/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png StreetBuzz फोन पे फ्रॉड के 8 हजार रुपए खाते में लौटे: भदोही में साइबर हेल्पडेस्क ने दो शिकायतों पर की कार्रवाई lucknow
फोन पे फ्रॉड के 8 हजार रुपए खाते में लौटे: भदोही में साइबर हेल्पडेस्क ने दो शिकायतों पर की कार्रवाई

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में फोन पे के जरिए हुए फ्रॉड के 8 हजार रुपए पीड़ितों के खाते में वापस कराए गए। साइबर हेल्पडेस्क थाना गोपीगंज ने शिकायतों पर कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने साइबर क्राइम पुलिस थाने को धोखाधड़ी और सोशल साइट के दुरुपयोग की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विशाल कुमार यादव, निवासी बंजारी, थाना गोपीगंज और प्रतीक कुमार तिवारी, निवासी जखांव के साथ फोन पे के जरिए 8 हजार रुपए का फ्रॉड हुआ था। दोनों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी।

साइबर हेल्पडेस्क थाना गोपीगंज ने शिकायतों पर कार्रवाई कर 8 हजार रुपए पीड़ितों के खाते में वापस कराए। पीड़ितों ने टीम का आभार जताया।

पुलिस ने साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऐप डाउनलोड न करें और वर्क फ्रॉम होम या शेयर ट्रेडिंग से पहले पूरी जानकारी लें।

अनजान व्यक्ति के पैसे मांगने पर जांच करें और खाते का बैलेंस देखें। किसी अनजान व्यक्ति या मोबाइल नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पाण्डेय, कांस्टेबल सुनील वर्मा और महिला कांस्टेबल रति त्रिवेदी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश: चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर विंध्य क्षेत्र में बदला मौसम का मिज़ाज, किसानों की बढ़ी मुश्किले,धान की फसल को लगा झटका

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल सहित आसपास के जिलों में वर्तमान में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के असर के चलते हल्की बारिश और मौसम खराब रहने का येलो अलर्ट जारी होने के बाद बुधवार की रात से ही हवाओं संग हो रही बूंदा-बांदी ने मौसम का मिज़ाज बदल दिया है। गुरुवार को हवा में सिहरन के साथ हो रही अनवरत बूंदा-बांदी ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सर्वाधिक परेशानी किसानों के समक्ष उत्पन्न हुई है। धान की पककर तैयार फसल सहित आलू और दलहनी-तिलहनी फसलों की खेती में जुटे किसानों को झटका लगा है। तेज़ हवाओं संग हो रही बूंदा-बांदी ने धान की पककर खेतों में खड़ी फसल को जमीन थामने पर विवश किया है तो दूसरी ओर कुछ स्थानों पर काटकर छोड़ी गई धान की फसल भींग जाने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गईं है।
चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के असर के चलते हल्की बारिश और मौसम खराब रहने का येलो अलर्ट जारी होने के बाद मिर्जापुर में 29 अक्टूबर 2026 का तापमान लगभग 23°C से 24°C के बीच बना हुआ है और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो रही है। मौसम के जानकारों की माने तो गुरुवार को मौसम की स्थिति में हल्की बारिश और बादल छाए रहने के साथ आर्द्रता (Humidity): लगभग 90% से 92% जबकि पूर्व/उत्तर-पूर्व दिशा से लगभग 12 मील प्रति घंटे की गति से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।

*प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश, बचाव के बताएं उपाय*

वहीं दूसरी ओर खराब मौसम और वज्रपात को लेकर अपर जिलाधिकारी मिर्ज़ापुर  विनोद कुमार सिंह ने तेज हवा एवं वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों, टिनशेड तथा कमजोर होर्डिंग के नीचे खड़े न होंने की आमजनों से अपील की है।
उन्होंने कहा है कि ऐसे समय में सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसान भाई मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर फसलों की कटाई, मड़ाई एवं खुले में रखे अनाज को सुरक्षित करने की व्यवस्था करें। कृषि कार्य के दौरान आकाशीय बिजली की चेतावनी मिलने पर खुले खेतों में न रुकें। नदी, नालों, जलाशयों, बांधों एवं जलप्रपातों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। वर्षा के दौरान तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें। वहीं कच्चे एवं जर्जर भवनों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली के उपकरणों का उपयोग सावधानी पूर्वक करें। मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी एवं चेतावनियों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के आधिकारिक माध्यमों तथा मौसम, दामिनी एवं मेघदूत ऐप का उपयोग करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05442-256357 अथवा आपदा हेल्पलाइन 1077 पर सूचना दें।
मऊ मडैया घाट बनकर हुआ तैयार सभासद राजीव कुमार सैनी ने बताई खास बातें
जनपद मऊ में मडैया घाट बनकर तैयार हो गया है। घाट के निर्माण और यहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सभासद राजीव कुमार सैनी ने क्या कहा, आप खुद सुन सकते हैं।
मंदिर के पास कूड़ा जमा: गोपीगंज के बाबा बड़े शिव मंदिर के पूर्वी छोर पर दुर्गंध से लोग परेशान


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। गोपीगंज के बाबा बड़े शिव मंदिर के पूर्वी छोर पर नगर का कूड़ा फेंका जा रहा है। वहां कूड़ा जमा होने से आसपास के लोग दुर्गंध से परेशान हैं।

स्थानीय सुरेंद्र सिंह, रामनरेश, दिनेश पटेल और राजेश ने कहा कि उन्हें दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ सकता है।
बाबा बड़े शिव सेवा समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू ने इस बारे में जिलाधिकारी से शिकायत की है। उनका कहना है कि अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ईओ बीना सिंह ने कहा कि नियमित रूप से कूड़ा उठाने का निर्देश है, लेकिन सफाईकर्मी लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां से कूड़ा जल्द उठाया जाएगा।
वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव: नौवें राउंड तक सपा के आशुतोष सिन्हा 16,984 मतों से आगे
—प्रथम वरीयता की मतगणना में सपा प्रत्याशी को मिले 50,462 वोट, भाजपा के केदारनाथ सिंह को 33,478 मत,मतगणना स्थल पर तीसरे दिन भी गहमागहमी और नारेबाजी

लखनऊ, वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है। गुरुवार सुबह तक प्रथम वरीयता के नौवें राउंड की मतगणना पूरी होने पर आशुतोष सिन्हा को 50,462 मत मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 33,478 मत प्राप्त हुए। इस तरह सपा प्रत्याशी 16,984 मतों से आगे चल रहे हैं। मतगणना स्थल पर लगातार तीसरे दिन भी गहमागहमी बनी हुई है। इस बीच द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती भी शुरू हो गई है।

आशुतोष सिन्हा ने मतगणना के शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी है। छठे राउंड तक उन्हें 35,086 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के खाते में 23,253 मत आए थे। इस चरण में सपा प्रत्याशी की बढ़त 11,833 मतों की हो गई थी। इससे पहले पांचवें राउंड की मतगणना के बाद आशुतोष सिन्हा को 9,490 मतों की बढ़त मिली थी।

तीसरे राउंड में आशुतोष सिन्हा को 5,776 मत मिले थे, जिससे उनके कुल मतों की संख्या बढ़कर 16,195 हो गई थी। वहीं, केदारनाथ सिंह को इस चक्र में 4,414 मत मिले और उनके कुल मतों की संख्या 11,800 पहुंच गई थी। तीसरे राउंड के बाद सपा प्रत्याशी 4,307 मतों से आगे थे। दूसरे राउंड की मतगणना पूरी होने पर भी आशुतोष सिन्हा करीब 2,900 मतों से आगे चल रहे थे।

-मतगणना स्थल पर हंगामा, अधिकारियों ने संभाली स्थिति

पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर बुधवार देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ अन्य प्रत्याशियों की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद मतगणना रोक दी गई थी। उस समय चार राउंड की गिनती पूरी हो चुकी थी, जबकि पांचवें राउंड की मतगणना अंतिम चरण में थी। हंगामे के बाद मौके पर कमिश्नर एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी वाराणसी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मतगणना शुरू होने से पहले मतपत्रों की बंडलिंग की गई थी। शुरुआती चरण में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दो चक्रों की गिनती पूरी होने के बावजूद आधिकारिक घोषणा नहीं की जा रही है और मतगणना का विवरण डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की थी। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर डिस्प्ले बोर्ड की तस्वीर साझा की।

--सपा कार्यकर्ता लामबंद, भाजपा खेमे में भी विरोध

शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव की जीत के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बना हुआ है। वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में आशुतोष सिन्हा की लगातार बढ़त ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है। पांचवें राउंड के बाद सपा प्रत्याशी की 9,490 मतों की बढ़त के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के धरने पर बैठने के बाद सपा कार्यकर्ता भी लामबंद हो गए। पार्टी के जनप्रतिनिधि भी उनके समर्थन में खड़े नजर आए।

मतगणना स्थल पर दोनों पक्षों के समर्थकों की सक्रियता और नारेबाजी के बीच प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। सपा कार्यकर्ता मतगणना में किसी भी तरह के अवरोध को लेकर सतर्क हैं। नौवें राउंड तक मिले मतों के आधार पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने मजबूत बढ़त बना रखी है। हालांकि, अंतिम परिणाम की स्थिति द्वितीय वरीयता के मतों की गणना और निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रयागराज समेत यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, बिजली चमकने की भी चेतावनी

प्रयागराज।उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। आगामी बारह घंटे के मध्य प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। गुरुवार सुबह भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमा के मुताबिक सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, इटावा, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित आसपास के इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग के बुलेटिन में संबंधित क्षेत्रों के लिए हल्की गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। हालांकि, यह चेतावनी सीमित समय के लिए जारी की गई थी। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे के पूर्वानुमान में बदलाव हो सकता है।

खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को भी मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए।
प्रयागराज:नवाबगंज में घर की जमीन खोदकर निकाले गए तीन ड्रमों में छिपाकर रखे रुपये

चोरी के रुपये होने की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, नकदी कब्जे में लेकर जांच शुरू

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस ने एक मकान की जमीन की खुदाई कर तीन ड्रमों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में रुपये बरामद किए हैं। चोरी की रकम होने की सूचना पर नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम ने बुधवार की रात मकान की तलाशी और खुदाई की। बरामद नकदी को सील कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित विभागों को सूचना देकर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नकबजनी से जुड़े मामलों का खुलासा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरईपुर रामनगर गांव स्थित एक मकान में चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर छिपाए गए हैं। सूचना के आधार पर नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान की तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर खुदाई की गई, जहां तीन ड्रमों में छिपाकर रखी गई नकदी मिली। पुलिस ने बरामद रुपये अपने कब्जे में लेकर सील कर दिए हैं। हालांकि, बरामद रकम कितनी है और उसका स्रोत क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

संबंधित विभागों को दी गई सूचना

पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दे दी है। बरामद नकदी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी गंगानगर ने दी जानकारी

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बुधवार देर रात इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
जिलाधिकारी ने धान की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर उत्पादन का लिया जायजा

*क्रॉप कटिंग प्रयोग के माध्यम से धान की उत्पादकता का किया गया आकलन, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

फर्रुखाबाद । आज जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा जनपद में धान की फसल की उत्पादकता का आकलन करने के उद्देश्य से ग्राम याकूतगंज, परगना भोजपुर, तहसील सदर, जनपद  में गाटा संख्या 1053 पर धान की फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खेत में फसल की कटाई कराकर उत्पादन का आकलन किया गया तथा क्रॉप कटिंग प्रयोग की कार्यवाही का जायजा लिया गया।

क्रॉप कटिंग प्रयोग के अंतर्गत निर्धारित क्षेत्रफल से प्राप्त धान की फसल का वजन किया गया। उपलब्ध अभिलेख के अनुसार प्रयोग संख्या-01 में गाटा संख्या 1053 से प्राप्त उपज का वजन 23.985 किलोग्राम दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त प्रयोग संख्या-02 में गाटा संख्या 476 पर भी क्रॉप कटिंग के माध्यम से उपज का आकलन किया गया। इन प्रयोगों के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल की उत्पादकता का आकलन किया जाता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसल कटाई प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाएं। क्रॉप कटिंग के दौरान प्राप्त उपज का सही वजन सुनिश्चित करते हुए समस्त आंकड़ों का नियमानुसार अभिलेखीकरण किया जाए, जिससे धान की उत्पादकता के संबंध में सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि उत्पादन के आकलन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का निर्धारण करने में सहायता मिलती है। अतः संबंधित अधिकारी इस कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं तथा किसी भी स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता से समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, जिला स्तरीय राजस्व एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी तथा क्षेत्रीय राजस्व कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा क्रॉप कटिंग प्रयोग से संबंधित आवश्यक कार्यवाही संपन्न कराई गई।
मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की बैठक*

एक नवंबर को प्रातः 10 बजे ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होगा शिविर, विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल; पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित*

फर्रुखाबाद ।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 01 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे जनपद के ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों के संबंध में आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अध्यक्षता में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक जनपद न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी आगामी 01 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अपने-अपने विभाग का स्टॉल लगाना सुनिश्चित करें। स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाए तथा योजनाओं के अंतर्गत पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें नियमानुसार लाभान्वित करने की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में विभागीय योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी विवरण आमजन के लिए उपलब्ध रहें, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो। शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें संबंधित विभाग की योजनाओं तथा उपलब्ध सेवाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।

बैठक में अपर जिला जज/नोडल अधिकारी विधिक साक्षरता शिविर संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश में  01 नवंबर 2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे किया जा रहा है। इस दौरान जनपदके मुख्यालय स्थित ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में यह शिविर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य आम जनमानस को विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें अनुमन्य लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता की शर्तों, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

शिविर के माध्यम से आमजन को विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के साथ-साथ विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश  नीरज कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय के साथ शिविर की तैयारियां समय से पूर्ण करें तथा अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें, जिससे शिविर में आने वाले नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त हो सके और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

*जनपद के नागरिकों से अपील है कि वे 01 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।*

बैठक के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिन्दिया भटनागर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जौनपुर में श्रीराम कथा का आठवां दिन,भरत का त्याग, समर्पण और भ्रातृप्रेम सुन भावुक हुए  रामभक्त

जौनपुर। नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा के अष्टम दिवस पर कथाव्यास परम पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस के भरत चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भरत जी के अद्वितीय प्रेम, त्याग, समर्पण, मर्यादा तथा भ्रातृप्रेम के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवनोपयोगी संदेश दिया गया।आचार्य शांतनु जी महाराज ने भरत जी के चरित्र की महत्ता बताते हुए कहा कि भरत जी ने राजसत्ता और राजसिंहासन के मोह से ऊपर उठकर अपने बड़े भाई भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण का अनुपम आदर्श प्रस्तुत किया। उनका जीवन सिखाता है कि सच्चा प्रेम स्वार्थ से परे होता है। परिवार में रिश्तों की वास्तविक मजबूती अधिकार जताने से नहीं, बल्कि त्याग, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान से आती है। आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे भगवान श्रीराम और भरत जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें, परिवार में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें तथा समाज में सेवा, त्याग और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दें। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित श्रीरामकथा में श्रद्धालुओं की सहभागिता के बीच भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। मुख्य आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर जगदम्बिका पाल (सांसद, लोकसभा डुमरियागंज), श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी (पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद), साधना सिंह (राज्यसभा सांसद, चंदौली), महेंद्रनाथ पाण्डेय (पूर्व केंद्रीय मंत्री), अशोक चौरसिया (क्षेत्रीय अध्यक्ष, काशी क्षेत्र), धनंजय सिंह (पूर्व सांसद), अजीत प्रजापति जी (जिलाध्यक्ष, भाजपा जौनपुर), स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती जी (महामंत्री, अखिल भारतीय संत समिति), अमित घोष जी (अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश), प्रवीन सिंह जी (एमडी, यूपीआईकॉन), कुमार ऋषिकेश (इनकम टैक्स कमिश्नर), हरीश प्रताप सिंह (अपर आयुक्त, उद्योग), अभिषेक शुक्ल, डॉ. सत्यप्रकाश सिंह (प्रधानाचार्य, तिलकधारी इंटर कॉलेज), विनय सिंह (पूर्व सभासद), बृजेश सिंह (जिलाध्यक्ष, कर्मचारी संघ), संतोष सिंह ‘सत्या’, बृजेश सिंह (प्रधानपुर), अमित सिंह, सुमित सिंह एवं अरविंद सिंह (निदेशक, माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल) सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।