मार्च में ही पड़ने लगी झुलसाने वाली गर्मी, मौसम के बिगड़े मिजाज से सहमे किसान
डेस्क : बिहार का मौसम तेजी से परिवर्तनशील हो रहा है। पिछले दो दिनों से झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। अब लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।सूबे के तापमान में वृद्धि और दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों का दोपहर में घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। बढ़ती गर्मी के चलते अब लोग अपने घरों में पंखों के साथ-साथ कूलर और एसी का उपयोग करने लगे हैं।
राज्य में मौसम का पारा बुधवार से चढ़ना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। मार्च अंत से प्रचंड गर्मी शुरू हो जाने के आसार हैं। मौसम के इस तीखे तेवर से खेती-किसानी, भू-जल स्तर और लोगों के सेहत समेत चौतरफा नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
मौसम के इस बदले तेवर को देखकर किसान सहमे हुए हैं कि पारा और चढ़ने से अधिक क्षति न उठाना पड़े। कृषि और उद्यान वैज्ञानिकों का मानना है कि असामान्य रूप से पारा चढ़ने से रबी फसलों और फलों का उत्पादन 15 फीसदी तक गिरने की आशंका है। जलस्तर में गिरावट के भी आसार हैं।
इधर, तापमान में असामान्य बढ़ोतरी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। राज्य के सभी अस्पतालों को निर्देश भेजते हुए हीट वेब के शिकार मरीजों के लिए पांच-पांच बेड आरक्षित करने को कहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत ने सभी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निदेशक, प्राचार्य एवं अधीक्षकों तथा सभी सिविल सर्जन एवं जिला ऐपिडेमियोलॉजिस्ट को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और एसओपी जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक दक्षिण पूर्व बिहार और उत्तर पूर्व बिहार को छोड़कर शेष जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा। राज्य के दक्षिण पश्चिमी भाग में इसका विशेष असर दिखेगा। एक दो जगहों पर हीट वेव जैसी स्थिति भी दिख सकती है। पिछले साल अप्रैल के पहले हफ्ते में हीट वेव के हालत बने थे। इस बार अप्रैल-मई में गर्मी के कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 35.7 और न्यूनतम 22.2 रिकॉर्ड किया गया। डेहरी के अधिकतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि, सासाराम में 2.1 डिग्री, बक्सर में 1.7 डिग्री , भोजपुर में 1.5 डिग्री, गया में दो डिग्री, बांका में 2.7, कटिहार में 2.4 , पूर्णिया में 1.4 , वैशाली में 1.3 , छपरा में 1.2 डिग्री की वृद्धि हुई।
Mar 28 2025, 09:26