आकांक्षात्मक ब्लॉक राजेपुर का विशेष सचिव राजस्व ने किया निरीक्षण
*विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश*
फर्रुखाबाद। शासन की प्राथमिकताओं एवं आकांक्षात्मक ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंड राजेपुर का विशेष सचिव राजस्व, उत्तर प्रदेश शासन श्री अतुल वत्स द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकासखंड में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप निदेशक कृषि, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष सचिव राजस्व अतुल वत्स ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को समय से उपचार, आवश्यक दवाइयां एवं जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। कुपोषण की स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। कृषि विभाग को किसानों तक शासन की कृषि योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं अनुदान संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस प्रकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, स्वरोजगार एवं खादी ग्रामोद्योग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
विशेष सचिव ने कहा कि आकांक्षात्मक ब्लॉक के समग्र विकास के लिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित संकेतकों पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करें। जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए राजेपुर विकासखंड को विकास के विभिन्न मानकों पर बेहतर स्थिति में लाने के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
Oct 30 2026, 19:21
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k