Begusarai

May 15 2024, 18:18

श्रीकृष्ण सेतु के रेलमार्ग के गार्डर के 20 इंस्पेक्शन चोरी

बेगूसराय : जिला अंतर्गत साहेबपुर कमाल प्रखंड क्षेत्र के मुंगेर गंगा नदी पर बने श्रीकृष्ण सेतु के रेलमार्ग पर गार्डर में लगे 20 इंस्पेक्शन प्लेट की अज्ञात चोरों ने बीते देर रात्रि गार्डर से खोलकर गायब कर दिया जो पुल के सुरक्षा के लिये खतरनाक है। 

घटना की जानकारी देते हुए ब्रिज इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि यह इंस्पेक्शन प्लेट पुल के गार्डर के नियमित इंस्पेक्शन के लिए लगाया जाता है। जिसके एक प्लेट की कीमत 3 से 4 हजार रुपये है। चोरों ने 20 प्लेटों की चोरी कर न सिर्फ रेलवे को 60 से 80 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया है। बल्कि इस पुल सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है।

उन्होंने बताया कि यह कोई चोरी की पहली घटना नहीं है, बल्कि चोरों ने पूर्व में भी कई बार इस तरह की घटना को अंजाम देकर 250 प्लेटों की चोरी कर चुका है। इससे जुड़े विशेषज्ञों की माने तो पुल से इस प्लेट के खोले जाने से तत्काल तो पुल की सुरक्षा को खतरा नहीं है I लेकिन पुल के रखरखाव को लेकर इस प्लेट का खास महत्व माना जाता है। 

विशेषज्ञों के अनुसार पुल के इस गार्डर के अंदर के भाग में धूल गर्दा व पानी जमकर जंग इसे खोखला ना करें। इसके लिए गार्डर के ऊपर इस प्लेट को लगाया जाता है। जबकि समय-समय पर पुल के निरीक्षण एवं इसके रखरखाव के लिए इस प्लेट को खोलकर टेक्नीशियन इसके अंदर के गोलाकार खुले भाग का इस्तेमाल करते हैं। पुल के सही रखरखाव के लिए इसे तत्काल फिर से लगाना होगा I इस संबंध में आरपीएफ खगड़िया के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 15 2024, 10:16

बेगूसार में बेखौफ अपराधियों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

बेगूसराय : जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के असुरारी हाई स्कूल के समीप की है। घायल युवक की पहचान एफसीआई थाना क्षेत्र के बीहट गुरदासपुर टोला राजा घर निवासी मनोज सिंह उर्फ महंत के पुत्र अंशु कुमार (22) के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर-टू डीएसपी भास्कर रंजन एवं बरौनी इंस्पेक्टर रजनीश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर घायल युवक को बरौनी पीएचसी लाया। जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंशु कुमार भी आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।

अंशु कुमार ने बताया कि रात में वह अपने बाइक से रिश्तेदार के यहां वीरपुर जा रहा था। असुरारी स्कूल के समीप पान दुकान पर रुककर गुटखा खा रहा था। तभी बीहट गांव के तीन युवक आए और जेल भिजवाने का आरोप लगाकर मारपीट करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने गोली चला दी, वे लोग मुझे जान से मारना चाहते थे। लेकिन स्थानीय लोगों के जुट जाने के कारण सभी भाग गए, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 

एसपी मनीष ने बताया कि रात में बरौनी थाना को सूचना मिली कि असुरारी हाई स्कूल के समीप बीहट निवासी अंशु कुमार को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी बिंदुओं पर जांच और अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 13 2024, 20:00

बेगूसराय में वोटिंग खत्म...58.4% हुआ मतदान:कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी किया मतदान, 2019 में यहां से उम्मीदवार भी थे

बेगूसराय लोकसभा में वोटिंग खत्म हो गई है। यहां शाम 6 बजे तक 58.4% वोटिंग हुई है।

बेगूसराय में 2070 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 609 क्रिटिकल बूथ हैं। 20 महिला मतदान केंद्र बनाया गया, जहां सिर्फ महिला मतदान करेंगी। वहीं, सात दिव्यांग मतदान केंद्र, एक युवा मतदान केंद्र एवं 12 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गये हैं। 1078 बूथ से लाइव कास्टिंग की सुविधा थी।

वही बेगूसराय में बीजेपी के प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एवं सीपीआई के प्रत्याशी अबधेश कुमार राय के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी का लंबा राजनीतिक अनुभव है, गिरिराज सिंह एमएलसी, बिहार सरकार में मंत्री के बाद वर्तमान में केन्द्र सरकार में मंत्री हैं। अवधेश राय भी युवा काल से वामपंथ से जुड़े हैं और विधायक का अनुभव रहने के साथ गरीबों से जुड़े नेता माने जाते हैं।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 13 2024, 15:13

बेगूसराय में 1 बजे तक 33.02% वोटिंग

बेगूसराय: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में बेगूसराय में आज वोटिंग हो रही है। वोट देने के लिए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी अपने गांव बीहट पहुंचे हैं। यहां दोपहर 1 बजे तक 33.02% वोटिंग हुई है। 

जिला मुख्यालय के आयुर्वेदिक कॉलेज मतदान केंद्र पर डीएम रोशन कुशवाहा ने वोट दिया है। बूथ संख्या 144 पर 106 वर्ष के रामनाथ सिंह भी मतदान करने पहुंचे।

बीहट में मतदान केंद्र के बाहर भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने कहा कि बड़हिया में सुबह ही मतदान किया हूं। हर मतदाता को वोटिंग करनी चाहिए। हर एक वोट का महत्व है। एक वोट की वजह से ही अटल बिहारी वाजपेई की सरकार गिर गई थी। इसलिए वोट देने से पीछे नहीं हटें।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 13 2024, 13:26

बेगूसराय में 11 बजे तक 20.93% वोटिंग:वोट देने के लिए कन्हैया कुमार भी गांव पहुंचे, 2019 में यहां से उम्मीदवार भी थे

बेगूसराय : लोकसभा के चौथे चरण में बेगूसराय में आज वोटिंग हो रही है। वोट देने के लिए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी अपने गांव बीहट पहुंचे हैं। यहां सुबह 11 बजे तक 20.93% वोटिंग हुई है। जिला मुख्यालय के आयुर्वेदिक कॉलेज मतदान केंद्र पर डीएम रोशन कुशवाहा ने वोट दिया है।

बीहट में मतदान केंद्र के बाहर भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने कहा कि बढ़हिया में सुबह ही मतदान किया हूं। हर मतदाता को वोटिंग करनी चाहिए। हर एक वोट का महत्व है। एक वोट की वजह से ही अटल बिहारी वाजपेई की सरकार गिर गई थी। इसलिए वोट देने से पीछे नहीं हटें।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 13 2024, 09:28

लोकसभा चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच बेगूसराय में वोटिंग शुरू, गिरिराज सिंह और अवधेश कुमार के बीच है सीधा मुकाबला

बेगूसराय : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में बेगूसराय में आज वोटिंग हो रही है। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा। यहां बीजेपी के फायर ब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और इंडिया गठबंधन की ओर से सीपीआई प्रत्याशी अबधेश राय के बीच सीधा मुकाबला है।

जिले में 21,94,833 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 11,54,336 पुरुष, 10,40,438 महिला एवं 59 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

बेगूसराय में 2070 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 609 क्रिटिकल बूथ हैं। 20 महिला मतदान केंद्र बनाया गया, जहां सिर्फ महिला मतदान करेंगी। वहीं, सात दिव्यांग मतदान केंद्र, एक युवा मतदान केंद्र एवं 12 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गये हैं। 1078 बूथ से लाइव कास्टिंग की सुविधा है।

सेक्टर, जोन और सुपर जोन लेवल पर सुरक्षा की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाइक एवं रीवर पेट्रोलिंग की भी व्यवस्था है। जिले की सीमा को सील करते क्यूआरटी टीम लगातार एक्टिव मोड में है।

बेगूसराय में बीजेपी के प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एवं सीपीआई के प्रत्याशी अबधेश कुमार राय के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी का लंबा राजनीतिक अनुभव है, गिरिराज सिंह एमएलसी, बिहार सरकार में मंत्री के बाद वर्तमान में केन्द्र सरकार में मंत्री हैं। अवधेश राय भी युवा काल से वामपंथ से जुड़े हैं और विधायक का अनुभव रहने के साथ गरीबों से जुड़े नेता माने जाते हैं।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 12 2024, 18:26

बेगूसराय में भूमिहार नहीं पिछड़ा-अति पिछड़ा की भूमिका अहम : गिरिराज के बाहरी होने का मुद्दा भी गरम, भीतरघात भी कर सकता है खेल

बेगूसराय : राष्ट्रवाद और सामाजिक न्याय के सियासी घमासान के कारण देशभर में चर्चित हो चुके बेगूसराय लोकसभा सीट पर चौथे चरण के तहत 13 मई को चुनाव होना है। यहां से दस प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें आमने-सामने का मुकाबला बीजेपी के गिरिराज सिंह और सीपीआई के अवधेश कुमार राय के बीच है।

एक दूसरे पर हमला जोरदार किया गया। बड़े-बड़े नेताओं का रोज कार्यक्रम हुआ, लेकिन इन सबके बीच मतदाताओं की चुप्पी क्या गुल खिलाएगी कहना मुश्किल है। मतदाताओं की चुप्पी और दलों में भीतरघात के कारण यहां की स्थिति और दिलचस्प होती जा रही है।

पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज के वोटर अभी पूरी तरह से मौन हैं, बेगूसराय में भूमिहारों की संख्या ज्यादा है लेकिन इस बार दिल्ली कौन जाएगा यह तय करने में भूमिहार नहीं, बल्कि पिछड़ा और अति पिछड़ों की अहम भूमिका मानी जा रही है।

एनडीए के प्रत्याशी गिरिराज सिंह के पक्ष में गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, असम के सीएम हिमंत विस्वा शर्मा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, लोजपा (आर.) सुप्रीमो चिराग पासवान ने सभा की। इसके अलावा गिरिराज सिंह एवं सहयोगी दलों के कुछ प्रमुख कार्यकर्ता और जनसंपर्क में लगे रहे। इस बार बेगूसराय में दल, जाति और धर्म-सम्प्रदाय के सारे बंधन टूट रहे हैं।

एनडीए में जबरदस्त भीतर घात है, कई खंड में बंटी बेगूसराय भाजपा अखंड होकर गिरिराज सिंह को वोटिंग करेंगे, इस पर संशय का बादल घिरा हुआ है। वहीं, कुछ कार्यकर्ता इंडिया के रंग में रंग गए हैं। जिससे भीतर घात की पूरी संभावना है।

बड़हिया के रहने वाले गिरिराज सिंह को बाहरी घोषित कर खारिज करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह कितना संभव हो सकेगा यह चुनाव परिणाम ही बताएगा। गिरिराज सिंह का बचपन और राजनीतिक जीवन का अधिकांश हिस्सा बेगूसराय में गुजरा। यहां उनके कई रिश्तेदार हैं, पुराने समय से आरएसएस में सक्रियता के कारण उनकी पहचान है। भाजपा के सैकड़ों नेताओं से उनके पुराने संबंध भी हैं। यहां गिरिराज सिंह नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक हनुमान के रूप में उन्हें देखा जा रहा है।

दूसरे प्रमुख प्रत्याशी हैं इंडिया गठबंधन के अवधेश कुमार राय। अवधेश कुमार राय अस्ताचलगामी हो चुके वामपंथ को यहां स्थापित कर फिर से उदयाचल की ओर ले जाने के लिए जी जान से लगे हुए हैं। उनके समर्थन में सभी सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने दिन रात एक कर दिया है। उनके प्रचार के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एवं वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी सभा कर चुके हैं। अवधेश राय ने खुद धुआंधार संवाद किया है।

बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में अवधेश राय के पक्ष में मतदाताओं के हवा का रुख तेजी से बदला भी। बीजेपी के टिकट लेने के लिए प्रयासरत रहे राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा के समर्थक भी अवधेश राय की चर्चा करने लगे हैं। वहीं, कर्पूरी जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रामवदन राय के नामांकन बाद चल रहे धुआंधार प्रचार से भी फायदा अवधेश राय को ही दिख रहा है। भूमिहारों का विरोध करने वाले रामवदन राय के पक्ष में पचपनिया वोटर का कुछ रुझान है। लेकिन, पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज के वोटर अभी पूरी तरह से मौन हैं, भूमिहार बहुल्य माने जाने वाले बेगूसराय में इस बार भूमिहार नहीं, बल्कि पिछड़ा और अति पिछड़ा तय करेंगे कि कौन जाएगा दिल्ली।

फिलहाल चुनाव प्रचार समाप्त हो गया और देखना है कि बेगूसराय के 21 लाख 94 हजार 833 में से कितने मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में ईवीएम का बटन दबाकर दिल्ली भेजने की राह तय करते हैं। एक अनुमान के मुताबिक बेगूसराय में करीब चार लाख भूमिहार, एक लाख 94 हजार यादव, तीन लाख चार हजार मुस्लिम, 45 हजार राजपूत, 73 हजार ब्राह्मण, 82 हजार कोईरी, एक लाख 60 हजार कुर्मी, एक लाख 20 हजार मोची, एक लाख 75 हजार पासवान एवं दो लाख 28 हजार बनिया वोटर हैं।

इन्हें अपने पक्ष में करने के लिए एनडीए जहां पिछले 10 सालों के विकास, राष्ट्रवाद और आतंकवाद पर प्रहार को मुद्दा बनाया। वहीं, महागठबंधन ने सामाजिक न्याय, स्थानीय मुद्दों, केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादों और राजद के साथ चले बिहार सरकार के 17 महीने के कार्यकाल को बताने में दिन-रात एक कर दिया। लेकिन खामोश मतदाता क्या गुल खिला सकते हैं, यह कहना किसी के लिए बहुत ही मुश्किल है। जिसको लेकर सभी प्रत्याशी की धड़कनें बढ़ती जा रही है। राजनीति के जानकार भी किसी एक प्रत्याशी के जीतने के गणित का सशक्त दावेदारी नहीं कर पा रहे हैं। जिससे स्पष्ट है कि आमने-सामने के मुकाबला में कोई भी जीत का सेहरा पहन सकता है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 12 2024, 14:13

तेजस्वी के सभी लोग नालायक, तभी अकेले कर रहे प्रचार : गिरिराज सिंह

बेगूसराय : बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को डिबेट करने की चुनौती दी है। इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भी जोरदार निशाना साधा है।

तेजस्वी यादव द्वारा एनडीए को नालायक कहे जाने और मोदी के 3-3 सभा करने पर कमेंट पर गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के तो सभी लोग नालायक हैं। तभी तो खुद प्रचार कर रहे हैं, इससे बड़ी मूर्खता वाली बात और क्या होगी। इनके पास कोई नेता नहीं है तो कहां से नेता मिलेंगे। मेरे पास एक दर्जन नेता हैं, इसलिए पीएम सहित सब लोग तो प्रचार कर रहे हैं।

गिरिराज सिंह ने आज कहा कि राहुल गांधी कहते हैं नरेन्द्र मोदी मुझसे डिबेट करें, मोदी वैसे लोगों से क्या डिबेट करेंगे जिसको भारत का भूगोल नहीं पता हो। राहुल गांधी गाय के बाछा-बाछी को नहीं पहचानते हैं, मिर्ची हरी या लाल ये तक नहीं पहचान सकते। उन्हें गेहूं और जो की भी पहचान नहीं है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस राहुल गांधी को देश की दशा और दिशा का ज्ञान नहीं है, वह क्या बहस करेंगे। उनको तो भारतीय जनता पार्टी के किसी साधारण कार्यकर्ता से बहस कर लेनी चाहिए, उससे भी नहीं जीत सकते हैं। मैं राहुल गांधी को चैलेंज करता हूं कि मुझसे ही डिबेट कर लें।

अरविंद केजरीवाल द्वारा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटाने एवं अमित शाह को पीएम बनाने की बात कहे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अभी बंदी हैं, पैरोल पर बाहर आए हैं। केजरीवाल झूठ बोलने में मास्टर हैं, शिगुफा छोड़ने में भी मास्टर हैं। केजरीवाल भूल गए कि अन्ना हजारे ने इन्हें छोड़ दिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के आंदोलन से उपजे और भ्रष्टाचार में जेल चले गए। वह केजरीवाल क्या बोलेंगे नरेंद्र मोदी पर। मोदी तब तक प्राइम मिनिस्टर रहेंगे, जब तक भारत की जनता उन्हें प्यार करते रहेगी। भारत को विश्व गुरु बनाना, विकसित राष्ट्र बनाना नरेंद्र मोदी का प्रथम कर्तव्य है, इसलिए जनता उन्हें नहीं छोड़ सकती है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 12 2024, 14:12

बेगूसराय में लोकसभा चुनाव की तैयारी पूरी:609 बूथ हैं क्रिटिकल, 117 लोगों पर लगा CCA

बेगूसराय : बेगूसराय में चौथे चरण के तहत 13 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 2067 बूथ पर मतदान होगा। मतदान की सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। आज कारगिल भवन में आयोजित प्रेसवार्ता डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी मनीष ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2070 में से 609 क्रिटिकल बूथ हैं।

21 लाख 94 हजार 833 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इसमें 11 लाख 54 हजार 336 पुरुष, 10 लाख 40 हजार 438 महिला एवं 59 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जिले में 21 हजार 774 दिव्यांग मतदाता एवं 35 हजार 648 युवा मतदाता हैं। 20 महिला मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां मतदान कर्मी सिर्फ महिला रहेंगे। एक युवा, सात दिव्यांग एवं 12 आदर्श मतदान केंद्र बनाएं गए हैं।

डीएम ने बताया कि 1078 बूथ से लाइव कास्टिंग की सुविधा रहेगी। मतदान के दिन सिमरिया पुल वन-वे रहेगा, शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटना की ओर से वाहन बेगूसराय की तरफ आयेगी। शाम 6 बजे से रात के 10 बजे तक बेगूसराय-मंझौल एसएच-55 पर वाहन परिचालन पर रोक रहेगा। बेगूसराय से मंझौल आने-जाने के लिये वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है।

एसपी मनीष ने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न करवाना पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिये सभी मतदान बूथ पर सुरक्षा बल तैनाती रहेंगे। 218 सेक्टर बनाया गया है, जिले के सभी सीमा को सील रहेगा। 117 लोगों पर सीसीए लगाया गया है, जो मतदान के दिन जिले के बाहर रहेंगे। चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। नियंत्रण कक्ष एक्टिव मोड में रहेगा, गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

May 11 2024, 18:30

BJP 400+ सीटें जीती तो लव जिहाद खत्म करेंगे, बेगूसराय में असम के CM हिमंत बिश्वा ने कहा- मुसलमानों को पाकिस्तान में मिले आरक्षण

बेगूसराय में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि लालू यादव कहते हैं कि हमारी सरकार बनेगी तो मुसलमान को आरक्षण दिया जाएगा, लेकिन मुसलमान को आरक्षण भारत में नही पाकिस्तान में मिलना चाहिए। असम सीएम बेगूसराय के बखरी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह के लिए जनसभा करने पहुंचे थे।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरजेडी-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार 400 से अधिक सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनी तो देश से लव जिहाद नाम की चीज को खत्म कर दिया जाएगा।

असम के सीएम ने कहा, 'हमारा आरक्षण एससी-एसटी और ओबीसी के लिए है। कांग्रेस झूठ बोलकर लोगों को बरगलाती रही है और तुष्टिकरण की राजनीति करती है। भारत को विश्व गुरू बनाना भाजपा का लक्ष्य है। हिंदु सभ्यता पर आधारित देश बनाना है। उन्होंने कहा कि हमारा देश सबके लिए है। देश में हिंदू है, इसलिए हमारा देश सेक्युलर है।'

हिमंत बिश्वा ने कहा कि इस बार चार सौ प्लस सीटों के साथ बीजेपी सत्ता में आई तो देश से लव जिहाद नाम की चीज को खत्म कर दिया जाएगा। देश में लव-जिहाद करने की हिम्मत किसी में नहीं रहेगी।

उन्होंने कहा कि पहले पाकिस्तान के लोग आकर भारत में बम फेंकते थे, लेकिन पीएम नरेन्द्र मोदी ने दो बार पाकिस्तान पर बम फेंक दिया तो अब कोई आने की हिम्मत नहीं करता है। ऐसे ही दो-चार लव जिहाद वाले का टांग तोड़ देंगे तो जिंदगी में कोई लव जिहाद करने की हिम्मत नहीं करेगा। देश में जो भी चीज गलत है, उसे खत्म के लिए हमें नरेन्द्र मोदी की सरकार चाहिए।

असम CM ने कहा कि धर्म और संप्रदाय का मुद्दा हमारे देश में हमेशा रहा है। हमारे देश का विभाजन भी धर्म के आधार पर हुआ था। जब देश सनातन हो जाएगा तो बेरोजगारी भी अपने आप रास्ता ले लेगी। हम तो तीन शादियां नहीं करते हैं, आप देश को हिंदू बना दो, देश की बहुत सारी समस्याएं हिंदू ही हल कर लेगा।

आज किस कौम की आबादी बढ़ रही है, उनकी आबादी 45 प्रतिशत बढ़ी है, हिंदू का तो नहीं बढ़ा है। अगर देश हिंदू हो जाता है तो देश की बहुत समस्याओं का अपने आप समाधान हो जाएगा।

हम हिंदू-मुसलमान नहीं, हिंदुओं के अस्मिता की बात करते हैं। मैं मां कामाख्या की धरती से बखरी आया, यह भी शक्तिपीठ है, इसलिए यहां सनातन धर्म भी जिंदा रहेगा। पाक अधिकृत कश्मीर भारत को मिलना चाहिए, कृष्ण जन्म भूमि बनना चाहिए, काशी को ज्ञानवापी से मुक्ति मिलना चाहिए। मोदी ने काम शुरू ही किया है, बहुत सारा काम बाकी है। मुसलमानों की तीन शादी, ओवैसी के स्वतंत्रता पर भी उन्होंने कटाक्ष किया।

सीएम हिमंत बिश्वा ने कहा कि हमारा देश सबके लिए है, देश में हिंदु है, इसलिए हमारा देश सेक्युलर है। देश में विकास की गंगा बह रही है। बरौनी फर्टिलाइजर चालू करवाया, बरौनी रिफाइनरी में पैट्रोकैमिकल्स लगाना है। बेगूसराय सहित पूरे देश में चार सौ सीट जीताकर मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है।

जनता जनार्दन का आशीर्वाद गिरिराज सिंह के साथ है। इन्होंने तीन करोड़ आवास बनवाया है। गिरिराज सिंह के कारण असम के आठ लाख गरीबों को पक्का घर मिला। हमेशा इनका परामर्श मिलता रहता है। इन्होंने देश की सेवा की है, देश में बहुत सारा काम बचा हुआ है, इसलिए 400 सीट चाहिए।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट