/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/_noavatar_user.gif/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/_noavatar_user.gif StreetBuzz बड़े मियां और छोटे मियां को घुसपैठियों से प्यार, गरीबों के हक पर डाल रहे डाका: सीएम योगी uttar pradesh
बड़े मियां और छोटे मियां को घुसपैठियों से प्यार, गरीबों के हक पर डाल रहे डाका: सीएम योगी
-  महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित
-  बिठूर की विरासत को मिलेगी नई पहचान, रामायण सर्किट से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
-  बिल्हौर-बिठूर को 411 करोड़ की सौगात, 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
-  कहा- सपा का मतलब दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती


कानपुर, 26 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में दो मियां हैं, एक बड़े मियां और दूसरे छोटे मियां। दोनों को बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से प्यार है, लेकिन दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को राशन कार्ड और सरकारी सुविधाएं दिलाकर गरीबों के हक पर डाका डालने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों को सबक सिखाने का समय आने वाला है। सपा का मतलब ही दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद है। विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास विरासत में नहीं मिलता। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना और रामायण पाठ किया। इस अवसर पर बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 29 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19 का शिलान्यास शामिल है। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
-  सीएए का विरोध करने पर सपा-कांग्रेस से सवाल
मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष को बताना चाहिए कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए पात्र हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदायों के लोगों को नागरिकता देने की व्यवस्था का विरोध क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वाले दलों को गरीबों और वंचितों के अधिकारों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
अखिलेश यादव की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, लेकिन उसे दोबारा हासिल करने के लिए जनता का विश्वास अर्जित करना पड़ता है। केवल पारिवारिक विरासत के भरोसे राजनीति नहीं चल सकती।
-  जवाहर बाग से मुजफ्फरनगर तक की घटनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर दंगाइयों और भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोसी कलां, मुजफ्फरनगर और मथुरा के जवाहर बाग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में आम लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं थे। जवाहर बाग में अवैध कब्जा हटाने पहुंचे पुलिस अधिकारी मुकुल द्विवेदी और संतोष यादव की हत्या कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री योगी ने कानपुर में वर्ष 1931 के दंगे में पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की हत्या और बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर के पिता की हत्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने दंगों और राजनीतिक हिंसा का दौर देखा है। कानून का शासन और शांतिपूर्ण वातावरण विकास की पहली आवश्यकता है।
-  रामायण और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत समेटे है बिठूर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की साधना और रामायण की रचना से जुड़ी भूमि है। इसी धरती पर माता सीता को आश्रय मिला और लव-कुश के बाल्यकाल की स्मृतियां जुड़ी हैं। बिठूर नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विरासत भी समेटे हुए है।
मुख्यमंत्री योगी ने महर्षि वाल्मीकि आश्रम के साथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक और आरती की। बटुकों से मुलाकात की और साधु-संतों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद नाना साहब धुंधूपंत पेशवा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेश के हजारों मंदिरों में अखंड रामायण पाठ कराया जा रहा है।
-  चार हजार स्थलों पर होंगे संरक्षण और सुंदरीकरण के कार्य
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े करीब चार हजार स्थलों के विकास की योजना है। यहां चहारदीवारी, छत, कैनोपी और सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि मंदिर के विकास और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखे जाने का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री योगी ने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य और बिठूर में धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
-  वीरांगनाओं के नाम पर महिला पीएसी बटालियन
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, बदायूं में वीरांगना अवंती बाई लोधी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। लखनऊ में महाराजा बिजली पासी के स्मारक और किले के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि झांसी के किले में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम के जरिए रानी लक्ष्मीबाई और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा रही है।
-  16 करोड़ को मुफ्त राशन, 65 लाख परिवारों को आवास
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंच रहा है। प्रदेश में करीब 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 65 लाख गरीब परिवारों को आवास मिला है। उन्होंने 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ तथा दो करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन मिलने की जानकारी दी। दीपावली पर पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने की बात भी कही। मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों की शादी कराई गई है। पात्र लाभार्थियों को विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
- दस लाभार्थियों को मिले योजनाओं के प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री आवास योजना की रीना और सौरभ यादव, स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के आशुतोष पांडेय, लखपति दीदी योजना की सीमा और रुखसार बानो, नंद बाबा दुग्ध मिशन के प्रियांशु, आयुष्मान योजना की सुषमा कुशवाहा तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की डॉ. दीप्ति तिवारी को प्रमाणपत्र दिए। सफाईकर्मी राजपाल वाल्मीकि और शिवम वाल्मीकि को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
-  सड़क, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी 48 परियोजनाओं की सौगात
बिल्हौर और बिठूर में लोकार्पित तथा शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। रामायण सर्किट के अंतर्गत घाटों के विकास, नौका सुविधा और होमस्टे को बढ़ावा देने की योजना है। मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग के चौड़ीकरण, लखनऊ-मोहान-बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के कानपुर नोड में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।
बिठूर में बोटैनिकल गार्डन, बिल्हौर के ग्राम बनी, चौबेपुर और बिठूर क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों, न्यू कानपुर सिटी में 30 मीटर चौड़ी सड़क तथा ग्राम बर्रा खानपुर में ईसन नदी पर पुल के निर्माण से संबंधित परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कानपुर मेट्रो, एयरपोर्ट, लखनऊ से जुड़ने वाले नए एक्सप्रेसवे और ट्रांस गंगा क्षेत्र में नए पुल की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में आवागमन और विकास को गति मिलेगी।
-  जनप्रतिनिधियों ने दी क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने क्षेत्र में सड़क, बिजली और घाटों के विकास का उल्लेख किया। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन को समता, न्याय और मानवता का संदेश देने वाला बताया। बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने सड़कों के चौड़ीकरण, खेरेश्वर मंदिर में जनसुविधाओं और मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
-  कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी और सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, अविनाश सिंह चौहान और मानवेंद्र सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कन्नौज के बाद आजमगढ़ में बजेगा अखिलेश की विदाई का बाजा : ओपी राजभर

- 'PDA के ढकोसले का सत्यानाश देखने को तैयार रहिए', अखिलेश को ओपी राजभर की खुली चुनौती
- 'एक-एक करके ढह रहा सपा का काल्पनिक गढ़, 27 में हो जाएगा सफाया', अखिलेश यादव को राजभर की दो टूक

लखनऊ, 26 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर सीधा हमला बोलते हुए आजमगढ़ में सपा का किला ढहाने की चुनौती दी है। उन्होंने ने कहा कि कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में भी अखिलेश यादव की विदाई का बाजा बजने वाला है।
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि 29 नवंबर को सुभासपा की सामाजिक समरसता महारैली में राजभर, निषाद, चौहान, प्रजापति, पटेल, पाल समेत गैर-यादव पिछड़ों और बहुजन समाज की ताकत दिखेगी। PDA फार्मूले के नाम पर किए जा रहे ढकोसले का सच सबके सामने आएगा।
- आजमगढ़ में भी विदाई का बाजा बजने वाला है
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि आपके 'काल्पनिक गढ़' एक के बाद एक ढह रहे हैं। कन्नौज के बाद अब आजमगढ़ में भी आपकी विदाई का बाजा बजने वाला है या यूं कहें लंका लग गई। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ में गैर-यादव पिछड़ों और बहुजन समाज की असली ताकत सामने आने के बाद अखिलेश यादव का भ्रम टूट जाएगा।
- PDA के नारे पर राजभर का हमला
राजभर ने अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके नाम पर फैलाए गए ढकोसले का सच अब सामने आएगा। उन्होंने कहा कि राजभर, निषाद, चौहान, प्रजापति, पटेल, पाल और दूसरे गैर-यादव पिछड़े समाज को केवल चुनाव के समय याद करने का दौर खत्म हो गया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव आजमगढ़ को अपना गढ़ बताते हैं, लेकिन अब इसी क्षेत्र में बहुजन समाज अपनी आवाज बुलंद करेगा।
- 29 नवंबर की महारैली को लेकर किया बड़ा दावा
सुभासपा प्रमुख ने बताया कि 29 नवंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में पार्टी की विशाल सामाजिक समरसता महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में पूर्वांचल के दलित, पिछड़े और खासकर गैर-यादव पिछड़े समाज की एकजुटता दिखाई देगी। राजभर ने अखिलेश यादव को रैली की वीडियो रिकॉर्डिंग देखकर अपनी राजनीतिक ताकत का आकलन करने की चुनौती भी दी।
शरद पूर्णिमा पर लखनऊ विश्वविद्यालय में सजा खगोलीय ज्ञान का मंच, दूरबीनों से दिखे चंद्रमा और शनि

- पारंपरिक भारतीय वेधयंत्रों के साथ आधुनिक दूरबीनों से सूर्य का अवलोकन, विद्यार्थियों ने जाना खगोल विज्ञान का रहस्य

लखनऊ। शरद पूर्णिमा के अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के ज्योतिर्विज्ञान विभाग स्थित पंडित कल्याण दत्त शर्मा वेधशाला में भारतीय खगोलीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक प्रेक्षण तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश अमेचर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब (यूपीएएसी) और इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ के सहयोग से आयोजित विशेष खगोलीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पारंपरिक भारतीय वेधयंत्रों की कार्यप्रणाली समझने के साथ आधुनिक दूरबीनों से सूर्य, चंद्रमा और शनि ग्रह के प्रत्यक्ष अवलोकन का अवसर मिला।

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला की ओर से विशेष सौर दूरबीनों के माध्यम से सूर्य की विभिन्न विशेषताओं का अवलोकन कराया गया। प्रतिभागियों ने सौर कलंक (सनस्पॉट्स), सौर प्रोमिनेंस, सौर कणिकाओं और फिलामेंट्स जैसी संरचनाओं को समझा। वहीं, रात्रिकालीन आकाश दर्शन के दौरान बड़ी दूरबीनों की सहायता से शरद पूर्णिमा के चंद्रमा और शनि ग्रह को देखने का अवसर मिला। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों की खगोलीय जिज्ञासा को नया आयाम दिया।

- प्राचीन वेधयंत्रों की कार्यप्रणाली से हुए परिचित

लखनऊ विश्वविद्यालय के ज्योतिर्विज्ञान विभाग के डॉ. बिपिन शास्त्री ने प्रतिभागियों को सम्राट-पलभा यंत्र, याम्योत्तर तुरिय, भित्तीय यंत्र और शंकु यंत्र सहित विभिन्न पारंपरिक भारतीय वेधयंत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन यंत्रों के माध्यम से प्राचीन काल में समय निर्धारण, छाया के अध्ययन, दिशाओं की पहचान और खगोलीय कोणों की गणना जैसे कार्य किए जाते थे। इन उपकरणों के जरिए प्रतिभागियों को भारतीय गणितीय परंपरा और प्रेक्षण आधारित खगोल विज्ञान की समृद्ध विरासत को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला की ओर से दो आठ इंच के डॉबसोनियन टेलीस्कोप, दो आठ इंच के स्काई-वॉचर टेलीस्कोप और दो विशेष सौर दूरबीनों की व्यवस्था की गई थी। पारंपरिक वेधयंत्रों और आधुनिक उपकरणों के एक साथ प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को प्राचीन वैज्ञानिक विधियों तथा आधुनिक खगोलीय तकनीक के बीच समानताओं और अंतर को समझने का अवसर दिया।

- व्याख्यान और क्विज ने बढ़ाई वैज्ञानिक जिज्ञासा

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण संकल्प मोहन का व्याख्यान रहा। उन्होंने खगोल विज्ञान के रोचक विषयों और निहारिकाओं की खोज से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके साथ ही आयोजित खगोलीय क्विज में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस गतिविधि के माध्यम से उनके खगोलीय ज्ञान को परखने और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में ज्योतिर्विज्ञान विभाग के संयोजक डॉ. श्यामलेश कुमार तिवारी सहित विभाग के शिक्षक डॉ. अनिल कुमार पोरवाल, डॉ. बिपिन कुमार पाण्डेय, डॉ. विष्णुकान्त शुक्ल, डॉ. प्रवीण कुमार बाजपेयी, डॉ. अनुज कुमार शुक्ल, डॉ. कोमल सिंह और डॉ. प्रत्यूष चन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला की टीम में डॉ. राजेश कुमार गंगवार, डॉ. सुमित कुमार श्रीवास्तव, अनुराग अवस्थी, दीपशिखा, संकल्प मोहन, स्वप्निल रस्तोगी, मोहम्मद अनस और राघवी गुप्ता शामिल रहे। टीम ने दूरबीनों की स्थापना और संचालन के साथ सूर्य, चंद्रमा तथा अन्य खगोलीय पिंडों के अवलोकन में तकनीकी सहयोग प्रदान किया। विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक विद्यार्थियों ने सूर्य दर्शन, चंद्र दर्शन और रात्रिकालीन आकाश दर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

- भारतीय खगोलीय विरासत और आधुनिक विज्ञान का संगम

शरद पूर्णिमा की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय खगोलीय विरासत और आधुनिक विज्ञान के बीच सार्थक संवाद स्थापित किया। पारंपरिक वेधयंत्रों ने जहां प्राचीन भारत की गणितीय दक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की झलक प्रस्तुत की, वहीं आधुनिक दूरबीनों ने खगोलीय पिंडों की विशेषताओं को करीब से समझने का अवसर उपलब्ध कराया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना, वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना रहा। प्रत्यक्ष प्रेक्षण, विशेषज्ञों के व्याख्यान और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के लिए खगोल विज्ञान को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर अनुभव आधारित सीखने का माध्यम बनाया।

‘महादेव’ कॉल साइन और ‘विश्वनाथ’ फॉर्मेशन के साथ काशी के आसमान में गरजे भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान

  • नीलकंठ’ से ‘पशुपति’ तक, काशी की पहचान से जुड़े फॉर्मेशन में दिखी वायुसेना की हवाई शक्ति
  • चिनूक हेलीकॉप्टर ने आसमान में बनाया 94 का अंक, हेलीकॉप्टरों ने गंगा पर की पुष्पवर्षा

राफेल, सुखोई और स्वदेशी तेजस के हवाई करतबों से गूंजा काशी का आसमान, सूर्यकिरण टीम ने बिखेरे तिरंगे के रंग

  • भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर नमो घाट में भव्य एयर शो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हुए शामिल

वाराणसी, 25 अक्टूबर। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ में काशी के आसमान में वायुसेना की हवाई शक्ति, तकनीकी क्षमता, सटीकता और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया गया। राफेल के ‘नीलकंठ’, सुखोई-30 एमकेआई के ‘विश्वनाथ’ और मिराज-2000 के ‘महादेव’ जैसे कॉल साइन और फॉर्मेशन ने एयर शो को काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा। लड़ाकू विमानों की गर्जना, हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान और आसमान में तिरंगे के रंगों ने उपस्थित जनसमुदाय को रोमांचित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुए इस एयर शो में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य शामिल हुए। भारतीय वायुसेना प्रत्येक वर्ष 8 अक्टूबर को अपना स्थापना दिवस मनाती है। इस वर्ष भी 8 अक्टूबर को 94वां स्थापना दिवस मनाया गया। वाराणसी में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ इसी वर्षगांठ से जुड़े आयोजनों का हिस्सा रहा।

  • ‘महादेव’, ‘विश्वनाथ’ और ‘नीलकंठ’ फॉर्मेशन ने दिखाई हवाई ताकत

एयर शो में काशी और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े नामों वाले कई विशेष फॉर्मेशन प्रस्तुत किए गए। तीन सुखोई-30 एमकेआई विमानों ने ‘विश्वनाथ’ फॉर्मेशन बनाया, जबकि तीन राफेल विमानों ने ‘नीलकंठ’ फॉर्मेशन के साथ उड़ान भरी। मिराज-2000 ने ‘महादेव’ कॉल साइन के साथ हवाई प्रदर्शन किया। चार जगुआर विमानों ने ‘पशुपति’ फॉर्मेशन बनाया, जिसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टन मयंक ने किया। सुखोई-30 एमकेआई ने ‘विश्वनाथ’ कॉल साइन के साथ एरियल स्प्लिट का प्रदर्शन किया, जबकि तीन राफेल विमानों ने ‘नीलकंठ’ कॉल साइन के साथ एरियल स्प्लिट प्रस्तुत किया। जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई विमानों ने क्रमशः ‘पशुपति’ और ‘विश्वनाथ’ कॉल साइन के साथ काल्पनिक हवाई युद्ध का प्रदर्शन किया। इन करतबों के माध्यम से लड़ाकू विमानों की गति, नियंत्रण, फुर्ती और समन्वित संचालन की क्षमता दिखाई गई।

  • ‘कैलाश’, ‘त्रिलोचन’ और ‘दशाश्वमेध’ फॉर्मेशन भी बने आकर्षण

सी-295 और डीओ-228 विमानों ने विंग कमांडर अनिमेष लांबा के नेतृत्व में ‘भैरव’ फॉर्मेशन बनाया। सी-130 और एएन-32 विमानों ने विंग कमांडर रजनीश चंद्र उनियाल और विंग कमांडर विनय नायर के नेतृत्व में ‘कैलाश’ फॉर्मेशन प्रस्तुत किया। एईडब्ल्यूएंडसी और मिग-29 विमानों ने ‘त्रिलोचन’ फॉर्मेशन बनाया, जबकि पी-8आई और मिराज-2000 विमानों ने ‘नटराज’ फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया। आईएल-78 और मिराज-2000 विमानों ने ‘महादेव’ फॉर्मेशन बनाया। इसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टन गौरव शुक्ला और विंग कमांडर राहुल बसोया ने किया। ‘दशाश्वमेध’ फॉर्मेशन के तहत सी-17 और हॉक एमके-132 विमानों ने आसमान में करतब दिखाए। इसके अलावा ‘प्रचंड’ फॉर्मेशन में तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिग-29 और मिराज-2000 जैसे विमानों की भागीदारी रही।

  • तेजस के ‘अस्सी’ कॉल साइन ने दिखाई स्वदेशी क्षमता

स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस एमकेआई ने ‘अस्सी’ कॉल साइन के साथ हवाई करतब दिखाए। इसे ग्रुप कैप्टन रूप ने उड़ाया। विमान ने तेज मोड़ों और नियंत्रित उड़ान के जरिए अपनी फुर्ती का प्रदर्शन किया। एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे विमानों ने भी अपनी हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इन विमानों के अलग-अलग फॉर्मेशन ने भारतीय वायुसेना के पायलटों के प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और आपसी तालमेल को प्रदर्शित किया। गंगा नदी और नमो घाट के ऊपर से गुजरते विमानों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

  • हेलीकॉप्टरों ने बनाए ‘ओंकार’, ‘गंगा’ और ‘भागीरथी’ फॉर्मेशन

तीन एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज और वायुसेना के ध्वज के साथ ‘ओंकार’ फॉर्मेशन बनाया। इसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अनुज गुप्ता ने किया। तीन चेतक हेलीकॉप्टरों ने ग्रुप कैप्टन दीपांकर दास के नेतृत्व में ‘गंगा’ फॉर्मेशन प्रस्तुत किया। इस दौरान हेलीकॉप्टरों से मां गंगा के ऊपर पुष्पवर्षा की गई। एलसीएच और अपाचे हेलीकॉप्टरों ने ‘भागीरथी’ फॉर्मेशन बनाया। इसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अनुभव महेंद्र और विंग कमांडर अतुल मिश्रा ने किया। एएलएच एमके-IV और चिनूक हेलीकॉप्टरों ने ग्रुप कैप्टन हर्ष पांडे के नेतृत्व में ‘अलकनंदा’ फॉर्मेशन प्रस्तुत किया। भारतीय नौसेना के कैप्टन द्विवेंदू शर्मा के नेतृत्व में ‘त्रिदेव’ फॉर्मेशन भी प्रदर्शित किया गया। चिनूक हेलीकॉप्टर ने अपनी उड़ान के दौरान रैंप से 94 का अंक प्रदर्शित किया। यह प्रस्तुति भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के विशेष संदर्भ में आयोजित की गई। विभिन्न हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन में उनकी उड़ान क्षमता, भार वहन करने की दक्षता और समन्वित संचालन को दर्शाया गया।

  • सूर्यकिरण टीम ने आसमान में बिखेरे तिरंगे के रंग

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम ने हॉक जेट विमानों के साथ सटीक फॉर्मेशन, लूप, बैरल रोल और अन्य हवाई कलाबाजियों का प्रदर्शन किया। टीम के विमानों ने आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर तिरंगे की छटा बिखेरी। सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने भी समन्वित उड़ान और आकर्षक हवाई करतबों से दर्शकों का ध्यान खींचा।

  • सुखोई और राफेल के करतब देख हैरान हुए काशीवासी

एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, चिनूक, एमआई-17, प्रचंड और अपाचे सहित विभिन्न विमानों एवं हेलीकॉप्टरों ने भाग लिया। सी-295, एएन-32, आईएल-76 और आईएल-78 जैसे विमानों ने भी अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों ने भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, प्रशिक्षण और समन्वित हवाई संचालन को सामने रखा।

  • प्रधानमंत्री ने देखा एयर शो, वायुसेना प्रमुख ने भेंट किया स्मृति चिह्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नमो घाट पहुंचने पर मार्ग में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने एयर शो देखा। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने प्रधानमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।

  • कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी और संजय सेठ, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, वाइस चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और एयर मार्शल तरुण चौधरी सहित वायुसेना और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यूपी में ऑनलाइन फूड स्टोर्स पर यूपीएफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, 4 के लाइसेंस निलंबित और कारोबार बंद


- ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस समेत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स की गहन जांच
- प्रदेशभर में किए गए अब तक 149 निरीक्षण, 79 मामलों में सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति
- 21 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए भेजे गए, निरीक्षण अभियान जारी

लखनऊ, 24 अक्टूबर। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस, मेट्रो समेत विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े वेयरहाउस, डार्क स्टोर्स और खाद्य आपूर्ति केंद्रों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान अब तक चार स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार का संचालन बंद कराया गया है। वहीं, कुल 149 निरीक्षण किए गए हैं और 21 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, परिसर की स्वच्छता, तापमान नियंत्रण, वैधता अवधि और लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
-  चार स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित, खाद्य कारोबार बंद
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां मिलने पर चार स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और खाद्य कारोबार का संचालन बंद कराया गया है। इसके अलावा, 79 मामलों में सुधार सूचना (इंप्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की संस्तुति की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें विभिन्न जिलों में निरीक्षण कर रही हैं। जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विभाग का जोर खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन कराने और उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करने पर है।
- गाजियाबाद के जेप्टो वेयरहाउस में गंदगी और कॉकरोच मिले
गाजियाबाद में आरडीएल के निकट स्थित जेप्टो वेयरहाउस स्टोर के निरीक्षण के दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी, दीवारों पर जाले, क्षतिग्रस्त फर्श और खाद्य परिसर में कॉकरोच पाए गए। खाद्य परिसर में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियों को देखते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स में स्वच्छता की स्थिति महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहीं खाद्य पदार्थों का भंडारण और ऑर्डर के अनुसार उनकी आपूर्ति की तैयारी होती है। ऐसे में गंदगी और कीटों की मौजूदगी खाद्य पदार्थों की सुरक्षित हैंडलिंग को प्रभावित कर सकती है।
- कानपुर में भंडारण व्यवस्था और लाइसेंस संबंधी खामियां
कानपुर नगर में रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस में कंट्रोल्ड एटमॉस्फियर एवं कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था का प्रावधान होने के बावजूद अपेक्षित चैंबर स्थापित नहीं किए गए थे। इसके अलावा, लाइसेंस में नामित नॉमिनी की ओर से लगभग दो वर्ष पहले त्यागपत्र दिए जाने के बावजूद उनका नाम लाइसेंस में दर्ज पाया गया। कुछ कन्फेक्शनरी उत्पादों में बेस्ट बिफोर अवधि से संबंधित निर्धारित 30 प्रतिशत की सीमा के उल्लंघन का मामला भी सामने आया। इन कमियों के मद्देनजर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने और कमियों में सुधार होने तक खाद्य कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की गई है। लाइसेंस में दर्ज शर्तों के अनुरूप भंडारण सुविधाएं उपलब्ध कराना और आवश्यक विवरण अद्यतन रखना खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है।
- आगरा में 68 हजार रुपये के मखाने के 273 पैकेट सीज
आगरा में रिलायंस स्टोर के निरीक्षण के दौरान राय लाइज (RAI LAIES) ब्रांड के मखाने के 273 पैकेट सीज किए गए। इनकी कुल कीमत लगभग 68 हजार रुपये बताई गई है। संबंधित खाद्य पदार्थ के संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
- भंडारण से लेकर डिलीवरी तक हर स्तर पर जांच
विशेष अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, परिसर की स्वच्छता और तापमान नियंत्रण की व्यवस्था की जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर रखने और आवश्यकतानुसार कोल्ड चेन बनाए रखने की स्थिति भी देखी जा रही है। इसके साथ ही खाद्य सामग्री की खरीद एवं आपूर्ति से संबंधित बिल-वाउचर और आवश्यक अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है। खाद्य कारोबार में लगे कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड और आवश्यक प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।विभाग की टीमें पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था और उसके रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। खाद्य पदार्थों तथा अन्य सामग्रियों को निर्धारित और पृथक स्थानों पर रखने, एक्सपायर्ड, निष्क्रिय या अनुपयोगी खाद्य सामग्री की पहचान करने और उसके नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था भी देखी जा रही है।
- बेस्ट बिफोर अवधि और पैकेजिंग पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की बेस्ट बिफोर अवधि की जांच की जा रही है। अभियान के निर्धारित मानकों के अनुसार 30 प्रतिशत और 45 दिन की सीमा से संबंधित प्रावधानों के अनुपालन को भी परखा जा रहा है। कन्फेक्शनरी उत्पादों में बेस्ट बिफोर अवधि संबंधी अनियमितताएं सामने आने के बाद इस पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों की पैकिंग, हैंडलिंग और डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों से संबंधित आवश्यक विवरणों की जांच की जा रही है। उपकरणों की सफाई, स्वच्छता और सीआईपी (क्लीनिंग इन प्लेस) व्यवस्था की स्थिति भी देखी जा रही है, ताकि खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली सतहों और उपकरणों की सफाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल की पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

- मिर्जापुर के चुनार में ‘जन नीति भारत पार्टी’ का ऐलान, दिव्या मित्तल बोलीं—प्रदेश में बनाना है जनता का राज
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की सक्रियता को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने अपनी पार्टी ‘जन नीति भारत पार्टी’ के माध्यम से प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मिर्जापुर जिले के चुनार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर यह घोषणा की। दिव्या मित्तल ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश में जनता की भागीदारी वाली व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, “हमें जनता का राज बनाना है।”
दिव्या मित्तल के इस ऐलान के बाद प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की पार्टी की मंशा सामने आई है। पार्टी का सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी प्रत्याशियों के चयन, संगठन के विस्तार और चुनावी मुद्दों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
-  सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
चुनार में की गई घोषणा के मुताबिक, जन नीति भारत पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इस घोषणा के साथ पार्टी ने प्रदेश की राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का संकेत दिया है। सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पार्टी को प्रदेशव्यापी संगठन, विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत करना होगा।
-  ‘जनता का राज’ बनाने की बात
दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में जनता की भूमिका को प्रमुखता देते हुए प्रदेश में जनता का राज स्थापित करने की बात कही। उनके इस बयान को पार्टी के राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी की नीतियों, विकास संबंधी प्राथमिकताओं, उम्मीदवारों और चुनावी घोषणापत्र के बारे में विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही उसके राजनीतिक एजेंडे की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
- प्रदेश की राजनीति में नई दावेदारी
उत्तर प्रदेश में सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ जन नीति भारत पार्टी ने प्रदेशव्यापी राजनीतिक दावेदारी पेश की है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी अपने संगठन का विस्तार किस तरह करती है और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के चयन तथा जनसमर्थन जुटाने के लिए क्या रणनीति अपनाती है।
फिलहाल, चुनार में दिव्या मित्तल की घोषणा पार्टी की चुनावी मंशा को सामने लाती है। आगामी दिनों में पार्टी की ओर से संगठनात्मक तैयारियों, चुनावी मुद्दों और अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर होने वाली घोषणाओं पर नजर रहेगी।
भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनें शहरी विकास की नीतियां: ए.के. शर्मा
**राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन-2026 में बोले नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री, तकनीक आधारित व्यवस्थाओं और बेहतर नगर प्रबंधन को प्राथमिकता देने की पैरवी**

**लखनऊ, 24 अक्टूबर।** उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आधुनिक, स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित शहरों के निर्माण के लिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नीतियां तैयार करने, आधुनिक तकनीक अपनाने और शहरी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास का उद्देश्य केवल सड़कों, भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना भी है।
श्री शर्मा शनिवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल अर्बन कॉन्क्लेव-2026 (राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन) में शामिल हुए। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘अर्बन राइजिंग: रीथिंकिंग अर्बन सिस्टम्स, सॉल्यूशंस एंड डिलीवरी’ है। सम्मेलन में तेजी से बढ़ते शहरीकरण की चुनौतियों, आधुनिक शहरी अवसंरचना, नगर प्रबंधन और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की जा रही है।
नगर विकास मंत्री ने शहरी विकास से जुड़े नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं से बदलती शहरी परिस्थितियों तथा नागरिकों की बढ़ती अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी नीतियां बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य के शहरों को व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए तकनीक आधारित व्यवस्थाओं, बेहतर शहरी नियोजन, मजबूत आधारभूत संरचना और प्रभावी सेवा वितरण को प्राथमिकता देना जरूरी है।
**नागरिकों की सुविधा हो शहरी विकास का केंद्र**
श्री शर्मा ने कहा कि शहरों की विकास योजनाएं ऐसी होनी चाहिए, जो वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में भी सक्षम हों। इसके लिए नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाना आवश्यक है। शहरी विकास की सफलता का आकलन केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि इस बात से भी होना चाहिए कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन कितना उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने शहरी सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, नवाचार और बेहतर प्रबंधन प्रणालियों को अपनाने पर बल दिया। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकारों, नगर निकायों तथा विशेषज्ञ संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय को शहरी विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के अनुभवों और सफल कार्यप्रणालियों से सीख लेकर विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
**शहरी विकास की भावी दिशा तय करने का मंच**
रष्ट्रीय शहरी सम्मेलन-2026 को शहरी प्रणालियों, समाधानों और सेवाओं के क्रियान्वयन में सुधार के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के अनुभवों को साझा करने के साथ आधुनिक, स्मार्ट, समावेशी और नागरिक-केंद्रित शहरों के निर्माण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विभिन्न राज्यों के नगर विकास मंत्री तथा उत्तर प्रदेश के नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद सहित अन्य अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए।
योगी सरकार के ‘मिशन रोजगार’ को नई रफ्तार: राजकीय आईटीआई अलीगंज में 31 अक्टूबर को कैंपस प्लेसमेंट
- टाटा मोटर्स, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और कॉर्पस डेटा देंगी युवाओं को सेवायोजन का अवसर; ₹26,484 तक मिलेगा मासिक वेतन
- 10वीं, 12वीं, आईटीआई व स्नातक पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका; महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग कर सकेंगे प्रतिभाग
- निःशुल्क कैंटीन, परिवहन व आकर्षक वेतन पैकेज; मूल अभिलेखों के साथ प्रातः 10 बजे पहुंचें अभ्यर्थी
लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के  नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 'मिशन रोजगार' अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में आगामी 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे से एक वृहद कैंपस प्लेसमेंट व रोजगार भर्ती अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी डिक्सन टेक्नोलॉजीज तथा आईटी एवं डाटा सेवा प्रदाता कंपनी कॉर्पस डेटा इंफॉर्मेशन सर्विसेज द्वारा विभिन्न पदों पर सैकड़ों युवाओं का चयन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण एवं स्नातक योग्यताधारी महिला व पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
कंपनीवार भर्ती एवं पदों के विस्तृत विवरण के अंतर्गत, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, नोएडा में ऑपरेटर के कुल 100 पद हैं, जिसके लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी पात्र हैं, जिन्हें सेक्टर-151, नोएडा (उत्तर प्रदेश) कार्यस्थल के लिए ₹24,257 से ₹26,484 तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
टाटा मोटर्स लिमिटेड, लखनऊ प्लांट द्वारा दो अलग-अलग संवर्गों में तकनीकी युवाओं का चयन किया जाएगा, जिसमें प्रथम अप्रेंटिस ट्रेनी के तहत 10वीं एवं आईटीआई या एनटीसी में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ 18 से 25 वर्ष की आयु वाले युवाओं को 1 वर्ष के प्रशिक्षण हेतु ₹13,870 मासिक स्टाइपेंड मिलेगा, जबकि द्वितीय अस्थायी कर्मचारी के रूप में 10वीं उत्तीर्ण तथा आईटीआई या एनटीसी के साथ 1 वर्ष का कार्यानुभव रखने वाले 18 से 32 वर्ष के युवाओं को अधिकतम 6 माह की कार्य अवधि के लिए ₹15,488 मासिक वेतन दिया जाएगा, साथ ही दोनों संवर्गों के चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क कैंटीन, बस या परिवहन सुविधा, यूनिफॉर्म तथा सुरक्षा जूते प्रदान किए जाएंगे और इसके लिए इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, एमएमवी, डीजल मैकेनिक, कोपा या पासा, सीएनसी मशीनिंग, आरएसी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, और मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल आदि ट्रेड्स पात्र हैं।
कॉर्पस डेटा इंफॉर्मेशन सर्विसेज प्रा. लि., लखनऊ में कंप्यूटर ऑपरेटर या बैकएंड एग्जीक्यूटिव के 20 से अधिक पदों पर किसी भी संकाय में स्नातक, बेसिक कंप्यूटर व टाइपिंग दक्षता, एमएस एक्सेल या एमएस ऑफिस का कार्यानुभव और अच्छे संचार कौशल वाले 20 से 35 वर्ष के महिला एवं पुरुष फ्रेशर व अनुभवी अभ्यर्थियों को महानगर, लखनऊ कार्यस्थल के लिए ₹13,000 से ₹18,000 तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एम ए खां ने जानकारी दी है कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने समस्त मूल शैक्षिक व तकनीकी प्रमाण पत्र, अंकतालिकाएं, बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक तथा अधिकृत पहचान पत्र की मूल व स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे राजकीय आईटीआई परिसर, अलीगंज (लखनऊ) में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
उप्र : मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों का नाम सम्मिलित करने के लिए आयोजित हुआ विशेष अभियान
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने बूथों का किया पर्यवेक्षण
- प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान हुआ आयोजित

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर, शनिवार को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता पंजीकरण हेतु विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों विशेषकर महिलाओं तथा युवाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्वयं विधानसभा क्षेत्र 173 लखनऊ पूर्व के मॉडर्न एकेडमी विरामखंड  एवं सेंट जॉन वास्को विवेकखंड, गोमती नगर तथा विधानसभा क्षेत्र 169-बक्शी का तालाब के दिल्ली पब्लिक स्कूल, गोमतीनगर विस्तार मतदेय स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण किया गया। जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय भ्रमण कर पर्यवेक्षण किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पर्यवेक्षण के दौरान बूथ पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारी एवं आये हुए नागरिकों से संवाद भी किया गया। बूथ लेवल अधिकारी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि बीएलओ मतदाता सूची एवं पूरक सूची तथा पर्याप्त मात्रा में फार्म-6 के साथ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहें। साथ ही मतदेय स्थल पर आ रहे पात्र नागरिकों, जिनका नाम किन्ही कारणों से सूची में अभी तक शामिल नहीं हो सका है, उनका फार्म-6 भरवा कर आवेदन कराया जाए।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। आयोग इस दिशा में निरंतर सक्रिय प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग इस कार्य में आवश्यक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी पात्र नागरिक अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अपने संबंधित बूथ की मतदाता सूची में अवश्य जांचें। यदि नाम सम्मिलित न हो तो फार्म-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा करें। फार्म-6 भरने हेतु पात्र नागरिकों को नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ जन्म एवं निवास संबंधी आवश्यक अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां तथा परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र की संख्या (यदि उपलब्ध है तो) की आवश्यकता होती है। इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल www// voters.eci.gov.in पर अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
योगी सरकार में स्कूलों में हुनर के साथ वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता का पाठ पढ़ेंगे विद्यार्थी; ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ का हुआ विस्तार

- यूपी कौशल विकास मिशन ने NSE और NIESBUD के साथ किया एमओयू; बचत, बजट प्रबंधन और स्वरोजगार के जुड़ेंगे नए मॉड्यूल
- वित्तीय वर्ष 2026-27 में 515 विद्यालयों के लगभग दो लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य: मिशन निदेशक पुलकित खरे
- कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को मिलेगा व्यावहारिक आर्थिक ज्ञान; 24 अक्टूबर से प्रदेश भर में लागू हुई व्यवस्था
लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार स्कूली शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर अभिनव पहल कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के स्कूली विद्यार्थी अब नियमित पढ़ाई और तकनीकी हुनर सीखने के साथ-साथ पैसों का सही प्रबंधन करने तथा भविष्य में अपना उद्यम/स्वरोजगार शुरू करने की बुनियादी समझ भी विकसित करेंगे। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) की महत्वाकांक्षी 'प्रोजेक्ट प्रवीण' योजना के तहत छात्र-छात्राओं को वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता विकास का प्रशिक्षण देने के लिए दो नए विशेष मॉड्यूल शामिल किए गए हैं।
इस महत्वपूर्ण पहल को अमलीजामा पहनाने के लिए मिशन निदेशक पुलकित खरे के कुशल निर्देशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSE) और केंद्रीय उद्यमिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलपमेंट (NIESBUD) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत एनएसई द्वारा वित्तीय कौशल तथा निस्बड द्वारा उद्यमिता विकास का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। दोनों मॉड्यूल दो-दो घंटे के हैं और इन्हें 24 अक्टूबर 2026 से प्रदेश भर में प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। इसका मुख्य ध्येय विद्यार्थियों में कम उम्र से ही आर्थिक जागरूकता पैदा करना और उनके तकनीकी कौशल को स्वरोजगार से जोड़ना है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने 'प्रोजेक्ट प्रवीण' के अंतर्गत प्रदेश के 515 विद्यालयों के लगभग दो लाख छात्र-छात्राओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देने का वृहद लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दायरे में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), सर्वोदय विद्यालय और श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित 'अटल आवासीय विद्यालय' भी शामिल हैं। योजना के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नियमित स्कूली पाठ्यक्रम के साथ-साथ मांग-आधारित ट्रेडों में रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि 12वीं उत्तीर्ण करते ही उनके पास आजीविका के ठोस अवसर उपलब्ध हों।
एनएसई द्वारा संचालित दो घंटे के वित्तीय कौशल मॉड्यूल के माध्यम से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पैसे के सही उपयोग और वित्तीय निर्णयों की समझ दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय विशेषज्ञ बनाना नहीं, बल्कि उन्हें 'जरूरत और इच्छा' (Needs vs Wants) का अंतर समझाना, बचत की महत्ता बताना और उपलब्ध धनराशि का सुनियोजित उपयोग सिखाना है। यह बुनियादी समझ भविष्य में उन्हें आय, व्यय, पारिवारिक बजट और सुरक्षित निवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों में सक्षम बनाएगी।
निस्बड का दो घंटे का उद्यमिता विकास मॉड्यूल के माध्यम से छात्र-छात्राओं में नए कारोबारी विचारों को पहचानने और उन्हें बाजार के अवसरों में बदलने की उद्यमी सोच विकसित करेगा। इसके जरिए विद्यार्थी यह समझ सकेंगे कि सिलाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, ब्यूटी एंड वेलनेस या ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में सीखे गए हुनर के आधार पर अपना लघु व्यवसाय या स्टार्टअप कैसे शुरू किया जाए। इसमें समस्या की पहचान, संसाधनों का कुशल प्रबंधन, ग्राहकों की आवश्यकता का आकलन और प्रोजेक्ट प्लानिंग जैसे व्यावहारिक पहलू शामिल होंगे, जिससे युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि स्वरोजगार पैदा करने वाले बनें।
योगी सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मंशा के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा को माध्यमिक शिक्षा के साथ पूरी मजबूती से एकीकृत कर रही है। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत विद्यार्थियों को पहले से ही 180 घंटे का तकनीकी ट्रेड प्रशिक्षण, 30 घंटे का सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण तथा 4 घंटे का एआई (AI) एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इसमें 2 घंटे का वित्तीय कौशल और 2 घंटे का उद्यमिता विकास मॉड्यूल जुड़ जाने से विद्यार्थियों को 360-डिग्री संपूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त होगा। मिशन निदेशक ने बताया कि दोनों नए मॉड्यूल्स की विस्तृत अध्ययन सामग्री और रूपरेखा समस्त प्रशिक्षण प्रदाताओं को प्रेषित कर दी गई है तथा इसे कक्षा-कक्ष प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से संचालित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।