मौत बनकर आया डंपर, सड़क पर गिरे तीन भाइयों को कुचला, तीनों की मौत, घरों में मचा कोहराम
.
रितेश मिश्रा
हरदोई: कासिमपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली। बाल कटवाने जा रहे तीन युवकों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस भिड़ंत के बाद पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर गिरे युवकों को कुचल दिया, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। फतेहपुर पथरौली गांव के रहने वाले 20 वर्षीय पंकज, 18 वर्षीय अनूप और 22 वर्षीय प्रवीण उर्फ बाबू एक ही बाइक पर सवार होकर नाई की दुकान पर बाल कटवाने जा रहे थे। जैसे ही वे कासिमपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे, सामने से आ रही मल्लावां थाना क्षेत्र के तिरिया भवानीपुर निवासी 45 वर्षीय जितेंद्र की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। राहगीर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अभी संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क पर पड़े पंकज और अनूप को बेरहमी से कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में प्रवीण उर्फ बाबू और दूसरी बाइक के चालक जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहंदर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान प्रवीण उर्फ बाबू ने भी दम तोड़ दिया, जिससे इस हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। वहीं, जितेंद्र का इलाज अभी जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
10 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1