lucknow

Jul 01 2023, 20:09

*पशुधन मंत्री धर्मपाल ने रहमानखेडा स्थित अति हिमीकृत वीर्य उत्पादन केन्द्र का किया निरीक्षण*


लखनऊ- उत्तर प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन अल्प संख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा विभाग मंत्री श्री धर्मपाल सिंह जी द्वारा आज यहां अति हिमीकृत वीर्य उत्पादन केन्द्र रहमानखेडा, लखनऊ का निरीक्षण किया गया। पशुधन मंत्री द्वारा सांडों/ भैसों के बाड़ों, उनको भोजन के रूप में दी जा रही सामग्री का अवलोकन किया गया। उन्होंने केन्द्र के रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने गायों की उन्नतिशील प्रजाति में सुधार लाने कृत्रिम गर्भाधान के उत्पादन में वृद्धि को देखते हुए सांडों को और अधिक पौष्टिक आहार दिये जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान पशुधन विकास परिषद के अध्यक्ष डा नीरज गुप्ता द्वारा अवगत कराया गया कि केंद्र से सीधे किसान / पशुपालक को सीमन प्राप्त नहीं होता है बल्कि पशुधन विकास परिषद को उपलब्ध कराया जाता है और वहाँ से केन्द्रों को वितरित किया जाता है। प्रतिदिन यहाँ लगभग 9 हजार से 10 हजार डोज सीमन का उत्पादन किया जाता है। अवगत कराया गया कि इस प्रकार का एक सीमन केन्द्र संस्थान की बाउंड्रीवाल से लगा हुआ निर्मित कराये जाने पर विचार किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्था पर विचार कर कार्य किया जाय जिससे यदि कोई किसान / पशुपालक सीधे यहाँ केन्द्र से सीमन चाहता है तो उसे प्राप्त हो जाय। केन्द्र पर गाय एवं भैंस के सीमन (वीर्य) का उत्पादन किया जाता है। अच्छी नस्ल की गाय एवं भैस की संतति उत्पन्न हो, इसलिये यहाँ पर विभन्न प्रकार की प्रजातियों के सॉड / भैंसे है। इन प्रजातियों में मुख्य रूप से शाहीवाल के 56 सोंड, हरियाना नस्ल के 03 गिरी नस्ल के 04 और मुर्रा प्रजाति के 55 भैंसे है जिनसे सीमन प्राप्त किया जाता है। इन सीड़ों और भैसो के रहने के लिये अलग-अलग शेड है इन्हें खाने के लिये 300-400/- किलो वजन वाले सॉड के लिये 04 किलो भूसा, 4 किलो मक्का के साथ सोयाबीन, चोकर, पालिस राइस, मुरली, अश्वगंधा, हरा चारा, चुकन्दर आदि दिये जाते हैं।

केंद्र पर साडों / भैसों से सप्ताह में दो बार सीमन प्राप्त किया जाता है और इन्हें बड़े बड़े कन्टेनरों में फीजर युक्त रखा जाता है। सीमेन की गुणवक्ता निर्धारित करने के लिये अत्याधुनिक मशीनें यहाँ पर उपलब्ध है। सीमेन का परीक्षण, पैकिंग का कार्य मशीनों द्वारा किया जाता है। मशीनों से परीक्षण करने पर यदि सीमेन में 70 प्रतिशत से कम शुक्राणु पाये जाते हैं तो उन्हें निरस्त कर दिया जाता है। सीमेने प्राप्त करने वाले कक्ष अत्याधुनिक मशीनों व साफ-सफाई से युक्त है। सीमन का वितरण पशुधन विकास परिषद के माध्यम से किया जाता है। निरीक्षण के समय हौसला प्रसाद, उप निदेशक / संजय वर्मा, डा दीति वर्मा चिकित्सा अधिकारी तथा पशुधन विकास परिषद के अध्यक्ष डा नीरज गुप्ता उपस्थित थे।

lucknow

Jul 01 2023, 18:31

*मंडलायुक्त ने गीले कचरे से खाद बनाने वाले यूनिट सेटअप का किया निरक्षण, लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता देख जताई प्रसन्नता*


लखनऊ- पार्श्वनाथ प्लेनेट आवासीय अपार्टमेंट परिसर में वैट वेस्ट कंपोस्टिंग (गीले कचरे से खाद बनाने) यूनिट डिजाइन, सेटअप और कमीशन की गई है। यह लखनऊ स्मार्ट सिटी द्वारा शुरू की गई एक पायलट परियोजना है, और अंततः प्रति दिन 100 किलोग्राम से अधिक कचरा पैदा करने वाले अन्य परिसरों (बल्क वेस्ट जेनरेटर के रूप में नामित) को अपने परिसर में इन-हाउस कंपोस्टिंग इकाई लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इन-हाउस कंपोस्टिंग इकाइयां नगर निगम पर भार कम करेंगी। यदि कचरे को कम करने के सभी तरीकों को अपनाया जाता है, तो लखनऊ शहर में उत्पन्न होने वाले कचरे की वर्तमान मात्रा में 50 फीसदी की कमी देखी जा सकती है। कंपोस्टिंग सेटअप कार्य अग्रणी पर्यावरण संगठन - प्रोअर्थ इकोसिस्टम्स द्वारा किया गया है।

लखनऊ मंडलायुक्त डा रोशन जैकब ने इस नेक पहल के लिए और स्मार्ट सिटी के साथ सहयोग करने के लिए आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल सुनील सिंह, सचिव मुक्ता मनचंदा और सदस्यों शिवानी, हेमलता, प्रियंका और सभी निवासियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी के लिए पर्यावरण के प्रति जागरूक होना आसान नहीं है और इसलिए निवासियों का यह कदम वास्तव में अनुकरणीय है। उन्हें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि परिसर के निवासी पर्यावरण को लेकर जागरूक हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि अंततः अन्य अपार्टमेंट और कॉलोनी के लोग भी यहां से प्रेरणा लेंगे और ऐसी व्यवस्था विकसित करेंगे।

lucknow

Jul 01 2023, 18:29

*सीलिंग की कार्रवाई को रोकने की मांग को लेकर व्यापारियों ने किया पैदल मार्च*


लखनऊ- शनिवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र में आवास विकास विभाग द्वारा 1,000 से अधिक व्यापारियों को सीलिंग की नोटिस भेजे जाने की कार्रवाई को रोकने एवं सीलिंग की कार्रवाई को रोकने की मांग को लेकर इंदिरा नगर क्षेत्र के व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला तथा विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों के प्रदर्शन के चलते आवास विकास विभाग की टीम ने आज भी सीलिंग की कोई कार्रवाई नहीं की।

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा इंदिरा नगर क्षेत्र 40 वर्ष पुराना क्षेत्र है। उस समय की आवश्यकता एवं वर्तमान की आवश्यकता में भारी बदलाव आ चुका है। उन्होंने कहा इंदिरा नगर क्षेत्र सहित लखनऊ के सभी इलाकों में जनसंख्या का घनत्व बढ़ गया है। आवास विकास विभाग द्वारा उस समय भी पर्याप्त व्यवसायिक स्थल अपने योजना में नहीं छोड़े गए थे तथा केवल मात्र 5 फीसदी ही पूरे क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधियों के लिए भूखंड उपलब्ध हुए थे। अब वर्तमान समय में जनसंख्या का घनत्व बहुत ज्यादा बढ़ गया है। एवं लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार रिहायशी क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा नगर निगम एवं विद्युत विभाग दोनों व्यापारियों से कमर्शियल भुगतान वसूल रहे हैं।ऐसे में सरकार को नई पॉलिसी बनाकर वर्तमान आवश्यकताओं के अनुसार नीति बनानी चाहिए ताकि सभी व्यापारी नियमित हो सके। उन्होंने कहा व्यापारी वर्ग भू उपयोग का परिवर्तन शुल्क भी जमा करने को तैयार है इसलिये नई तरह से कमर्शियल एरिया चिन्हित कर भू उपयोग में परिवर्तन करते हुए भू उपयोग परिवर्तन शुल्क जमा करा कर व्यापारियों को नियमित करना चाहिए ताकि जनता एवं व्यापारियों को राहत मिल सके।

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा जनता की आवश्यकता के अनुसार सरकार को मास्टर प्लान में बदलाव करना चाहिए तथा नीति बनाकर व्यापारी को नियमित करना चाहिए उन्होंने कहा कि व्यापारी भू उपयोग परिवर्तन का शुल्क भी जमा करने को तैयार है इसलिए व्यापारियों को नई योजना बनाकर भू उपयोग परिवर्तन की अनुमति मिलनी चाहिए।

पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जयसवाल, अमिताभ श्रीवास्तव, विनीत कोहली, हिमांशु भट्ट, गोपाल अग्रवाल, विक्की दयालानी, प्रदीप सचदेवा, निखिल तोलानी, राजीव अरोड़ा, सूरज जसवानी, अनिल अग्रवाल, तरुण वाधवानी, इमरान, निखिल विश्नन्ननी, संजय सोनकर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल थे।

lucknow

Jul 01 2023, 09:46

*लखनऊ में चौबीस घंटे में तीन बार किशोरी के साथ तीन युवकों ने किया गैंगरेप, गिरफ्तार*


लखनऊ। राजधानी के कैंट थानाक्षेत्र में किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के बाद तीनों दुष्कर्म आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है। इस घटना से किशोरी सदमे हैं। चूंकी किशोरी को तीनों युवकों ने स्कूटी पर बैठाकर पूरा शहर घुमाया और चौबीस घंटे के अंदर शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर गैंगरेप किया था।

बाराबंकी से यहां नानी के यहां आयी थी

यह घटना बुधवार की है। पुलिस के मुबाबिक बाराबंकी के सफेदाबाद निवासी पीड़िता की मांग के अनुसार उसकी बेटी अपनी नानी के यहां कैंट थानाक्षेत्र में आयी थी। 27 जून को वह रात में नल पर बर्तन धोने के लिए गई थी इसके बाद वह वापस लौट कर नहीं आयी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी रात बीत जाने के बाद घर लौट कर वापस आयी और बताई की तीन लड़कों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अगवा कर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर गुरुवार को कैंट पुलिस ने तीन अज्ञात लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। किशोरी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर तीनों दुष्कर्म आरापियों को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता से पूछताछ के आधार पर तीनों को पुलिस ने दबोचा

डीसीपी पूर्वी हृदेश कुमार ने बताया कि कल कैंट थानाक्षेत्र में एक महिला ने तहरीर दी कि उसके बेटी के साथ तीन लड़कों न अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता को बुलाकर पूछताछ की। उसके बताये गए सूत्र और सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने इरफान पुत्र निजामुद्दीन निवासी आदेश विहार थाना पारा, आसिफ पुत्र रहीश निवासी झोपडपट्टी जामा मस्जिद सदर बाजार कैंट, हलीम पुत्र सलीम निवासी झोपडपट्टी जामा मस्जिद सदर बाजार कैंट को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक कैंट राजकुमार ने बताया कि तीनों दुष्कर्म आरोपियों ने किशोरी को उसके घर के पास से जबरदस्ती अगवा कर लिया था। इसके बाद बाहर ले जाकर सूनसान स्थान पर दुष्कर्म करने के बाद भाग गए। तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

शहर में किशोरी को लेकर घूमते रहे और पुलिस की नजर

दुष्कर्म आरोपियों ने किशोरी के साथ तीन स्थानों (जनेश्वर मिश्रा पार्क, कैंट जंगल और लालबत्ती पुल) पर गैंगरेप किया। साथ ही किशोरी को बैठा कर पूरे शहर में घुमाया। इस दौरान सूनसान के अलावा स्कूटी कहीं पर रोका नहीं। ताकि किशोरी उनके चंगुल से भागने न पाऐ। सबसे पहले लालबत्ती चौराहा पुल के पास बने गौशाला पहुंचे वहां नशे की हालत में गैंगरेप किया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसको जनेश्वर मिश्र पार्क ले गए। चौबीस घंटे बाद किशोरी को लेकर कैंट के जंगल में पहुंचे जहां फिर गैंगरेप किया लेकिन यहां से किशोरी उनके चंगुल से बचकर भाग निकली। इस दौरान किसी की नजर किशोरी पर नहीं पड़ी। जबकि कमिश्नरेट पुलिस जगह-जगह पर पेट्रोलिंग और गश्त का दावा कर रही है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस लोगाें की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है।

lucknow

Jun 30 2023, 19:08

*लखनऊ विश्वविद्यालय परिवार ने उच्च शिक्षा मंत्री का जताया आभार*


लखनऊ। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा टाइम्स हायर एजुकेशन एशिया रैंकिंग-2023 के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों की सूची में स्थान प्राप्त किये जाने पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो आलोक कुमार राय ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को पत्र लिखकर आभार प्रकट किया।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में लखनऊ विश्वविद्यालय ने पिछले 3 वर्षों में सभी रैंकिंग मापदंडों में लगातार सुधार किया है। टाइम्स हायर एजुकेशन एशिया रैंकिंग-2023 की सूची के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों में 42 भारतीय विश्वविद्यालयों को स्थान प्राप्त हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश का एकमात्र राज्य विश्वविद्यालय है जिसको विश्वविद्यालयों की इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में स्थान प्राप्त हुआ है।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने इस सूची में भारतीय विश्वविद्यालयों मे 32 वां स्थान प्राप्त किया है।

लखनऊ विश्वविद्यालय की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति ने लखनऊ विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है।

lucknow

Jun 30 2023, 19:07

*ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे को जोड़ने की कार्रवाई शीघ्र शुरू होगीः जयवीर सिंह*


लखनऊ। आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जी से किये गये अनुरोध के अनुपालन में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर द्वारा किसानों को नॉन लिटिगेशन इन्सेन्टिव वितरण किये जाने के उपरान्त जोड़ने सम्बंधी कार्य प्रारम्भ किया जायेगा। इससे यमुना एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले यात्रियों को आसानी होगी और ईंधन एवं समय की बचत भी होगी।

यह जानकारी आज यहां प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे को नया विकसित ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के कार्यालय के निर्देश पर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट कराये जाने की कार्रवाई हेतु उप महाप्रबंधक (परियोजना) यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर को निर्देशित किया गया था।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि दिल्ली के बाहर नया विकसित ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे बन जाने के कारण दिल्ली को जोड़ने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण अन्तर्राज्यीय मार्ग इससे जुड़ने के फलस्वरूप आवागमन की सुगमता हो गयी है परन्तु इस एक्सप्रेस-वे की कनेटिविटी उत्तर प्रदेश के आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे से न हो़ने के कारण इस एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

इसलिए व्यापक जनहित को देखते हुए आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से यथाशीघ्र कनेक्ट कराया जाय ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को आवागमन की सुविधा एवं समय की बचत हो सके।

पर्यटन मंत्री ने किसानों को प्राधिकरण द्वारा नॉन लिटिगेशन इन्सेटिंव वितरण के उपरान्त प्रश्नगत कार्य को प्रारम्भ कराये जाने के लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

lucknow

Jun 30 2023, 16:51

*सीएम योगी ने माफिया अतीक अहमद के कब्जे से खाली कराई गई भूमि पर बने पीएम आवास योजना की चाभी लाभार्थियों को सौंपी*


लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से खाली कराई गई भूमि पर बने पीएम आवास योजना की चाभी लाभार्थियों को सौंपी। शुक्रवार को लीडर रोड प्रेस मैदान पर आयोजित सभा में सीएम ने कहा कि यूपी के हर जिले में प्रयागराज की तर्ज पर माफियाओं के कब्जे से भूमि खाली कराकर गरीबों के लिए आवास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी जिलों के विकास प्राधिकरण को योजना पर अमल करने का निर्देश जारी किया।

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के साथ खड़ी है, जबकि पहले की सरकारें माफियाओं के साथ खड़ी थी। माफिया खुलेआम लूट, अपराध और जमीन पर कब्जा करके लोगों से रंगदारी वसूलते थे और सरकारों उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती थी। भाजपा सरकार ने माफियाओं की कमर तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) को निर्देश दिया कि प्रयागराज में माफियाओं की जमीन खाली कराकर पत्रकारों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और अध्यापकों सहित विभिन्न वर्ग के लोगों के लिए आवास योजना तैयार करे।

सीएम योगी के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, सांसद भदोही रमेशचंद्र बिंद, सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, सांसद इलाहाबाद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, डॉ. वाचस्पति, प्रवीण सिंह पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, महापौर गणेश केसरवानी, सुनील मिश्र, भारत भूषण सिंह, विभव नाथ भारती, अश्वनी द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

lucknow

Jun 30 2023, 08:26

*यूपी में अनचाहे बच्चों व लावरिश का सहारा बनेगा पालना, इसमें कोई भी व्यक्ति सौंप सकता है शिशु, डिप्टी सीएम ने पालने का किया शुभारंभ*


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अनचाहे बच्चों को लेकर योगी सरकार गंभीर हो चली है। यही वजह है कि अनचाहे बच्चों का मौत या लावारिश होने से बचाने के लिए लखनऊ के एक अस्पताल ने एक सराहनीय पहल की है। शहर के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के क्वीन मेरी अस्पताल में अनचाहे बच्चों के लिए पालन शुरू किया गया है। इस पालने में कोई भी व्यक्ति शिशु को छोड़ सकता है। इस दौरान उसे रोका-टोका नहीं जाएगा और ना ही कोई पूंछताछ की जाएगी। वहां बच्चा लाने वाले की कोई पहचान या बच्चा देने की कोई वजह नहीं पूछी जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस पालने का शुभारंभ किया। यह पालना इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि शिशु के पालन-पोषण में दिक्कत है या दूसरी सामाजिक दुश्वारियों से बचने के लिए जिगर के टुकड़े को छोड़ना मजबूरी है तो उसे आश्रय पालन स्थल को दे सकते हैं। यहां उसकी उचित देखभाल करके समाज में जीने का हक प्रदान किया जाएगा। उदयपुर के महेशाश्रम, मां भगवती विकास संस्थान के संस्थापक योग गुरु देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि अनचाहे शिशुओं को लेकर इधर-उधर छोड़कर चले आते हैं। गलत हाथों में शिशु के जाने से लोग उनसे थोड़ा बड़ा होने पर भिक्षा मंगवाते हैं। इस मौके पर प्रति-कुलपति डॉ. विनीत शर्मा, सीएमएस डॉ. एसएन शंखवार और विभागाध्यक्ष प्रो. एसपी जैसवार अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

क्वीनमेरी की विभागाध्यक्ष डॉ. एसपी जैसवार ने कहा कि अस्पताल के मुख्य गेट के पास बने इस आश्रय पालन स्थल में सेंसर लगा है। इसमें जैसे ही शिशु लिटाया जाएगा पीआरओ के कमरे में सेंसर बजने लगेगा। पीआरओ शिशु को एनएनयू में भर्ती कराएंगे। डॉक्टर शिशु की सेहत का हाल लेंगे और जरूरी दस्तावेज तैयार कराएंगे। इस दौरान सुरक्षा गार्ड समेत दूसरे कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शिशु को छोड़कर जाने वाले से कोई टोका-टाकी नहीं की जाएगी।

lucknow

Jun 30 2023, 08:08

*पांच आईएएस और चार पीपीएस अधिकारियों को तबादला, गोरखपुर में तैनात श्यामदेव को एएसपी यातायात बनाया गया*


लखनऊ । शासन ने बृहस्पतिवार को पांच आईएएस और चार पीपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। गोरखपुर में एएसपी सुरक्षा रविंद्र कुमार वर्मा प्रथम को अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है। वहीं, अभिसूचना में तैनात घनश्याम को गोरखपुर में एएसपी सुरक्षा बनाया गया है। गोरखपुर में एएसपी यातायात डाॅ. महेंद्र पाल सिंह को साइबर क्राइम मुख्यालय भेजा गया है। उनके स्थान पर गोरखपुर में तैनात श्यामदेव को एएसपी यातायात बनाया गया है।

पांच आईएएस के तबादले

वर्तमान पद

बीना कुमारी मीना प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग तथा उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप विभाग एवं महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उ.प्र. शासन

नवीन पद

प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग तथा उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप विभाग का प्रभार हटाकर प्रमुख सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग तथा आबकारी विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर मूलरूप से तैनात करते हुए प्रमुख सचिव, महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन का अतिरिक्त प्रभार यथावत बनाये रखा जाना।

वर्तमान पद

आलोक कुमार प्रमुख सचिव, नियोजन, कार्यक्रम क्रियान्वयन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, उ.प्र. शासन एवं नोडल अधिकारी, वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी लखनऊ

नवीन पद

वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप विभाग, उत्तर प्रदेश शासन का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया जाना।

वर्तमान पद

प्रभु नारायण सिंह सचिव, राजस्व विभाग, उ.प्र शासन एवं राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश तथा आयुक्त, चकबंदी, उत्तर प्रदेश

नवीन पद

आयुक्त, गन्ना, उत्तर प्रदेश

वर्तमान पद

नवीन कुमार विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन

नवीन पद

विशेष सचिव, राजस्व विभाग, उ.प्र. शासन एवं प्रभारी राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश

वर्तमान पद

बाल कृष्ण त्रिपाठी विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, उत्तर प्रदेश

नवीन पद

विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन

lucknow

Jun 30 2023, 07:52

*राजधानी लखनऊ में अपहरण कर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, पीड़ता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज*


लखनऊ । राजधानी के कैंट इलाके में तीन आरोपियों ने किशोरी का अपहरण किया। उसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकल कर घर पहुंची तो आपबीती सुनाई। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पीड़िता की मां ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश के लगी है।

पीड़िता की मां ने बताया कि घर न पहुंचने पर कैंट थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हालांकि किशोरी खुद ही घर पहुंच गई। उसने बताया कि तीन लोगों ने मिलकर अपहरण किया। उंसके बाद जबरन तीनो ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह सुन किशोरी को लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसीपी कैंट अभनिव के नेतृत्व में आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई गई। वहीं शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।