवसाय के साथ जुड़ गया, तो इसका खतरनाक रूप हमें देखने को मिलता है। जिन बच्चों के पास स्कूल जाने का अवसर व उनके सुनहरे भविष्य के लिए सरकार की अनेक योजनाएं हैं, उन बच्चों को गिरोह द्वारा जबरन भिक्षावृत्ति में संलिप्त कर दिया जाता है। सरकार द्वारा समय-समय पर ऐसे बहुत सारे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की गयी है। भिक्षा को वृत्ति के रूप में लेने वाले गिरोहों का पर्दाफाश करने और इससे प्रभावित परिवारों का पुनर्वास करने के लिए ‘स्माइल परियोजना’ संचालित की जा रही है।

अनाथ बच्चों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य प्रशासन का

मुख्यमंत्री ने कहा कि 102 बच्चे जिनका पुनर्वास किया गया है, उन बच्चों में जीवन में कुछ करने का जज़्बा, उत्साह व उमंग है। इन बच्चों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य प्रशासन का है। प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर ढंग से किया है। परिणामस्वरूप लखनऊ में 102 बच्चे ‘स्माइल परियोजना’ व ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य)’ के साथ जुड़कर आगे बढ़ रहे हैं। इन बच्चों को स्कूल बैग, यूनीफॉर्म, बुक्स इत्यादि बेसिक शिक्षा परिषद उपलब्ध करा रहा है। प्रदेश सरकार वर्ष 2017 से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को स्कूल बैग, यूनीफॉर्म, बुक्स इत्यादि उपलब्ध करा रही है। राज्य सरकार वर्तमान में प्रदेश के 01 करोड़ 91 लाख बच्चों को यह सुविधा प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री बाल सहायता योजना से जोड़ा जाए अनाथ बच्चों को

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल खण्ड में कोविड से हुई जनहानि से अनाथ हुए बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे थे। उन बच्चों को ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सहायता योजना’ से जोड़ा गया। लेकिन कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से जिन बच्चों के माता-पिता/अभिभावकों की मृत्यु कोरोना काल खण्ड के समय या उसके बाद हुई, उन बच्चों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य)’ प्रारम्भ की। अनाथ हुए बच्चों के भरण-पोषण के लिए इस योजना के अन्तर्गत 18 वर्ष की आयु तक 2,500 रुपये प्रतिमाह की दर से उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, जिसे समय-समय पर महंगाई के अनुपात में बढ़ाया जाएगा।

स्माइल योजना से जुड़ रहे भिक्षावृत्ति से मुक्त कराये गए बच्चे

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिक्षावृत्ति से मुक्त कराये गये इन बच्चों को ‘उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य)’ व स्माइल योजना से आज जोड़ने का कार्य हुआ है। इन बच्चों का बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में एडमिशन कराया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के साथ 03 से 05 वर्ष की आयु के बच्चों को जोड़ा जाए तथा पोषण की दिशा में कार्य किया जाए। ताकि इनका जीवन सही दिशा में आगे बढ़ सके। इसे अधिकारियों द्वारा गंभीरता पूर्वक से लेना चाहिए।

अटल आवासीय विद्यालयों में पढ़ेंगे अनाथ बच्चे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी मण्डलों में अटल आवासीय विद्यालय बना रही है। इसी सत्र से यह विद्यालय प्रारम्भ हो जाएंगे। यह विद्यालय सीबीएसई बोर्ड के पैटर्न पर संचालित होंगे। अटल आवासीय विद्यालयों में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चे व अनाथ बच्चे पढ़ेंगे। इन विद्यालयों में यह बच्चे कक्षा 01 से 12 तक की निःशुल्क व आवासीय शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। आने वाले समय में प्रदेश सरकार प्रत्येक जनपद में एक अटल आवासीय विद्यालय, तदुपरान्त प्रत्येक विकास खण्ड में एक अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएगी।

इच्छाशक्ति व परिश्रम से सबकुछ प्राप्त किया जा सकता है: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बीसी सखी के माध्यम से गांव की महिलाएं ग्राम पंचायतों में बैंकिंग के कार्य सम्पादित कर रही हैं और स्वावलम्बन की ओर अग्रसर हो रही हैं। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं अपनी घर-गृहस्थी के कार्य के साथ अपने परिश्रम से स्वावलम्बन की ओर आगे बढ़ रही हैं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र की कुछ महिलाओं ने मिलकर बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी शुरू की। इस कम्पनी का गत वर्ष का 150 करोड़ रुपये का टर्न ओवर है। 15 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ कमाया है। कार्य करने की इच्छाशक्ति व परिश्रम से सबकुछ प्राप्त किया जा सकता है। लोग स्वस्थ प्रतिस्पर्धा व सकारात्मक भाव से जीवन में आगे बढ़ें।

बेसहारा लोगों को रैन बसेरों की सुविधा प्रदान की जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ जिला प्रशासन, लखनऊ नगर निगम, बेसिक शिक्षा परिषद, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा उम्मीद संस्था ने मिलकर बेहतर कार्य किया है। इसी प्रकार सही एवं पात्र लोगों का चयन करते हुए मेरिट के आधार पर कार्य किया जाए। लखनऊ में भिक्षावृत्ति को मुक्त कर सकेंगे। नवयुवक, महिलाएं, दिव्यांगजन जो भिक्षावृत्ति कर रहे हैं, उनका पुनर्वास किया जाए तथा उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित कर उनका सशक्तिकरण किया जाए। थोड़े प्रयास से ही ऐसे लोग अच्छे एवं योग्य नागरिक की श्रेणी में सम्मिलित हो सकते हैं। निराश्रित, बेसहारा एवं आश्रयविहीन लोगों को रैन बसेरों की सुविधा प्रदान की जाए।

अभिभावकों को योजनाओं की दी जाए जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों व उनके अभिभावकों को शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाए। सभी सरकारी चिकित्सालयों में निःशुल्क इलाज की व्यवस्था है। गरीबों के लिए आयुष्मान भारत योजना की सुविधा है। लगभग 10 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये तक का सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी इम्पैनल्ड हॉस्पिटल में जाकर इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। हर जरूरतमन्द को निःशुल्क राशन की सुविधा विगत सवा तीन वर्षां से लगातार प्रदान की जा रही है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में यह भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम को महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी सम्बोधित किया।इस अवसर पर सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, मण्डलायुक्त लखनऊ रोशन जैकब, महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरन आनन्द, जिलाधिकारी लखनऊ सूर्यपाल गंगवार, उम्मीद संस्था के पदाधिकारीगण, बच्चे व उनके अभिभावकगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

lucknow

Jul 05 2023, 19:33

*तन मन धन से गरीबों असहायों की आजीवन सेवा करता रहूंगा: मुरलीधर आहूजा*


लखनऊ।सेवाभाव के धनी वरिष्ठ समाजसेवी मुरलीधर आहूजा जी का जन्मदिन 5 जुलाई को बहुत भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया।

मुरलीधर जी विजयश्री फाउंडेशन के सम्मानित संरक्षक हैं,जन्मदिन के अवसर पर समाज के सम्मानित महानुभावों के द्वारा उनके जन्मदिवस को हर वर्ष "सेवा भाव दिवस" के रूप में मनाया जाता है।

उनके जन्मदिन पर आज सारा दिन आयोजन हुये। इस क्रम में सुबह राजनारायण लोकबंधु संयुक्त चिकित्सालय, LDA कॉलोनी स्थित बीमार रोगियों के मध्य, फलों का वितरण किया गया।यह कार्यक्रम आशियाना परिवार द्वारा आयोजित किया गया।इसी तरह शिवशांति आश्रम में वृद्ध लोगों की सेवा सत्संग और प्रसाद वितरण किया गया।दोपहर देवपुर सिंधी कॉलोनी पारा में डॉक्टर आदर्श त्रिपाठी,डॉक्टर अनुज मौर्य,डॉक्टर नीतू सिंह,डॉक्टर सिवांगी,डॉक्टर राधेश्याम,डॉक्टर नेहा की निगरानी में एक भव्य निशुल्क मेडिकल कैम्प का भी आयोजन किया गया।

जिसमें मशहूर डॉक्टर आदर्श त्रिपाठी द्वारा जर्मन मशीन से जरूरतमंदो के शरीर की जांच की गयी।इस अवसर पर लोगो की पैथोलॉजी द्वारा खून की जांच की गयी।इसी के साथ आंखों की तथा दांत की भी जांच भी की गई और लोगो को निशुल्क दवाएं वितरित की गयी।इसके अलावा इस कैंप में पैन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, तथा वृद्धावस्था तथा विधवा पेंशन का रजिस्ट्रेशन भी निशुल्क किया गया।

इसके बाद मुरलीधर आहूजा ने मेडिकल कॉलेज में प्रसादम सेवा केंद्र में फूड मैन विशाल सिंह की उपस्थिति निशक्त तीमारदारों को भोजन परोस कर उनकी सेवा की तथा गरीब ज़रूरतमंदो के लिए संत अमर शहीद संत कंवर राम (रैन बसेरे) का फीता काटकर आहूजा परिवार द्वारा शुभ उद्घाटन किया गया।

जन्मदिन के अवसर पर मुरलीधर आहूजा द्वारा शाम को निशक्त बच्चों को कॉपी, किताब,पुस्तक,पेंसिल आदि उपलब्ध कराया गया।

मुरलीधर आहूजा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ईश्वर ने मुझको जो कुछ भी दिया है। वह मैं तन मन धन से गरीब और असहाय लोगों की सेवा की राह में तत्परता से लगाऊंगा।मेरे प्रशंसक और इन मजबूर लोगों की दुआएं ही मुझे ताकत देती हैं और मेरे हौसले का संचार करती हैं।इस अवसर पर मुरलीधर आहूजा को नानक चंद लखमानी,वासुदेव चावला,राजूअजीज सिद्दीकी,अब्दुल वहीद,मुर्तुजा अली,जुबैर अहमद,तौसीफ हुसैन, नवाब मुराद,शहजादे कलीम,आबिद अली,आरिफ़ मुकीम,महेश दीक्षित आदि ने जन्मदिन की बधाई दी।

lucknow

Jul 05 2023, 19:14

*इंदिरा नगर क्षेत्र के 200 व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की सदस्यता ली*


लखनऊ। बुधवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता की उपस्थिति में हुआ प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के समक्ष इंदिरा नगर क्षेत्र के 200 व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा प्रत्येक व्यापारियों के हितों की रक्षा करना आदर्श व्यापार मंडल का उद्देश्य है उन्होंने सभी व्यापारियों का स्वागत करते हुए कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संजय गुप्ता ने बताया अगले सप्ताह "उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, इंदिरा नगर "इकाई का गठन होगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल इंदिरा नगर इकाई के गठन के लिए 6 सदस्य प्रभारी कमेटी बनाई गई।

प्रभारी कमेटी में निखिल तोलानी, विक्की दयालानी, प्रदीप सचदेवा, दीपक चौहान, अखिलेश सिंह ,हर्ष केसरी इंदिरा नगर के प्रभारी नियुक्त किए गए।

संगठन की सदस्यता लेने वालों में मुख्य रूप से विक्की दयालानी, निखिल तोलानी, अंकुर कुमार लखवानी ,प्रदीप सचदेवा, निखिल विश्ननी, अमन बख्शी, हर्ष केसरी ,तरुण वाधवानी, अखिलेश सिंह, सनी भाटिया ,राज जयसवाल ,दीपक चौहान, डॉ हिमांशु , सुनीताब ब्त्रा, डॉक्टर विजेंद्र पाल सिंह, श्रवण कुमा,र शशि प्रताप सिसोदिया ,ओम हेमलानी ,प्रियंका हेमनानी, रितेश हेमनानी ,आयुष्मान अग्रवाल, मनीष मिश्रा, हरपाल नागबानी, डॉक्टर गीता वर्मा, सजीव कुमार सिंधी, दीपक अग्रवाल, अजय कुमार, पवन कुमार, राहुल शर्मा, गीतिका खन्ना, देवेश सिंह ,गोविंद यादव, श्रवण कुमार सहित 200 व्यापरीयो ने सदस्यता ली।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जयसवाल, लखनऊ के वरिष्ठ व्यापारी नेता अमिताभ श्रीवास्तव ,उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल लखनऊ के नगर उपाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव विशेष रुप से उपस्थित रहे।

lucknow

Jul 05 2023, 18:53

*हल्की फुल्की बारिश ने खोली नगर निगम जोन 6 की सड़कों की पोल*


लखनऊ । हल्की फुल्की बारिश से नगर निगम क्षेत्र की रोड तालाब में तब्दील हो गई। कन्हैया माधवपुर क्षेत्र के सेकंड फरीदीपुर में लगातार बारिश से नगर निगम की पोल खुलती नजर आ रही है।

नगर निगम के अधिकारियों व क्षेत्रीय नेता की लापरवाही से जोन 6 कन्हैया माधवपुर सेकंड फरीदीपुर रोड का हाल बेहाल है। हल्की सी बारिश में स्थानीय लोगों को रोड पर भरे पानी से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि नाले और नालियों की सफाई में महज खानापूर्ति की गई है ।रोड पर बने गड्ढे भी सरकार की गड्ढा मुक्त सरकार को मुंह चीढ़ा रहे हैं। रोड पर मलबा भरा होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।

फरीदीपुर क्षेत्र की जनता के अनुसार नगर निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई है परंतु अधिकारी सुनते ही नहीं है। जब क्षेत्रीय नेता से रोड को सही कराने के लिए कहो तो वो कहते है बजट नहीं आ रहा है, हम कहां से रोड को सही करा दें ।

स्थानीयनिवासी,महेन्द्र,आरिफ,जफर,अदनान,मुन्नी, शमा परवीन,आज़ाद,ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही से रोड पर पानी भर जाता है, क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश का माहौल बना देख अधिकारियों द्वारा कुछ दिन पूर्व रोड पर दो गाड़ी मलबा गिरा दिया गया था,पर वो भी ऐसी रिमझिम बारिश में लापता हो गया। क्षेत्रीय जनता के अनुसार पानी भरने का मुख्य कारण है रोड के साइड में नाली नही बनी है जिसकी वजह से रोड पर पानी भर जाता है।बारिश में रोडो पर गंदा पानी भरने की वजह से लोगो को बीमारियों का भी सामना करना पड़ता है। जब इस संबंध में नगर निगम जोन 6 के अधिशासी अभियंता रमन सिंह से बात की गई तो उन्हों ने बताया बजट बना कर आगे भेज दिया गया है। जब इस संबंध में पार्षद बादशाह गाजी से बात की तो उन्होंने बताया कन्हैया माधवपुर सेकंड फरीदीपुर की रोड करीब 3 सौ मीटर की है जिसमे करीब 2 सौ मीटर रोड बना दी गई है बाकी की बची रोड का बजट बना कर भेज दिया गया है जल्द ही बाकी रोड भी बना दी जाएगी।

lucknow

Jul 05 2023, 18:48

*पारा में दुकान का शटर तोड़कर हजारों की चोरी*


लखनऊ। पारा गांव में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर हजारों की नगदी व सामान चोरी कर ले गए।

पारा गांव निवासी आर्यन मौर्या की दुकान सम्राट आटा चक्की के पास ऋषभ जनरल स्टोर के नाम से किराने की दुकान है। बीती देर रात अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर 11 हजार की नकदी व तीन हजार रुपए का पान मसाला सिगरेट चोरी कर ले गए।

घटना को लेकर पीड़ित आर्यन मौर्या ने पारा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।

lucknow

Jul 05 2023, 17:59

*वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना स्वच्छता रैली का करेंगे शुभारंभ*


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना प्रदेश में स्वच्छता एवं साफ सफाई तथा स्वास्थ्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए कल दिनांक 6 जुलाई 2023 को प्रातः 6ः30 बजे स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ द्वारा अयोजित स्वच्छता रैली का 1090 चौराहे से शुभारंभ करेंगे।

यह रैली 1090 चौराहा से प्रारंभ होकर लोहिया पथ होते हुए झंडीवाला पार्क नगर निगम मुख्यालय तक जाएगी। सुरेश कुमार खन्ना ने जनपद लखनऊ के जनप्रतिनिधि गणों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों एवं समुदायों से स्वच्छता रैली में प्रतिभाग करने हेतु अपील की है। वित्त मंत्री जी इस अवसर पर 1090 चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में रैली में प्रतिभाग करने वाले लखनऊ वासियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु संबोधित भी करेंगे एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाएंगे।

रैली के माध्यम से आमजन को अपने शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा स्वच्छता रैली में बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कर रैली को संबोधित करेंगे एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।

स्वच्छता रैली में लखनऊ नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर निगम के समस्त पार्षद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

lucknow

Jul 05 2023, 17:33

*आईआरसीटीसी द्वारा भारत गौरव विशेष ट्रेन-07 ज्योतिर्लिंग यात्रा का संचालन*


लखनऊ। इंडियन रेलवे केटरिंग एण्ड टूरिज्म कार्पोरेशन लि (आईआरसीटीसी) द्वारा गोरखपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन द्वारा 07 ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा का संचालन किया जा रहा है। इस यात्रा में ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, भेंट द्वारका, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, त्रयंबकेश्वर, घृष्णेश्वर और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराये जायेंगे।

इस यात्रा के मुख्य आर्कषण निम्नवत हैंः

1. कवर किए गए गंतव्य-

ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, भेंट द्वारका, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, त्रयंबकेश्वर, घृष्णेश्वर और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग

2. श्रेणी अनुसार कुल बर्थों की सं0 767- 02 एसी (कुल 49 सीटें), 03 एसी (कुल 70 सीटें)एवं स्लीपर (कुल 648 सीटें)

3. उतरने/चढने के स्टेशन- योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहाँपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई वीरांगना लक्ष्मीबाई एवं ललितपुर

4. यात्रा तिथि- दिनांक 27.07.2023 से 05.08.2023 तक 09 रात्रि एवं 10 दिन

सुविधायें- इस पैकेज में 02 एसी, 03 एसी एवं स्लीपर क्लास यात्रा, नाश्ता एवं दोपहर व रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी/नान एसी बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण सम्मिलित है।

इकोनामी श्रेणी (स्लीपर क्लासं) में एक/दो/तीन व्यक्तियोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य रू0- 18925 /- प्रति व्यक्ति एवं प्रति बच्चे (5-11 वर्ष) का पैकेज का मूल्य रू0- 15893/- है। (स्लीपर क्लास ट्रेन यात्रा, डबल/ट्रिपल पर नॉन एसी होटलों में ठहरने, नॉन एसी होटल के कमरे में मल्टी शेयर पर वॉश एंड चेंज एवं नॉन एसी ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था)स्टैंडर्ड श्रेणी (3एसी क्लास) में एक/दो/तीन व्यक्तियोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य रू0- 31769 /- प्रति व्यक्ति एवं प्रति बच्चे (5-11 वर्ष) का पैकेज का मूल्य रू0- 25858 /- है।

(3एसी क्लास ट्रेन यात्रा, डबल/ट्रिपल पर एसी होटलों में ठहरने, नॉन एसी होटल के कमरे में डबल/ट्रिपल पर वॉश एंड चेंज एवं नॉन एसी ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था) कम्फर्ट श्रेणी (2एसी क्लास) में एक/दो/तीन व्यक्तियोें के एक साथ ठहरने पर पैकेज का मूल्य रू0- 42163 /- प्रति व्यक्ति एवं प्रति बच्चे (5-11 वर्ष) का पैकेज का मूल्य रू0- 34072 /- है। (2एसी क्लास ट्रेन यात्रा, डबल/ट्रिपल पर एसी होटलों में ठहरने, एसी होटल के कमरे में डबल/ट्रिपल पर वॉश एंड चेंज एवं एसी ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था).

इसमें LTC एवं EMI (रू0-917/- प्रति माह से शुरूद्ध की सुविघा भी उपलब्घ है। ईएमआई की सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध सरकारी एवं गैर सरकारी बैंक से ली जा सकती है।

इस पैकेज की बुकिंग ष्पहले आओ पहले पाओष् के आधार पर की जायेगी। उक्त यात्रा की बुकिंग हेतु पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com से ऑनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकती हैे।

अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिये नीचे दिये गये मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते है:

लखनऊ- 8287930913/8287930908/8287930906/8287930902

कानपुर- 8595924298/ 8287930930

आगरा- 8287930920

ग्वालियर- 8595924299

झांसी- 8595924291/8595924300

मथुरा- 828

7931792

गोरखपुर-8595924273/8294814463/8595924320

lucknow

Jul 05 2023, 16:47

*ग्राम पंचायतों को वादयंत्र खरीद के लिए संस्कृति विभाग द्वारा 30 हजारकी धनराशि अनुदान के रूप में प्रदान की जायेगी: जयवीर सिंह*


लखनऊ। ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय लोक कलाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के सुचारू रूप से संचालन, प्रशिक्षण तथा गुरू शिष्य परम्परा को बनाये रखने के लिए प्रदेश की ग्राम पंचायतांे को एक सेट वादयंत्र खरीद के लिए 30 हजार रूपये की धनराशि संस्कृति विभाग द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान की जायेगी। इस वादयंत्र के एक सेट में हारमोनियम, ढोलक, झांज, मंजीरा, करताल तथा घुघरू आदि शामिल होंगे। 

यह जानकारी आज प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवन्त बनाये रखने के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि एक सेट वादयंत्र की धनराशि 30 हजार से अधिक होने पर संस्कृति विभाग द्वारा 15 हजार रूपये तक का अधिकतम अनुदान संबंधित ग्राम पंचायत को दिया जायेगा।

 शेष धनराशि संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा वहन की जायेगी। वादयंत्रों को उपलब्ध कराये जाने संबंधित कार्य योजना के संबंध में प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन मुकेश कुमार मेश्राम की ओर से आवश्यक शासनादेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक कलायें हमारी समृद्ध संस्कृति का अटूट हिस्सा रही है। ग्रामीण अंचलों में लोक कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के सुचारू रूप से संचालन के लिए वादयंत्रों की अहम भूमिका होती है। 

पर्यटन मंत्री ने कहा कि लोक कलाओं एवं कलाकारों को संरक्षण प्राप्त न होने से बहुत सी लोक कलायें तथा वादयंत्र विलुप्त की कगार पर पहुंच चुके हैं। ऐसे स्थिति में लोक कलाओं एवं वादयंत्रों को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए अनुदान की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण अंचलों में लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न अवसरों पर लोक कलाओं का प्रस्तुतीकरण कर जीवन्त बनाये रखने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मानवर्धन के लिए वादयंत्रों का सेट दिये जाने का निर्णय लिया गया है।  

प्रथम चरण में जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक जनपद के 50 ग्राम पंचायतों, जहां सांस्कृतिक गतिविधियॉ निरन्तर संचालित की जाती हों का चयन कर संस्कृति विभाग उप्र को संस्तुति भेजी जायेगी।

 जिलाधिकारी से पर्याप्त मात्रा में आवेदन प्राप्त न होने की दशा में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से अग्रसारित आवेदन पत्र सीधे स्वीकार्य किये जा सकेंगे। पूर्व में भजन कीर्तन मण्डली/गुरू शिष्य परम्परा, स्थानीय लोकगीत, लोकनृत्य, भजन, संस्कार गीत, नुक्कड़ नाटक आदि सांस्कृति कार्यक्रमों का संचालन करने वाली ग्राम पंचायतों को अनुदान दिये जाने में प्राथमिकता दी जायेगी। 

पर्यटन मंत्री ने बताया कि वादयंत्रों के सेट पर संस्कृति विभाग उप्र का नाम अंकित कराया जाना अनिवार्य होगा। अनुदान की धनराशि सीधे आवेदक ग्राम पंचायत के खाते में हस्तान्तरित की जायेगी। वादयंत्रों के रख-रखाव एवं मरम्मत का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत का होगा। इन वादयंत्रों का उपयोग सांस्कृतिक उन्नयन, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, पर्यटन संवर्द्धन, स्वच्छ भारत मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, महिला सशक्तिकरण, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, ग्रामीण संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए तथा सरकार द्वारा संचालित लाभार्थी योजनाओं के प्रचार प्रसार आदि के लिए किया जायेगा।

------------------------------------------

काशी-प्रयाग के मध्य इतिहास को समेटे है सेमराधनाथ धाम, कुएं में विराजमान है स्वयंभू

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही इस साल सावन में 19 साल बाद सावन का अद्भुत संयोग बन रहा है। इस बार सावन आठ सोमवार के साथ 59 दिनों होगा। अधिमास लगने के कारण यह संयोग बना हैं। दो महीने के सावन होने से महादेव के भक्त प्रफ्फुलित हैं। मंगलवार से दो महीने तक शिवालय हर-हर महादेव के उद्धोष से गुंजायमान रहेंगे।काशी- प्रयाग और विंध्य के मध्य भदोही में गंगा के तट पर स्थित प्राचीन बाबा सेमराधनाथ धाम का अद्भुद शिवलिंग इतिहास को खुद में समेटे है। जमीन से करीब 15 फीट नीचे कुएं में विराजमान स्वयंभू सेमराधनाथ में देश का पांचवां कुंभ मेला लगता है । जिसका उल्लेख श्रीमद्भागवत सहित अन्य कई पुराणों में मिलता है। यहां हर सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। सावन के तेरस को बड़ी संख्या में कावंरिया जलाभिषेक करने आते हैं। जिले के जंगीगंज कस्बे से 13 किलोमीटर दक्षिण और सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी से 15 किलो मीटर पूरब उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर स्वयंभू बाबा सेमराधनाथ मंदिर स्थित है। पुराणों और ग्रंथों में इसे उप ज्योतिर्लिंग की संज्ञा दी गई है। इस मंदिर का उल्लेख पद्म पुराण, शिव पुराण, लिंग पुराण सहित श्रीमद्भागवत के दशम स्कंद में भी मिलता है। मान्यता है कि कालांतर में भगवान शिव की प्रेरणा से एक व्यापारी ने जब सेमराध स्थित इस स्थल की खुदाई प्रारंभ की तो जमीन से 15 फिट नीचे एक अद्भुत और चमत्कारिक शिवलिंग मिला ।इसका आकर एक मीटर लंबा तथा आधे मीटर मोटे व्यास में है,जो बाई ओर थोड़ा झुका था। वैसे वर्ष भर दर्शनार्थियों से प्रांगण गुलजार रहता है लेकिन सावन में शिवालय का महात्मय बढ़ जाता है। तेरस के दिन बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु बाबा सेमराध का जलाभिषेक करते हैं

---------------------------------

देश में लाॅन्च हुआ 6 जी अलायंस, वर्ष 2030 तक तकनीक में महारत हासिल करने की योजना

2029 तक सरकार देश में 6 जी सेवा शुरू करने का लक्ष्य है

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भविष्य की 6 जी तकनीक के लिए भारत ने अभी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली में केंद्रीय टेलीकॉम मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत 6 जी गठजोड़ की घोषणा की। इससे तहत टेलीकॉम क्षेत्र के सभी हितधारक एक छत के नीचे आकार न‌ई तकनीक की दिशा में काम करेंगे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस समूह की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि 5 जी दुनिया के साथ आगे बढ़ा है लेकिन 6 जी हमारा लक्ष्य है कि दुनियाभर में हम सबसे आगे रहें। इस साल मार्च में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत 6 जी विजन लाॅन्च किया था। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अब दूरसंचार प्रौद्योगिकी का निर्यातक बन चुका है और इससे पास पहले से ही 6 जी प्रौद्योगिकी से जुड़े 200 पेंटेंट हो चुके हैं।

क्या है यह समूह

6 जी गठजोड़ उद्योग जगत के नेतृत्व वाली संस्था होगी। इसमें सरकारी के साथ - साथ निजी क्षेत्र की कंपनियां भी शामिल रहेगी। साथ ही शैक्षणिक और शोध संस्थानों के भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस संस्था का काम होगा कि 6 जी के इस्तेमाल से जुड़ी बारीकियों का अध्ययन करे। समूह 6 जी उपकरण तैयार करेगा।

सभी क्षेत्रों के लिए उपयोगी

6 जी तकनीक का इस्तेमाल रोबोटिक सर्जरी, आनलाईन ट्रीटमेंट जैसी स्वास्थ्य जरुरतों में होगा। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास के डिस्टेंस एजुकेशन के क्षेत्र में ये तकनीक इस्तेमाल में लाई जाएगी।

दुनिया के लिए 6 जी मायने

इंटरनेट नेटवर्क की छठी पीढ़ी दुनिया को सबसे तेज इंटरनेट सेवा देगी

5 जी स्पीड 10 जीबीपीएस है,6 जी की स्पीड 1000 जीबीपीएस तक होंगी

5 जी की तुलना में एकसाथ करीब दस गुना अधिक डिवाइस जुड़ जाएगी

हाई क्वालिटी वीडियो 142 घंटे का एक सेकंड में ही डाउनलोड हो सकेगा

ढाई घंटे की एचडी मूवी 6 जी के जरिए एक सेकंड में डाउनलोड हो सकेगी

--------------------------------

सज गए शिवालय, दो महीने तक बम-बम बोलेंगे भक्त

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही ।पवित्र श्रावण मास को लेकर मंदिर सज गए हैं। शिवालयों में भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस साल सावन में 19 साल बाद सावन का अद्भुत संयोग बन रहा है। इस बार सावन आठ सोमवार के साथ 59 दिनों होगा। अधिमास लगने के कारण यह संयोग बना हैं। दो महीने के सावन होने से महादेव के भक्त प्रफ्फुलित हैं। मंगलवार से दो महीने तक शिवालय हर-हर महादेव के उद्धोष से गुंजायमान रहेंगे।

जिले में भी बाबा के भक्त सावन की तैयारियों में जुट गए हैं। कोई बैजनाथ धाम तो कोई बाबा बर्फानी के दर्शन को निकल चुका है। महादेव के भक्त बड़ी संख्या में बाबा विश्वनाथ जलाभिषेक करने भोलेनाथ की नगरी काशी पहुंचते हैं। जिले में ज्ञानपुर स्थित सिद्धपीठ बाबा हरिहरनाथ, गोपीगंज स्थित बाबा बड़े शिव मंदिर ओर तिलेश्वरनाथ महादेव के साथ ही विंध्य, प्रयाग और काशी के मध्य गंगा किनारे बसे बाबा सेमराध धाम की पावन धरा पर भक्तों की भारी भीड़ जुटती है। पूरे सावन मास तक यहां हर-हर महादेव के उद्धोष सुनाई देते रहते हैं। इन शिवालयों में भक्ताें की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शिव भक्तों को दर्शन पूजन और जलाभिषेक में कोई परेशानी न आए। इसकी विशेष व्यवस्था की गई।

19 साल बाद बना है शुभ संयोग

आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि यह महीना शिव भक्तों को समर्पित है। इस पवित्र महीने में भगवान शिव की उपासना की जाती है। सावन के महीने में हर एक सोमवार को भगवान शिव की उपासना करने से जीवन में सुख समृद्धि आती है। बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार इस बार सावन का महीना करीब 2 महीने का होने वाला है। सावन मास की शुरुआत 4 जुलाई 2023 से होगी और 31 अगस्त 2023 तक रहेगा। यानी इस बार भक्तों को भगवान शिव की उपासना के लिए कुल 58 दिन मिलने वाले हैं। बताया कि चार से 17 जुलाई और 17 अगस्त से 31 अगस्त तक शुद्ध सावन मास होगा। इस बीच 18 से 16 अगस्त के बीच अधिक मास रहेगा। अधिक मास मिलाकर आठ सोमवार होगा। बताया कि यह शुभ संयोग 19 साल बाद बना है। 18 जुलाई से 16 अगस्त तक अधिकमास रहेगा। बताया कि सावन के महीने में भगवान शिव पर धतूरा, बेलपत्र चावल चंदन, शहद आदि जरूर चढ़ाना चाहिए। सावन के महीने में की गई पूजा से भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं।

-----------------------------

"टमाटर के नखरे हाय-तौबा "

मेरी इतनी भी क्या फिक्र बस सौ, एक सौ पचास पर इतना जिक्र काहे हो रहा है। टमाटर हूँ बस जरा सा भाव क्या बढ़ गया मेरा, सोशल मीडिया में हाहाकार मच गया। बस यही डर दिखना चाहिए सब के मन में मुझे लेकर ताकि लोग मेरा भी सम्मान करे हर मौसम। इतिहास के पन्ने पर फेमस होने की आशा लिया बैठा हुआ टमाटर हवा में उड़ रहा है उछल रहा है। कोई लाली लिपस्टिक का नाम दे रहा है तो कोई टमाटर म्यूजियम में रख रहा है।

देसी के साथ जब से विदेशी टमाटर आया है,देसी कुछ ज्‍यादा ही भाव खा रहा है। विदेशी के भाव तीसरी मंजिल पर तो,देसी के भाव आसमान पर। देसी खाकर कोई लाल हो रहा है,तो कोई उसके भाव सुनकर लाल हुआ जा रहा है। जो खरीद रहा है वो लाल है,जो नहीं खा पा रहा है,वह मारे शर्म के लाल है। किसी के टमाटर खा के गाल लाल हो रहे हैं,और कुछ की टमाटर खरीद कर जेब का हाल बेहाल है। जो टमाटर नहीं खरीद पा रहा है,वह बैंगन की तरह काला या फिर कददू की तरह मुंह बनाकर सब्‍जी मंडी से निकल रहा है। गलियों में टमाटर के ठेले नजर नहीं आ रहे हैं। ठेले में टमाटर दुबका पड़ा है,कहीं कोई गरीब देख न ले, इसलिए टमाटर हर जगह से नदारद है हर कोई ढूंढ रहा किस ठेले पर टमाटर सस्ता बिक रहा है,आयकर वाले भिखारी के भेष में मंडी में घूम रहे हैं। टमाटर जिसने खरीदा,बस चल भाई अंदर। कई टमाटर शरीफ की तरह मंडी से गायब,तो कोई गरीबों से बच रहा है तो कोई नाली में सड़ रहा है। बस केवल अमीर ही टमाटरों के पीछे भाग रहे है। अब अगर आप किसी के घर जाएं और खाने की मेज पर टमाटरों का सलाद दिखाई तो समझ लिजिए की आदमी खानदानी रईस है। यानी की टमाटर खरीदने की क्षमता से किसी की औकात का पता चल जाता है। अब तो किसी के घर जाकर टमाटर उधार लेने का मुँह नहीं रह गया है। टमाटर मांगों तो ऐसे देखते हैं जैसे कोई वसीयत में हिस्सा माँग लिया हो। इससे बढ़िया है कि टमाटर का मोह छोड़ कर कुछ दिन बिना टमाटर के गुजारा करना ठीक रहेगा। आजकल वैसे भी आलू उदास है क्योंकि उसका दोस्त टमाटर उसके साथ कभी-कभी दिखाई देता है, आजकल अमीरों के घर उठना बैठना जो हो गया है टमाटर का। अब तो फ्रिज में भी टमाटर रखना हो तो तिजोरी की तरफ उसकी हिफाजत करनी होगी फ्रिज को लॉक करके उसकी चाबी बैंक के लॉकर मे रखनी होगी। अब तो सबसे छुपाकर टमाटर लाया जाएगा ताकि गली मोहल्ले के लोग देख ना ले, वर्ना टमाटर माँगने घर आ जाएंगे। वीआईपी हो गया है भाई अब तो टमाटर। अब टमाटर उच्च वर्ग की तरकारी बन चुका है। ये सरकारी होटलों की शान बन गया है जिसे केवल रईस लोग ही खा सकते हैं। टमाटर खरीदने के लिए अब पति से पैसे मांगे तो पति घूर कर देखने लगते हैं जैसे तलाक की अर्जी लगा दी हो मैंने। 

टमाटर फेसबुक पर सबसे ज्‍यादा पसंद किया जा रहा है। हजारों की संख्‍या में उसे साझा कर रहे हैं, वाटसएप पर नए-नए तरीके से टमाटर की तुलना महिलाओं के हाव भाव से की जा रही है। टमाटर पर चुटकुले बनाए जा रहे हैं। हीर-रांझा की जोड़ी से भी ज्‍यादा लोकप्रिय हो गया टमाटर। सब्जियां भी बेहाल पड़ी हुई है कोने में टमाटर के नखरे देख कर। अब तो टिंडा, लौकी, तुरही बनाकर काम चलाओ। भाई इस समय टमाटर किसी मुख्यमंत्री से कम नजर नहीं आ रहा है। अभी तो माहौल ऐसा लग रहा है या तो सरकार बदले या फिर टमाटर के भाव।

----------------------------

सैलानियों को लुभा रही सीतामढ़ी की मनोरम छटा

इस साल देश विदेश से रिकार्ड 27 लाख 80 हजार पर्यटक यहां पहुंचे

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही।जिले का धार्मिक व पर्यटन स्थल सीतामढ़ी सैलानियों की पहली पसंद बन गया है। देश विदेश से सैलानी सीतामढ़ी की छटा निहारने पहुंच रहे हैं। इस वर्ष सीतामढ़ी में रिकार्ड 23 लाख 78 हजार से ज्यादा सैलानियों का आगमन हुआ। वर्ष 2017 में पर्यटकों का आंकड़ा 11 लाख 76 हजार था। जिले के अन्य पर्यटक स्थलों में महज चार लाख के आसपास पर्यटक पहुंचे। पूरे जिले में इस साल 27 लाख 80 हजार 789 पर्यटक पहुंचे।

सीता समाहित स्थल पर में साल दर साल सैलानियों में इजाफा होता जा रहा है। यह दुनिया का इकलौता ऐसा दो मंजिला भव्य सीता मंदिर है। जिसके दोनों तल में अलग-अलग मुद्राओं में सिर्फ सीता माता की दिव्य मूर्ति स्थापना है। यहीं पर प्रसिद्ध 108 फीट ऊंचे भगवान हनुमान जी की विशाल प्रतिमा स्थापित है,जो सैलानियों के आकर्षक का केंद्र होता है। इसके साथ ही प्राचीन सीता मंदिर, पहाड़ पर स्थापित भोले बाबा की जटा से निकलती जलधारा देख श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। त्रेतायुगीन गाथाओं की साक्षी सीतामढ़ी में मां गंगा की अविरलता धारा, पावन तट, माता सीता जी के हाथों से आरोपित विशाल सीतावट, सीता,केश वाटिका, सीता समाहित स्थल दिव्य और पावन भूमि त्रेतायुग के जीवंत उदाहरण है। यहां हर साल पर्यटक भारी संख्या पहुंचते हैं। इसमें दक्षिण भारतीय पर्यटक भी होते हैं।

पर्यटकों की संख्या बढ़ने से व्यापारी उत्साहित

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से जहां आसपास के व्यापारी भी उत्साहित हैं। हालांकि उनका मानना है कि शासन और प्रशासन की उदासीनता न होती तो यहां की खूबसूरती में और भी चार चांद लगते हैं। यहां छुट्टी के दिनों नवरात्र, सावन मास, रविवार गर्मी की छुट्टियों में श्रद्धालुओं और देशी विदेशी सैलानियों की संख्या काफी अधिक बढ़ जाती है। इस स्थल में विकास की किरण पहुंचाने के साथ सीतामढ़ी को विश्व फेम बनाने वाली संस्था श्री सीता समाहित स्थल ट्रस्ट श्रद्धालुओं एवं सैलानियों की सुविधाओं के लिए काफी कुछ किया है।

पर्यटकों के लिए मौजूद सुविधाएं

सीतामढ़ी समाहित स्थल में तीन सितारा सुविधाओं वाला गेस्ट हाउस, सुंदर पार्क,हट, नौकायन की सुविधा के साथ शाम को फाउंटेन से निकलने वाली रंग बिरंगी लाइटों से टकरातीं जल की बूंदें लोगों को अपनी ओर खींच लेती है। इसके अलावा प्राचीन काल से महर्षि वाल्मीकि आश्रम मंदिर, संत उड़िया बाबा आश्रम और संत उड़िया बाबा,श्री सीता धाम बाबा आश्रम मंदिर, स्वयंभू बाबा धवासा नाथ महादेव मंदिर भक्तों और सैलानियों के लिए भक्तिभाव और पर्यटन के लिहाज से आकर्षण के केंद्र है‌।

----------------------------------------------

यदि बना हेलमेट लगाए दूसरी बार अपने सरकारी कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय में प्रवेश नहीं मिलेगा और आपको अनुपस्थित माना जाएगा। सरकार ने 17 जुलाई से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाने का एलान किया है। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों, जिलाधिकारियों आदि के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार 17 से 31 जुलाई तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाएगी। इसके तहत जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें जनपदीय रोड सेफ्टी एक्शन प्लान तैयार कराकर पखवाड़े के अंत तक परिवहन आयुक्त को भेजी जाएगी। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत इससे जुड़े विभाग-परिवहन, गृह, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा व शिक्षा विभाग की कार्ययोजना के आधार पर आयोजन किया जाएगा। पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटना में 5.5 प्रतिशत व दुर्घटना के मृतकों की संख्या में 4.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सड़क दुर्घटना में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु अधिक हुई है। यह स्थिति काफी चिंताजनक है। सरकार का विशेष ध्यान है कि मार्ग दुर्घटनाओं में कमी आए और लोग जागरूक हों। इसी क्रम में यह अभियान शुरू किया जा रहा है। 

15 दिन की कार्ययोजना तैयार 

इस लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सांसद, विधायक आदि जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं संबंधित विभागों के अफसरों, बस, ट्रक, ऑटो यूनियन, एनजीओ के पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा और उनसे भी राय ली जाएगी। वहीं स्कूलों में भी प्रार्थना के उपरांत छात्रों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देते हुए नियमों के पालन की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवधि में सेव लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से सभी 75 जनपदों में चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग व फर्स्ट रेसपांडर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

चिकित्सा शिक्षा विभाग की तरफ से मेडिकल कॉलेज के सर्जरी व हड्डी रोग विभाग की तरफ से मेडिकल व पैरामेडिकल छात्रों के लिए बेसिक व एडवांस लाइफ सपोर्ट से संबंधित कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। परिवहन विभाग के सहयोग से स्कूली वाहनों के चालकों की आंखों व स्वास्थ्य का भी परीक्षण होगा। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी के माध्यम से बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण कराया जाएगा। स्कूलों में रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा भी कई कार्यक्रम होंगे।

----------------

वंदे भारत ट्रेन की रैक को अयोध्या के लिए किया गया रवाना 

गोरखपुर। 1 जुलाई को गोरखपुर जंक्शन पर पहुची वन्दे भारत ट्रेन की रैक मंगलवार को अयोध्या के लिए रवाना की है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक वंदे भारत ट्रेन को पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर जंक्शन से रवाना किया गया। ट्रेन की बनावट और सुंदरता को देखने के लिए लगातार लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर वंदे भारत ट्रेन को देख और उसके साथ सेल्फी भी ले रहे थे। इस ट्रेन के माध्यम से जहां यात्रियों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। वहीं सुरक्षा व सुझाव भी विशेष ख्याल रखा गया है।

lucknow

Jul 05 2023, 16:43

*रेलवे स्टेशन से चोरी मोबाइल चौबीस घंटे के अंदर बरामद, चोर गिरफ्तार*


लखनऊ । थाना जीआरपी चारबाग द्वारा 24 घण्टे के अन्दर रेलवे स्टेशन से चोरी यात्री का मोबाइल बरामद करते हुए अभियुक्त अभिमन्यु कुमार सिंह गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में बताया कि यात्रियों के सो जाने पर व भीडभाड़ मे मोबाइल, लेडीज पर्स, ज्वैलरी आदि सामान की चोरी करता था ।

पुलिस अधीक्षक रेलवे, लखनऊ द्वारा ट्रेनों व रेलवे स्टेशनों पर चोरी,लूट,जहर खुरानी की घटनाओं की रोकथाम व इनामिया,वांछित, वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक रेलवे, प्रथम संजीव कुमार सिन्हा के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह थाना जीआरपी चारबाग के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा बुधवार को थाना जीआरपी चारबाग से एक नफर अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया ।

अभियुक्त का नाम अभिमन्यु कुमार सिंह पुत्र रामचन्द्र सिंह है, जो कि बहेरा थाना कुद्रा जनपद कैमूर (भभुआ) राज्य बिहार का रहने वाला है। इसके द्वारा चार जुलाई को चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म सं. एक पर ट्रेन का इन्तजार कर रहे अज्ञात व्यक्ति द्वारा वादी का मोबाइल वन प्लस चोरी कर लिया था।