प्रयागराज समेत यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, बिजली चमकने की भी चेतावनी
प्रयागराज।उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। आगामी बारह घंटे के मध्य प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। गुरुवार सुबह भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमा के मुताबिक सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, इटावा, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित आसपास के इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग के बुलेटिन में संबंधित क्षेत्रों के लिए हल्की गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। हालांकि, यह चेतावनी सीमित समय के लिए जारी की गई थी। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे के पूर्वानुमान में बदलाव हो सकता है।
खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को भी मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए।
Oct 29 2026, 17:25
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.7k