/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1496467143592709.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1496467143592709.png StreetBuzz मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन को मोरहाबादी के दीवाली मेला में आमंत्रित करने पहुंचा जेसोवा प्रतिनिधिमंडल Jharkhand
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन को मोरहाबादी के दीवाली मेला में आमंत्रित करने पहुंचा जेसोवा प्रतिनिधिमंडल

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी-सह-विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने जेसोवा की ओर से आगामी 29 अक्तूबर से 02 नवंबर 2026 तक रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय 'दीवाली मेला' में सम्मिलित होने के लिए सपरिवार सादर आमंत्रित किया।

पांच दिनों तक चलेगा दीवाली का भव्य उत्सव

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाला यह दीवाली मेला पूरे 5 दिनों तक चलेगा। इस दौरान कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले में देशभर के उद्यमी, हस्तशिल्पी और ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पाद, पारंपरिक कपड़े, फेशन एक्सेसरीज एवं सजावटी उत्पादों की विक्री हेतु 300 से ज्यादा संख्या में स्टॉल लगेंगे।

सामाजिक सरोकारों और कल्याणकारी कार्यों की दी जानकारी

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को जेसोवा द्वारा राज्य में चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहीं शामिल..

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले इस विशेष प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की प्रेसिडेंट श्रीमती प्रीति कुमारी, वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती अनीता सिंह, सेक्रेटरी श्रीमती मनु झा, ज्वाइंट सेक्रेटरी श्रीमती श्वेता शुक्ला, ट्रेजरर श्रीमती शिवानी सिंह सहित कार्यकारिणी समिति की मेंबर श्रीमती रंजना कुमार एवं श्रीमती दिव्या श्री शामिल रहीं।

रांची-पटना जनशताब्दी से गायब हुए जन सुराज के डिजिटल मैनेजर का शव बरामद, ट्रेन से गिरने की आशंका या कोई साजिश?

रांची: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की राजनीतिक पार्टी 'जन सुराज' से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता (31 वर्ष) का शव झारखंड के मुरी रेलवे स्टेशन के पास जंगलों और ट्रैक के करीब संदिग्ध हालात में मिला है। वह एक दिन पहले चलती ट्रेन से रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे।

पेंट्री कार जाने के दौरान हुए थे लापता

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) दिल्ली के पूर्व छात्र देवपालिक गुप्ता अपने साथियों के साथ सोमवार (26 अक्टूबर) को रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12366) में सवार हुए थे।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रेन दोपहर 2:25 बजे रांची जंक्शन से रवाना हुई थी। देवपालिक कोच C-2 की सीट नंबर 50 पर बैठे थे। रांची से छूटने के महज 10 मिनट बाद (दोपहर करीब 2:35 बजे) वह अपने साथियों से यह कहकर उठे कि वे पेंट्री कार में खाने का ऑर्डर देने जा रहे हैं। इसके बाद वे अपनी सीट पर वापस नहीं लौटे। जब काफी देर तक उनका कुछ पता नहीं चला, तो साथियों ने पूरी ट्रेन में उनकी तलाश की और फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था।

पुलिस और रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

देवपालिक के साथियों ने आरोप लगाया है कि ट्रेन जब बोकारो पहुंची, तो उन्होंने तुरंत 'रेल मदद' और आरपीएफ/जीआरपी को इसकी सूचना दी। हालांकि, क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) के पचड़े में उन्हें बोकारो और मुरी स्टेशनों के बीच भटकाया गया।

घटना मुरी और रांची के बीच की होने के कारण करीब 6 घंटे की भारी मशक्कत के बाद रात 9 बजे जाकर एफआईआर दर्ज हो सकी। परिजनों और पार्टी के लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती घंटों में प्रशासन मुरी के आसपास मुस्तैदी से सर्च ऑपरेशन चलाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

हादसा या कोई आपराधिक साजिश?

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती पड़ताल में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मुरी जंक्शन से पहले किसी पहाड़ी या जंगली क्षेत्र में खुले दरवाजे के पास संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए होंगे।

दूसरी ओर, मुरी स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर यह साफ हो गया है कि देवपालिक मुरी स्टेशन पर ट्रेन से नीचे नहीं उतरे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

जन सुराज पार्टी में शोक की लहर

इस अप्रत्याशित घटना के बाद जन सुराज परिवार में शोक का माहौल है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, "देवपालिक एक बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा थे, जिन्होंने पार्टी के डिजिटल प्लेटफॉर्म को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके असमय जाने से हम सब स्तब्ध हैं। हम प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।

मोदी के दिवंगत पिता पर खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने किया कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता के प्रति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा पटना में की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिला भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के द्वारा किया गया।

घेराव कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शहीद चौक स्थित जिला स्कूल परिसर में एकत्रित हुए। यहां से सभी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर कूच कर गए। इस दौरान कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे की टिप्पणी पर अपना विरोध जता रहे थे।

राजनीति में मतभेद स्वाभाविक लेकिन व्यक्तिगत मर्यादा और सम्मान से समझौता स्वीकार्य नहीं : आदित्य साहू

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत मर्यादा और सम्मान से समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता के प्रति की गई टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा और सार्वजनिक जीवन की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है। लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन राजनीतिक विरोध में किसी के दिवंगत परिजन को निशाना बनाना उचित नहीं है। लेकिन कांग्रेस लगातार इन लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करती रही है। इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उन्होंने देशवासियों से माफी मांगने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के जनादेश से चुने हुए प्रधानमंत्री हैं। उनके राजनीतिक विचारों और नीतियों का विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर अमर्यादित टिप्पणी करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

श्री साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस प्रकार की टिप्पणियों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी अशोभनीय, खड़गे देशवासियों से माफी मांगें : बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संदर्भ में की गई टिप्पणी और भाषा के प्रयोग को अशोभनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण बतलाते हुए कांग्रेस या खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इसके लिए देशवासियों से अविलंब माफी मांगने की मांग की है।

श्री मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल भारतीय जनता पार्टी के नेता नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री की नीतियों और कार्यों की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन उनके दिवंगत पिता को इसमें घसीटना एवं उन पर इस प्रकार की अशोभनीय टिप्पणी करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस हरकत से केवल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में ही नहीं बल्कि देश की पूरी जनता में भारी आक्रोश है। कहा कि यह कोई पहली दफा नहीं है, इसके पहले भी प्रधानमंत्री की मां को लेकर, खुद नरेंद्र मोदी को लेकर कई प्रकार की अशोभनीय टिप्पणियां की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से देश की सत्ता, देश के कई राज्यों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है, उनकी तकलीफों को भली भांति समझा जा सकता है लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे पद पर आसीन किसी व्यक्ति से इस प्रकार की टिप्पणी काफी निंदनीय है। यह कांग्रेस की हताशा, निराशा का प्रतीक है।

ये नेता भी रहे उपस्थित

कांग्रेस कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रविंद्र राय, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, सरोज सिंह, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सतीश सिन्हा, नीरज सिंह, अजय राय , संदीप वर्मा, अशोक बडाईक, किसान मोर्चा अध्यक्ष अर्जुन सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनोज महतो वाजपेयी, सूर्य प्रभात, ललित ओझा, दिलीप सोनी, हेमंत गुप्ता, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, धीरज महतो, नरेंद्र कुमार, संजय जयसवाल, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सुधाकर चौबे, जितेंद्र चंद्रवंशी, रमेश सिंह, उमेश रंजन, संजय चौधरी, अनिल सिंह, सीमा शर्मा, गंगोत्री कुजूर, प्रेम मित्तल, संजीव विजय वर्गीय, ओम प्रकाश, मुनचुन राय, मनोज दुबे, राजू सिंह, रजनीश पांडे, मुकेश गुप्ता, सुमन सिंह, सुबोध कांत, काजल प्रधान सहित रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिले के सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

*ऑनलाइन खतियान में 'मुंडा' के स्थान पर 'स्वासी' दर्ज होने से परेशान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लगाई सुधार की गुहार

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ अंकित है,

जिसके कारण संबंधित ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम के गलत अंकन में सुधार कराते हुए ‘स्वासी’ के स्थान पर ‘मुंडा’ दर्ज कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। मौके पर विधायक श्री विकास मुंडा मौजूद रहे।

रांची में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बूथ-249 पर सुनी मन की बात, बूथ अध्यक्ष को 'मालिक' कहकर बढ़ाया सम्मान

Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा के प्रांगण में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 139 वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं, परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ऐसा संदेश दिया, जिसने संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अहमियत को न केवल रेखांकित किया बल्कि पार्टी के हर कार्यकर्ता का सीना गर्व से भर दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर पीछे खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाकर अपने बगल में खड़ा किया। बूथ अध्यक्ष को अपना मालिक बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और संगठन में बूथ स्तर की भूमिका के महत्व का स्थापित किया।

इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो प्रधानमंत्री के विचारों, संदेश और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और इसी क्रम में उन्हें कांके विधानसभा क्षेत्र में आकर आम लोगों के साथ "मन की बात" सुनने का अवसर मिला। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों को केवल सुनकर न रहें, बल्कि यहां से उन संदेशों को लेकर जाएं और अपने परिवार, गांव तथा समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

लखपति दीदी से सशक्त होंगी महिलाएं, मजबूत होंगे परिवार

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री मिशन मोड में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।

उन्होंने कहा कि जब माता-बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो केवल एक परिवार नहीं, बल्कि दो-दो परिवारों को संबल मिलता है। महिलाएं दो-दो परिवार को संवारती हैं। इसलिए महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बेटियों को शिक्षित बनाएं, अगली पीढ़ी को दें बेहतर भविष्य

श्री नितिन नवीन ने अगली पीढ़ी को शिक्षित करने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बेटियों को पढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर देना परिवार तथा समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों को "प्रणाम" और "जोहार" करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

रांची जिला प्रशासन ने छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर किया घाटों का निरीक्षण

छठ महापर्व झारखण्ड सहित पुरे देश में आस्था, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। इस महापर्व के सुचारु, भव्य एवं सुरक्षित आयोजन तथा लाखों छठव्रतियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए रांची जिला प्रशासन कार्य कर रही है।

इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों—काकें डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम तथा बटन तालाब (डोरंडा)—का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

प्रत्येक घाट पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, संभावित चुनौतियों और आवश्यक सुधारों का जायजा लिया गया

उपायुक्त ने प्रत्येक घाट पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, संभावित चुनौतियों और आवश्यक सुधारों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर मौजूद छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से विस्तार से चर्चा की। चर्चा के दौरान छठव्रतियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि छठ महापर्व आस्था का पर्व है और प्रशासन का दायित्व है कि व्रती बिना किसी परेशानी के अपनी आराधना पूरी कर सकें।

छठ पर्व से पूर्व सभी चिन्हित घाटों की पूर्णतः साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए

नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि छठ पर्व से पूर्व सभी चिन्हित घाटों की पूर्णतः साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सीढ़ियों पर जमी काई को तत्काल हटाया जाए, डीडीटी का छिड़काव किया जाए तथा जल की स्वच्छता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि छठ के दिनों में नगर निगम के सफाई कर्मी घाटों पर निरंतर तैनात रहें, ताकि पूजा स्थल पर किसी भी प्रकार की गंदगी जमा न हो और व्रतियों को स्वच्छ वातावरण में अर्घ्य अर्पित करने का अवसर मिले।

धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से ध्यान दिया। उन्होंने पाया कि घाट पर जाली लग जाने से छठव्रतियों के आने-जाने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए आवागमन बाधित होने का संभावना भी है। इसको देखते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया, संपूर्ण घाट क्षेत्र की सघन साफ-सफाई करवाई जाए, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अर्घ्य देने के पश्चात महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अस्थायी कपड़ा चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाए। साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी निर्देश दिया गया कि वे घाट पर सुरक्षा एवं आपात व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखें।

किसी भी छठव्रती या अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों—नगर निगम, भवन निर्माण एवं अन्य एजेंसियों—को निर्देश दिए कि छठ घाटों पर निर्धारित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी छठव्रती या अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने उपायुक्त सहित सभी अधिकारियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

जतरा मेला की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा

इसके अतिरिक्त उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, काकें रोड भी पहुंचे। वहां उन्होंने जतरा मेला की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर निगम को तत्काल अतिक्रमण हटाने और मार्ग को निर्बाध बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई कठिनाई न हो।

सभी छठ महापर्व समिति के सदस्य जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि यह महापर्व सुचारु, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके

उपायुक्त ने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी छठ महापर्व समिति के सदस्य जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, ताकि यह महापर्व सुचारु, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समितियों के बीच बेहतर समन्वय से ही छठव्रतियों को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा और पर्व सफलतापूर्वक संपादित हो सकेगा।

निरीक्षण कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) श्री राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस अधिकारी सुश्री आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (भवन), सहायक प्रशासक रांची नगर निगम, स्थानीय थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य श्री जय सिंह यादव एवं श्री सागर कुमार, पार्षद (वार्ड-39) श्रीमती शीला सिंह, पार्षद (वार्ड-20) श्री सुनील यादव, पार्षद (वार्ड-01) श्री नकुल तिर्की, पार्षद (वार्ड-44) श्री परमजीत सिंह टिंकू, काकें डैम छठ पूजा समिति अध्यक्ष श्री अखिलेश राय, श्री कुमुद रंजन दुबे, जतरा स्थल से श्री प्रदीप लकड़ा एवं श्री कैला यादव, बड़ा तालाब छठ पूजा समिति अध्यक्ष श्री राजीव रंजन मिश्रा, धुर्वा छठ पूजा समिति से श्री राजीव रंजन कुमार, बटन तालाब छठ पूजा समिति अध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता तथा अन्य छठ पूजा समितियों के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

जिला प्रशासन छठ महापर्व को पूर्ण सुरक्षा, स्वच्छता, सुविधा और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिला प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर छठव्रतियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने का हर संभव प्रयास करेगा।

रांची में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान: दलादली, तिलता और ओरमांझी में 600 से अधिक वाहन चालकों को किया जागरूक

रांची:- परिवहन सचिव श्री राजीव रंजन की उपस्थिति में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों यथा दलादली चौक, तिलता चौक एवं ओरमांझी सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान वाहन चालकों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा यातायात के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में

इस अवसर पर परिवहन सचिव श्री राजीव रंजन ने माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता एवं संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा नागरिकों के बीच Civic Sense (नागरिक चेतना) विकसित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों को अपने दैनिक व्यवहार एवं जीवनशैली में अपनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया गया है।

सड़क सुरक्षा को समझें अपना व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्व

सचिव, परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपना व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्व मानें। हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, अवैध पार्किंग से बचना तथा सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखना जैसे व्यवहारों को अपनी आदत में शामिल करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को होने वाली क्षति अपूरणीय होती है। विशेषकर परिवार के मुख्य सदस्य की मृत्यु होने पर परिवार को भावनात्मक आघात के साथ-साथ आजीविका एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतः सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक के जीवन, परिवार और समाज की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600–700 वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट का उपयोग केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर में लगने वाली गंभीर चोटों तथा मृत्यु के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है

वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने तथा अन्य आवश्यक यातायात सावधानियों को अपनाने की हिदायत दी गई। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।अभियान के दौरान नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए आत्मीय एवं जनसहभागितापूर्ण तरीके अपनाए गए। वाहन चालकों को माला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही, निःशुल्क हेलमेट एवं सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।

नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया गया सड़क सुरक्षा का संदेश

अभियान को जनसामान्य के लिए अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया।हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। नाटक में यमराज के पात्र के माध्यम से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को प्रतीकात्मक एवं रोचक तरीके से समझाया गया। इन प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अवैध पार्किंग एवं सड़क पर अतिक्रमण से बचने की अपील

अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को सड़क पर अनधिकृत रूप से सामान रखने, दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने तथा बड़े वाहनों को अनियमित रूप से पार्क करने से होने वाली परेशानियों एवं दुर्घटनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। सभी से अनुरोध किया गया कि वे सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त रखें, वाहनों को निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर ही पार्क करें तथा यातायात के सुचारु संचालन में सहयोग दें।

निरंतर जारी रहेंगे जागरूकता अभियान*

परिवहन विभाग द्वारा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को आगे भी निरंतर संचालित करने पर बल दिया गया, ताकि नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े, सकारात्मक व्यवहारगत परिवर्तन आए, अवैध पार्किंग एवं सड़क अतिक्रमण पर अंकुश लगे तथा रांची जिले सहित पूरे राज्य में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची श्री अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक श्री राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट सुश्री कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र श्री आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मरांग बुरु धर्मगाढ़ महासम्मेलन और इंटरनेशनल संताल सोशियो-सरना कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि बनने का आमंत्रण

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ एवं 'मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन' से जुड़े संथाल समाज के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 04 एवं 05 नवंबर 2026 को मरांग बुरु, मधुबन, पीरटांड़, गिरिडीह में आयोजित 'मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन'-2026" तथा 22 से 24 नवंबर 2026 को सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर टी.टी.पी.एस. ललपनिया, बोकारो में आयोजित होने वाले '26Th International Santal Socio - Sarna Religion Conference 2026' में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।

सांस्कृतिक धरोहर और वैश्विक जुड़ाव पर चर्चा

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इन दोनों महासम्मेलनों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी सरना धर्मावलंबी श्रद्धालु भारी संख्या में जुटेंगे। महासम्मेलन के दौरान आदिवासी संस्कृति, समृद्ध परंपरा, रीति-रिवाज तथा जनजातीय एकता को मजबूत करने पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्यमंत्री के समक्ष प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने इन दोनों महासम्मेलन के दौरान सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी से उन्हें अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का सहर्ष स्वागत करते हुए इस भव्य आयोजन के लिए अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और महासम्मेलनों के सफल आयोजन की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि "राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारी पहचान और अस्तित्व को बचाए रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।"

इस अवसर पर (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष श्री फागू बेसरा सहित श्री हीरालाल मांझी, श्री सोमई टुडू, श्री महावीर मुर्मू, श्री विष्णु किस्कू, श्री सुरेश हेंब्रम, श्री सुधीर बास्के, श्री बबली सोरेन, श्री भगवान किस्कू, श्री शनिचर बेसरा, श्री लादु मांझी, डॉ० डुमनी मयी मुर्मू, श्री सोनाराम मांझी, संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गढ़वा जिला पाल महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष बुधन पाल के निधन पर शोक।

गढ़वा :- गढ़वा जिला पाल महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष, लोहियावादी विचारधारा के प्रबल समर्थक एवं समतामूलक समाज के पक्षधर बुधन पाल का निधन बीती रात लगभग एक बजे उनके सहिजना स्थित आवास पर हो गया। वे अपने पीछे दो पुत्र राकेश कुमार और रुपेश कुमार समेत भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं।उनके निधन से पाल समाज सहित शोषित, वंचित एवं कमजोर वर्गों को गहरा आघात पहुंचा है।

बुधन पाल ने अपने जीवनकाल में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने पाल समाज को संगठित एवं शिक्षित करने के साथ-साथ समाज के वंचित और पिछड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए।

राष्ट्रीय जनता दल से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले बुधन पाल अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार एवं शालीन व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी स्वीकार्यता थी। वे सामाजिक समानता, आपसी सद्भाव और वंचितों के उत्थान के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहे।

पिछले कई महीनों से वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार सहिजना स्थित दानरो नदी के श्मशान घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके जयेष्ठ पुत्र राकेश कुमार ने दिया।

बुधन पाल का निधन पाल समाज ही नहीं, बल्कि समतामूलक समाज की स्थापना के लिए प्रयासरत सभी लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है। समाज के प्रति उनके योगदान, विचारों और सेवाभाव को सदैव याद किया जाएगा। उनके दाह संस्कार के अवसर पर पाल महासंघ गढ़वा के अध्यक्ष सुधीर कुमार पाल , युवा समाजसेवी राकेश पाल , डॉक्टर यासीन अंसारी , डॉ मुरली प्रसाद गुप्ता ,जवाहर पासवान, रंजन चौबे,अरविंद मिश्रा, दिनेश सिंह,सुरज गुप्ता,गुड्डू सिंह, पाल महासंघ के संरक्षक पारसनाथ पाल ,सुखबीर पाल,सचिव रमेश पाल,कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पाल,कृष्णा पाल, बुद्धदेव पाल, राजमोहन पाल,उदय पाल ,अजय पाल ,रामदेव पाल,सुमित पाल ,कपिलदेव पाल,पुरनदेव पाल ,विनोद पाल, रामचंद्र भगत समेत सैकड़ो लोगों ने भाग लिया।

*मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 26 अक्टूबर को अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), जैप श्रीमती प्रिया दुबे ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी 26 अक्टूबर 2026 को बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम खेलगांव, (रांची) में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान आईजी (जैप) श्री सुनील भास्कर एवं डीआईजी (जैप) श्री कार्तिक एस० उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु अपनी शुभकामनाएं दीं।